सिर्फ 30000 रुपए में फ्लाइट के साथ करें मालदीव की ट्रिप, जानिए कैसे?

Tripoto
Photo of सिर्फ 30000 रुपए में फ्लाइट के साथ करें मालदीव की ट्रिप, जानिए कैसे? by Deeksha

घूमना हर किसी को पसंद होता है। भारत में घूमने के लिए अनगिनत जगहें हैं लेकिन दुनिया देखना भी घुमक्कड़ों के लिए जरूरी है। अब सवाल आता है कि किस देश को घूमने जाएं? वैसे तो आप कहीं भी जा सकते हैं लेकिन अगर आप एडवेंचर और सुंदरता का मजा एक साथ लेना चाहते हैं तो आपको मालदीव जाने का प्लान बनाना चाहिए। मालदीव में कई शानदार दर्शनीय स्थल हैं। आप यहाँ के विशाल समुद्र तटों और द्वीपों को एक्सप्लोर कर सकते हैं। मालदीव वैसे तो महंगा देश है लेकिन सही प्लानिंग की जाए तो सिर्फ 30 हजार रुपए में फ्लाइट के सफर के साथ मालदीव को अच्छे-से घूम सकते हैं।

फ्लाइट और टिकट

मालदीव जाने के लिए वीजा पाना बहुत कठिन नहीं है। आपको पहले से वीजा लेने की कोई जरूरत नहीं है। एयरपोर्ट पर ही आपको टूरिस्ट वीजा मिल जाएगा। जिसकी वैधता 30 दिन रहेगी जिसे आप 90 दिन तक बढ़वा सकते हैं। वीजा के लिए अलग से कोई पैसा भी चार्ज नहीं किया जाएगा। वीजा के लिए आपके पास कुछ डाक्यूमेंट होने चाहिए। मालदीव जाने को टिकट, पासपोर्ट और होटल रिजर्वेशन।

दिल्ली से मालदीव लगभग 2,800 किमी. की दूरी पर है। फ्लाइट्स से मालदीव पहुंचने में लगभग 7 घंटे का वक्त लगता है। एक बेहतर प्लानिंग आपके सफर को आसान बना देती है। अचानक की गई प्लानिंग हमेशा खर्चीली होती है। मालदीव जाने के लिए फ्लाइट काफी महंगी होती हैं जो आपके बजट को गड़बड़ा सकती हैं। अगर आप 1-2 महीने पहले टिकट करते हैं तो आपको सिर्फ 15 हजार रुपए में मालदीव जाने का मौका मिलेगा जो आपके लिए काफी सही रहेगा।

कहाँ ठहरें?

अगर आप सही प्लानिंग से सब कुछ करते हैं तो मालदीव आपको महंगा नहीं लगेगा। मालदीव की फ्लाइट जितनी महंगी है, रहना भी महंगा। यहाँ के होटलों के रेट सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे और आपका बजट हिल जाएगा। जेब ज्यादा ढीली न करनी पड़े इसके लिए काउचसर्फिंग की जा सकती है। अगर आपको वहाँ से भी कोई मदद न मिले तो सस्ते हॉस्टल में ठहरने की सोचें। ये हॉस्टल आपको 2 हजार रुपए तक में मिल जाएंगे।

मालदीव मे घूमना-फिरना

मालदीव घूमने वालों के लिए अच्छी जगह है। अगर आपको एडवेंचर पसंद है फिर तो ये जगह आपके लिए जन्नत है।

दिन 1

माले

मालदीव जाओ और राजधानी न घूमा जाए, ऐसा कभी हो सकता है। मालदीव की राजधानी माले एंजॉय करने के लिए बढ़िया जगह है। माले शहर चारो तरफ से समुद्र से घिरा हुआ है। ये एक पूरा आईलैंड है जहाँ गगनचुंबी बिल्डिंग हैं। बीच, रेस्टोरेंट, बार और कई एतहासिक जगहें हैं जिनको देखा जा सकता है। आप मालदीव में अपने घूमने की शुरूआत माले से कर सकते हैं।

नेशनल म्यूजियम

किसी भी जगह को अगर अच्छे-से जानना हो तो आपको उस जगह के संग्रहालय जाना चाहिए। मालदीव को समझने के लिए आपको नेशनल म्यूजियम में जाना चाहिए जो माले में है। इस म्यूजियम में आपको इस देश के इतिहास और विकास के बारे में जानने का मौका मिलेगा। म्यूजियम में कई घंटे घूमने के बाद भी बाहर आने का मन नहीं करेगा।

बरोस आईलैंड

इसके बाद आप बरोस आईलैंड जा सकते हैं। मालदीव में हमेशा सैलानी आते-रहते हैं इसलिए यहाँ भीड़ भी बहुत है। अगर आप इस भीड़ से दूर किसी शांत जगह पर जाना चाहते हैं तो आपको बरोस आईलैंड जाना चाहिए। बरोस मालदीव का बेहद पापुलर आईलैंड है। प्रकृति की सुंदरता और सुकून के लिए मालदीव का ये द्वीप बेस्ट है। यहाँ पर कई रिसॉर्ट, स्पॉ और बार हैं। यहाँ पर खूबसूरत सनसेट देख सकते हैं। रात में आप किसी बार में जा सकते हैं।

दिन 2

मिहिरी आईलैंड

मालदीव कई आईलैंड से मिलकर बना है इसलिए आपको यहाँ चारों तरफ द्वीप ही द्वीप दिखाई देंगे। मिहिरी आइलैंड उनके लिए हैं जिनको दुनिया से पूरी तरह से कटना पसंद है। यहाँ न तो कोई टीवी होगी और न बहुत लग्जरी सुविधा है। यहाँ पर बिना किसी फिक्र के घूम सकते हैं, एंजॉय कर सकते हैं। इस आईलैंड पर कई वाटर विला रिजॉर्ट हैं जिनको आपने शायद पहले न देखा होगा।

व्हेल सबमरीन

शायद ये वो चीज है जिसको करके आप मालदीव को भूल नहीं पाएंगे। व्हेल सबमरीन आपको समुद्र के भीतर ले जाएगी। जिसके अंदर से आप समुद्री जीवों को देख पाएंगे। कई प्रकार की मछलियां आपको देखने को मिलेंगी जो शायद आपने कभी देखी भी न हो। मालदीव में 45 मिनट का सबमरीन टूर आपके लिए वाकई यादगार होगा।

ग्रैंड फ्राइडे मस्जिद

मालदीव में समुद्र के अलावा भी बहुत कुछ देखने लायक है। आप यहाँ ग्रैंड फ्राइडे मस्जिद देख सकते हैं। इसका आर्किटेक्चर शानदार है और ये पूरी तरह से मारबल से बनी हुई है। ग्रैंड फ्राइडे मस्जिद मालदीव की सबसे बड़ी मस्जिद है। मस्जिद सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहती है। आप व्हेल सबमरीन की राइड के बाद इस मस्जिद को देख सकते हैं। इसके बाद शाम में मालदीव के किसी क्लब में जा सकते हैं या फिर सड़कों पर टहल सकते हैं।

दिन 3

आर्टिफिशियल बीच

मालदीव में अनगित आइलैंड हैं लेकिन कोई बीच नहीं है। माले में इसकी कमी को पूरा करता है एक बीच, जिसे बनाया गया है। इसे आर्टिफिशियल के बीच से जानते हैं। आप अपने तीसरे दिन की शुरूआत इस बीच को एक्सप्लोर करके कर सकते हैं। अगर आप आईलैंड देख-देखकर बोर हो जाएं तो आर्टिफिशियल बीच देखने का प्लान बनाएं। यहाँ आप अपने दोस्तों के साथ एंजॉय कर सकते हैं। इस बीच पर आप कई वाटर स्पोर्ट्स भी कर सकते हैं।

माले लोकल मार्केट

किसी भी नई जगह पर जाओ तो वहाँ के बाजार जरूर जाएं। मार्केट हमें उस जगह के बारे में काफी कुछ समझा देता हैं। मालदीव की राजधानी में माले लोकल मार्केट है जहाँ आप जा सकते हैं। अगर आप शॉपिंग करना चाहते है तब तो ये बढ़िया जगह है ही, यदि शॉपिंग नहीं करना है तब भी लोकल मार्केट जरूर जाएं। ये मार्केट सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक खुला रहता है।

सुनामी स्मारक

Photo of सिर्फ 30000 रुपए में फ्लाइट के साथ करें मालदीव की ट्रिप, जानिए कैसे? 1/4 by Deeksha
Photo of सिर्फ 30000 रुपए में फ्लाइट के साथ करें मालदीव की ट्रिप, जानिए कैसे? 2/4 by Deeksha

सुनामी स्मारक देखकर आप अपने मालदीव के सफर को पूरा कर सकते हैं। ये स्मारक 2004 में आई सुनामी में अपनी जान गंवाने वालों की याद में बनाया गया है। खूबसूरत सुनामी स्मारक राजधानी माले में स्थित है। इसका आर्किटेक्चर बेजोड़ है। यहाँ से आप खूबसूरत सनसेट देख सकते हैं। इसको देखे बिना आपकी मालदीव की यात्रा पूरी हो ही नहीं सकती है। इसके बाद रात में भारत के लिए फ्लाइट लें। तीन दिन में मालदीव को पूरा तो नहीं घूमा जा सकता है लेकिन काफी कुछ देख सकते हैं।

मालदीव के लोकल व्यंजन

Photo of सिर्फ 30000 रुपए में फ्लाइट के साथ करें मालदीव की ट्रिप, जानिए कैसे? 3/4 by Deeksha
Photo of सिर्फ 30000 रुपए में फ्लाइट के साथ करें मालदीव की ट्रिप, जानिए कैसे? 4/4 by Deeksha

मालदीव अपने स्थानीय फूड के लिए भी जाना जाता है। आप खाने के लिए रेस्टोरेंट तो खोज लेंगे लेकिन मालदीव में क्या खाएं? ये हम आपको बता देते हैं। आपको बोशी मशुनी का स्वाद जरूर लेना चाहिए। ये डिश केले के फूल, नारियल से बनती है। इसके अलावा आप बिस कीमिया खा सकते हैं जिसे समोसा भी कहते हैं। इसके अलावा गरूधिया, हुनी रोशि चख सकते हैं। तीन दिनों में आपको इन डिशों को जरूर आजमाना चाहिए।

सुझावः

1. महंगे होटलों में गलती से भी न ठहरें।

2. ट्रांसपोर्ट के लिए लोकल फेरी रन लें जो काफी सस्ती हैं। इससे आपका घूमना आसान हो जाएगा।

3. जहाँ ठहरें, वहाँ कुछ भी न खाएं। मालदीव के सस्ते रेस्टोरेंट में जाएं।

4. जाने से महीने भी पहले फ्लाइट बुक कर लें।

5. अपने साथ एल्कोहल लेकर न चलें।

6. अगर आप इंटरनेट चलाना चाहते हैं या किसी से बात करना चाहते हैं तो एयरपोर्ट पर ही सिम खरीद लें।

7. स्थानीय भाषा के कुछ जरूरी शब्द जरूर सीख लें।

क्या आपने मालदीव की यात्रा की है ? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।