
हिमाचल प्रदेश की खूबसूरती दूर-दूर से पर्यटकों को यहाँ खींच लाती है। खास तौर पर गर्मी के मौसम में तो चिलचिलाती गर्मी से दूर हर कोई पहाड़ों के शांति और प्राकृतिक सुंदरता से भरे वातावरण में आना चाहता है और इसीलिए लगभग सभी प्रसिद्द हिल स्टेशनों पर आपको गर्मी के मौसम में पर्यटकों की अत्यधिक भीड़ देखने को मिलती है। अब भीड़ से बचने के लिए ऑफबीट टूरिस्ट डेस्टिनेशंस को तो आप भी इंटरनेट पर सर्च करते ही होंगे और इस सर्च में आपने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की बंजार घाटी में स्थित जीभी का नाम भी जरूर सुना होगा।
अगर हाँ तो आपके बता दें कि हालाँकि जीभी की प्राकृतिक खूबसूरती अपने आप में बेहद अनूठी है लेकिन सोशल मीडिया पर इतना अधिक वायरल होने की वजह से अब यहाँ खास तौर पर सीजन के समय पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ आपको मिलने वाली है तो अगर आप शांति भरे माहौल में भीड़ से दूर सुकून भरे कुछ पल बिताना चाहते हैं तो अपनी अगली जीभी ट्रिप में इस जगह एक दिन इस जगह के लिए जरूर रखें जो की हम आपको इस लेख में बताने वाले हैं। चलिए शुरू करते हैं..
सरेऊलसर झील, जालोरी पास
देवदार के घने जंगलों से घिरी यह झील जीभी के पास जीभी के पास घूमने के लिए सबसे सुकून भरी जगहों में से एक है। सरेऊलसर झील एक पवित्र झील है और झील के पास ही बूढी नागिन माता का मंदिर भी है। इस झील से जुड़े अनेक रोचक और चमत्कारिक किस्से भी आपको इंटरनेट पर आसानी से मिल जायेंगे लेकिन पवित्र होने के साथ ही यह झील दिखने में भी बेहद खूबसूरत है और इसके चारों तरफ घास के मैदान, देवदार के ऊँचे-ऊँचे पेड़ कुछ छोटी-बड़ी चट्टानें हैं जो सभी मिलकर इस झील को फोटोग्राफी के लिए भी एक आदर्श स्थान बनाते हैं। इसके अलावा झील के पास आपको बेहद शांति अनुभव होगी जिससे आप अपने परिवार, पार्टनर या फिर अकेले भी यहाँ बेहद सुकून के साथ कुछ समय बिता सकते हैं।


देवदार के घने जंगलों से होकर गुजरता है इसका ट्रेक
आपको बता दें कि यहाँ सिर्फ इस पवित्र झील की खूबसूरती ही नहीं बल्कि इस झील तक पहुँचने के लिए जिस ट्रेक से होकर आप गुजरेंगे वो भी अपने आप में आपको एक शानदार अनुभव देने में कोई कमी नहीं छोड़ने वाला। जालोरी पास से ही इस ट्रेक की शुरुआत होती है और यह ट्रेक हालाँकि 5 किलोमीटर दूरी का है लेकिन चूँकि इस ट्रेक में आपको कोई खास चढ़ाई नहीं करनी पड़ती और मुख्य तौर पर ट्रेक सीधा ही है और रास्ता भी अच्छी तरफ से बना हुआ है तो अगर आपको थोड़ा भी ट्रैकिंग अनुभव है तो आप इस ट्रेक को आसानी से पूरा कर लेंगे। लेकिन इस ट्रेक को करते समय जो सुन्दर अनुभव आपको मिलेगा वो हमेशा के लिए आपकी यादों में जरूर शामिल हो जायेगा।


ट्रेक के बीच में नहीं है खाने-पीने की व्यवस्था
ट्रेक से जुडी महत्वपूर्ण जानकारियों में से एक यह है कि हालाँकि प्रसाशन द्वारा ट्रेक का रास्ता काफी अच्छी तरह से बनाया हुआ है जिसमें आपको हर 500 मीटर पर बची हुई दूरी का सुचना बोर्ड भी मिल जायेगा लेकिन इस पूरे 5 किलोमीटर के ट्रेक के बीच में आपको कहीं पर भी खाने-पीने के लिए कोई रेस्टोरेंट या कैफ़े वगैरह नहीं मिलने वाले। हालाँकि ट्रेक की शुरुआत में आपको कुछ छोटे-मोटे कैफ़े मिल जायेंगे जहाँ आपको मैगी वगैरह ले सकते हैं और इसके अलावा ट्रेक के अंत में झील से कुछ दूर पहले भी आपको अनेक ढाबे वगैरह मिल जायेंगे। इसके अलावा ट्रेक के अंत में आपको कुछ कैंपिंग साइट्स भी मिल जाएगी और कुछ अपने आप में अनूठे रेस्टोरेंट भी आपको इसी स्थान पर दिखेंगे जहाँ भी आप लंच या स्नैक्स वगैरह ले सकते हैं।


जालोरी पास में ड्राइविंग से जुडी बेहद महत्वपूर्ण जानकारी
जैसा कि हमने आपको बताया कि जीभी के पास स्थित सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों में से एक सरयोलसर (सरेऊलसर) झील कि यात्रा आपको अपनी जीभी ट्रिप में जरूर शामिल करनी चाहिए। लेकिन आपको बता दें कि जीभी से जालोरी दर्रे की दूरी करीब 12 किलोमीटर है। जीभी से जालोरी पास तक वैसे सड़क की स्थित काफी अच्छी है लेकिन जीभी से जालोरी पास तक सड़क लगातार बेहद तीव्र खड़ी चढ़ाई वाली है जिससे वापस आते समय बेहद सावधानी से आपको वहां को सिर्फ 1st गियर में ही नीचे लाना चाहिए क्योंकि हमने वहां कुछ वाहनों के ब्रेक फ़ैल होने के बारे में भी सुना क्योंकि अगर हम तेज गति से वाहन नीचे की तरफ लेट हैं तो तीव्र ढलान की वजह से लगातार ब्रेक उपयोग होने की वजह से ब्रेक-शू बेहद गरम हो जाते हैं जिस वजह से ब्रेक फ़ैल होने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसीलिए अगर आप खुद के वाहन से जालोरी पास तक जा रहे हैं तो इस बात का खास तौर पर ध्यान रखें।


तो इस तरह अगर आप भी जीभी जाने का प्लान कर रहे हैं तो आपको जीभी से सिर्फ 12 किलोमीटर दूर जालोरी पास और फिर वहां से ट्रेक के साथ इस सुन्दर सरेऊलसर झील की यात्रा जरूर करनी चाहिए। इससे जुड़ी जितनी भी जानकारी हमारे पास थी हमने आपसे इस लेख के माध्यम से साझा करने की कोशिश की है। अगर आपको ये जानकारी अच्छी लगी तो कृपया इस आर्टिकल को लाइक जरूर करें और साथ ही ऐसी ही अन्य जानकारियों के लिए आप हमें फॉलो भी कर सकते हैं।

अगर आप ऐसी ही कुछ और जानकारियों के बारे में जानना चाहते हैं तो आप हमारे यूट्यूब चैनल We The Wanderfuls पर या फिर हमारे इंस्टाग्राम अकाउंट @wethewanderfuls (पुराना नाम- WE and IHANA) पर भी जा सकते हैं।
क्या आपने हाल में कोई की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।














