'मिनी इंडिया' मॉरीशस की यात्रा है किफायती और मजेदार

Tripoto

अगर हिन्दुस्तान के बाहर अगर दूसरा हिन्दुस्तान कहीं है तो वो मॉरीशस ही है। इसे हिन्द महासागर स्थित 'मिनी इंडिया' इसलिए भी कहा जाता है कि यहां की 60 प्रतिशत आबादी भारतीय मूल के लोगों की है। वहीं फ्रांसीसी, साउथ अफ्रीकन और चाइनीज लोग भी यहां रहते हैं। पहले डच, फ्रांसीसी और फिर ब्रिटिश कॉलोनी बनने के कारण यहां पूरी तरह से मिक्स्ड कल्चर है। लेकिन बहुसंख्य भारतीय होने के कारण कहीं ना कहीं भारत की झलक देखने को मिलती है। मॉरीशस द्वीप संकट में डोडो पक्षी के एकमात्र के निवास के रूप में जाना जाता है। वहीं समुद्र तट, प्रकृति और अनूठी संस्कृति के कारण दुनियाभर के पर्यटक यहां आते हैं।

श्रेय: फ्लिकर

Photo of Mauritius by Rupesh Kumar Jha

भारत के पर्यटक मॉरीशस को लेकर खासे उत्साहित देखे जाते हैं। जाहिर है कि भारतीयों के लिए ये दूसरे घर के समान है। सबसे ख़ास बात ये है कि यहां की यात्रा किफायती होती है और छुट्टी बिताने को एकदम अनुकूल जगह है। ईख के सबसे बड़े उत्पादक देश मॉरीशस अपने मधुर वातावरण के लिए मशहूर है। यहां हम बताने जा रहे हैं कि मॉरीशस में कहाँ और कैसे छुट्टियां बिताएं ताकि यादगार रह जाए!

सिर्फ समुद्र तट ही नहीं, है बहुत कुछ!

मॉरीशस का नाम आते ही आंखों के सामने समुद्र में झलकता नीला आसमान और किनारे रेत के दृश्य आ जाते हैं। यहां की रेत इतनी सफ़ेद है कि लोग बर्फ समझ बैठते हैं जो कि आपको जरूर देखनी चाहिए और चाहें तो पानी से खेल भी सकते हैं। 177 किमी समुद्र की तटरेखा के कारण जाहिर है लोग स्नॉर्कलिंग, डाइविंग, वाटरस्पोर्ट आदि के लिए आकर्षित होकर आते हैं। बता दें कि यहाँ समुद्र के किनारे आरामकुर्सी पर लेटकर कॉकटेल लेते हुए धूप सेंकने का आनंद ले सकते हैं। ले मॉर्न बीच, मोंट चोईसी बीच, बेले मारे आदि प्रसिद्ध समुद्र तट हैं जहां जाकर नज़ारे देख सकते हैं।

शार्क के साथ तैरने का आनंद लें

समुद्र के किनारे मछलियों के साथ तैरने के लिए जगह-जगह डाइविंग सेंटर्स हैं जहाँ एक्सपर्ट की देखरेख में पीठ पर एक ऑक्सीजन सिलिंडर बांधकर जबरदस्त अनुभूति के तैयार हो सकते हैं। स्टेला मारू, रजत स्टार, ‘हसन मिया’ के मलबे गोर्गोनी पर कोरल डाइविंग, शार्क-पिट में शार्क-डाइविंग आदि का आनंद लें। मछली पकड़ने का शौक रखते हों तो ले मॉर्न, ट्राऊ औक्ष बिशेज, ट्राऊ डीइऊ डौस आदि स्पॉट पर जाकर अपनी इच्छा पूरी कर सकते हैं।

सबसे बेहतर रोमांटिक वातावरण

नेचर ने इस छोटे से देश को बहुत कुछ उपहार दिया है। समुद्र तट पर जाते ही आपको लगता है कि जैसे जहाँ मिल गया। दुनिया में मॉरीशस से अधिक रोमांटिक जगह कोई और नहीं है। इसीलिए तो ये हनीमून पर जाने वालों में ख़ासा पॉपुलर है। समुद्र तट के अलावे मॉरीशस शानदार होटलों, वर्ल्ड क्लास के स्पा, ड्यूटी-फ्री शॉपिंग के लिए दुनियाभर में जाना जाता है।

चामरेल में देखें सात रंग की धरती 

मॉरीशस की धरती बेहद रंगीन है और यहाँ कई रंग के रेत आपको देखने को मिलते हैं। ये रंग-बिरंगे रेत आपको रोमांचित कर देते हैं। सैवाने जिले का एक छोटा सा गांव चामरेल पर्यटकों में ख़ासा लोकप्रिय हो चुका है। दरअसल वहां पहाड़ों की 100 किलोमीटर ऊंचाई से गिरते हुए झरने के साथ ही सात रंग की धरती है जिसे लोग बड़े चाव से देखने आते हैं। फ़िल्मी गानों में 'सात रंग के सपने' तो सुने ही होंगे, यहाँ सात रंग की धरती देखने जरूर आएं।

नेचर को निकट से निहारें 

समुद्र के अलावे भी प्रकृति के अन्य रंग देखने के लिए मॉरीशस के दक्षिण में ले मार्ने पहाड़ देखने जाएं, जिसे विश्व धरोहर माना गया है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में कई कहानियां प्रचलित हैं। वहीं ब्लैक रीवर जॉर्ज नेशनल पार्क जाएं, जहां 140 प्रकार के पक्षी और लगभग 300 अलग-अलग तरह के फूलों के पौधे देखने को मिलते हैं। इस पार्क में लोग खासकर दुर्लभ प्रजाति के पिंक पिंजन पक्षी को देखने आते हैं। इसके साथ ही 'ला वेनिले नेचर पार्क' जाकर मगरमच्छों, बड़े-बड़े चमगादड़ों, कछुओं और बंदरों को देखना ना भूलें।

मॉरीशस के इतिहास में झांकें 

मॉरीशस के बीते जमाने को कई संग्रहालयों में सहेजा गया है जिनमें यूरेका हाउस, ब्लू पेनी संग्रहालय, फोटो संग्रहालय आदि शामिल है। आप इतिहास में झांकने के लिए पंपलमाउसेस् बॉटनिकल गार्डन का भी रुख कर सकते हैं। इसे शुगर एडवेंचर म्यूज़ियम भी कहा जाता है, जहां इस देश की संस्कृति और साहित्य की जानकारी मौजूद है। बताया जाता है कि इस जगह पर नेल्संन मांडेला और इंदिरा गांधी ने अपने हाथों से पेड़ लगाए थे।

ग्रैंड बेसिन (गंगा तालाब) 

गंगा तालाब जिसे ग्रैंड बेसिन भी कहा जाता है, भारतीय पर्यटकों के बीच बेहद चर्चित जगह है। यहाँ एक शांत ज्वालामुखी में दो झीलें हैं जो कि सवान्ने जिला के पहाड़ी इलाके में मौजूद है। तालाब के किनारे भगवान शिव, हनुमान और लक्ष्मी का विशाल मंदिर है जो कि मॉरीशस के भारतीय हिन्दुओं के लिए आस्था स्थल है। यहाँ शिवरात्रि के अवसर पर बड़े आयोजन होते हैं। मॉरीशस पहुंचें तो यहाँ जरूर जाएं!

ये कुछ ऐसी जगहें हैं, जहाँ आप अपनी मॉरीशस टूर पर जरूर जाएं। इसके अलावे शॉपिंग से लेकर मॉरीशस के स्थानीय व्यंजन का भी आनंद लें। जानकारी के लिए बता दूं कि वहां का लोकप्रिय व्यंजन कैरी पौल, ढोल पुरी, माइन-फ्रिट और नीक नीयन हैं। हालांकि भारतीय, क्रियोल, चाइनीज के साथ-साथ यूरोपीय व्यंजन भी आसानी से मिल जाते हैं। आप अकेले जाएं, हनीमून पर जाएं या फिर पूरे परिवार के साथ जाएं, मॉरीशस पूरी तरह फिट बैठता है।

जाने का सही समय

मॉरीशस सालभर पर्यटक आते हैं क्योंकि यहाँ का मौसम अमूमन सुहाना होता है। मई से नवंबर तक सर्सदी और नवंबर से मई तक गर्मी रहती है। बता दें कि नवंबर से लेकर अप्रैल के बीच यहां चक्रवात का भय रहता है, लिहाजा इन सबको ध्यान में रखकर ट्रिप प्लान करें।

कैसे पहुंचें?

दिल्ली सहित भारत के प्रमुख शहरों से मॉरीशस के सर सेवोसुगुर रामगुलाम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं। एयर मॉरीशस की फ्लाइटों को चेक कर लें। अंतर्राष्ट्रीय ट्रिप है तो डॉक्यूमेंट दुरुस्त रखें। वहां मॉरीशस रुपया चलता है कि जो कि लगभग भारत के दो रुपये के बराबर है। वैसे तो बोलचाल में अंग्रेजी से काम चल जाता है, हिन्दी, भोजपुरी जैसे भारतीय भाषा भी सुनने को मिले तो कोई हैरानी की बात नहीं है!

आने-जाने के खर्चों को सही से मैनेज कर लें तो आप बजट ट्रिप प्लान कर सकते हैं। मॉरीशस की यात्रा मजेदार होने के साथ ही किफायती भी हो सकती है।

आप अपनी किसी यात्रा का अनुभव ट्रिपोटो समुदाय के साथ जरूर शेयर करें

मज़ेदार ट्रैवल वीडियोज़ के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें