आखिर क्यों है हिमाचल घुमक्कड़ों की पसंदीदा जगह? इन 8 वजहों में मिलेगा जवाब

Tripoto
Photo of आखिर क्यों है हिमाचल घुमक्कड़ों की पसंदीदा जगह? इन 8 वजहों में मिलेगा जवाब by Deeksha

हिमाचल उस जन्नत का नाम है जिसका जिक्र हर घुम्मकड़ के लबों पर चलता रहता है। हिमाचल में देखने और महसूस करने के लिए इतना सबकुछ है कि एक ट्रिप इस राज्य की खूबसूरती को समझने के लिए काफी नहीं है। हिमाचल में हर तरह के घुमक्कड़ को पनाह मिलती है। स्लो ट्रैवल हो या दोस्तों के साथ वीकेंड आउटिंग का प्लान बनाना हो, हिमाचल सभी में पहले नंबर पर आता है। लेकिन सोचने वाली बात ये है कि आखिर हिमाचल में ऐसा क्या है जो इसको सभी का पसंदीदा टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाता है? अगर आप भी इस सवाल का जवाब खोज रहे हैं तो आपको कुछ मदद हम कर देते हैं।

1. खुबसूरत मंदिर और मठ

हिमाचल प्रदेश को देवभूमि कहा जाता है और ये सही भी है। हिमाचल में इतने खूबसूरत मंदिर और मठ हैं कि आपको इस जगह से प्यार हो जाएगा। हिमाचल प्रदेश का पूरा माहौल आपको बहुत अच्छा लगेगा। कांगड़ा घाटी का बैजनाथ मंदिर, सराहन का श्री भीमकाली मंदिर और श्री वर्जेश्वरी मंदिर में माथा टेकने दुनियाभर से लोगों का आना जाना लगा रहता है। हिमाचल में मंदिर तो हैं ही लेकिन साथ में यहाँ तमाम बौद्ध मठ भी हैं जिनका आर्किटेक्चर बेहद शानदार है। लाहौल और स्पीति के मठ विश्व प्रसिद्ध हैं। हिमाचल के यही खूबसूरत मंदिर और मठ हिमाचल की जान हैं और राज्य के सौंदर्य को बरकरार रखते हैं।

2. वाइल्डलाइफ

हिमाचल का समृद्ध वाइल्डलाइफ राज्य को घूमने लायक बना देता है। इसी कारण से हिमाचल में ऐसे तमाम वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी और नेशनल पार्क हैं जिन्हें आपको देख लेना चाहिए। हिमाचल में बड़ी तादाद में भालू, चीता, स्नो लेपर्ड और हिरण जैसे जानवर पाए जाते हैं जो राज्य की वाइल्डलाइफ को बेहद आकर्षक बनाते हैं। यहाँ का हरा भरा लैंडस्केप और लहलहाते जंगल पर्यटकों को खासतौर से पसंद आता है। कुफरी के जू में स्नो लेपर्ड और स्नो बीयर जैसे जानवर देखे जा सकते हैं। हिमाचल में पक्षियों की भी अच्छी वैरायटी देखी जा सकती है। चैल वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी, रेणुका वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी और मनाली सैंक्चुरी जैसी जगहों पर हिमाचल की वाइल्डलाइफ का बढ़िया नजारा देखा जा सकता है।

3. स्थानीय तीज-त्यौहार

हिमाचल की एक बात ऐसी है जो इसको बाकी सभी राज्यों से एकदम अलग बनाती है। हिमाचल में त्यौहारों की बड़ी धूम रहती है। यहाँ हर त्यौहार को पूरे जोश और जुनून के साथ मनाया जाता है। यदि आप हिमाचल में त्यौहारों की धूम देखना चाहते हैं तो आपको होली, शिवरात्रि या दशहरे के समय हिमाचल आना चाहिए। त्यौहारों के समय हिमाचल में स्थानीय व्यंजनों की भी खूब डिमांड रहती है। त्योहारों के मौसम में यहाँ जगह जगह पर उत्सव और मेले भी आयोजित किए जाते हैं जो हिमाचल में रौनक बढ़ा देते हैं।

4. हिमाचली खाना और कल्चर

हिमाचल गए और पहाड़ी खाना नहीं खाया तो यकीन मानिए आपकी हिमाचल यात्रा अधूरी है। हिमाचल में मिलने वाले हर पकवान में राज्य की संस्कृति और सभ्यता साफ दिखाई देती है। फिर चाहे वो सादा दाल चावल हो या कोई और डिश, हिमाचल में खाना बनाने के लिए ताजे मसाले, इलायची और दाल चीनी का खूब इस्तेमाल किया जाता है। हिमाचली व्यंजनों में दही और घी की भी अच्छी मात्रा डाली जाती है। मदरा, मिठ्ठा और बबरू हिमाचल की कुछ पारंपरिक और स्थानीय पकवान हैं जिन्हें हर यात्री को जरूर चखना चाहिए।

5. शॉपिंग

हिमाचल का स्ट्रीट मार्केट लोगों को खूब पसंद आता है। शिमला मनाली का मॉल रोड और मैकलोडगंज के तिब्बती बाजार में पर्यटकों की भारी भीड़ दिखाई देती है। यदि आप अपने करीबियों के लिए तोहफे खरीदना चाहते हैं तो हिमाचल के लोकल बाजारों में आपको तमाम विकल्प मिल जाते हैं। तिब्बती कार्पेट और हैंडीक्राफ्ट, ऊनी शॉल, ज्वेलरी जैसी चीजों से हिमाचल के बाजार भरे रहते हैं। हिमाचल की सबसे खास चीज है थंगका। थंगका कपड़े पर की गई पेंटिंग होती है जिसमें गौतम बुद्ध को अलग अलग मुद्राओं में दिखाया जाता है। स्थानीय बाजारों में शॉपिंग पर्यटकों को भी खूब लुभाता है।

6. रोमांच का खजाना

हिमाचल में रोमांच का खजाना भरा हुआ है। हिमाचल में अधिकांश जगहों पर आपको ट्रेकिंग करने के ऑप्शन्स मिल जाएंगे। इनमें से कुछ ट्रेकिंग रूट्स फेमस हैं और तमाम रास्ते ऐसे भी हैं जिनके बारे में कम लोगों को मालूम है। धौलाधार और पीर पंजाल पर्वतमाला के बीच में बने रास्तों पर ट्रेकिंग करना हर किसी को पसंद आता है। हिमाचल में राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग करने के लिए भी ऑप्शन हैं जिसकी वजह से हिमाचल पर्यटकों को खूब पसंद आते है।

7. रोड ट्रिप और बाइक राइड

हिमाचल जाने का सबसे अच्छा और आसान तरीका है आप सड़क के रास्ते आइए। यदि आप दिल्ली की ओर से आ रहे हैं तब तो आपको बेशक रोड ट्रिप का प्लान बनाना चाहिए। हिमाचल के रोमांचक रास्ते, घने जंगल और उनके बीच से गुजरती सड़कें इस जगह को घुमक्कड़ों की पहली पसंद बनाते हैं। स्पीति, लेह और किन्नौर में रोड ट्रिप का मजा और भी बढ़ जाता है। हिमाचल में गाड़ी चलाना किसी रोलर कोस्टर राइड से कम नहीं है। अगर आप रोड ट्रिप पर जाएंगे तो आप अपने आप को शानदार घाटियों और बर्फीले पहाड़ों के बीच पाएंगे। शिमला मनाली लेह रूट तो बाइक सवार वालों के लिए रोड ट्रिप का मक्का जैसा है। हिमाचल का यही अंदाज इस जगह को आकर्षक बनाता है।

8. स्लो ट्रेवल

आरामदायक और समय लेकर घूमने वालों को भी हिमाचल खूब पसंद आता है। यदि आप हिमाचल अच्छे से घूमना और महसूस करना चाहते हैं तो आपको थोड़ा ज्यादा समय लेकर यहाँ आना चाहिए। हिमाचल दो दिनों में घूम लेने वाली जगह एकदम नहीं है। भारत के सबसे अधिक घूमे जाने वाले राज्यों में से एक होने की वजह से स्लो ट्रेवल भी है। हिमाचल आकर सभी लोग अपनी भागदौड़ वाली जिंदगी से निजात पाना चाहते। हिमाचल में तमाम गेस्ट हाउस, होमस्टे और बैगपैकर हॉस्टल्स हैं जहाँ आप ठहर सकते हैं।

क्या आपने हिमाचल में किसी जगह की यात्रा की है? अपने अनुभव को हमारे साथ शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें