अगर आप भी लेना चाहते हैं बारिश के फुहारों का मजा, तो अंबोली हिल से बेहतर और कोई जगह नहीं

Tripoto
27th Jul 2021
Photo of अगर आप भी लेना चाहते हैं बारिश के फुहारों का मजा, तो अंबोली हिल से बेहतर और कोई जगह नहीं by Smita Yadav
Day 1

बारिश की फुहारों का मजा अगर किसी हिल स्टेशन पर लिया जाए, तो ये अनुभव जिंदगी में कभी भुलाए नहीं भूलता। कुछ ऐसा ही एहसास दिलाने वाली जगह है अंबोली। अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर इस हिल स्टेशन को क्वीन ऑफ महाराष्ट्र के नाम से भी जाना जाता है। महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले की सहयाद्री पहाड़ियों की दक्षिणी श्रृंखला में स्थित ये गुमनाम सा हिल स्टेशन बेहद खूबसूरत है। यहाँ कई ऐसे जगह हैं जहाँ से हरे-भरे पर्वत और उपजाऊ धरती के मनोरम दृश्य का भरपूर आनंद लिया जा सकता है। अंबोली फैमिली छुट्टियों के लिए परफेक्ट वीकेंड डेस्टिनेशन हैं। जिसकी गिनती महाराष्ट्र के सबसे खूबसूरत और शांत हिल स्टेशन में की जाती है। गोवा की सीमा शुरू होने से पहले यह आखिरी हिल स्टेशन है इसीलिए महाराष्ट्र के साथ साथ गोवा के पर्यटक भी वीकेंड पर यहाँ घूमने आते है। यदि आप मानसून का आनंद लेने के लिए अपने फ्रेंड्स या कपल के साथ घूमने के लिए हिल स्टेशन सर्च कर रहे हैं तो आप अंबोली हिल्स स्टेशन को सिलेक्ट कर सकते है जहाँ आप घूमने के साथ ढेर सारी मस्ती कर सकते है।

अंबोली हिल स्टेशन के दर्शनीय स्थल

अंबोली में घूमने के लिए भी कई खूबसूरत जगहें हैं। ये शांत, प्रदूषण रहित जगहों में से एक है।यहाँ की शानदार जगहों पर पर्यटकों और आगंतुकों की भीड़ पूरे साल लगी रहती है।

नंगर्ता झरना

Photo of अगर आप भी लेना चाहते हैं बारिश के फुहारों का मजा, तो अंबोली हिल से बेहतर और कोई जगह नहीं by Smita Yadav

नंगर्ता झरना, अंबोली से लगभग 70कि.मी. दूर है। सिंधुदुर्ग जिलें में स्थित यह झरना मानसून में और भी आकर्षक होता है। इस झरने का पानी 10 फीट गहरे खड्डे में गिरता है जिससे एक गहरी आवाज़ गूंजती है। यहाँ का मौसम सुहावना होता है और आमतौर पर पर्यटक यहाँ अपने वीकेंड पर आराम करने के साथ एन्जॉय करने आते हैं।

श्रीगाँवकर झरना

Photo of अगर आप भी लेना चाहते हैं बारिश के फुहारों का मजा, तो अंबोली हिल से बेहतर और कोई जगह नहीं by Smita Yadav

श्रीगाँवकर झरना, शाम बिताने के लिए एक सुंदर पिकनिक स्थल है। अंबोली शहर से 25कि.मी. दूर, यह एक बड़ा पर्यटन आकर्षण है। बारिश के दौरान यहाँ आना सुखद होता है क्योंकि उस समय का हवा ठंडी और निर्मल होती है तथा चारों ओर हरियाली होती है। श्रीगाँवकर प्वाइंट का रास्ता घने जंगलों से होकर गुज़रता है। यहाँ आपको अनेक मनोरम दृश्य देखने को मिलेंगें। इस जगह के काफी करीब भगवान शिव और देवी पार्वती का मंदिर भी स्थित है।

माधवगढ़ किला

Photo of अगर आप भी लेना चाहते हैं बारिश के फुहारों का मजा, तो अंबोली हिल से बेहतर और कोई जगह नहीं by Smita Yadav

अंबोली शहर में स्थित माधवगढ़ का किला एक सुंदर ऐतिहासिक किला है। इस समय यह खंडहर, पुणे में शनिवारवाड़ा नामक शाही किले से चार गुणा बड़ा है। यह किला मुख्य मार्ग पर है। किले की छत से सुंदर नज़ारें दिखते हैं। यहाँ से पूरा अरब सागर और कोंकण तट बिल्कुल साफ दिखाई देता है।

हिरण्यकेषी मंदिर

Photo of अगर आप भी लेना चाहते हैं बारिश के फुहारों का मजा, तो अंबोली हिल से बेहतर और कोई जगह नहीं by Smita Yadav

अंबोली में स्थित हिरण्यकेषी मंदिर में सालभर अनेक धार्मिक गतिविधियाँ होती रहती है। देवी पार्वती को प्यार से हिरण्यकेषी कहा जाता है तथा उनके नाम पर बना यह मंदिर उन्हीं को समर्पित है। इस पवित्र जगह पर देवी पार्वती के पति भगवान शिव की मूर्ति भी है। ऐसी मान्यता है कि स्वयं शिव जी ने इस मंदिर का निर्माण किया था। अंबोली के आस पास के क्षेत्र में लगभग 108 शिव मंदिर स्थित हैं। लेकिन इनमें से अभी तक कुछ ही उजागर हो पाए हैं।

महादेवगढ़

Photo of अगर आप भी लेना चाहते हैं बारिश के फुहारों का मजा, तो अंबोली हिल से बेहतर और कोई जगह नहीं by Smita Yadav

अंबोली बस स्‍टैंड से 2 से 2.5 किमी दूर स्थित महादेवगढ़ बहुत ही खूबसूरत प्‍वाइंट है जहाँ से आसपास की घाटियों, पर्वत श्रृंख्‍लाओं और अरब सागर का खूबसूरत नज़ारा दिखाई देता है। अगर आप अकेले या कम लोगों के साथ यहाँ आ रहे हैं तो स्‍थानीय लोगों की मदद ले सकते हैं क्‍योंकि यहाँ की सड़के ठीक नहीं हैं और यहाँ पर बहुत कम साइन बोर्ड लगे हैं।

सनसेट प्‍वाइंट

Photo of अगर आप भी लेना चाहते हैं बारिश के फुहारों का मजा, तो अंबोली हिल से बेहतर और कोई जगह नहीं by Smita Yadav

अन्‍य हिल स्‍टेशनों की तरह अंबोली में भी सबसे ऊंचा प्‍वाइंट है जहां से मन को मोह लेने वाला सनसैट दिखाई देता है। यहां पर हर एक सनसैट कुछ अलग और अनोखा होता है। सनसैट प्‍वाइंट प्रमुख बस स्‍टैंड से कुछ किलोमीटर दूर है। यहाँ पर एक छोटी सी सैर भी आपके लिए यादगार बन जाएगी।

किस मौसम में जाएं अंबोली

ये हिल स्टेशन अधिक ऊँचाई पर स्थित है। जिसके कारण यहाँ का मौसम ठंडा रहता है। इसलिए यहाँ गर्मियों में जाना ज़्यादा अच्छा है। जहाँ मौसम का लुत्फ़ आप अपने परिवार वालों के साथ उठा सकते हैं। मानसून के चलते, होने वाली बारिश यहाँ के झरनों की सुंदरता को अभी ज्यादा बढ़ा देती हैं। जून से सितम्बर के बीच यहाँ जाने का सबसे अच्छा समय माना जाता हैं।

कैसे पहुँचे अंबोली हिल स्टेशन

सावंतवाड़ी और गोवा के पास होने से हवाई, रेल व सड़क द्वारा आप आसानी से अंबोली हिल स्टेशन पहुँच सकते हैं। हवाई जहाज़ से आने के लिए लगभग 70 कि.मी. की दूरी पर ये स्थित है। गोवा का घरेलू हवाई अड्डा यहाँ से काफ़ी करीब है। ट्रेन से आने के लिए सावंतवाड़ी रेलवे स्टेशन का प्रयोग किया जा सकता है। रेलवे स्टेशन से टैक्सी लेकर भी आप अंबोली आसानी से पहुँच सकते हैं। 550 कि.मी. की दूरी पर बसे मुंबई और 400 कि.मी. की दूरी पर स्थित पुणे होने से अनेक बसें न केवल इन दो शहरों से बल्कि अन्य शहरों से भी आसानी से उपलब्ध होती है। जिनकी सहायता से आप सड़कमार्ग से पहुँच सकते हैं।

कैसा लगा आपको यह आर्टिकल, हमें कमेंट बॉक्स में बताएँ।

अपनी यात्राओं के अनुभव को Tripoto मुसाफिरों के साथ बाँटने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती के सफ़रनामे पढ़ने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना Telegram पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।