कम वक्त और बजट में सफर कराती हैं भारत की ये सबसे तेज़ दौड़ने वाली ट्रेनें!

Tripoto
Photo of कम वक्त और बजट में सफर कराती हैं भारत की ये सबसे तेज़ दौड़ने वाली ट्रेनें! by Aastha Raj

हम यात्री भारतीय रेल पर कितने निर्भर हैं यह मुझे आपको बताने की ज़रूरत नहीं है। जब भी हमें किसी दूसरे शहर जाना होता है तो हम ये चेक करते हैं कि कौन सी ट्रेन सबसे कम समय में हमें निर्धारित जगह पहुँचा रही है। काफी जगह यात्रा करने के बाद मैंने हमारे देश में चलने वाली सबसे तेज़ ट्रेन की एक सूचि बनाई है जो मैं आपके साथ बाँटना चाहती हूँ। 

1. वन्दे भारत एक्सप्रेस

वन्दे भारत एक्सप्रेस भारतीय रेलवे की ओर से हमारे लिए एक तोहफ़ा है और इस ट्रेन की गति 180 कि.मी./घंटा है जो की अब तक की सबसे तेज़ गति है। हालाँकि भारतीय रेलवे ने ट्रेन की गति की सीमा 130कि.मी. प्रति घंटे तय कर दी है। वन्दे भारत से आप दिल्ली से कटरा सिर्फ 8 घंटे में पहुँच सकते हैं। ट्रेन 19 और ट्रेन 20 का काम अभी प्रगति पर है और जल्द ही हमें इसका भी लुत्फ़ उठाने का मौका मिलेगा।

2. गतिमान एक्सप्रेस

गतिमान एक्सप्रेस भारत की दूसरी सबसे तेज़ चलने वाली रेलगाड़ी है और इसकी गति अधिकतम 160 कि.मी. प्रति घंटा है। गतिमान एक्सप्रेस से आप 100 मिनट में आगरा और 4 घंटे 25 मिनट में दिल्ली से झाँसी पहुँच जाएँगे।

3. हबीबगंज दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस

भारत की तीसरी सबसे तेज़ ट्रेन अधिकतम 150 कि.मी. प्रति घंटे की रफ़्तार से दौड़ती है। इस ट्रेन की औसत गति 84 कि.मी. प्रति घंटा है और आप इस ट्रेन से दिल्ली से हबीबगंज (भोपाल) 8 घंटे 25 मिनट में पहुँच जाएँगे।

4. सियालदाह दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस

सियालदाह दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस भारत की सबसे तेज़ रफ़्तार वाली दुरंतो ट्रेन है। 135 कि.मी. प्रति घंटे की रफ़्तार से चलने वाली ट्रेन दिल्ली से आपको 16 घंटे में सियालदाह (प. बंगाल) पहुँचा देगी।

5. मुंबई राजधानी एक्सप्रेस

मुंबई राजधानी एक्सप्रेस राजधानी की श्रेणी में सबसे तेज़ चलने वाली ट्रेन है। इस रेलगाड़ी से आप दिल्ली से मुंबई 15 घंटे में पहुँच जायेंगे।

इसके पहले बांद्रा राजधानी एक्सप्रेस 150 कि.मी. प्रति घंटे की रफ़्तार से चलती थी और सबसे तेज़ रेलगाड़ी थी पर अब ये ट्रेन रद्द कर दी गयी है।

6. हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस

हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस भारत की सबसे पहली राजधानी ट्रेन है और इसकी तेज़ रफ़्तार से आप केवल 17 घंटे में दिल्ली से हावड़ा (कोलकाता) पहुँच जाएँगे।

7. हावड़ा रांची शताब्दी एक्सप्रेस

Photo of कम वक्त और बजट में सफर कराती हैं भारत की ये सबसे तेज़ दौड़ने वाली ट्रेनें! 1/1 by Aastha Raj

कोलकाता से धोनी के शहर रांची जाने के लिए ये सबसे बेहतर ट्रेन मानी जाती है। इस ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 130 कि.मी. प्रति घंटा है और ये आपको 7 घंटे 10 मिनट में आपकी मंजिल तर पहुँचा देगा। ये ट्रेन जिस दिन कोलकाता से चलती है उसी दिन वापस भी लौट जाती है।

तो अगली बार जब आपको किसी जगह पर कम से कम वक्त में पहुँचना हो तो इन ट्रेन पर ज़रूर नज़र मार लें!

यहाँ क्लिक करें और अपनी यात्रा के किस्से Tripoto मुसाफिरों के साथ बाँटें।

रोज़ाना वॉट्सऐप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें।