स्वर्ग से खूबसूरत नजारों से भरी हिमाचल प्रदेश की ये जगह घुमक्कड़ों के लिए है परफेक्ट

Tripoto
Photo of स्वर्ग से खूबसूरत नजारों से भरी हिमाचल प्रदेश की ये जगह घुमक्कड़ों के लिए है परफेक्ट by Musafir Rishabh

आधुनिकता ने हमारी लाइफ को आसान जरूर बना दिया है लेकिन ये हमारी जिंदगी में व्यस्तता और दबाव भी लाती है। इससे छुटकारा पाना आसान नहीं होता है लेकिन थोड़े दिनों के लिए रिलैक्स किया जा सकता है जो आपको फिर से तरोताजा कर देती है। इसके लिए सबसे अच्छी जगह पहाड़ माने जाते हैं। जहाँ शांति और सुकून का एक कॉम्बो पैकेज आपको मिले। वैसे तो हिमाचल प्रदेश में कई खूबसूरत जगहें हैं लेकिन जैसी जगह आपको चाहिए। उसके लिए हिमाचल के कंगोजोड़ी जाना चाहिए। खूबसूरत नजारों और एडवेंचर से भरी ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं है।

Photo of स्वर्ग से खूबसूरत नजारों से भरी हिमाचल प्रदेश की ये जगह घुमक्कड़ों के लिए है परफेक्ट 1/1 by Musafir Rishabh

देवदार और चीड़ के जंगलों से घिरा कंगाजोड़ी के चारों तरफ खूबसूरत पहाड़ और पास में नदी बहती है। ये जगह खूबसूरत तो बहुत है लेकिन इस जगह के बारे में कम लोगों को ही पता है। कम भीड़ वाली ये जगह आपको पसंद आएगी। कंगाजोड़ी दिल्ली से लगभग 275 किमी. की दूरी पर है, चंडीगढ़ से 90 किमी. की दूरी पर है। वहीं हिमाचल के नाहन से सिर्फ 31 किमी. की दूरी पर है। अगर आप एडवेंचर करना चाहते हैं तो यहाँ पर ट्रेकिंग, कैंपिंग भी कर सकते हैं। इसके अलावा बर्ड वाचिंग और बोनफायर भी किया जा सकता है। अगर आप प्रकृति के बीच अपने सफर को यादगार बनाना चाहते हैं तो अपने दोस्तों के साथ या अकेले हिमाचल के कंगाजोड़ी आ सकते हैं। यकीन मानिए कुछ दिन बिताने के बाद इस जगह को आप कभी भूल नहीं पाएंगे।

कैसे पहुँचे?

फ्लाइट सेः अगर आप फ्लाइट से कंगाजोड़ी जाने का प्लान बना रहे हैं तो सबसे नजदीकी चंडीगढ़ एयरपोर्ट है। चंडीगढ़ से कंगाजोड़ी की दूरी 90 किमी. है। आप वहाँ से कैब करके कंगाजोड़ी पहुँच सकते हैं या फिर बस से नाहन तक जा सकते हैं। वहाँ से आपको कंगाजोड़ी पहुँचने में समस्या नहीं आएगी।

ट्रेन सेः आप ट्रेन से कंगाजोड़ी जाने का सोच रहे हैं तो सबसे नजदीकी अंबाला रेलवे स्टेशन है। इसके अलावा आप बरोग और सोलन रेलवे स्टेशन भी निकटतम हैं। यहाँ से आप टैक्सी या बस से कंगाजोड़ी पहुँच सकते हैं।

वाया रोडः आप सड़क मार्ग से आराम से कंगाजोड़ी पहुँच सकते है। आप सरकारी बस से नाहन तक पहुँच सकते हैं। इसके अलावा कंगाजोड़ी तक प्राइवेट बस भी चलते हैं। वहीं आप खुद की गाड़ी से भी कंगाजोड़ी जा सकते हैं।

दिल्ली से कंगाजोड़ी का रूटः

दिल्ली - करनाल - शाहाबाद - साहा - नारायणगढ़ - काला अंब - नाहन - कंगाजोड़ी

कब जाएं?

वैसे तो आप कंगाजोड़ी कभी भी जा सकते हैं। सर्दियों में आपको यहाँ बर्फ मिलेगी और गर्मियों में खूब सारी हरियाली। मेरा सुझाव है कि आपको यहाँ मार्च से मई के बीच के समय में आना चाहिए। मानसून में तो यहाँ पर गलती से न आएं। बरसात में पहाड़ खतरा बन जाते हैं। इसलिए आपको गर्मियों में कंगाजोड़ी आना चाहिए। उस समय यहाँ पर मौसम भी खुशनुमा होता है और चारों तरफ फैली हरियाली आपको हैरान कर देगी। आपका यहाँ बार-बार आने का मन करेगा।

कहाँ ठहरें?

कंगाजोड़ी में आपको रहने की कोई दिक्कत नहीं आएगी। इसलिए नहीं कि यहाँ पर बहुत सारे होटल और रिजाॅर्ट हैं वो तो यहाँ पर नहीं हैं लेकिन कंगाजोड़ी बेस्ट कैंपिंग साइट के लिए फेमस है। आप कैंप में ठहरकर इस जगह की खूबसूरती का अनुभव कर पाएंगे। यहाँ अलग-अलग प्रकार के टेंट के अलग-अलग रेट हैं। आप अपने बजट के हिसाब से इनमें ठहर सकते हैं। अगर आप कैंप में रहते हैं तो उसी में आपका खाना भी शामिल होता है। आपको हिमाचली जायके का स्वाद भी कैंपिंग में मिलेगा। इसके अलावा यहाँ पर आसपास खाने के लिए कोई जगह नहीं है। इसलिए कैंप साइट आपके लिए बेस्ट रहेगा।

क्या करें?

कंगाजोड़ी बेहद खूबसूरत जगह है। यहाँ पर देखने के लिए काफी कुछ है और रोमांच से भरी एक्टीविटीज भी की जा सकती है। वो आप पर निर्भर करता है कि आप कंगाजोड़ी को कैसे घूमते हैं?

1. एक्सप्लोर करो

कंगाजोड़ी में आपको जो चीज सबसे पहले करनी चाहिए वो है एक्सप्लोर करना। जूते पहनिए और खुद को प्रकृति को सौंप दीजिए। आप वो देख पाएंगे जो दूसरे नहीं देख पाएंगे। जितना हो सके कंगाजोड़ी को अपने कदमों से नापिए। किसी जगह को समझने का ये सबसे अच्छा तरीका है। कई बार ऐसा होता है कि घूमते हुए हमको कुछ नई चीज देखने का मिलती है जो उस जगह पर अब तक किसी ने न देखी हो। यहीं तो घुमक्कड़ी है।

2. कैंपिंग

कंगाजोड़ी एक कैपिंग साइट के लिए जानी जाता है। यहाँ पर कई लोग सिर्फ कैंपिंग के लिए आते हैं। सोचिए पहाड़ों में लेटकर आसमान के टिमटिमाते तारों को देखना कितना खूबसूरत होता होगा। गुलजार साहब की एक बड़ी खूबसूरत लाइन है कि रात के रंग देखने हों तो कभी पहाड़ों पर चलों। रात पहाड़ों पर कुछ और ही होती है। ऐसी ही रात का गवाह बनने के लिए कंगाजोड़ी परफेक्ट जगह है। यहाँ पर आप बोनफायर का मजा तो ले ही सकते हैं। इसके अलावा नए-नए लोगों से भी मुलाकात होती है। हर एक कहानी ऐसी जगहों पर सुनाई जाती है।

3. एडवेंचर

अगर आप रोमांच के शौकीन हैं तो कंगाजोड़ी आपके लिए परफेक्ट जगह है। यहाँ पर पर आप कैंपिंग तो कर ही सकते हैं। इसके अलावा ट्रेकिंग, हिलते-डुलते बुरमा ब्रिज पर चलना, नदी को पार करना और इसके अलावा भी कंगाजोड़ी में आप बहुत कुछ कर सकते हैं। यदि आपको प्रकृति से प्यार है तो कंगाजोड़ी में बर्ड वाचिंग कर सकते हैं। यहाँ पर आपको कुछ ऐसे पक्षी देखने को मिलेंगे जो आपने पहले कभी नहीं देखे होंगे।

क्या देंखें?

1- नाहन

कंगाजोड़ी से पास में नाहन है। नाहन हिमाचल प्रदेश का एक छोटा-सा लेकिन बेहद खूबसूरत कस्बा है। अगर आप हिमाचल में छुट्टियों में आना चाहते हैं नाहन बढ़िया जगह है। वो जगह होती है न कि उस जगह के बारे में बताने के लिए कुछ फेमस जगह नहीं होता है लेकिन देखने को बहुत कुछ होता है। वैसा ही खूबसूरत कस्बा है, नाहन। आपको अपने दोस्तों या फैमिली के साथ हिमाचल प्रदेश के इस कस्बे में जरूर आना चाहिए। यहाँ पर कुछ दिन बिताकर आपको जरूर अच्छा लगेगा।

2- रेणुका लेक

कहा जाता है कि अगर कहीं पर नदी या झील होती है तो वो जगह बेइंतहा खूबसूरत होती है। ऐसी ही खूबसूरती देखने का मन हो तो हिमाचल प्रदेश की रेणुका लेक को बिल्कुल भी नही छोड़ना चाहिए। हिमाचल के सिरमौर जिले में स्थित रेणुका लेक कंगाजोड़ी से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर है। इसके अलावा आप यहाँ रेणुका देवी का मंदिर और परशुराम ताल भी देख सकते हैं। अगर आपको प्रकृति से प्रेम है तो आप रेणुका जू में भी कुछ वक्त बिता सकते हैं। 1957 में बना ये चिड़ियाघर कुछ घंटे बिताने के लिए अच्छी जगह है। स्थानीय लोग वीकेंड पर छुट्टियां मनाने के लिए यहाँ आते हैं।

अगर आप इन जगहों पर जाते हैं तो आपको हिमाचल प्रदेश का कंगाजोड़ी जरूर पसंद आएगा। कंगाजोड़ी कैंपिंग साइट के लिए फेमस है लेकिन हर जगह पर एक्सप्लोर करने के लिए बहुत कुछ होता है। अगर आप भी हिमाचल प्रदेश की इस खूबसूरत जगह पर जाते हैं तो अच्छे से घूमें।

क्या आपने हिमाचल प्रदेश की कंगाजोड़ी की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।