अत्याधुनिक दुबई में क्या है नया? यात्रा पूर्व जानिए सभी अनुभवों के बारे में जिनका आनंद ले सकते हैं 

Tripoto
Photo of अत्याधुनिक दुबई में क्या है नया? यात्रा पूर्व जानिए सभी अनुभवों के बारे में जिनका आनंद ले सकते हैं by Deeksha

21वीं सदी की शुरुआत से दुबई की लोकप्रियता रैंकिंग में तेज़ी से उछाल आया है। अपनी गगनचुंबी इमारतों, बेजोड़ रोमांचक गतिविधियों, विश्व स्तरीय मनोरंजन और विशेष अनुभवों की वजह से दुबई ने खुद को पर्यटन के क्षेत्र में मज़बूती से स्थापित किया है। दुबई की यात्रा करना किसी जादुई अहसास से कम नहीं है। दुबई विश्व के उन चुनिंदा शहरों में से है जो हर उम्र के लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है। शॉपिंग मॉल्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, शानदार आर्ट गैलरी और संस्कृति से जुड़ी जगहें दुबई आने वाले पर्यटकों को बेहद पसंद आती हैं। निस्संदेह आधुनिक दुबई की हर एक जगह पर आपको एक नया और रोमांचक अनुभव मिलेगा।

हमने आपके लिए कुछ बेहद ख़ास अनुभवों की सूची तैयार की है जो आपकी दुबई यात्रा को यादगार बना देंगे।

विज़िट दुबई की वेबसाइट पर और अधिक जानकारी पाएँ

1. एक्सपो 2020 दुबई

एक्सपो 2020 दुबई का विश्वस्तरीय कार्यक्रम है जो नवीनीकरण, टेक्नोलॉजी, कला और संस्कृति का बेहतरीन मिश्रण है। एक्सपो 2020 दुबई की सबसे अच्छी और ख़ास बात ये है कि इस कार्यक्रम में दुनिया के विभिन्न हिस्सों से नए विचारों और आविष्कारों को पेश किया जाता है। इसमें वाकई कोई शक़ नहीं है कि ये जगह दुबई में पारिवारिक मौज-मस्ती का आनंद लेने के लिए बेहतरीन स्थानों में से है। ये दुनियाभर से मिले सहयोग और भाईचारे का बेहतरीन उदाहरण है हर उम्र के लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है। एक्सपो 2020 दुबई में देखने के लिए असंख्य चीज़ें हैं जो इसे एक ऐसी जगह बनाता है जिसका एक अनुभव आपको ज़िंदगी भर की यादें बटोरने का मौक़ा देता है। एक्सपो 2020 दुबई में आप इलेक्ट्रिक साइकिल की सवारी, कॉन्सर्ट, विभिन्न देशों से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुति जैसी तमाम चीज़ों का आनंद ले सकते हैं।

इसके अलावा हमने आपके लिए एक्सपो 2020 दुबई की 3 खास आकर्षणों की सूची तैयार की है जिन्हें आपको ज़रूर देखना चाहिए।

(i). गार्डन इन द स्काई

एक्सपो 2020 दुबई कुल 1080 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है जो कि 6०० फुटबॉल फ़ील्ड्स के बराबर है। इसके कारण एक्सपो की बढ़िया और आकर्षक तस्वीरें लेना थोड़ा मुश्किल भरा काम हो सकता है। दुबई एक्सपो की सबसे बेहतरीन तस्वीरें लेने के लिए आपको गार्डन इन द स्काई जाना चाहिए। गार्डन इन द स्काई 55 मीटर ऊँचा समतल प्लेटफॉर्म है जहाँ से एक्सपो के सबसे शानदार नजारे दिखाई देते हैं। इस प्लेटफॉर्म पर एक बहुत खूबसूरत बगीचा भी बनाया गया है जिसको देखकर आप ज़रूर खुश होंगे। यदि आपको तस्वीरें लेने का शौक है और आप एक्सपो 2020 दुबई में फोटोग्राफी करना चाहते हैं तो आपके लिए सबसे सही जगह गार्डन इन द स्काई है।

(ii). फ़िरदौस ऑर्केस्ट्रा

संगीत वो चीज़ है जो हर किसी को रिलैक्स कर देता है। एक्सपो 2020 दुबई में भी आपके लिए बढ़िया प्रस्तुति का इंतज़ाम किया गया है। फ़िरदौस ऑर्केस्ट्रा का क्रिएटिव डायरेक्शन मशहूर गायक एआर रहमान द्वारा किया गया है। इस ऑर्केस्ट्रा में आप अलग तरह के कपड़े पहने कलाकारों को देख सकते हैं जिन्हें ख़ासतौर से इस एक्सपो के लिए बनाकर तैयार किया गया है। अगर आप एक्सपो 2020 दुबई में जाने का प्लान बना रहे हैं तब आपको इस ऑर्केस्ट्रा का परफॉर्मेंस ज़रूर देखना चाहिए।

(iii). अल वस्ल प्लाज़ा

एक्सपो 2020 दुबई में आपका स्वागत भव्य अल वस्ल प्लाज़ा के बेहतरीन नज़ारे से होगा। अल वस्ल प्लाज़ा प्रोजेक्शन लाइट्स और थ्री डी साउंड सिस्टम का बेहतरीन मिश्रण है जिसको देख कर हर व्यक्ति का दिल खुश हो जाएगा। एक्सपो 2020 दुबई इतना विशाल है कि यहाँ घूमते हुए आपको थकान होना ज़ाहिर सी बात है। लेकिन क्या आप जानते हैं थकान होने के बावजूद आप एक्सपो को एक्सप्लोर करते रह सकते हैं? आप अल वस्ल प्लाज़ा में बैठकर शानदार लाइट एंड साउंड शो का मज़ा उठा सकते हैं।

इसके अलावा आप एक्सपो 2020 दुबई में शानदार वाटर फीचर देख सकते हैं जो यहाँ के सबसे लुभावने आकर्षणों में से एक है। अल वस्ल प्लाज़ा और जुबली पार्क के बीच स्थित, एक्सपो 2020 वाटर फीचर पानी, पृथ्वी और आग के तत्वों को जोड़ता है। 13 मीटर ऊँची खड़ी दीवारों से नीचे गिरते हुए पानी को देखना बेहद खूबसूरत अनुभव होता है।

एक घुमक्कड़ हमेशा अलग अलग देशों की यात्रा करने की चाहत रखता है और एक्सपो 2020 दुबई में इस बात का पूरा ध्यान रखा जाता है। यहाँ आपके पास एक सच्चे घुमक्कड़ की तरह अपने पासपोर्ट पर मुहर लगवाने का सुनहरा मौका है। एक्सपो 2020 दुबई एक छोटी दुनिया की तरह है जिसका हर पवेलियन एक अलग देश को दर्शाता है। एक्सपो 2020 दुबई में कुल 200 पवेलियन बनाए गए हैं जिसमें 192 पवेलियन यहाँ भाग ले रहे देशों को दर्शाते हैं। एक्सपो 2020 दुबई में आप अलग-अलग पवेलियन में जाकर पासपोर्ट पर एक्सपो पासपोर्ट पर मुहर लगवा सकते हैं। हर देश के लिए अलग-अलग पवेलियन बनाने का मकसद यहाँ आए हुए लोगों को विश्व के विभिन्न हिस्सों की संस्कृति और सभ्यता से अवगत कराना है। इन सभी पवेलियन में आपको भविष्यवादी, प्रगतिशील और शांतिपूर्ण समाज बनाने की झलक दिखाई देगी।

यकीन मानिए अत्याधुनिक दुबई के सबसे ख़ास आकर्षणों में एक्सपो 2020 दुबई का नाम यकीनन शामिल रहेगा।

2. अल सीफ़

Photo of अत्याधुनिक दुबई में क्या है नया? यात्रा पूर्व जानिए सभी अनुभवों के बारे में जिनका आनंद ले सकते हैं  5/13 by Deeksha
श्रेय: दुबई टूरिज़्म।

लगभग 1.8 किलोमीटर क्षेत्रफल में बना अल सीफ़ दुबई आने वाले पर्यटकों की खास पसंद बन रहा है। अल सीफ़ अलग अलग हिस्सों में बँटा हुआ है और हर भाग को अलग तरीके से सजाया गया है। अल सीफ़ का हर हिस्सा आपको एक नई दुनिया में ले जाएगा। अल सीफ़ की टैगलाइन ‘पुराने से नए का मिलन’ रखी गई है और यकीन मानिए ये जगह इसपर एकदम सटीक बैठती है। अल सीफ़ के कुछ हिस्सों में आपको दुबई और संयुक्त अरब अमीरात की प्राचीन संस्कृति से प्रभावित चीज़ें दिखाई देंगी। वहीं अन्य हिस्से को आधुनिक युग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। अल सीफ़ में हिस्से अलग हो सकते हैं लेकिन यहाँ मिलने वाला अनुभव आपको रिलैक्स कर देगा। ये जगह ख़ासतौर से रात के समय बेहद खूबसूरत लगती है। यदि आप दुबई में कुछ नया एक्सपीरिएंस करना चाहते हैं तो अल सीफ़ बढ़िया जगह है।

3. दुबई सफ़ारी पार्क

Photo of अत्याधुनिक दुबई में क्या है नया? यात्रा पूर्व जानिए सभी अनुभवों के बारे में जिनका आनंद ले सकते हैं  6/13 by Deeksha
श्रेय: दुबई टूरिज़्म।

अत्याधुनिक दुबई के नए अनुभवों की बात हो और सफ़ारी पार्क का ज़िक्र ना आए ऐसा मुमकिन नहीं है। दुबई सफ़ारी पार्क यहाँ की सबसे अनोखी जगहों में से है जो परिवार या दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए एकदम परफ़ेक्ट है। इस पार्क में आप वन्यजीवों को देखने का आनंद ले सकते हैं। ये पार्क लगभग 3,000 से अधिक जानवरों का घर है जिसकी पहचान दुबई के इको टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में भी की जाती है। दुबई सफ़ारी पार्क को विश्व के 10 सबसे बेहतरीन चिड़ियाघरों की सूची में देखा जा रहा है। इस पार्क को उसके रख-रखाव और साफ-सुथरे माहौल के चलते अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काफ़ी सराहना मिल चुकी है। 119 हेक्टेयर भूमि पर बने इस पार्क में आप अरेबियन, एशियन और अफ़्रीकन विलेज देख सकते हैं जो आपको ज़रूर पसंद आएँगे।

4. ऐन दुबई

Photo of अत्याधुनिक दुबई में क्या है नया? यात्रा पूर्व जानिए सभी अनुभवों के बारे में जिनका आनंद ले सकते हैं  7/13 by Deeksha
श्रेय: दुबई टूरिज़्म।

ऐन दुबई का अर्थ होता है दुबई की आँख। दुबई घूमने के नए और सबसे रोमांचक जगहों में ऐन दुबई का नाम ज़रूर शामिल होना चाहिए। 250 मीटर ऊँचाई वाले इस ऑब्जर्वेशन व्हील से दुबई के सबसे आकर्षक स्थलों का नज़ारा देखना वाकई बेहद खूबसूरत होता है जिसमें बुर्ज अल अरब, पाल्म जुमेराह और बुर्ज खलीफा शामिल हैं। ब्लूवाटर्स द्वीप पर बना ये विशाल ऑब्जर्वेशन व्हील अपनी तरह का सबसे ऊँचा और बड़ा व्हील है। इस ऑब्जर्वेशन व्हील का निर्माण करना अपनेआप में चुनौतीपूर्ण कार्य था। इस व्हील में पर्यटकों के लिए कुल 48 वातानुकूलित केबिन बनाए गए हैं जिनमें एक बार में 1,750 लोग बैठ सकते हैं। इस व्हील का एक चक्कर कुल 38 मिनट लंबा होता है। सबसे अच्छी बात ये है कि ऐन दुबई की सवारी दिन और रात दोनों समय पर की जा सकती है। फिर चाहे आप सूरज की पहली किरणों के नीचे चमचमाती इमारतें देखना चाहते हों या रोशनी से नहाया हुआ बेहतरीन लैंडस्केप देखने की इच्छा रखते हों, ऐन दुबई में आपका हर सपना पूरा होगा।

5. इन्फिनिटी दे लुमियर्स

Photo of अत्याधुनिक दुबई में क्या है नया? यात्रा पूर्व जानिए सभी अनुभवों के बारे में जिनका आनंद ले सकते हैं  8/13 by Deeksha
श्रेय: दुबई टूरिज़्म।

इन्फिनिटी दे लुमियर्स के लॉन्च के साथ दुबई में कला और संस्कृति का स्तर और बढ़ गया है। द दुबई मॉल में लगभग 2,700 वर्गमीटर में बनाई गई ये जगह 130 प्रोजेक्टर, 58 स्पीकर और 3,000 एचडी डिजिटल मूविंग इमेज जैसी आधुनिक और बेहतरीन तकनीकों से लैस है। इन्फिनिटी डेस लुमियर्स वो जगह है जहाँ समकालीन कला को नया रूप दिया गया है। इन्फिनिटी दे लुमियर्स लोगों को एक ऐसी दुनिया में ले जाएगा जहाँ वो कला के जीवंत होने का आनंद ले सकते हैं। होकुसाई, वैन गॉ और थॉमस वांज जैसे महान कलाकारों द्वारा बनाई गई पेंटिंग को यहाँ डिजिटल आर्ट के तरह से प्रस्तुत किया गया है जिससे आपको स्वयं पेंटिंग में होने जैसा एहसास होगा। दुबई के खास आकर्षणों में शामिल, इन्फिनिटी दे लुमियर्स सभी को ज़रूर देखना चाहिए।

6. द व्यू एट द पाल्म जुमेरह

Photo of अत्याधुनिक दुबई में क्या है नया? यात्रा पूर्व जानिए सभी अनुभवों के बारे में जिनका आनंद ले सकते हैं  9/13 by Deeksha
श्रेय: दुबई टूरिज़्म।

द व्यू एट द पाल्म जुमेरह अत्याधुनिक दुबई के सबसे खास आकर्षणों में से है। द पाल्म टावर के 52वीं माले पर बनाया गया ये व्यू प्वाइंट वाकई अद्भुत है। यह ऑब्जर्वेशन प्वाइंट पाल्म जुमेराह से 240 मीटर की ऊँचाई पर बना हुआ है। ये व्यू प्वाइंट दुबई का अकेला ऐसा स्थान है जहाँ से पाल्म जुमेराह, अरेबियन गल्फ और दुबई स्काईलाइन के सबसे मोहक नज़ारे दिखाई देते हैं। इस व्यू प्वाइंट से आपको 360 डिग्री नज़ारे दिखाई देते हैं जो अपनेआप में शानदार होता है। क्योंकि यहाँ काँच के चैंबर बनाए गए हैं इसलिए पर्यटकों को दुबई स्काईलाइन के साथ-साथ सूर्योदय और सूर्यास्त का भी बढ़िया दृश्य देखने का मौका मिलता है। इसके अलावा यहाँ एक गैलरी भी बनाए गई है जहाँ द्वीप के बारे में जानकारी दी गई है। इस व्यू प्वाइंट से आपको दुबई की तीन सबसे खूबसूरत और महत्वपूर्ण चीज़ें एक साथ दिखाई देती हैं- सूरज, समुद्र और रेगिस्तान। इस ऑब्जर्वेशन डेक में वीआईपी लाउंज भी है जहाँ प्राइवेट कॉन्सर्ट और पार्टी जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।

7. रोल DXB

Photo of अत्याधुनिक दुबई में क्या है नया? यात्रा पूर्व जानिए सभी अनुभवों के बारे में जिनका आनंद ले सकते हैं  10/13 by Deeksha
श्रेय: रोल DXB

यदि आपको रोलर स्केटिंग पसंद है तो आपको दुबई के रोल DXB से अच्छी जगह नहीं मिलेगी। रोल DXB में शुरुआती से लेकर अनुभवी रोलर स्केटर्स तक सभी को स्केटिंग से जुड़ी उचित तकनीकें सिखाई जाती हैं। लेकिन यहाँ केवल यही नहीं है। रोल DXB स्केटिंग करने वालों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। यहाँ स्केटिंग इवेंट्स, स्केट जैम्स और डिस्को नाइट के अलावा भी तमाम चीज़ें हैं। रोल DXB में एक सेशन 90 मिनट का होता है जिसकी शुरुआत शाम 7 बजे होती है। रोल DXB खासतौर से 14 साल के ऊपर वालों के लिए बनाया गया है। हर सेशन के लिए अलग कीमत रखी गई है। अच्छी बात ये है कि रोल DXB सप्ताह के सभी दिन खुला रहता है इसलिए आपको यहाँ आने के लिए प्लानिंग करने की जरूरत नहीं है। यदि आप दुबई जाने का मन बना रहे हैं तो रोल DXB आपकी लिस्ट में ज़रूर शामिल होना चाहिए।

8. दुबई फ़्रेम

Photo of अत्याधुनिक दुबई में क्या है नया? यात्रा पूर्व जानिए सभी अनुभवों के बारे में जिनका आनंद ले सकते हैं  11/13 by Deeksha
श्रेय: दुबई टूरिज़्म।

दुबई में चमत्कारी जगहों की कमी नहीं है और अब इस सूची में एक नया नाम जुड़ गया है। दुबई फ़्रेम दुबई की उपलब्धियों में नवीनतम आकर्षणों में से एक है। ये जगह पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। 2018 में लॉन्च किया गया ये शानदार फ़्रेम आज विश्वभर में चर्चा का विषय बन गया है। इस पुल के अंदर 25 वर्ग मीटर लंबा काँच का पैनल है जहाँ से आसपास के इलाकों को देखने का मज़ा उठाया जा सकता है। यदि आप ऑब्जर्वेटरी ब्रिज पर खड़े होकर दक्षिण दिशा में देखेंगे तो आपको आधुनिक दुबई के पूरे नज़ारे दिखाई देंगे। वहीं यदि आप उत्तर की ओर देखेंगे तो आपको ओल्ड दुबई, बर दुबई, डेरा, करामा और दुबई क्रीक दिखाई देंगे। दुबई फ़्रेम शहर के लिए किसी ताज से कम नहीं है और इसको आपको ज़रूर देखना चाहिए।

9. हत्ता डोम पार्क

यदि आप हत्ता के पहाड़ी इलाकों का भरपूर आनंद लेना चाहते हैं तो आपको बिना ज़्यादा सोचे दौरान हत्ता डोम पार्क आ जाना चाहिए। हत्ता डोम पार्क में टेंट हैं जिनका आकार डोम की तरह है। हर टेंट से हज़र पर्वत का सीधा दृश्य दिखाई देता है जो इस पूरे कैंपिंग अनुभव को और भी अधिक मनोरंजक बना देता है। हर टेंट की डिजाइन बेहद ख़ास तरीके से की गई है। टेंट में प्राइवेट छत के साथ-साथ फ़्री इन्टरनेट, एलईडी टीवी, फ्रिज और बारबेक्यू जैसी तमाम सुविधाएँ दी गई हैं। हर टेंट में 2 लोगों के साथ 2 बच्चों के ठहरने की व्यवस्था की गई है जिनकी आयु 13 साल से कम होनी चाहिए। हत्ता डोम पार्क में आप तरह तरह के रोमांचक खेलों का भी मज़ा ले सकते हैं। यहाँ जाेर्बिग, कयाकिंग, हाइकिंग, तीरंदाज़ी, पैराग्लाइडिंग के अलावा और भी कई खेल हैं। हत्ता डोम पार्क परिवार और दोस्तों के साथ कनेक्ट करने के लिए बढ़िया जगह है जिसको मिस नहीं किया जाना चाहिए।

10. ला मेर

Photo of अत्याधुनिक दुबई में क्या है नया? यात्रा पूर्व जानिए सभी अनुभवों के बारे में जिनका आनंद ले सकते हैं  13/13 by Deeksha
श्रेय: दुबई टूरिज़्म।

ला मेर को दुबई के बीच डिस्ट्रिक्ट के नाम से जाना जाता है। जुमेराह 1 क्षेत्र में स्थित, ला मेर सीधे दुबई के समुद्र तट पर ले जाता है। ला मेर रिलैक्स करने के लिए शानदार जगह है। ये समुद्र तट ताड़ के पेड़ों, कला और तरह-तरह की चित्रकारी से सजा हुआ है जिससे ये जगह बेहद खूबसूरत हो जाती है। ला मेर में खाने-पीने के लिए तमाम विकल्प हैं जो एक से बढ़कर एक हैं। इसके अलावा यहाँ बहुत सारी रोमांचक गतिविधियाँ करने का भी ऑप्शन है जिसमें सिम्युलेटर सर्फ एक्सपीरिएंस के साथ लगुना वाटरपार्क, स्लिप एन स्लाइड्स, स्टैंड-अप पैडलबोर्डिंग, कयाकिंग, जेट स्कीइंग, फ्लाई-बोर्डिंग और वॉटर-बाइकिंग जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं।

ला मेर तेज़ी से लोकप्रिय स्थान बन रहा है और अगर आप बाहर खाना पसंद करते हैं, तो ला मेर में शानदार रेस्तरां की कोई कमी नहीं है। ला मेर में 130 से अधिक रेस्तरां हैं। यहाँ बर्गर से लेकर आइसक्रीम तक, सलाद और लेकर भारतीय व्यंजनों तक आपको सभी चीज़ों का भरपूर स्वाद मिलेगा। आप अपने परिवार या दोस्तों के साथ ला मेर आ सकते हैं और समुद्र किनारे एक शांत दिन बिताने का आनंद ले सकते हैं। यहाँ वाटरपार्क और बुटीक सिनेमा के अलावा, खरीदारी करने के लिए भी तमाम स्टोर्स हैं जो इस जगह की खूबसूरती ने चार चाँद लगाते हैं। इन दुकानों में विश्व प्रसिद्ध फैशन ब्रांड से लेकर मेकअप और परफ्यूम भी शामिल हैं। इसके अलावा यहाँ डिपार्टमेंट स्टोर, ज्वेलरी, स्पा और सलून जैसी सुविधाएँ भी उपलब्ध हैं। ला मेर दुबई के सबसे लाजवाब स्थानों में से है और यदि आप अपने करीबियों के साथ दिन का आनंद लेने के लिए बाहर हैं, तो ला मेर दुबई समुद्र तट आपके लिए एकदम सही जगह है।

दुबई विश्व के सबसे खूबसूरत और दर्शनीय शहरों में से है जिसके कारण यहाँ हमेशा से पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। यदि आप भी किसी ऐसे सफर पर निकलना चाहते हैं जो आपके लिए रोमांच और अनोखे अनुभवों का पर्याय हो, तो दुबई आपके लिए वो शहर है।

अपनी दुबई ट्रिप को शानदार बनाएँ: दुबई के बेस्ट ट्रिप्स और दर्शनीय स्थलों के सुझाव पाएँ Tripoto की इस विस्तृत गाइड पर

फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दुबई के बारे में और जानें।

विज़िट दुबई की वेबसाइट पर और अधिक जानकारी पाएँ।