घूमने जाने का है मन लेकिन तय नहीं है डेस्टिनेशन? इन 8 तरीकों से आप अपने लिए सही जगह चुन सकते हैं

Tripoto
Photo of घूमने जाने का है मन लेकिन तय नहीं है डेस्टिनेशन? इन 8 तरीकों से आप अपने लिए सही जगह चुन सकते हैं by Deeksha

कितनी बार ऐसा होता है कि हम घूमने जाना चाहते हैं लेकिन घूमने जाने के लिए कोई डेस्टिनेशन पक्का नहीं कर पाते हैं। ऐसे में कई लोग तो अपना घुमक्कड़ी का प्लान सीधे कैंसल कर देते हैं। लेकिन कुछ ऐसे भी होते हैं जो अलग-अलग जगहों के बारे पढ़ और समझकर आगे का प्लान बनाते हैं। किसी भी जगह पर जाने से पहले वहाँ के बारे में पता कर लेना हमेशा समझदारी वाला काम होता है। फिर चाहे आप उसके लिए इंटरनेट का सहारा लें या जो लोग पहले वहाँ जा चुके हैं उनसे बात करें। आप कितने सारे तरीकों से अपनी रिसर्च कर सकते हैं। फिलहाल घर से बाहर निकलना संभव नहीं है। लेकिन अभी एकदम सही समय है कि आप अपनी भविष्य की ट्रिप की प्लानिंग कर सकते हैं। अगर आपने अबतक कोई डेस्टिनेशन पक्का नहीं किया है तो आप इन तरीकों को इस्तेमाल करके अपनी अगली ट्रिप प्लान कर सकते हैं।

1. किताबें

किताबें पढ़ना घुमक्कड़ी का सबसे अच्छा और आसान तरीका है। आपका जब मन करे आप अपनी मनपसंद जगह के ऊपर लिखी गई किताब उठकर इस जगह के बारे में जान सकते हैं। अच्छी बात ये है कि किताबों से आपको उस जगह के बारे में बहुत कुछ जानने को भी मिलता है। अगर आप कहीं घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं तो आप किसी ट्रेवल मैगजीन का इस्तेमाल करके उस जगह के बारे में जानकारी बटोर सकते हैं। इन मैगज़ीनों में जगह की खासियत, वहाँ मनाए जाने वाले त्योहार और उत्सवों के बारे में अच्छी जानकारी दी गई होती है। खास बात ये भी है इन मैगज़ीनों में लोकल कल्चर पर भी काफी जोर दिया जाता है। इन मैगज़ीनों में शहर, राज्य, देश और यहाँ तक कि महाद्वीप के बारे में भी अच्छे से दिया होता है। ध्यान देने वाली बात ये है कि अक्सर ये मैगज़ीनें थोड़ी महंगी होती हैं। इसलिए कोई भी मैगजीन खरीदने से पहले आपको किसी लाइब्रेरी या इंटरनेट पर उसकी सोफ्टकॉपी जरूर ढूंढ लेनी चाहिए।

2. ब्लॉग

Photo of घूमने जाने का है मन लेकिन तय नहीं है डेस्टिनेशन? इन 8 तरीकों से आप अपने लिए सही जगह चुन सकते हैं 2/6 by Deeksha

अगर आप अपनी अगली ट्रिप प्लान करना चाहते हैं तो आप उसके लिए ब्लॉग्स की मदद भी ले सकते हैं। आज के डिजिटल युग में लगभग सारी चीजों की जानकारी इंटरनेट पर उपलब्ध है। आप विश्व के किसी भी कोने में बैठकर अलग-अलग जगहों के बारे में पढ़कर अपनी ट्रिप प्लान कर सकते हैं। इन ब्लॉग्स की सबसे अच्छी बात होती है कि इनमें से ज्यादातर ब्लॉग्स आपकी तरह की अन्य घुमक्कड़ के द्वारा लिखे गए होते हैं। जिससे आपको एकदम सटीक और सही जानकारी मिलती है। जानकारी के साथ साथ आपको और लोगों के अनुभवों के बारे में भी पता चलता है जो शायद आपको और कहीं नहीं मिलेगा। कुछ ट्रेवल कंपनियां भी हैं तो ऐसे ब्लॉग्स और आर्टिकल अपनी वेबसाइट पर पब्लिश करती हैं। आप इनमें से किसी भी विकल्प का इस्तेमाल कर सकते हैं।

3. टूरिज्म बोर्ड वेबसाइट

अपनी ट्रिप प्लान करने का तीसरा और सबसे कारगर तरीका है टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट देखें। अगर आप किसी नए देश में घूमने जाना चाहते हैं तो जाहिर सी बात है आप जाने से पहले उस जगह के बारे में ज्यादा से ज्यादा चीजें जानना चाहेंगे। फिर चाहे वो वीजा और जरूरी कागजत हों या वहाँ के नियम कानून। इन वेबसाइट्स पर आपको उस जगह से जुड़ी सारी जानकारी मिल जाती है। क्योंकि ये सभी साइट्स आधिकारिक होती हैं इसलिए यहाँ गलत इंफॉर्मेशन मिलने का कोई चांस ही नहीं है। कई बार तो इन साइट्स पर आपको पूरी ट्रेवल गाइड भी मिल जाती है जो आपके लिए अलादीन के चिराग वाला काम करती हैं। जिन लोगों को प्लानिंग करना कम पसंद आता है उनके लिए ये वेबसाइट्स बहुत अच्छी रहती हैं।

4. यूट्यूब वीडियो

अगर आप अपनी अगली ट्रिप के लिए डेस्टिनेशन सोच रहे हैं और आपको समझ नहीं आ रहा है कि कहाँ जाना चाहिए तो सबसे आसान तरीका है यूट्यूब वीडियो की मदद लीजिए। अगर आपके दिमाग में कुछ 4-5 जगहें हैं तो आप उन सबसे जुड़े वीडियो देख सकते हैं। इस समय लोग फोटो एल्बम बनाने की जगह यूट्यूब पर वीडियो डालना पसंद करते हैं। इससे उनके अनुभवों के लिए डिजिटल एल्बम तो तैयार होता ही है लेकिन साथ में और लोग जो उस जगह पर घूमने जाना चाहते हैं उनकी भी मदद हो जाती है। यूट्यूब पर तमाम घुमक्कड़ों ने अपने एक्सपीरियंस का वीडियो बनाकर डाला है। आप इन वीडियो को देखकर और समझकर अपनी अगली ट्रिप की प्लानिंग कर सकते हैं।

5. वेब सीरीज और मूवीज

Photo of घूमने जाने का है मन लेकिन तय नहीं है डेस्टिनेशन? इन 8 तरीकों से आप अपने लिए सही जगह चुन सकते हैं 4/6 by Deeksha
श्रेय: अमेजन.कॉम

अगर आपने कोई एक जगह पक्की कर ली है और आप उस जगह के बारे में बहुत गहराई से जानना चाहते हैं तो आपको वेब सीरीज की मदद लेनी चाहिए। आमतौर एक वेब सीरीज के सारे एपिसोड्स किसी एक जगह के इर्द-गिर्द शूट किए जाते हैं। जिसकी वजह से घुमक्कड़ों को किसी जगह के बारे में सारी जानकारी एक ही जगह पर मिल जाती है। आमतौर पर ऐसा इसलिए किया जाता है जिससे कलाकारों और क्रू को बहुत ज्यादा भागदौड़ ना करनी पड़े। अगर आपके पास इतना समय नहीं है कि आप वेब सीरीज देख सकें तो आप उसकी जगह कोई मूवी भी देख सकते हैं। फिल्में देखने से आपको ना केवल डेस्टिनेशन सेलेक्ट करने में मदद मिलेगी बल्कि वहाँ इस्तेमाल की जाने वाली भाषा और तौर तरीकों के बारे में भी जान पाएंगे। यकीनन फिल्मों में पूरी सच्चाई नहीं दिखाई जाती है लेकिन उसके बावजूद ये नई चीजें जानने का अच्छा रास्ता होती हैं।

6. म्यूजियम

ये आपको थोड़ा पेचीदा लग सकता है लेकिन यकीन मानिए म्यूजियम उस जगह के बारे में बहुत कुछ बताते हैं। किसी भी डेस्टिनेशन को पक्का करने से पहले ये जरूर देखें कि वहाँ कोई म्यूजियम है या नहीं। आप इसके लिए ऑनलाइन सर्च कर सकते हैं। अगर वहाँ म्यूजियम है तो उसके बारे में पढ़िए। वहाँ प्रदर्शित आर्ट और अन्य चीजों के बारे में जानने कि कोशिश कीजिए। ऐसा करने से आपको ट्रिप पर जाने से पहले उस जगह के इतिहास के बारे में अच्छी जानकारी मिल जाएगी। जो आपकी ट्रिप पर आपके काम आ सकती है। अक्सर म्यूजियम में आने वाले लोग बहुत जानकर होते हैं। वो अलग-अलग विषयों में माहिर होते हैं। म्यूजियम के बारे में पढ़ने से आपको उस जगह से जुड़ी काफी रोचक कहानियाँ भी मालूम चल सकती हैं।

7. फूड और कल्चर

अगर आप उन लोगों में से हैं जिनके लिए बढ़िया ट्रिप का मतलब अच्छा खाना होता है तो आपको किसी भी जगह का मन बनाने से पहले वहाँ के खाने के बारे में जरूर पढ़ लेना चाहिए। फूड किसी भी जगह के कल्चर के बारे में जानने का सबसे अच्छा तरीका है। नई जगह के खाने के बारे में पढ़ने के बाद आप अपने शहर में उस क्विजीन से जुड़े रेस्त्रां में जाकर स्वाद का अंदाजा ले सकते हैं। ऐसा करने से आप अपने आप को कल्चर शॉक से बचा सकते हैं। खाना घुमक्कड़ी का अहम हिस्सा है। आप चाहकर भी इसको नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं। हो सकता है आप वेजिटेरियन खाना खाते हों लेकिन आप जहाँ जाने का सोच रहे हैं वहाँ नॉन वेजिटेरियन खाना ज्यादा मिलता हो। इसलिए कहीं भी जाने का मन बनाने से पहले आपको उस जगह के खानपान के तरीके के बारे में अच्छे से जान लेना चाहिए।

8. इंस्टाग्राम पेज

इस समय अगर आपको किसी भी जगह के बारे में जानकारी बटोरनी है तो सबसे अच्छा तरीका है इंटरनेट। ब्लॉग्स, यूट्यूब और वेब सीरीज के अलावा आप इंस्टाग्राम जैसी सोशल मीडिया साइट्स की भी मदद ले सकते हैं। आजकल लगभग हर राज्य और देश की सरकार ने इंस्टाग्राम पर टूरिज्म से जुड़ा पेज बनाया हुआ है। जहाँ वो शहरों में चल रहे कार्यक्रम और आगे आने वाले इवेंट के बारे में पोस्ट करते रहते हैं। अगर आप किसी खास मौके पर किसी जगह की यात्रा करना चाहते हैं तो आप इन इंस्टाग्राम पेज पर जाकर पहले से उस इवेंट के बारे जान सकते हैं। इसके अलावा इंस्टाग्राम पेज पर सबसे बढ़िया तस्वीरों की भी पेशकश की जाती है। आप पहले से इन फोटोज को देखकर अंदाजा लगा सकते हैं कि आप जिस जगह पर जाने का सोच रहे हैं वो असल में कैसी दिखाई देती है।

क्या आपने हाल में कोई यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।

Tagged:
#video