मध्य प्रदेश में लेना है रोमांच का मजा तो फौरन बनाएँ इन 5 ट्रेक करने का प्लान

Tripoto
Photo of मध्य प्रदेश में लेना है रोमांच का मजा तो फौरन बनाएँ इन 5 ट्रेक करने का प्लान by Rishabh Dev

कहते हैं यदि ट्रेकिंग करनी है तो आपको सीधे बर्फीले पहाड़ों की ओर बढ़ जाना चाहिए। लेकिन असल में ऐसा नहीं है। भारत का सबसे शानदार राज्य मध्य प्रदेश रोमांचक और अनोखे ट्रेकिंग रूट्स से भरा हुआ है जो हर घुमक्कड़ को पसंद आएंगे। घने जंगल, समृद्ध वाइल्डलाइफ और सतपुड़ा-विंध्याचल पर्वतमाला के ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर आपको ट्रेकिंग का ऐसा अनुभव मिलेगा जो आप जिंदगीभर याद रखेंगे। मध्य प्रदेश की सबसे खूबसूरत बात ये है कि इनमें से ज्यादातर ट्रेकिंग रूट्स आज भी अनदेखे और अनसुने हैं जिनके कारण आपको राज्य की बेजोड़ प्राकृतिक सुन्दरता के बीच होने का पूरा मजा मिलेगा।

1. धूपगढ़, पचमढ़ी

हरवत्स कोट के नाम से जाना जाने वाला धूपगढ़ सतपुड़ा रेंज का सबसे ऊंचा स्थान है। यह जगह खासतौर से अपने शानदार सनराइज और सनसेट के नजारों के लिए फेमस है। धूपगढ़ 4,429 फीट की ऊँचाई पर स्थित है। क्योंकि ये जगह समुद्र तल से इतनी अधिक ऊँचाई पर है इसलिए यहाँ से दिखाई देने वाले दृश्य बेहद सुंदर होते हैं। धूपगढ़ का ट्रेकिंग रूट कठिन माना जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि यह ऊबड़-खाबड़ घाटियों, घने जंगलों और शानदार झरनों से होकर गुजरता है। मध्य प्रदेश में रोमांचक और सबसे लाजवाब ट्रेकिंग रूट के लिए प्रसिद्ध धूपगढ़ हमेशा से रोमांच प्रेमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहता है। यदि आप ट्रेक पर जाना पसंद करते हैं, तो पचमढ़ी की धूपगढ़ ट्रेक आपके लिए ही बनी है।

2. चिड़ीखों-नरसिंहगढ़

क्या आप जानते हैं मध्य प्रदेश में भी एक कश्मीर है जिसकी खूबसूरती देखकर आप मंत्रमुग्ध हो जाएंगे? राजधानी शहर भोपाल से लगभग 90 किमी. दूर मध्य प्रदेश का मिनी कश्मीर है। चिड़ीखों, नरसिंहगढ़ वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी के बीच में स्थित एक खूबसूरत झील है। आपकी ट्रेक महादेव मंदिर से शुरू होगी। इस ट्रेक में ज्यादातर भाग में आपको नदी के किनारे चलना होता है। चिड़ीखों-नरसिंहगढ़ ट्रेक ऊबड़-खाबड़ रास्तों से भरा हुआ है जिसके कारण ट्रेकिंग करने में और भी मज़ा आता है। थकान होने पर आप ट्रेकिंग से ब्रेक लेकर सैंक्चुरी के प्राकृतिक सौंदर्य को देखते हुए खाना खाने का मज़ा उठा सकते हैं। क्योंकि ये ट्रेक वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी के बीच से होकर गुजरती है इसलिए ट्रेकिंग के साथ साथ आपकी वन्य जीवों को देखने का भी मौका मिलता है। यदि आप मध्य प्रदेश में ट्रेकिंग करने का मन बना रहे हैं तो चिड़ीखों-नरसिंहगढ़ बढ़िया ऑप्शन है।

3. रजत प्रपात ट्रेक

रजत प्रपत ट्रेक देश के बीच से होकर जाने वाला ट्रेक है। असल में रजत प्रपात भारत के मध्य प्रदेश राज्य के होशंगाबाद ज़िले में स्थित एक वाटरफॉल का नाम है। यह भारत का 30वां सबसे ऊँचा झरना है। जब सूर्य की किरणें इस झरने पर पड़ती हैं तो इसका पानी चाँदी की तरह चमकता है, जिसके कारण इसको रजत प्रपात या सिल्वर फॉल के नाम से जाना जाता है। ये ट्रेक देश के उस हिस्से में है जहाँ झरने मिलना काफी मुश्किल है। रजत प्रपात ट्रेक में आपको भारत के उस हिस्से में ट्रेकिंग करने का आनंद मिलेगा जहाँ झरनों को बेहद कीमती माना जाता है। इस ट्रेक की सबसे अच्छी बात ये है कि आप चाहें तो परिवार के साथ भी इस ट्रेक पर आ सकते हैं। ये ट्रेक ज्यादा मुश्किल नहीं है इसलिए सभी लोग इस ट्रेक को आसानी से कर सकते हैं।

4. जानापाव ट्रेक, इंदौर

जानापाव ट्रेक करते ही आप एक नई दुनिया में कदम रखते हैं जो बाहरी चकाचौंध से एकदम दूर है। मध्य प्रदेश में ट्रेकिंग के लिए सबसे लोकप्रिय मार्गों में से एक, जानापाव ट्रेक आपको राजधानी इंदौर में मालवा क्षेत्र के दूसरे सबसे ऊँचे स्थान पर ले जाता है। अपनी प्राकृतिक सुंदरता और रोमांचक अनुभव के लिए मशहूर, जानापाव ट्रेक के साथ एक हिंदू किंवदंती के साथ भी जुड़ी हुई है जिसके अनुसार ये माना जाता है कि ये जगह भगवान परशुराम का जन्मस्थल है और इसके कारण जमदग्नि के मौके पर यहाँ काफी लोग आते हैं। इस ट्रेक के लिए कार्तिक पूर्णिमा का समय सबसे शुभ माना जाता है लेकिन आप साल के किसी भी समय आराम से जानापाव ट्रेक करने आ सकते हैं।

5. पातलपानी ट्रेक

प्राकृतिक नजारे, पहाड़ियाँ और साफ आसमान, पातलपाणी को पर्यटकों की पसंदीदा जगह बनाती हैं। पातालपानी इंदौर के पास एक लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट है, जो प्रकृति की गोद में आराम करने के लिए एकदम सही है। ये इलाका झरने के लिए प्रसिद्ध है जो 300 फीट की ऊँचाई से गिरता है। इस 12 किमी. लंबे ट्रेक में बर्डवॉचिंग, नेचर ट्रेल, पातालपानी वाटरफॉल की यात्रा जैसी चीजें शामिल होती हैं। प्रकृति के इस अजूबे की यात्रा शुरू करते ही आपकी सारी थकान दूर हो जाएगी।

क्या आपने मध्य प्रदेश में ट्रेकिंग की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना Telegram पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें