मध्यप्रदेश की 12 जगहें जो हर घुमक्कड़ की लिस्ट में जरूर होनी चाहिए

Tripoto
Photo of मध्यप्रदेश की 12 जगहें जो हर घुमक्कड़ की लिस्ट में जरूर होनी चाहिए by Deeksha

भारत वो देश है जिसके कण-कण में खूबसूरती बसती है। आप देश के किसी भी कोने में चले जाइए आप कुछ ऐसी नायाब चीज मिलेगी की आप हैरान रह जाएंगे। हर राज्य की अपनी अलग पहचान है जो उसको बाकी सभी जगहों से एकदम अलग बनाती है। कहीं पर आपको पहाड़ों के बेहतरीन नजारे मिलेंगे तो कहीं के झरने देखकर आपका दिल खिल उठेगा। लेकिन यदि कोई एक राज्य है जहाँ पहाड़, झरने, बुग्यालों और नदियों से लेकर ऐतिहासिक स्मारकों और किलों तक सबकुछ है तो वो है मध्य प्रदेश। एक समय था जब भारत का सबसे विशाल राज्य होने का ताज इसी राज्य को मिला हुआ था। लेकिन चाहे कुछ भी हो मध्य प्रदेश को आज भी भारत का दिल कहा जाता है। जानना चाहते हैं क्यों? इस आर्टिकल को पढ़कर आपको अपना जवाब खुद मिल जाएगा।

1. धूपगढ़

सतपुड़ा पर्वतमाला की सबसे ऊँची चोटी होने के लिए मशहूर धूपगढ़ का नाम इसकी पहचान है। ये पहाड़ी अपने आकर्षक सनराइज और सनसेट के लिए जानी जाती है जो घुमक्कड़ों को बेहद पसंद आता है। अगर आपको ट्रेकिंग पसंद है तो उसके लिए भी आपको धूपगढ़ बहुत अच्छा लगेगा। धूपगढ़ में अक्सर आपको ट्रेकिंग करने वालों की छोटी छोटी टुकड़ियाँ मिल जाएंगी। पथरीले रास्ते पर ट्रेकिंग करने का मजा आखिर कौन नहीं लेना चाहेगा। इसके अलावा अगर आपको फोटोग्राफी का शौक है तो उसके लिए भी धूपगढ़ परफेक्ट जगह है। पहाड़ की ऊँचाई पर खड़े होकर आप नीचे के नजारों को अपने कैमरे में कैद कर सकते हैं।

2. कंचना घाट

Photo of मध्यप्रदेश की 12 जगहें जो हर घुमक्कड़ की लिस्ट में जरूर होनी चाहिए 1/2 by Deeksha
श्रेय: अमर उजाला

ओरछा की लोकप्रियता का श्रेय केवल वहाँ के ऐतिहासिक किलों को ही नहीं बल्कि इस घाट को भी जाता है। ओरछा फोर्ट के कॉम्प्लेक्स में स्थित ये घाट मध्य प्रदेश के सबसे फेमस घाटों में से एक है। घाट के आसपास प्राचीन किले हैं जो इस घाट को शोभा और भी बढ़ा देते हैं। अगर आपको इतिहास में रुचि है और आप प्राचीन भारत के बारे में रोचक तथ्यों को जानना चाहते हैं तो ये जगह आपको खूब पसंद आएगी। इस घाट पर बुंदेला राजवंश से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण स्मारक भी हैं जो उस समय के वीरों की गाथाएँ सुनते हैं। ऐतिहासिक रहस्यों से भरी इस जगह को एक बार देखना तो बिल्कुल बनता है।

3. रजत प्रताप फॉल्स

रजत प्रताप झरने को पंचमढ़ी का सबसे सुंदर खजाना भी कहा जाए तो गलत नहीं होगा। ये झरना इतना खूबसूरत है कि आप हैरान रह जाएंगे। सिल्वर फॉल्स के नाम से मशहूर ये झरना दोस्तों और परिवार के साथ पिकनिक मनाने के लिए परफेक्ट जगह है। ऊँचाई से बहता हुआ पानी जब पत्थरों से टकराकर गिरता है तब वो दृश्य बेहद मोहक लगता है। खास बात ये है कि इस झरने के आसपास ढेर सारी हरियाली है। इसलिए दूर से देखने पर ये हरे-भरे लैंडस्केप में चांदी की पतली लकीर जैसा लगता है। जिसकी वजह से इसको सिल्वर फॉल्स भी कहा जाता है। अगर आपको ट्रेकिंग करना पसंद है तो आप इस झरने तक ट्रेक करके भी जा सकते हैं। दोस्तों से साथ दिनभर एन्जॉय करने के लिए ये जगह एकदम सही है।

4. हांडी खोह

हांडी खोह मध्य प्रदेश की सबसे अनछुई और रोचक जगहों में से एक है। हांडी खोह असल में छोटी घाटियों का समूह है जो देखने में बहुत खूबसूरत और आकर्षक लगती हैं। लोगों का मानना है कि ये घाटियाँ भगवान शिव से जुड़ी हुईं हैं। जिसकी वजह से इन्हें देखने के लिए हर साल श्रद्धालओं की भीड़ आती है। बरसात के मौसम में खासतौर से ये जगह और भी खुशहाल हो जाती है। इस समय सभी घाटियाँ हरे-भरे पेड़ों से भर जाती हैं और ये नजारा सचमुच में बहुत सुंदर होता है। क्योंकि यहाँ काफी सारे पेड़ हैं इसलिए गर्मियों के मौसम में भी इस जगह का मौसम खुशनुमा बना रहता है। जिसकी वजह से स्थानीय लोग अक्सर यहाँ पिकनिक मनाने जाना पसन्द करते हैं।

5. पांडव केव्स

होशंगाबाद के पिपरिया जिले में स्थित पाण्डव गुफाएँ इतिहास के साथ-साथ प्राकृतिक कलाकारी का भी अद्भुत उदाहरण हैं। कहा जाता है घर से निर्वासित होने के बाद कुछ समय तक पाण्डव इन्हीं गुफाओं में रहे थे। जिसके बाद से इन गुफाओं का नाम पांडव केव पड़ गया। बाकी गुफाओं की तुलना में ये गुफा थोड़ी अलग है। इस गुफा में आपको हरियाली का भी बढ़िया हिस्सा देखने के लिए मिलेगा। गुफा के आसपास कई सारे पेड़ हैं जो इस जगह की हरियाली बनाए रखते हैं। अगर आप उन घुमक्कड़ों में से हैं जिन्हें इतिहास और उससे जुड़ी जगहें देखना पसंद है तो आपको इन गुफाओं को जरूर देखना चाहिए।

6. रालामंडल

अगर आपको लगता है मध्य प्रदेश में केवल ऐतिहासिक जगहें हैं तो आप गलत हैं। मध्य प्रदेश में किलों और झरनों के साथ और भी कई सारी जगहें हैं जहाँ नेचर लवर्स को जन्नत जैसा लगेगा। इनमें से एक जगह है रालामंडल। अगर आप अपनी ट्रिप को खास बनाना चाहते हैं तो आपको इस जगह पर आना चाहिए। ये जगह प्रकृति और वाइल्डलाइफ से लगाव रखने वाले लोगों को बहुत अच्छी लगेगी। इस घास के मैदान में आपको तरह तरह के पेड़-पौधे और जानवर देखने के लिए मिलेंगे। जिनमें लेपर्ड, ब्लैक बक जैसे जानवर भी शामिल हैं। कुल मिलाकर यदि आप शहरीय शोर से दूर रहकर एन्जॉय करना चाहते हैं तो ये जगह आपकी लिस्ट में जरूर होनी चाहिए।

7. बावनगजा

अगर आप हाइकिंग पसंद है तो आप इस जगह को भी अपनी बकेट लिस्ट में जोड़ सकते हैं। बावनगजा असल में एक जैन तीर्थ स्थल है जो पहाड़ी के ऊपर स्थित है। इस जगह पर जैन तीर्थंकरों में सबसे पहले ऋषभ देव की एक विशाल प्रतिमा है जो इस जगह की सबसे खास चीज है। केवल यही नहीं बावनगजा को भगवान ऋषभ देव की दूसरी सबसे बड़ी प्रतिमा होने का भी गौरव मिला हुआ है। ये कुल 11 मंदिरों का समूह है जिन्हें आपको जरूर देख लेना चाहिए। क्योंकि ये सभी मंदिर पहाड़ी पर हैं इसलिए भगवान के दर्शन के साथ साथ थोड़ा हाईकिंग रोमांच आपकी ट्रिप को मजेदार बना देगा।

8. लोटस वैली

अगर आपको लगता है कि आप शिकारा वाला मजा केवल श्रीनगर में ले सकते हैं तो शायद आपको थोड़ा और सोच लेने की जरूरत है। इंदौर की लोटस लेक में भी आपको डल झील जैसा मजा मिल सकता है। मध्य प्रदेश की इस लेक के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। ये लोटस वैली गुलावट नाम के गाँव में है को इंदौर से लगभग 25 किमी. की दूरी पर है। ये झील यशवंत सागर डैम के बैकवॉटर्स से बनी प्राकृतिक झील है। खास बात ये भी है इसको एशिया की सबसे बड़ी लोटस लेक भी कहा जा रहा है। सर्दियों के मौसम में ये झील पूरी तरह से कमल के फूलों से भर जाती है। देखने में ये नजारा ऐसा लगता है कि मानो किसी ने कमाल के फूलों से भरी चादर बिछा दी है। इन वैली में बड़े-बड़े बांस के पेड़ भी हैं। इन पेड़ों के बीच से ढलते सूरज को देखना और भी खूबसूरत एहसास होता है।

9. पातालपानी फॉल्स

प्रकृति से लगाव रखने वाले लोगों को मध्य प्रदेश की ये जगह एकदम जन्नत जैसी लगेगी। 300 फीट ऊँचाई से गिरते हुए पानी से बना ये आकर्षक झरना देखने में किसी सुंदर सपने की तरह लगता है। झरने के आसपास काफी हरियाली है जिसकी वजह से ये झरना और भी खूबसूरत लगता है। अगर आपको ट्रेकिंग पसंद है तो उसके लिए भी ये जगह काफी अच्छी है। यदि आप परिवार या दोस्तों के साथ पिकनिक मानना चाहते हैं तो आप बिना ज्यादा सोचे इस झरने की तरफ जा सकते हैं। फोटोग्राफी का शौक रखने वाले लोगों के लिए भी ये जगह एकदम परफेक्ट है। हरियाली के बीच से गिरते झरने की तस्वीरें उतारना यकीनन हर फोटोग्राफर का दिल खुश कर देगा।

10. रजवाड़ा

अगर आप मध्य प्रदेश गए और इंदौर की इस शाही विरासत को नहीं देखा तो आपकी यात्रा अधूरी रह जाएगी। इस शानदार राजमहल का निर्माण मराठा साम्राज्य के होलकरों ने करवाया था। इस महल में कुल 7 मंजिलें हैं। इस महल की बनावट इतनी शानदार है कि आप देखकर हैरान रह जाएंगे। इस महल को बनाने में 3 तरह के आर्किटेक्चर का इस्तेमाल किया गया है- मराठा, मुगल और फ्रेंच। एक तरफ महल की ऊपरी मंजिल को बनाने में लकड़ी का इस्तेमाल किया गया है वहीं मजबूती देने के लिए नीचे की मंजिलों को पत्थरों से बनाया गया है। लगभग 2 शताब्दी पुराने इस राजमहल को डेखर आप उस समय के गौरवशाली इतिहास को समझ सकते हैं। ये महल एक विशाल बगीचे के अंदर बना हुआ है। हरे-भरे पौधों और पेड़ों के बीच खड़े इस महल को देखना हर घुमक्कड़ की लिस्ट में जरूर होना चाहिए।

11. भिमबेटका गुफाएँ

भीमबेटका की गुफाएँ विश्व प्रसिद्ध आर्केलॉजिकल साइट हैं जिन्हें देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। ये गुफाएँ मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में स्थित हैं जो भोपाल से थोड़ी दूरी पर है। ये गुफाएँ लगभग 750 पत्थरों और 7 पहाड़ियों का घर हैं जिन्हें आपको देख लेना चाहिए। खास बात ये भी है कि भीमबेटका को यूनेस्को द्वारा विश्व हेरिटेज साइट की सूची में भी शामिल कर लिया गया है। इन गुफाओं की दीवारों पर पुराने समय में चलने वाली चित्रकारी की गई है जो आपको उसी समय की याद दिलाती है। ये गुफाएँ चारों तरफ से विंध्य पर्वत श्रृंखला से घिरी हुई हैं। अगर आपको इतिहास में दिलचस्पी है तो इन गुफाओं को देखकर आप खुश हो जाएंगे।

12. बी फॉल्स

मध्य प्रदेश को झरनों का प्रदेश भी कहा जाए तो को गलत नहीं होगा। अकेले इस राज्य में बहुत सारे खूबसूरत झरने हैं। उन्हीं में से एक है बी फॉल्स। पंचमढ़ी की खूबसूरती के बीच सजी इस वॉटरफॉल को देखने से ही मन खुश हो जाता है। इस सीढ़ीनुमा झरने के सौंदर्य की जितनी तारीफ की जाए कम होगी। अगर आप शहर के शोर और चकाचौंध से दूर रहकर कुछ शांति और सुकून के पल बिताना चाहते हैं तो ये जगह आपके लिए बिल्कुल सही है। गर्मियों के समय केवल पंचमढ़ी ही नहीं इस झरने को देखने आसपास के इलाकों से भी लोग आते हैं। सफेद पानी को चट्टानों से टकराकर गिरते हुए देखना बेहद खूबसूरत होता है।

क्या आपने मध्य प्रदेश की किसी जगह की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।