कर्नाटक का खूबसूरत हिल स्टेशन देवआर्यनदुर्ग, सुंदरता ऐसी कि आने को हो जाएंगे मजबूर

Tripoto
Photo of कर्नाटक का खूबसूरत हिल स्टेशन देवआर्यनदुर्ग, सुंदरता ऐसी कि आने को हो जाएंगे मजबूर by Rishabh Dev

कर्नाटक भारत के उन खूबसूरत राज्यों में से एक हैं घुमक्कड़ों की जमात कम ही पहुँचती है। इस राज्य में हरियाली, पहाड़ी, झरने और देखने के लिए कई सारी ऐतिहासिक जगहें हैं। कर्नाटक में वैसे तो कई सारे हिल स्टेशन हैं लेकिन देवआर्यनदुर्ग बेहद खूबसूरत है। चारों तरफ फैली हरियाली और पहाड़ी नजारे आपको चकाचौंध कर देंगे। आपको एक बार कर्नाटक के देवआर्यनदुर्ग हिल स्टेशन की यात्रा जरूर करनी चाहिए।

Photo of कर्नाटक का खूबसूरत हिल स्टेशन देवआर्यनदुर्ग, सुंदरता ऐसी कि आने को हो जाएंगे मजबूर by Rishabh Dev

देवआर्यनदुर्ग एक बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है जो कर्नाटक के तुमकर जिले में स्थित है। समुद्र तल से 3,940 फीट की ऊँचाई पर स्थित इस हिल स्टेशन पर बहुत सारे मंदिर हैं। इस जगह को भगवान के किले के रूप में भी जाना जाता है। देवआर्यनदुर्ग बैंगलोर से सिर्फ 70 किमी. की दूरी पर है। इतिहास की बात करें तो देवआर्यनदुर्ग पर वोदेयार शासकों का शासन हुआ करता था। इसका नाम राजा चिक्का देवराज वोदेयार के नाम पर रखा गया। खूबसूरत पहाड़ से घिरी ये जगह वाकई में देखने लायक है।

देवआर्यनदुर्ग में घूमने की जगहें:

1- भोग नरसिंह मंदिर

देवआर्यनदुर्ग में कई प्रसिद्ध मंदिर हैं। भोग नरसिंह मंदिर उन्हीं फेमस मंदिरों में से एक है। देवआर्यनदुर्ग में आप घूमने की शुरूआत इस मंदिर से कर सकते हैं। पहाड़ी की तलहटी पर स्थित इस मंदिर को चोल शासनकाल के दौरान बनवाया गया था। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, भोग नरसिंह की प्रतिमा ऋषि दुर्वासा ने स्थापित की थी। मैसूर के राजाओं के पारिवारिक देवता को इस मंदिर का इष्टदेव माना जाता है। मंदिर का आर्किटेक्चर कमाल का है जो वाकई में देखने लायक है।

2- योग नरसिंह मंदिर

देवआर्यनदुर्ग में पहाड़ की चोटी पर स्थित योग नरसिंह मंदिर भी आपको जरूर देखना चाहिए। किवंदती की मानें तो भगवान ब्रम्हा ने इस मंदिर को बनाया था। कहा जाता है कि ये वही जगह है जहाँ भगवान ब्रम्हा की 1000 साल की तपस्या से खुश होकर भगवान शिव योग नरसिंह के रूप में आए थे। मंदिर के परिसर में आप कल्याणी तीर्थम तालाब देख सकते हैं। इस जगह पर एक प्वाइंट है जहाँ से दुर्गादहल्ली गांव का 700 साल पुराना श्री विद्याशंकर मंदिर दिखाई देता है।

3- नमदा चिलुमे

देवआर्यनदुर्ग की यात्रा में नमदा चिलुमे को जरूर देखें। नमदा चिलुमे को जयमंगली नदी का उद्गम स्थान माना जाता है। कहा जाता है कि लंका जाते भगवान राम यहाँ पर रुके थे। भगवान राम को माथे पर नाम लगाने के लिए पानी के जरूरत पड़ी तो पानी नहीं मिला। जिसके बाद उन्होंने बाण मारकर धरती से पानी निकाला। इस वजह से इस जगह का नाम नमदा चिलुमे रखा गया। पहाड़ की तलहटी पर स्थित इस जगह पर आप भगवान राम के पदचिन्ह भी देख सकते हैं।

4- महालक्ष्मी मंदिर

Photo of कर्नाटक का खूबसूरत हिल स्टेशन देवआर्यनदुर्ग, सुंदरता ऐसी कि आने को हो जाएंगे मजबूर by Rishabh Dev

कर्नाटक के इस हिल स्टेशन की पहाड़ी पर एक मंदिर स्थित है, महालक्ष्मी मंदिर। लोककथाओं की मानें तो देवआर्यनदुर्ग में महालक्ष्मी की मूर्ति स्वयं उत्पन्न हुई थी। मंदिर में आपको कई देवी देवताओं की मूर्ति देखने को मिलेगी। इस जगह से आपको दूर-दूर तक पहाड़ और हरियाली नजर आएगी। इस खूबसूरत जगह को तो आपको जरूर देखना चाहिए।

क्या करें?

1- ट्रेकिंग

देवआर्यनदुर्ग एक खूबसूरत हिल स्टेशन है और जहाँ पहाड़ होते हैं वहाँ ट्रेकिंह हो ही जाती है। देवआर्यनदुर्ग ट्रेकिंग का शौकीन रखने वालों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। फोटोग्राफी करने वालों के लिए भी ये हिल स्टेशन बढ़िया जगह है।

2- सनसेट देखें

पहाड़ों में सबसे खूबसूरत चीज होती है सुबह सूर्योदय को देखने के लिए जल्दी उठना और शाम को किसी पहाड़ पर बैठकर इत्मीनान से डूबते हुए सूरज को देखना। देवआर्यनदुर्ग में आपको ऐसा ही सुंदर नजारा देखने को मिलेगा। प्रकृति प्रेमियों के लिए ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं है।

कब जाएं?

कर्नाटक के देवआर्यनदुर्ग में वैसै तो पूरे साल में कभी भी जा सकते हैं लेकिन गर्मियों और बारिश के मौसम में अच्छे से घूम नहीं पाएंगे। देवआर्यनदुर्ग को एक्सप्लोर करने का सबसे अच्छा सर्दियों का है। आपको इस मौसम में घूमने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। आप नवंबर से फरवरी के बीच में कभी भी देवआर्यनदुर्ग को घूमने का प्लान बना सकते हैं।

कैसे पहुँचे?

फ्लाइट से: अगर आप फ्लाइट से देवआर्यनदुर्ग जाने का सोच रहे हैं तो सबसे नजदीकी हवाई अड्डा बैंगलोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट है। बैंगलोर से देवआर्यनदुर्ग 70 किमी. की दूरी पर है। देवआर्यनदुर्ग के लिए आपको यहाँ बस और टैक्सी मिल जाएंगी।

ट्रेन से: यदि आप ट्रेन से देवआर्यनदुर्ग जाने का प्लान बना रहे हैं तो सबसे निकटतम तुमकुर रेलवे स्टेशन है। तुमकुर से देवआर्यनदुर्ग सिर्फ 18 किमी. की दूरी पर है। आप टैक्सी से देवआर्यनदुर्ग पहुँच सकते हैं।

वाया रोड: आप देवआर्यनदुर्ग सड़क मार्ग से भी जा सकते हैं। देवआर्यनदुर्ग के लिए आपको बस बैंगलोर से मिल जाएगी। अगर आपके पास खुद की गाड़ी है तब तो देवआर्यनदुर्ग पहुँचने में कोई खासा परेशानी नहीं आएगी।

क्या आपने मध्य प्रदेश के नरसिंहगढ़ की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।

Further Reads