कश्मीर की बेहद खूबसूरत दूध की घाटी, जिसका आपने नाम भी नहीं सुना होगा

Tripoto
Photo of कश्मीर की बेहद खूबसूरत दूध की घाटी, जिसका आपने नाम भी नहीं सुना होगा by Musafir Rishabh

कहते हैं जीते जी अगर आप स्वर्ग देखना चाहते हैं तो कश्मीर चले आइए। कश्मीर में कुछ जगहें तो बहुत फेमस हैं लेकिन ज्यादातर जगह अभी भी सैलानियों से अछूती है। मैं आपको कश्मीर की उस जगह के बारे में बताने जा रहा है जिसकी सुंदरता आपके होश उड़ा देगी। आपने शायद की कश्मीर की इस शानदार जगह के बारे में सुना होगा। कश्मीर की इस शानदार और बेजोड़ जगह का नाम है, दूधपथरी।

दूथपथरी का अर्थ है, दूध की घाटी। कश्मीर की इस जगह को दूध की घाटी कहा जाता है। दूधपथरी श्रीनगर से सिर्फ 40 किमी. की दूरी पर है फिर भी इस जगह के बारे में कम ही लोगों को पता है। इस वजह से दूधपथरी में आपको लोगों की भीड़ नहीं मिलेगी। इस जगह को आप सुकून और शांति से एक्सप्लोर कर सकते हैं। इस जगह को देखकर आपको लगेगा कि असली कश्मीर तो यही है। कश्मीर की खूबसूरती को निहारने के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है, दूधपथरी।

दूधपथरी

दूधपथरी नाम रखने के पीछे कई कहानियां बताई जाती हैं। कहा जाता है कि घास के किनारे बहने वाली नदी इतने बहाव से नीचे की ओर गिरती है कि दूध जैसी दिखाई देती है। इस वजह से इसे दूधपथरी कहा जाता है। एक कहानी ये भी हे कि संत शेख नूर दिन नूरानी ने यहाँ पर जमीन से पानी निकालने की प्रार्थना की। उन्होंने अपनी छड़ी से जमीन की खुदाई की तो दूध की धार बहने लगी। उनको दूध से हाथ-पैर धोना सही नहीं लगा तो उन्होंने दूध को पानी में बदल दिया। तब से इस जगह का नाम दूधपथरी हो गया।

दूधपथरी कश्मीर का एक छोटा-सा हिल स्टेशन है। देवदार और चीड़ के जंगलों से घिरे दूधपथरी में चारों तरफ बर्फ से ढंके पहाड़ ही पहाड़ हैं। समुद्र तल से 2,730 मीटर की ऊँचाई पर स्थित दूधपथरी में सर्दियों के मौसम में भारी बर्फबारी होती है। बर्फबारी की वजह से रोड जाम हो जाती है और यहाँ पहुँचना मुश्किल हो जाता है। दूधपथरी की यात्रा आपको एक अलग ही कश्मीर की सैर कराएगी।

कैसे पहुँचे?

दूधपथरी जाने के लिए आपको सबसे पहले श्रीनगर पहुँचना होगा। आप श्रीनगर फ्लाइट और ट्रेन से पहुँच सकते हैं। इसके बाद आपको यहाँ शेयर्ड टैक्सी या गाड़ी बुक करके दूधपथरी जा सकते हैं। अगर आपके पास खुद की गाड़ी है तब तो दूधपथरी पहुँचने में आपको कोई दिक्कत नहीं आएगी।

टैक्सी: आप श्रीनगर से टैक्सी ले सकते हैं। टैक्सी आपको श्रीनगर बडगाम के रास्ते दूधपथरी पहुँचा देगी। आप शेयर्ड टैक्सी भी ले सकते हैं जो आपको बहुत ज्यादा महंगी नहीं पड़ेगी।

श्रीनगर-बडगाम-खान साहिब-दूधपथरी

बस: श्रीनगर से दूधपथरी जाने की कोई डायरेक्ट बस नहीं है लेकिन आप कई बसें बदलकर अपने गंतव्य तक हाँत सकते हैं। सबसे पहले आप लाल चौक से बडगाम की बस लीजिए। बडगाम से दूसरी बस से खान साहिब पहुँचिए और वहाँ से कैब करके आप दूधपथरी पहुँच सकते हैं।

क्या देखें?

दूध की इस घाटी में देखने के लिए बहुत कुछ है। आपको इस जगह पर आनंद जरूर आएगा।

1- शालीगंगा नदी

नदी किनारे बैठना पहाड़ों में सबसे खूबसूरत दृश्यों में से एक है। चारों तरफ आपको सिर्फ खूबसूरती ही खूबसूरती देखने को मिलेगी। दूधपथरी में शालीगंगा नदी बहती है। घास के मैदान से लगभग 2 किमी. दूर एक रिवर प्वाइंट है जहाँ आप इस शानदार नजारे का लुत्फ उठा सकते है। यकीन मानिए ये नजारा पूरे कश्मीर में आपको कहीं देखने को नहीं मिलेगा।

2- तांगर

दूधपथरी से लगभग 2 किमी. दूर एक छोटा-सा गांव है, तांगर। ये गांव चारों तरफ से पहाड़, चीड़ और देवदार के जंगलों से घिरा हुआ है। तांगर एक प्यारा और खूबसूरत गांव है। यहाँ आप घास के मैदान पर घंटों टहल सकते हैं और इस गांव में पैदल-पैदल घूम सकते हैं। ये गांव और यहाँ के लोग आपको जरूर पसंद आएंगे।

3- पलमैदान

दूधपथरी से लगभग 5 किमी. दूर एक जगह है, पलमैदान। पलमैदान का शाब्दिक अर्थ है, बड़ा पत्थर है। इस जगह को पलमैदान इसलिए कहा जाता है क्योंकि घास के मैदान में कई बड़े-बड़े पत्थर हैं। इस खूबसूरत मैदान में आप भेड़ों को चरते हुए देख सकते हैं। ये जगह बेहद खूबसूरत है। आप यहाँ ट्रेकिंग भी कर सकते हैं और लोगों से बातें भी कर सकते हैं।

4- दिश्खाल

दिश्खाल दूधपथरी की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। ये घास के मैदान की सबसे ऊँची जगह और यहाँ से सुंदर पहाड़ी नजारे और अशतार ग्लेशियर दिखाई देता है। यहाँ तक पहुँचने के लिए आपको दूधपथरी से शालीगंगा होते हुए 10 किमी. लंबा ट्रेक करना पड़ेगा। इसके अलावा भी यहाँ कई सारे ट्रेक है जिनको आप कर सकते हैं। अगर आपको ट्रेकिंग का अनुभव है तो ये जगह आपको जरूर पसंद आएगी।

क्या करें?

1- कैंपिंग

दूधपथरी एक शानदार हिल स्टेशन है। यहाँ घूमने वालों की भीड़ कम है जो इसे बाकी जगहों से अलग बनाती है। इस जगह पर आप कैंपिंग का मजा ले सकते हैं। चारों तरफ यहाँ घास के मैदान हैं। आप घास के मैदान पर कैंप लगा सकते हैं और रात में सुनहरे को आसमान को देख सकते हैं।

2- ट्रेकिंग

दूधपथरी में कई ऐसे रास्ते हैं जिन पर आप ट्रेकिंग कर सकते हैं। मगर ये बात ध्यान रखें कि अकेले ट्रेकिंग करने न जाएं। अपने साथ किसी गाइड या कोई लोकल व्यक्ति को जरूर रखें। जिससे आप भटकें न और ट्रेकिंग करने में भी मजा आए।

3- फोटोग्राफी

दूधपथरी बेहद खूबसूरत जगह है। चारों तरफ पहाड़, जंगल और नदी है। इतनी हरियाली भरी जगह फोटोग्राफी के लिए तो जन्नत है। इस जगह की फोटो आपको ही नहीं देखने वाले को भी मोहित कर देंगी। आप दूधपथरी फोटोग्राफी के लिए भी आ सकते हैं।

कहाँ ठहरें?

दूधपथरी कश्मीर की ऑफबीट जगहों में से एक है। इस जगह के बारे में कम लोगों को ही पता है। इस वजह से यहाँ कोई होटल नहीं है। दूधपथरी से लगभग 3 किमी. दूर कुछ होटल हैं। दूधपथरी में ठहरने का एक ही विकल्प है, जम्मू कश्मीर टूरिज्म का रिसार्ट। इसमें ठहरने का किराया लगभग 2 हजार रुपए है। ये खूबसूरत ठिकाना आपके दूधपथरी के सफर को शानदार बना देगी।

कब जाएं?

दूधपथरी जाने का सबसे अच्छा समय अप्रैस से जून और सितंबर का है। इस दौरान आप दूधपथरी को अच्छे से एक्सप्लोर कर सकते हैं। इस मौसम में घूमना सुरक्षित भी है। सर्दियों में यहाँ जमकर बर्फबारी होती है और बारिश में पहाड़ों में जाना खतरे से खाली नहीं है। सही समय पर जाएंगे तो दूधपथरी आपको बेहद खूबसूरत देखने को मिलेगा। अगर आप ऑफबीट कश्मीर देखना चाहते हैं तो दूधपथरी जरूर जाएं।

क्या आपने कश्मीर की इस जगह की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।