
यात्रा इस दुनिया की सबसे खूबसूरत चीज है। घुमक्कड़ी न होती तो हमें पता ही नहीं चलता कि हमारे आसपास कितनी सुंदर जगहें हैं। बिना यात्रा के इंसान जिंदगी काट सकता है लेकिन जीने के लिए यात्रा करना जरूरी है। ये यात्राएँ ही तो हैं जो हमें नई-नई जगहों के बारे में बताती हैं। कुछ जगहें तो ऐसी होती हैं जिनका तो नाम भी आप पहली बार सुन रहे होंगे। मध्य प्रदेश की ऐसी ही एक ऐतहासिक और शानदार जगह है, नरसिंहगढ़।

मध्य मध्य प्रदेश का एक छोटा-सा शहर है जिसे मिनी कश्मीर के नाम से जाना जाता है। राजगढ़ जिले में आने वाला नरसिंहगढ़ भोपाल से 83 किमी. की दूरी पर है। 300 साल पहले 1681 में राजा दीवान पारसाराम ने इस जगह को बसाया था। उन्होंने इस जगह की स्थापना भगवान नरसिंह के नाम पर की थी। झील किनारे बसे इस शहर में किले और मंदिर हैं जो वाकई में देखने लायक हैं। वीकेंड पर घूमने के लिए नरसिंहगढ़ एक परफेक्ट जगह है।
कब जाएँ?

मध्य प्रदेश के मिनी कश्मीर को एक्सप्लोर करने के लिए वैसे को साल में कभी भी जाया जा सकता है लेकिन गर्मियों में न ही जाएँ तो अच्छा रहेगा। नरसिंहगढ़ को देखने के लिए सबसे बढ़िया समय सर्दियों का है। नरसिंहगढ़ घूमने के लिए सबसे बेस्ट टाइम दिसंबर से फरवरी तक है। इस दौरान आप मध्य प्रदेश के इस शानदार शहर को अच्छे से घूम पाएँगे।
कैसे पहुँचे?
हवाई मार्ग: अगर आप फ्लाइट से मध्य प्रदेश के नरसिंहगढ़ जाना चाहते हैं तो सबसे निकटतम एयरपोर्ट भोपाल एयरपोर्ट है। भोपाल से नरसिंहगढ़ लगभग 80 किमी. की दूरी पर है। आप बस या ऑटो से नरसिंहगढ़ जा सकते हैं।
रेल मार्ग: यदि आप ट्रेन से नरसिंहगढ़ जाने का प्लान बना रहे हैं तो सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन बिओरा में है। बिओरा से नरसिंहगढ़ लगभग 30 किमी. की दूरी पर है। आप टैक्सी लेकर अपने गंतव्य तक पहुँच सकते हैं।
सड़क मार्ग: आप वाया रोड भी आराम से नरसिंहगढ़ पहुँच सकते हैं। भोपाल समेत कई शहरों से नरसिंहगढ़ के लिए आपको बस मिल जाएगी। अगर आपके पास खुद की गाड़ी है तब तो नरसिंहगढ़ जाने में आपको दिक्कत नहीं आएगी।
क्या देखें?
1- नरसिंहगढ़ किला
नरसिंहगढ़ किला नरसिंहगढ़ की सबसे फेमस जगहों में से एक है। आप इस किले से अपनी घुमक्कड़ी की शुरूआत कर सकते हैं। ये किला 350 फीट ऊँची एक पहाड़ी पर स्थित है। 17वीं शताब्दी में बने इस किले को राजपूत, मुगल और मालवा शैली में बनाया गया है। इस किले को नरसिंहगढ़ रियासत के राजा दीवान पारसराम ने बनवाया था। नरसिंहगढ़ किला मध्य प्रदेश का तीसरा सबसे बड़ा किला है। किला का कुछ भाग खंडहर बन गया है लेकिन काफी कुछ है जो देखा जा सकता है। इस किले से नरसिंहगढ़ शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है।
2- जल मंदिर
जल मंदिर नरसिंहगढ़ शहर का सबसे प्रसिद्ध मंदिर है। परशुराम झील के बीचों बीच बना ये मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। मंदिर तक जाने के लिए एक पुल भी बना हुआ है। मंदिर के चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई देता है। जिससे ये जगह और भी सुंदर लगती है। स्थानीय लोगों के लिए जल मंदिर काफी पवित्र है। दूर-दूर से लोग इस मंदिर को देखने के लिए आते हैं।
3- नरसिंहगढ़ वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी
नरसिंहगढ़ में सिर्फ मंदिर और किले ही नहीं है कई खूबसूरत जगहें हैं। प्रकृति प्रेमियों के लिए इस जगह पर एक कमाल की जगह है, नरसिंहगढ़ वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी। 1974 में स्थापित ये वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी लगभग 57 वर्ग किमी. में फैली हुई है। नरसिंहगढ़ वाइल्डलाइप सैंक्चुरी में आपको कई पशु-पक्षी देखने को मिलेंगे। इसके अलावा इस जगह पर चिड़िया के आकार की एक झील भी है। इसी वजह से इसका नाम चिड़ीखो लेक रखा गया है। आप इसे भी देख सकते हैं।
4- श्यामजी सांका मंदिर
श्यामजी सांका मंदिर नरसिंहगढ़ के सबसे सुंदर मंदिरों में से एक है। नरसिंहगढ़ से लगभग 20 किमी. दूर एक छोटा-सा गांव है, सांका। इसी गांव में श्यामजी सांका का प्राचीन मंदिर है। इस मंदिर को 16-17वीं शताब्दी में राजा श्याम सिंह की याद में उनकी पत्नी भाग्यवती ने बनवाया था। राजस्थानी और मालवा शैली में बने इस मंदिर की वास्तुकला बेजोड़ है। इस मंदिर में भगवान कृष्ण और राधा की मूर्ति है। श्यामजी सांका मंदिर को श्याम जी की छतरी के नाम से भी जाना जाता है।
5- सोलह खंबा
सोलह खंबा नरसिंहगढ़ की एक और ऐतहासिक और देखने लायक जगह है। नरसिंहगढ़ से लगभग 10 किमी. दूर कोटरा में स्थित सोलह खंबा को 17वीं शताब्दी में राजा श्याम सिंह द्वारा बनवाया गया था। सोलह खंबा के पास में ही हाजी वली दरगाह है जिसे 16वीं शताब्दी में बनवाया गया था। सोलह खंबा नरसिंहगढ़ की सबसे शानदार जगहों में से एक है और इसका आर्किटेक्चर भी शानदार है। नरसिंहगढ़ जाएँ तो इस जगह को देखना न भूलें।
ये भी देखें
नरसिंहगढ़ को मध्य प्रदेश का मिनी कश्मीर कहा जाता है। मिनी कश्मीर में देखने को इतना कुछ है कि एक बार में सब कुछ देखना बहुत मुश्किल है। आप इन जगहों के अलावा यहाँ सहस्त्रधारा झरना, गऊ जलप्रपात और नदिया पानी वाटरफॉल देख सकते हैं। इसके अलावा आप नरसिंहगढ़ में हनुमानगढ़ी, मारुति नंदन मंदिर, कोटरा माता मंदिर, अर्जुन सागर, बड़ा महादेव मंदिर और राजगढ़ का किला भी जरूर देखें। इन जगहों को देखने के बाद आपको समझ में आ जाएगा कि नरसिंहगढ़ को मध्य प्रदेश का मिनी कश्मीर क्यों कहा जाता है?
क्या आपने मध्य प्रदेश के नरसिंहगढ़ की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।
Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।