
दिल्ली के इस श्री वेंकटेश्वरस्वामी मंदिर के बारे में बहुत कम लोगों को पता है। यह बिरला मंदिर के पास सिर्फ 400 मीटर की दूरी पर है। बिरला मंदिर से आप यहां आराम से पैदल जा सकते हैं। अगर आप किसी कारण से दक्षिण भारत के तिरुमाला तिरुपति बालाजी मंदिर नहीं सकते तो निराश होने की कोई जरूरत नहीं है। आपके लिए खास तौर पर भगवान श्री वेंकटेश्वरस्वामी के दर्शन के लिए इस मंदिर को दिल्ली में बनाया गया है।
तिरुपति बालाजी मंदिर के नाम से प्रसिद्ध इस मंदिर का देखरेख भी TTD- तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ही करता है। मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही शरीर में एक अलग ही पॉजिटिव ऊर्जा का संचार होने लगता है। मंदिर में रोज श्री वेंकटेश्वरस्वामी भगवान को चार बार भोग लगाया जाता है। भोग के साथ आरती भी की जाती है।

मंदिर में दर्शन के लिए जाते वक्त अगर आप 20 रुपये की अर्चना पर्ची कटवा लेते हैं तो आपके नाम-गोत्र के साथ एक संक्षिप्त पूजा भी हो जाती है। यहां आप तिरुपति बालाजी से लाए गए विशेष लड्डू का प्रसाद भी पा सकते हैं। अगर आप इस विशेष लड्डू का प्रसाद पाना चाहते हैं तो शुक्रवार या शनिवार को जाना बेहतर रहेगा। शुक्रवार और शनिवार को यहां तिरुमाला से विशेष लड्डू आते हैं। एक लड्डू प्रसाद आप 100 रुपये में पा सकते हैं। इस दिव्य लड्डू को पाकर आप धन्य महसूस करेंगे।

आप यहां सुबह 6 बजे से शाम के 8- साढ़े 8 बजे तक आराम से दर्शन, पूजा-अर्चना कर सकते हैं। नजदीकी मेट्रो स्टेशन आरके आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन है। आप यहां से रिक्शा या ऑटो लेकर पहुंच सकते हैं। आप राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से भी ऑटो लेकर आराम से यहां आ सकते हैं। यहां आपको असीम शांति का अनुभव होगा। ये भी तय है कि यहां एक बार आने के बाद बार-बार आएंगे।

