भारत की वो जगहें जहाँ मिलेगा स्टार गेजिंग एन्जॉय करने का बेहतरीन मौका

Tripoto
Photo of भारत की वो जगहें जहाँ मिलेगा स्टार गेजिंग एन्जॉय करने का बेहतरीन मौका by Deeksha

हम अक्सर ऐसा सोचते हैं कि काश कोई जगह ऐसी हो जहाँ हम आराम से खुले आसमान के नीचे रात गुजार सकें। लेकिन आधुनिकता के इस युग में शहर से दूर जाना तो क्या आप अपने घर की छत से भी आसमान की असली खूबसूरती देखने को तरस जाते हैं। शहर की रोशनी के आगे आसमान के तारों की चमक कम पड़ जाती है। इसलिए अगर आप एक ऐसी रात की कल्पना करते हैं जो शोर शराबे से एकदम अलग हो। जहाँ आपको केवल तारों से भरे आसमान के नीचे आराम फरमाने के लिए मिल जाए। जहाँ पार्टनर के रूप में आपको सैकड़ों तारों का साथ मिले तो आपको भारत की इन जगहों पर जाने का प्लान बना लेना चाहिए।

1. पंगोंग झील, लद्दाख

पंगोंग झील लद्दाख का वो नगीना है जो हर घुमक्कड़ की बकेट लिस्ट का हिस्सा जरूर होता है। ये जगह केवल घुमक्कड़ों के बीच ही नहीं बॉलीवुड फिल्मों के लिए भी खूब पसंद की जाती है। इस झील की सबसे खास बात ये कि इस झील का रंग बदलता रहता है। दिन से लेकर रात तक में इस झील में आपको कई रंग दिख जाएंगे। इस झील का रंग नीला और आसमानी से लेकर हरा और कभी कभी ग्रे शेड में भी देखा जा सकता है। रात के समय ये झील और भी ज्यादा खूबसूरत लगने लगती है। अगर मौसम ने आपकी किस्मत का साथ दिया तब आपको एक चाँदनी रात एन्जॉय करने से कोई नहीं रोक सकता है। हजारों तारों से भरा आसमान और बर्फीली वादियों के बीच स्थित एक बेहद खूबसूरत झील। आपकी ट्रिप को यादगार बना देंगे।

2. नुब्रा घाटी, लद्दाख

पुराने सिल्क रूट का हिस्सा और नुब्रा और श्योक नदी का संगम लिए ये घाटी भी स्टार गेजिंग के लिए बढ़िया जगह है। नुब्रा घाटी की देख रेख आर्मी के द्वारा की जाती है। ऐसा इसलिए क्योंकि ये घाटी आगे सियाचन बेस कैंप से जा मिलती है जो दुनिया का सबसे ऊँचा जंग का मैदान है। इसी वजह से नुब्रा घाटी जाने वाले सभी घुमक्कड़ों को इनर लाइन परमिट लेना अनिवार्य होता है। विशाल पहाड़ों से बनी ये घाटी तारों के नीचे रात गुजारने के लिए बिल्कुल परफेक्ट जगह है। क्योंकि ये घाटी इतनी ऊंचाई पर स्थित है इसलिए यहाँ बहुत कम लोग ही पहुँच पाते हैं। जिसकी वजह से आपको घाटी में भीड़ नहीं मिलती है। आप आराम से शांतिपूर्ण तरीके से तारों को निहार सकते हैं। अगर आपको कॉन्स्टेलेशन देखने में रुचि है तो इस घाटी में आप वो भी कर सकते हैं। नुब्रा घाटी में मौसम साफ रहता है जिसकी वजह से यहाँ तारे देखना आसान हो जाता है।

3. कच्छ का रण, गुजरात

गुजरात के कच्छ जिले में स्थित ये जगह असल में नमकीला रेगिस्तान है। ये जगह थार रेगिस्तान में स्थित है और नमक के इकट्ठा हो जाने की वजह से बनी है। अगर आपने गुजरात की यात्रा की है और कच्छ का रण नहीं देखा है तो यकीन मानिए आपने गुज्जू धरती की एक बहुत महत्वपूर्ण और खूबसूरत चीज मिस कर दी है। इस जगह की जितनी तारीफ की जाए कम होगी। इस जगह की खूबसूरती कुछ ऐसी है कि इसका जिक्र कई नामी मैगजीनों में भी किया जा चुका है। क्योंकि ये जगह किसी खुले मैदान कि तरह है इसलिए यहाँ तारे देखने के लिए अनंत ऑप्शन्स हैं। यहाँ तक कि रण में रात गुजारने के लिए कई टूर्स भी होते हैं जिनकी मदद से आप आराम से तारों के नीचे बैठकर एन्जॉय कर सकते हैं।

4. नील आइलैंड, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह

Photo of भारत की वो जगहें जहाँ मिलेगा स्टार गेजिंग एन्जॉय करने का बेहतरीन मौका 1/6 by Deeksha
श्रेय: फेसबुक

नील आइलैंड बंगाल की खाड़ी में स्थित अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह का हिस्सा है। वैसे तो इस समूह में और भी कई छोटे द्वीप हैं जो बेहद खूबसूरत हैं लेकिन नील आइलैंड जितना शानदार नजारा शायद आपको और कहीं नहीं मिलेगा। नील आइलैंड अंडमान के दो और बेहद लोकप्रिय द्वीप रॉस और हैवलॉक आइलैंड से समुंदर के कारण कटा हुआ है। अगर आप नील आइलैंड जाना चाहते हैं तो आपको फेरी लेकर ही जाना होता है। इस आइलैंड की खास चीज है यहाँ की तीन बीच- भरतपुर बीच, सीतापुर बीच और लक्ष्मणपुर बीच। शाम होने तक नील आइलैंड का आसमान तारों की जादुई दुनिया से भर जाता है। क्योंकि ये द्वीप हरियाली से भरा हुआ है इसलिए जब आप रेत पर लेटकर टिमटिमाते तारों का मजा ले रहे होंगे। तब पेड़ों से आती ठंडी हवा आपके गालों को चूमकर आपके अनुभव में चार चांद लगा देगी।

5. कुर्ग, कर्नाटक

Photo of भारत की वो जगहें जहाँ मिलेगा स्टार गेजिंग एन्जॉय करने का बेहतरीन मौका 2/6 by Deeksha
श्रेय: फ्लाई नोट

कर्नाटक की हरी-भरी पहाड़ियों के बीच स्थित कुर्ग में आपको तारों से भरी रात एन्जॉय करने से कोई नहीं रोक पाएगा। बहुत लोगों को लगता है कि यदि आपको स्टार गेजिंग जैसी चीजें करनी है तो आपको ऊंचाई वाली जगहों पर जाना चाहिए। पर असल में ऐसा नहीं है। तारों से भरे आसमान के लिए आपको केवल शहर की चकाचौंध से दूर हरियाली में आना होता है और आपका सारा काम खुद ब खुद हो जाएगा। साउथ के इस बेहतरीन हिल स्टेशन में नाइट लाइफ भी काफी जबरदस्त है। अगर आप अपने पार्टनर के साथ रोमांटिक कैंडल लाइट डिनर करना चाहते हैं तो आप वो भी कर सकते हैं। इसके लिए आप कुर्ग के किसी भी जंगल का टूर बुक कर सकते हैं जहाँ तारों की छाँव के नीचे आपके पार्टनर का साथ पूरे माहौल को रुमानी बना देगा।

6. जैसलमेर, राजस्थान

किसी भी खुली जगह पर जाना हमेशा तारों भरी रात एन्जॉय करने का तोहफा जैसा होता है। अगर ये खुली जगह कोई बड़ा रेगिस्तान हो फिर ये मजा और भी दोगुना हो जाता है। जैसलमेर में भी आपको कुछ ऐसा भी अनुभव करने के लिए मिलेगा। जैसलमेर के किलों से लेकर यहाँ के रेगिस्तानों तक हर एक जगह स्टार गेजिंग करने के लिए एकदम परफेक्ट है। रेगिस्तान में आप बिना किसी शोर शराबे और कंक्रीट के जंगलों से दूर आराम से तारों के नीचे रहने का एहसास एन्जॉय कर सकते हैं। जैसलमेर में आपके पास तमाम डेजर्ट सफारी बुक करने का भी विकल्प मौजूद रहता है। जहाँ एक तरफ ज्यादातर सफारी टूर्स दिन और शाम के समय होते हैं वहीं कुछ टूर्स ऐसे भी होते हैं जिनमें आपको रात में घूमने का मौका दिया जाता है। इसलिए आप अगली बार जब भी जैसलमेर की यात्रा करें, ऐसे ही किसी नाइट टूर के साथ तारों से भरी रात का मजा लेना बिल्कुल ना भूलें।

7. कटाओ, सिक्किम

Photo of भारत की वो जगहें जहाँ मिलेगा स्टार गेजिंग एन्जॉय करने का बेहतरीन मौका 3/6 by Deeksha

हममें से ज्यादातर लोग भारत के स्विट्जरलैंड के बारे में बखूबी जानते होंगे। लेकिन क्या आपने कभी पूर्वोत्तर भारत के स्विट्जरलैंड के बारे में सुना है? अगर आप इस जगह से बिल्कुल अनजान हैं तो बता दें कटाव को पूर्वोत्तर का स्विट्जरलैंड होने के ताज से नवाजा गया है। कटाओ सिक्किम में स्थित है। जिसकी खूबसूरती देखकर हर घुमक्कड़ का दिल खुश हो जाता है। माउंट कटाओ केवल सिक्किम ही नहीं बल्कि पूरे भारत की सबसे शानदार जगहों में से एक है। यहाँ का नजारा इतना सुंदर होता है कि आप सोच भी नहीं पाएंगे। क्योंकि ये जगह फेमस ना होकर ऑफबीट है इसलिए यहाँ लोगों की ज्यादा भीड़ भी नहीं होती है। मुख्य शहर से दूर होने की वजह से यहाँ प्रदूषण भी ना के बराबर है। माउंट कटाओ की ये सभी खूबियां इसको स्टार गेजिंग के लिए एकदम परफेक्ट जगह बनाती हैं।

8. मंदारमणि, कोलकाता

Photo of भारत की वो जगहें जहाँ मिलेगा स्टार गेजिंग एन्जॉय करने का बेहतरीन मौका 4/6 by Deeksha
श्रेय: ट्रेल

अगर आप अपने पार्टनर के साथ एक रोमांटिक शाम बिताना चाहते हैं तो यकीन मानिए आपको मंदारमणि से बेहतर जगह नहीं मिलेगी। ये जगह महालया के समय सबसे खूबसूरत होती है। साल के इस समय आसमान में पूरा चाँद निकलता है जिसकी वजह से ये जगह उस रोशनी से जगमगा उठती है। ये समय मंदारमणि में तारों को देखने के लिए सबसे सही समय होता है। क्योंकि इस जगह के बारे में ज्यादा लोगों को नहीं मालूम है इसलिए यहाँ आपको ना गाड़ियों का शोर सुनाई देगा और ना ही कोई और परेशानी होगी। आप ठंडी हवाओं और शांत माहौल का मजा लेते हुए आराम से अपने पार्टनर के साथ तारों के नहाए हुए आसमान के नीचे समय बिता सकते हैं।

9. रूपकुंड, उत्तराखंड

ज्यादातर लोग ट्रेक करने के लिए रूपकुंड जाना पसंद करते हैं। रूपकुंड ट्रेक को घुमक्कड़ों के ट्रेकिंग जीवन के सबसे अनोखे और शानदार अनुभवों में से एक माना जाता है। वैसे ये बात सही भी है। रूपकुंड ट्रेक करना कोई बच्चों का खेल नहीं है। ये ट्रेक आसान तो बिल्कुल भी नहीं है। ये ट्रेक आपके स्टेमिना के साथ साथ इच्छा शक्ति की भी कड़ी परीक्षा लेता है। 5029 मीटर की ऊँचाई तक ले जाने वाले इस ट्रेक की गिनती भारत के सबसे रहस्यमई ट्रेकों में कि जाती है। इसकी वजह से रूपकुंड झील जिसको मिस्ट्री लेक के नाम से भी जाना जाता है। वैसे रूपकुंड ट्रेक बिना स्टार गेजिंग लिए अधूरा है। क्योंकि ये ट्रेक इतनी ऊँचाई तक ले जाता है इसलिए यहाँ से दिखाई देने वाला नजारा सचमुच बेहद खास होता है। पहाड़ के ऊपर बर्फीली हवाओं के बीच तारों को देखने का सुख कुछ किस्मत वालों को नसीब होता है।

10. तरेगना, बिहार

जब भी हम बिहार की बात करते हैं तो कुछ बातें ऐसी हैं जो ना चाहते हुए भी हमारे सामने आ खड़ी होती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं उन सभी चीजों के परे भी बिहार की एक छवि वो है जिसको बहुत कम लोग देखना पसंद करते हैं? वो है बिहार के तमाम सुंदर और मन मोह लेने वाले पर्यटन स्थल। बिहार में आपको घूमने के लिए बहुत सारी जगहें मिलेंगी। यहाँ तक कि बिहार में एक जगह ऐसी भी है जहाँ से आप तारामंडल को बेहद नजदीक से देखने का आनंद उठा सकते हैं। आपको ये जाकर शायद आश्चर्य भी होगा कि ये वो जगह है जहाँ आर्यभट्ट ने अपनी जिंदगी के कई साल तारों की गिनती करते हुए गुजारे थे। वैसे बता दें इस जगह नाम ही तारों के ऊपर रखा गया है। इसका नाम दो शब्द तारे और गणना को जोड़कर बना है जिसका मतलब होता है तारों की गणना या गिनती करना। अब जिस जगह का नाम ही तारों के ऊपर रखा गया है फिर आप सोच ही सकते होंगे कि यहाँ से तारामंडल देखना कितना मोहक लगता होगा।

इन बातों का रखें ध्यान:

- इनमें से किसी भी जगह पर स्टार गेजिंग करने जाने से पहले वहाँ के मौसम से जुड़ी जानकारी ले लेना बेहद जरूरी है।

- जाने से पहले रिसर्च जरूर कर लेनी चाहिए। आपको उस जगह के बारे में, वहाँ से दिखाई देने वाले तारों या आकाशीय चीजों के बारे में जान लेना चाहिए।

- अपने साथ टेंट, दवाएँ, टॉर्च, उपकरण जैसा जरूरी सामान जरूर रखें।

क्या आपने इनमें से किसी जगह की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।