श्रद्धालुओं के लिए अमरनाथ यात्रा हुई और भी आसान,अब श्रीनगर से ही धाम तक मिलेगी हेलिकॉप्टर सेवा

Tripoto
10th Jun 2022
Photo of श्रद्धालुओं के लिए अमरनाथ यात्रा हुई और भी आसान,अब श्रीनगर से ही धाम तक मिलेगी हेलिकॉप्टर सेवा by Smita Yadav
Day 1

दोस्तों, अमरनाथ यात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब सभी श्रद्धालुओं के लिए बाबा बर्फनी का दर्शन करना आसान हो जाएगा क्योंकि यात्रियों को हेलिकॉप्टर सेवा अब अमरनाथ तक मिलने वाली है। जी हाँ,अब बाबा के दर्शन के लिए पर्यटकों को इतना सोचने की जरूरत नहीं। गृह मंत्रालय ने गुफा की ओर जाने वाले रास्तों पर भीड़ कम करने के लिए यह फैसला लिया है ताकि बाबा के दर्शन सभी श्रद्धालुओं को उनकी सुविधानुसार आराम से हो सकें। सरकार इस योजना के लिए बहुत उत्सुक है, क्योंकि इसका मतलब यह भी होगा कि बालटाल और पहलगाम तक जाने वाली सड़क पर यात्रियों की संख्या कम होगी, जिससे जोखिम भी कम होगा।

कब से मिलेगी सुविधा

प्राकृतिक रूप से बने शिवलिंग का दर्शन करने के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमरनाथ पहुंचते हैं। इस बार भी यात्रा में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। क्योंकि 30 जून से दो साल बाद अमरनाथ यात्रा शुरू हो रही है। अभी यात्रियों के लिए बालटाल और पहलगाम से पंचतरणी तक हेलिकॉप्टर सेवा उपलब्ध है। दोनों स्थान श्रीनगर से 90 किमी से ज्यादा दूर हैं। लेकिन अब इस बार यात्रा पर जा रहे लोगों को श्रीनगर से पंचतरणी के लिए सीधे हेलिकॉप्टर सेवा मिलेगी। अमरनाथ यात्रा इस साल 30 जून से शुरू होगी, जो 43 दिनों तक यानी 11 अगस्त तक चलेगी।

मात्र एक दिन में श्रद्धालु अमरनाथ के दर्शन कर पाएंगे

दोस्तों, आपको बता दूं कि अभी अमरनाथ गुफा के पास केवल VVIPs को ले जाने वाले हेलिकॉप्टर ही उतरते हैं। जब आम यात्रियों के लिए यह सेवा शुरू हो जाएगी तो मात्र एक दिन में श्रद्धालु अमरनाथ के दर्शन कर पाएंगे। जो सभी यात्रियों के लिए बहुत ही सुविधाजनक होगा।

कैसे होता है रजिस्ट्रेशन?

अमरनाथ यात्रा के लिए श्री अमरनाथ श्राईन बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में हर यात्री को रजिस्ट्रेशन फीस के 100 रुपए लगते हैं। यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक या यस बैंक की किसी भी नजदीकी ब्रांच में जाकर कराया जा सकता है। अगर आप आवेदन करना चाहते हैं तो आवेदक को इसके लिए अपना आधार कार्ड, 4 पासपोर्ट साइज फोटो और सरकारी अस्पताल से बनवाया गया हेल्थ सर्टिफिकेट देना होता है। रजिस्ट्रेशन फीस देने के बाद रजिस्ट्रेशन हो जाता है और उपलब्ध स्लॉट के हिसाब से यात्रा की तारीख मिल जाती है। इसकी डिटेल बैंक से मिलने वाली रसीद पर होती है। इस प्रकार आपका रजिस्ट्रेशन हो जाता हैं।

अमरनाथ तक पहुंचने का रास्ता

अमरनाथ पहुंचने के लिए आपको सबसे पहले जम्मू तक जाना होगा। जम्मू से श्रीनगर तक का सफर करना होगा। श्रीनगर से आप अमरनाथ यात्रा के लिए पहलगाम या बालटाल पहुंच सकते हैं।

कैसा लगा आपको यह आर्टिकल, हमें कमेंट बॉक्स में बताएँ।

अपनी यात्राओं के अनुभव को Tripoto मुसाफिरों के साथ बाँटने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती के सफ़रनामे पढ़ने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना Telegram पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।