वेलकम 2022: नए साल का जश्न मनाने के लिए बनाएँ भारत की इन बेहतरीन ऑफबीट रोड ट्रिप्स का प्लान!

Tripoto
Photo of वेलकम 2022: नए साल का जश्न मनाने के लिए बनाएँ भारत की इन बेहतरीन ऑफबीट रोड ट्रिप्स का प्लान! by Deeksha

रोड ट्रिप भागदौड़ वाली जिंदगी से दूर रहकर रोमांच की भूख मिटाने के लिए सबसे अच्छा उपाय होती हैं। रोड ट्रिप के लिए आपको न तो ज्यादा प्लानिंग की जरूरत होती है और ना ही किसी प्रकार की बुकिंग की। आप केवल अपना सामान पैक करके, तनाव भरी दिनचर्या को पीछे छोड़ तुरंत घूमने निकल सकते हैं। रोड ट्रिप चाहे गाड़ी में की जाए या बस में, ये सफर हमेशा यादगार रहता है और भारत जैसे विशाल और विविधता वाले देश में, रोड ट्रिप का मजा एक लेवल ऊपर हो जाता है। यकीनन वीकेंड का मजा लेने के लिए आप अपने शहर के आसपास जाने का प्लान बना सकते हैं, लेकिन रोड ट्रिप के आगे सबकुछ फीका लगने लगता है। यदि आप लॉन्ग ड्राइव पर जाना पसंद करते हैं और चुनौतियों का डटकर सामना करने में आपको मजा आता है, तो हमने आपके लिए भारत के अलग अलग हिस्सों में कुछ मजेदार रोड ट्रिप्स की सूची तैयार की है।

1. लेह से तुरतुक

लद्दाख के बनकर पहाड़ों के बीच स्थित तुर्तुक को भारत का आखिरी गाँव होने का ताज मिला हुआ है। तुरतुक भारत और पाकिस्तान की सीमा से लगा हुआ वो आखिरी गाँव है जहाँ लेह जाने वाले हर घुमक्कड़ को जरूर जाना चाहिए। लेह से तुरतुक जाने के रास्ते में आपको खारदुंगला पास से होकर गुजरना होता है जो विश्व का सबसे ऊँचा मोटोरेबल पास भी है। इसके अलावा आपको नुब्रा घाटी भी पर करनी होती है जो अपनेआप में किसी नगीने से कम नहीं है। लद्दाखी सड़कों पर चलना यकीनन सुखद होता है। इन रास्तों पर आपको प्रकृति की ऐसी नायाब रचनाएँ देखने मिलेंगी कि आपका दिल खुश हो जाएगा। रोडट्रिप के अलावा तुरतुक भी देखने लायक जगह है। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि विश्व के सबसे खतरनाक रास्तों में से एक सियाचिन ग्लेशियर का रास्ता तुरतुक गाँव से लगा हुआ है जो इस पूरे अनुभव को और भी खास बना देता है।

2. इंदौर से मांडू

इंदौर से महज 84 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मांडू मध्य प्रदेश में रोड ट्रिप लेने के लिए बढ़िया ऑप्शन है। इंदौर से मांडू का रास्ता अच्छा है इसलिए रोड ट्रिप में परेशानी भी नहीं आएगी। इंदौर से मांडू के रास्ते में आपको ढेर सारे बाओबाब के पेड़ दिखाई देंगे। इस पूरे सफर को तय करने में आपको कुछ 2 से 2.5 घंटों का समय लगेगा जिसके बाद आप मांडू के ऐतिहासिक शहर में पहुँच जाएंगे। मांडू में आप जहाज़ महल, जामी मस्ज़िद और रूपमती पवेलियन देख सकते हैं। इंदौर से मांडू का रास्ता बेहद खूबसूरत है। यदि आप मध्य प्रदेश में रहते हैं या राज्य में रोड ट्रिप पर जाने का प्लान बनाना चाहते हैं तो इंदौर से मांडू की ये रोड ट्रिप आपको जरूर पसंद आएगी।

3. अहमदाबाद से सापुतारा

वेस्टर्न घाट पर स्थित सापुतारा गुजरात का एक मात्र हिल स्टेशन है। ढेर सारी हरियाली से परिपूर्ण सापुतारा बेशक देखने लायक जगह है। अहमदाबाद से सापुतारा का रास्ता आपको गुजरात के कई महत्वपूर्ण जगहों से होकर गुजरता है। इस ट्रिप पर आपको वडोदरा का लक्ष्मी विलास पैलेस, भरूच का 100 साल पुराना गोल्डन ब्रिज और नवसारी बीच देखने को मिलेंगे। अहमदाबाद से आगे बढ़कर आप जैसे ही शहरीय इलाकों से दूर बढ़ते जाएंगे, आपको पहाड़ों की भीनी खुशबू आने लगेगी। क्योंकि सापुतारा हिल स्टेशन है इसलिए यहाँ का मौसम भी सुखद होता है। यदि आप बारिश के मौसम में यहाँ आएंगे तब ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं लगेगी।

4. पुरी से चिल्का झील

चिल्का झील पूरी से लगभग 114 किलोमीटर की दूरी पर है। बरसात के मौसम में ये झील 1,100 स्क्वेयर किमी तक फैल जाती है। पुरी से चिल्का झील तक का रास्ता बेहद खूबसूरत है। पक्की सड़कें और किनारे पर लगे पेड़ इस सफर को और भी ज्यादा मोहक बना देते हैं। पुरी से चिल्का जाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। आप आसानी से गाड़ी लेकर चिल्का जाने का प्लान बना सकते हैं। झील के नजदीक पहुँचते ही आपको हवा में समुद्री क्षेत्र जैसी खुशबू आने लगेगी। चिल्का झील बेहद खूबसूरत जगह है। ये झील डॉल्फिन की विलुप्त होने वाली एक प्रजाति का घर भी है। यदि आप ओडिशा में रोड ट्रिप पर जाना चाहते हैं तो पुरी से चिल्का का सफर आपको जरूर अच्छा लगेगा।

5. डिब्रूगढ़ से नामसाई

भारत के पूर्वोत्तर हिस्से में इस रोड ट्रिप की शुरुआत आपको असम के डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट से करनी होगी। डिब्रूगढ़ से नामसाई का रास्ता बेहद खूबसूरत है। पूरे रास्ते में आपको हरियाली मिलेगी। जगह जगह पर लहलहाते खेत और चाय के बागानों से सजा ये रास्ता रोड ट्रिप के लिए बहुत अच्छा है। इस रास्ते पर आपको ब्रह्मपुत्र नदी की सहायक नदियाँ भी देखने के लिए मिलेंगी। इसके अलावा ये रास्ता असम के आदिवासी क्षेत्रों और जंगल से भी होकर गुजरता है जो इसको और भी खास बना देता है। इस शानदार रोड ट्रिप के बाद आप नामसाई पहुँच जाएंगे। जो अपनेआप में खूबसूरत जगह है। नामसाई में आप गोल्डन पागोडा देख सकते हैं और बांस से बनी विश्व की सबसे बड़ी बुद्ध प्रतिमा को भी देख सकते हैं।

6. मुंबई से दिवार आइलैंड

कोई भी रोड ट्रिप की सूची बिना मुंबई-गोवा के जिक्र के अधूरी है। लेकिन यदि आप गोवा में बीच पर नहीं जाना चाहते हैं तो आपको मुंबई से दिवार आइलैंड की ओर जाना चाहिए। मुंबई से दिवार आइलैंड जाने के लिए पहले आपको मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के रास्ते ओल्ड गोवा तक जाना होगा। ओल्ड गोवा पहुँचने के बाद वाइसरॉय आर्च के नजदीक अपनी गाड़ी को फेरी पर लोड करें और दीवार द्वीप की ओर निकल पड़ें। ये पूरा रास्ता बेहद खूबसूरत है। सभी सड़कें अच्छी हालत में हैं और रास्ते में आपको सतारा, बेलगाम और भीमगढ़ वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी जैसी देखने लायक जगहें भी मिलेंगी। दीवार द्वीप पर आकर आपको सुकून मिलेगा। मुंबई वालों के लिए दिवार रोड ट्रिप सबसे बढ़िया ऑप्शन है।

7. ऋषिकेश से औली

ऋषिकेश एक ऐसी जगह है जहाँ सालभर पर्यटकों का आना जाना लगा रहता है। ज्यादातर लोग योग और ध्यान लगाने के लिए सीधे ऋषिकेश पहुँचना पसंद करते हैं और बाद में वापस लौट जाते हैं। यदि आप ऋषिकेश से औली जाने वाले रास्ते पर निकलेंगे तो आपको तमाम रोचक चीजें देखने के लिए मिलेंगी। ऋषिकेश से औली जाने के लिए आपको चकराता और देहरादून से भी गुजरना पड़ेगा। पहाड़ी खूबसूरती से भरा ये रास्ता आपकी जरूर पसंद आएगा। औली पहुँचने पर स्कीइंग और केबल कार का मजा ले सकते हैं।

8. चंडीगढ़ से पंपोर

कश्मीर को वहाँ मिलने वाले बेस्ट क्वालिटी के केसर के लिए जाना जाता है। लेकिन बहुत कम लोग ये जानते हैं कि श्रीनगर से महज 17 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पंपोर वो जगह है जहाँ पूरे कश्मीर में सबसे ज्यादा मात्रा में केसर उगता है। चंडीगढ़ से पंपोर आने के लिए आप श्रीनगर जाने वाला रास्ता के सकते हैं। रास्ते में पठानकोट, उधमपुर, पटनीटॉप और अनंतनाग को पर करके आप पंपोर पहुँच सकते हैं। चंडीगढ़ से पंपोर का रास्ता बेहद खूबसूरत है। शहरीय क्षेत्रों से निकलकर पहाड़ों की ओर जाने का असल सुख आपको इस रोड ट्रिप पर आकर मालूम चलेगा। चंडीगढ़ से पंपोर रोड ट्रिप के लिए अक्टूबर और नवंबर का समय सबसे अच्छा होता है। इसलिए यदि आप भी अपने परिवार या दोस्तों के साथ ट्रिप पर जाने का मन बना रहे हैं तो इस रोड ट्रिप के बारे में जरूर सोचें।

क्या आप हाल में किसी रोडट्रिप पर गए हैं? अपने अनुभव को हमारे साथ शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें