चतुर्श्रृंगी यानी चार चोटी वाला पर्वत... और चतुर्श्रृंगी मंदिर पुणे में चार चोटी वाले पर्वत पर स्थित एक प्रसिद्ध मंदिर है। यह मुख्यरूप से चतुर्श्रृंगी देवी का मंदिर है। वैसे यहां कई और देवी देवताओं के मंदिर हैं। यहां गणेश भगवान, लक्ष्मी माता और दुर्गा देवी का भी एक भव्य मंदिर है। चतुर्श्रृंगी देवी मंदिर को पुणे की अधिष्ठात्री देवी भी माना जाता है।
मां चतुर्श्रृंगी देवी को यहां के लोग अंबरेश्वरी देवी के नाम से भी पुकारते हैं। यह मंदिर परिसर पहाड़ी पर होने के कारण काफी विशाल है। यह मंदिर पुणे में सेनापति बापट मार्ग पर स्थित है और सड़क किनारे एक विशाल प्रवेश द्वार है। यहां से मुख्य मंदिर तक जाने के लिए श्रद्धालुओं को सौ से अधिक सीढ़ियां चढ़नी पड़ती है।
चतुर्श्रृंगी मंदिर 90 फीट ऊंचा और 125 फीट चौड़ा है। पहाड़ की तलहटी सड़क के पास से ही इसका मनमोहक दृश्य दिखाई देता है। यह स्थल बहुत ही शांत और मन को शांति प्रदान करने वाला है। यहां मंदिर परिसर में आते ही एक अलग ही तरह का पॉजिटिव फील होने लगता है। मन करता है कि यहां की हरियाली के बीच माता के दरबार में घंटों बैठे रहें। मंदिर परिसर में भी काफी पेड़-पौधे हैं। ऊपर मंदिर से शहर का काफी अच्छा दृश्य दिखाई पड़ता
है।
चतुर्श्रृंगी मंदिर देवी माता के शक्ति रूप का मंदिर है। इसलिए यहां नवरात्र के मौके पर पुणे से बाहर से भी काफी लोग आते हैं। यहां नीचे परिसर में मेला की तरह लगता है। आम दिनों में तो चतुर्श्रृंगी माता के दर्शन के लिए ज्यादा समय नहीं लगता लेकिन नवरात्र और अन्य पर्व त्योहार के दिन श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लग जाती है।
बताया जाता है कि इस मंदिर का निर्माण मराठा राजा शिवाजी के शासनकाल में पुणे के एक व्यापारी दुर्लभशेठ पीतांबरदास महाजन ने कराया था।
मंदिर खुलने का समय
चतुर्श्रृंगी मंदिर में पूजा-अभिषेक और अन्य कार्यों की देखभाल श्री चतुश्रृंगी देवस्थान ट्रस्ट की ओर से की जाती है। आप यहां अभिषेक भी करा सकते हैं। यह मंदिर काफी प्राचीन है। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर खुलने का समय सुबह 7 बजे से लेकर रात्रि के नौ बजे तक का है।
कैसे पहुंचे
अगर आप पुणे आते हैं तो आपको चतुर्श्रृंगी मंदिर दर्शन के लिए जरूर आना चाहिए। यहां आप शहर के किसी भी इलाके से आसानी से बस या ऑटो-टैक्सी से आ सकते हैं। पुणे एयरपोर्ट, बस स्टैंड या रेलवे स्टेशन से भी यहां आप आसानी से पहुंच सकते हैं। यह मंदिर पुणे राजभवन और पुणे विद्यापीठ के काफी करीब है।
कब पहुंचे
पुणे आप कभी भी किसी भी समय आ सकते हैं। वैसे गर्मी में दिन के समय तापमान कुछ ज्यादा होता है और बरसात में तो यहां बारिश भी अच्छा होती है। तो बारिश-गर्मी से बचना चाहते हैं तो फिर सितंबर से मार्च के बीच का समय पुणे घूमने के लिए सबसे अच्छा होता है।
आपकी यात्रा शुभ और मंगलमय हो। अपनी यात्रा के बारे में सलाह-सुझाव हो तो कमेंट में जरूर बताइएगा। धन्यवाद।