दिल्ली के अलावा इन शहरों में भी है ऐतिहासिक जामा मस्जिद, क्या आप इनके बारे में जानते हैं?

Tripoto
Photo of दिल्ली के अलावा इन शहरों में भी है ऐतिहासिक जामा मस्जिद, क्या आप इनके बारे में जानते हैं? by Musafir Rishabh

आपने दिल्ली की भव्य और ऐतिहासिक जामा मस्जिद के बारे में तो सुना ही होगा। दिल्ली की जामा मस्जिद भारत की सबसे बड़ी मस्जिद है। इस मस्जिद में एक साथ लगभग 25 हज़ार लोग बैठ सकते हैं। मुग़ल स्थापत्य कला का एक बेहद शानदार नमूना है ये मस्जिद। जामा मस्जिद को मुग़ल सम्राट शाहजहाँ ने बनवाया था। आज इस भव्य और प्राचीन मस्जिद को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग आते हैं। क्या आपको पता है सिर्फ़ दिल्ली में ही नहीं भारत के कई शहरों में जामा मस्जिद हैं? आज हम आपको ऐसी ही जामा मस्जिदों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनके बारे में कम लोगों को पता है।

भारत की जामा मस्जिदें:

जामा मस्जिद भोपाल

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी बेहद ऐतिहासिक जामा मस्जिद है। भोपाल के चौक बाज़ार में स्थित जामा मस्जिद लाल पत्थरों से निर्मित है। इस मस्जिद का निर्माण भोपाल राज्य की 8वीं नवाब परिवार की शासक क़ुदसिया बेगम ने करवाया था। यह मस्जिद दिल्ली की जामा मस्जिद की तरह चार बाग़ पद्धति पर आधारित है। 9 मीटर वर्गाकर ऊँची जगह पर निर्मित इस मस्जिद के चारों कोनों पर हुजरे बने हुए हैं। भोपाल की जामा मस्जिद में तीन दिशाओं से प्रवेश द्वार है और बीच में एक विशाल आँगन है।

2. जामा मस्जिद मथुरा

Photo of दिल्ली के अलावा इन शहरों में भी है ऐतिहासिक जामा मस्जिद, क्या आप इनके बारे में जानते हैं? by Musafir Rishabh

उत्तर प्रदेश का मथुरा शहर वैसे तो मंदिरों के लिए काफ़ी लोकप्रिय है लेकिन यहाँ पर एक बेहद प्राचीन जामा मस्जिद है। इस मस्जिद को शाही जामा मस्जिद के नाम से जाना जाता है। मथुरा के शाही जामा मस्जिद को 17वीं शताब्दी में मुग़ल शासक औरंगजेब के गवर्नर अब्द-अल-नबी के द्वारा बनवाया गया था। मथुरा की शाही जामा मस्जिद काफ़ी बड़ी है और चारों तरफ़ बने बड़ी-बड़ी मीनार देखने लायक़ है। मथुरा में मंदिरों के अलावा इस जामा मस्जिद को भी देखा जाना चाहिए।

3. जामा मस्जिद चंदेरी

Photo of दिल्ली के अलावा इन शहरों में भी है ऐतिहासिक जामा मस्जिद, क्या आप इनके बारे में जानते हैं? by Musafir Rishabh

मध्य प्रदेश के अशोकनगर ज़िले के चंदेरी शहर में भी एक बेहद शानदार जामा मस्जिद है। आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की मुताबिक़ इस जामा मस्जिद को 15वीं शताब्दी में बनवाया गया था। चंदेरी की जामा मस्जिद भारत की बिना मीनार की एकमात्र जामा मस्जिद है। मालवा और इस्लामिक शैली में बनी जामा मस्जिद बादल महल के सामने स्थित है। मस्जिद के गलियारे मेहराबदार हैं, एक विशाल आँगन भी है और तीन बड़े गुंबदों से मुख्य हॉल ढका हुआ है। इस मस्जिद की नक़्क़ाशी देखने लायक़ है।

4. जामा मस्जिद बुरहानपुर

Photo of दिल्ली के अलावा इन शहरों में भी है ऐतिहासिक जामा मस्जिद, क्या आप इनके बारे में जानते हैं? by Musafir Rishabh

मध्य प्रदेश के एक और प्राचीन शहर बुरहानपुर में भी एक जामा मस्जिद है। बुरहानपुर की जामा मस्जिद की दीवारों पर अरबी और संस्कृत शिलालेख है। 1588 में राजा अली खान द्वारा बनवाई गई यह मस्जिद भारत की एकमात्र ऐसी मस्जिद है जिसमें दो प्राचीन भाषाओं में शिलालेख हैं। जामा मस्जिद की नक़्क़ाशी बेहद शानदार और देखने लायक़ है। एक जगह पर मुग़ल शासक अकबर द्वारा लिखा हुआ एक छोटा लेख दीवार पर स्थापित है। यह जामा मस्जिद सही मायने में भारत की धर्म निरपेक्षता की कहानी बयां करता है।

5. जामा मस्जिद अहमदाबाद

गुजरात के अहमदाबाद शहर में भी एक जामा मस्जिद है। अहमदाबाद की जामा मस्जिद भारत की सबसे बड़ी मस्जिदों में से एक है। इस जामा मस्जिद को 1424 में सुल्तान अहमद शाह द्वारा बनवाया गया था। 80 खंभों पर खड़ी ये जामा मस्जिद बेहतरीन कारीगरी का एक शानदार उदाहरण है। पीले पत्थरों से बनी ये जामा मस्जिद पूर्वी देशों की सबसे खूबसूरत मस्जिदों में से एक है। अहमदाबाद की जामा मस्जिद हिन्दू व मुस्लिम संस्कृति के संगम को दर्शाती है।

6. जामा मस्जिद आगरा

उत्तर प्रदेश का आगरा वैसे तो मोहब्बत की निशानी ताजमहल के लिए जाना जाता है लेकिन यहाँ पर एक बेहद सुंदर जामा मस्जिद भी है। ताजमहल की तरह इस जामा मस्जिद को भी मुग़ल शासक शाहजहाँ ने बनवाया था। लाल बलुआ पत्थर से बनी इस मस्जिद में सफ़ेद संगमरमर का भी इस्तेमाल किया गया है। आगरा की इस जामा मस्जिद का निर्माण 1648 में हुआ था। 130 फ़ीट लंबी और 100 फ़ीट चौड़ी इस मस्जिद में प्रवेश करने के लिए 5 वक्राकर दरवाज़े हैं। जामा मस्जिद के विशाल प्रांगढ़ में एक साथ 10 हज़ार लोग नमाज़ अदा कर सकते हैं। ताजमहल के बाद जामा मस्जिद आगरा की सबसे लोकप्रिय जगहों में से एक है।

भारत में इन जगहों के अलावा भी कई जगहों पर जामा मस्जिदें हैं। अगर आपको उन जामा मस्जिदों के बारे में पता है तो हमें कमेंट बॉक्स में ज़रूर बताएँ।

क्या आपने भारत की इन जगहों की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।