सिर्फ ₹2000 के बजट में मध्य प्रदेश की इन शानदार जगहों को कर सकते हैं एक्सप्लोर

Tripoto
Photo of सिर्फ ₹2000 के बजट में मध्य प्रदेश की इन शानदार जगहों को कर सकते हैं एक्सप्लोर by Rishabh Dev

हर घूमने वाला चाहता है कि कम खर्च में ज्यादा से ज्यादा जगहों पर घूम सके। जो कहते हैं कि घूमना बहुत महंगा है तो उन्होंने अभी अच्छे से घुमक्कड़ी की नहीं है। बजट में घूमना बहुत आसान है। आपको ऐसी जगहों पर जाना है जो कम खर्च हो और देखने के लिए बहुत कुछ हो। अगर आपको ऐसी जगहों के बारे में अब तक पता नहीं है तो वो समस्या हम हल कर देते हैं। आपको मध्य प्रदेश की उन जगहों के बारे में बताते हैं जहाँ आपका कुल खर्च 2000 रुपए भी नहीं आएगा।

1- ओरछा

ओरछा मध्य प्रदेश की काफी पॉपुलर जगहों में से एक है। ओरछा मध्य प्रदेश का एक छोटा-सा कस्बा है जो निवाड़ी जिले में आता है। ओरछा को रामराजा सरकार की नगरी के नाम से भी जाना जाता है। ओरछा में देखने के लिए राजा महल, जहाँगीर महल, शीश महल, चतुर्भुज मंदिर, रामराजा मंदिर, लक्ष्मी पैलेस, राजाओं की छत्रियों और बेतवा नदी के किनारे बने कंचना घाट को देखा जा सकता है। ओरछा में आपको सस्ते से सस्ते से कमरे मिल जाएंगे और खाने के लिए कई सारे ढाबे हैं। दो दिन में आप अच्छे से ओरछा को एक्सप्लोर कर पाएंगे।

2- खजुराहो

खजुराहो मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके में स्थित है। खजुराहो को अपने प्राचीन मंदिरों के लिए जाना जाता है। बजट में घूमने के लिए खजुराहो सबसे शानदार जगहों में से एक है। खजुराहो में आप पश्चिमी समूह मंदिर, पूर्वी समूह मंदिर और दक्षिणी समूह मंदिरों को देख सकते हैं। मंदिरों के अलावा आप यहाँ केन घड़ियाल सैंक्चुरी, ग्रैंड कैन्योन और रनेह वाटरफॉल को भी देख सकते हैं। खजुराहो में एक शानदार तालाब है जहाँ से आप शानदार सूर्यास्त देख सकते हैं। खजुराहो में आपको लोगों की बहुत ज्यादा भीड़ भी नहीं मिलेगी।

3- महेश्वर

महेश्वर को मध्य प्रदेश का बनारस कहा जाता है। यहाँ के घाटों को देखकर आपको बनारस याद आ जाएगा। इस खूबसूरत शहर में देखने के लिए कई खूबसूरत किले और मंदिर हैं। यहाँ आप होल्कर किला, रजवाड़ा, राज राजेश्वर मंदिर, नर्मदा घाट, महाराजाओं की छत्रियाँ, काशी विश्वनाथ मंदिर और महेश्वर गढ़ को देख सकते हैं। महेश्वर की साड़ियाँ भी बहुत प्रसिद्ध हैं। बजट में घूमने के लिए मध्य प्रदेश का ये शहर बढ़िया जगह है।

4- मांडू

मांडू मध्य प्रदेश की सबसे शानदार जगहों में से एक है। मांडू इंदौर से लगभग 90 किमी. दूर मालवा में स्थित है। यहाँ के ऐतिहासिक स्मारक देखने लायक हैं। मांडू में आप हिंडोला महल, जहाज महल, होशांग शाह का मकबरा, जामा मस्जिद, बाज बहादुर का पैलेस, चंपा बावली और अशरफी महल को जरूर देखें। मांडू में ठहरने के लिए कई सारे सस्ते होटल हैं जो आपकी यात्रा को शानदार बना देंगे। मध्य प्रदेश की इस शानदार जगह को जरूर घूमें।

5- चंदेरी

चंदेरी मध्य प्रदेश की उन जगहों में से एक है जो अपनी साड़ियों के लिए काफी फेमस है लेकिन यहाँ देखने के लिए भी बहुत कुछ है। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में स्थित चंदेरी को बावड़ियों का शहर कहा जाता है। चंदेरी में आप किला, बादल महल, जामा मस्जिद, कटी घाटी, रामनगर महल, कौशक महल, राजा रानी महल और चंदेरी संग्रहालय को देख सकते हैं। इस ऐतहासिक जगह को कम एक्सप्लोर किया गया है। आपको यहाँ जरूर आना चाहिए।

6- बुरहानपुर

बुरहानपुर मध्य प्रदेश की एक छोटी-सी जगह है। इस जगह को इसलिए भी जाना जाता है क्योंकि पहले यहीं पर ताजमहल बनने वाला था लेकिन बाद में आगरा में बना। बुरहानपुर में आप असीरगढ़ का किला, शाही किला, दरगाह-ए-हकीमी, शाह नवाज खान का मकबरा और काला ताजमहल को देखा जा सकता है। बुरहानपुर छोटी-सी जगह है तो यहाँ घूमना बहुत महंगा भी नहीं है। आप अपने बजट में अच्छे-से एक्सप्लोर कर पाएंगे।

अगर आप भी मध्य प्रदेश की ऐसी जगहों के बारे में जानते हैं जिनको बजट में एक्सप्लोर किया जा सकता है तो हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।

क्या आपने मध्य प्रदेश की इन जगहों की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।

More By This Author

Further Reads