एडवेंचर का है शौक? भारत के सबसे ऊँचे 7 मोटरेबल पास की करें यात्रा

Tripoto
Photo of एडवेंचर का है शौक? भारत के सबसे ऊँचे 7 मोटरेबल पास की करें यात्रा by Musafir Rishabh

ऊँचाई से दुनिया खूबसूरत और लोग छोटे नजर आते हैं। अगर वो ऊँचाई पहाड़ों की है तो चारों तरफ खूबसूरत नजारे और चेहरे पर ठंडी का स्पर्श होता है जो वाकई कमाल होता है। पहाड़ों पर ऐसी ऊँचाई पर जाने के दो ही रास्ते हैं, एक तो ट्रेकिंग और दूसरा मोटरेबल पास। भारत में सबसे ऊँचाई पर स्थित मोटरेबल पास कौन सा है, खारदुंग ला? अगर आप यही सोचते हैं तो आप गलत है। भारत पहाड़ों का घर है, यहाँ 1-2 नहीं कई मोटरेबल पास हैं। अगर आप ऐडवेंचर के शौकीन हैं तो इन मोटरेबल पास की यात्रा जरूर करें। आपके लिए भारत के सबसे ऊँचे मोटरेबल पास की एक लिस्ट बनाई है जिससे आपको खोजने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी।

1. उमलिंग ला पास

उमलिंग ला पास भारत का नहीं दुनिया का सबसे ऊँचा मोटरेबल पास है। समुद्र तल से 19,300 फुट की ऊँचाई पर स्थित उमलिंग ला पास को 2017 में बीआरओ ने बनवाया था। लद्दाख में स्थित ये पास चिसमुले और देमचुक गाँव को जोड़ता है। उमलिंग ला हानले से 205 किमी. और लेह से 235 किमी. की दूरी पर है। यहाँ आने के लिए आपको परमिट लेना होगा। इस पास तक पहुँचना कठिन है लेकिन नजारे बेहद खूबसूरत हैं।

2. माणा पास

माणा पास उत्तराखंड में इंडो-चाइना बॉर्ड पर स्थित है। माणा पास भारत का दूसरा सबसे ऊँचाई पर स्थित मोटरेबल पास रोड है। भारत के नागरिकों को यहाँ आने के लिए पहले से परमिट लेना पड़ता है। माणा पास को डुंगरी ला के नाम से भी जाना जाता है। समुद्र तल से 18,406 फीट की ऊँचाई पर स्थित ये पास अपनी अलहदा खूबसूरती के लिए भी जाना जाता है। हिमालय के ऐसे नजारे देखकर आपका दिल खुश हो जाएगा।

3. मर्सिमेक ला

समुद्र तल से 18,313 फीट की ऊँचाई पर स्थित मर्सिमेक ला लद्दाख में स्थित है। यहाँ जाने के लिए भी आपको परमिट लेना होगा। आपको मर्सिमेक ला के लिए आसानी से परमिट मिल जाएगा। पैंगोंग लेक के रास्ते से आप मर्सिमेक ला पहुँच सकते हैं। मर्सिमेक ला में चारों तरफ दिखने वाले बर्फ से ढंके पहाड़ आपका मूड बना देंगे। यहाँ तक पहुँचने का रास्ता कठिन तो है लेकिन नामुमकिन है।

4. फोटी ला

भारत के कई मोटरेबल पास ऐसे हैं जिनके बारे में कम ही लोगों को पता है। ऐसा ही एक शानदार मोटरेबल पास है, फोटी ला। लद्दाख में स्थित फोटी ला समुद्र तल से 18,124 फीट की ऊँचाई पर स्थित है। फोटी ला हानले से लगभग 30 किमी. की दूरी पर है। हानले पहुँचने के बाद आप फोटी ला आराम से पहुँच जाएंगे। फोटी ला की यात्रा करने के लिए आपके पास परमिट होना जरूरी है।

5. शिपकी ला पास

हिमाचल अपने पहाड़ों की खूबसूरती के लिए जाना जाता है। इन्हीं वादियों में शानदार शिपकी ला स्थित है। शिपकी ला जाना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है क्योंकि लोगों को जाने की अनुमति नहीं है। अगर आपकी आर्मी से पहचान है तो शायद शिपकी ला को देखने का मौका मिल जाए। अगर आप जाते हैं तो भी सोशल मीडिया और इंटरनेट पर फोटो नहीं डाल सकते हैं। हिमाचल प्रदेश में स्थित शिपकी ला समुद्र तल से 14,000 फीट की ऊँचाई पर स्थित है।

6. काकसांग ला

Photo of एडवेंचर का है शौक? भारत के सबसे ऊँचे 7 मोटरेबल पास की करें यात्रा 1/1 by Musafir Rishabh

लद्दाख के चांगथांग में स्थित काकसांग ला मोटरेबल पास पूरी तरह एक सरप्राइज है। समुद्र तल से 17,841 फीट की ऊँचाई पर स्थित ये मोटरबेल पास एडवेंचर के शौकीनों के लिए परफेक्ट है। काकसांग ला आप माहे, नामा, चुसुल और पैंगोंग लेक के रास्ते से पहुँच सकते हैं। इस रास्ते में दो बेहद खूबसूरत झील मिलेंगी, यायो लेक और मिलपाल त्सो लेक। अगर आपके पास परमिट नहीं है तो आर्मी आपको वापस लौटा देगी।

7. चांग ला

लद्दाख का चांग ला पास खारदुंग ला से भी ऊँचा है। अपार खूबसूरती लिए बैठा चांग ला पैंगोंग लेक के रास्ते में है। चांग ला समुद्र तल से 17,586 फीट की ऊँचाई पर स्थित है। हर साल हजारों लोग इस पास को देखने के लिए आते हैं। ये पास मई-जून में खुला रहता है। बाकी समय बर्फबारी की वजह से बंद रहता है। अगर आपको ऐसी जगहों पर जाना पसंद है चांग ला का प्लान जरूर बनाएं।

8. खारदुंग ला

अब तक तो आप समझ गए होंगे कि खारदुंग ला भारत का सबसे ऊँचा मोटरेबल पास नहीं है। लद्दाख में स्थित खारदुंग ला की समुद्र तल से ऊँचाई 17,582 फीट की ऊँचाई पर स्थित है। खारदुंग ला पास भारत का सबसे फेमस मोटरेबल पास है। हजारों लोग हर साल इस पास को देखने के लिए आते हैं। लद्दाख जाने वाला हर इंसान खारदुंग ला मोटरेबल पास जरूर जाता है। अगर आप अब तक खारदुंग ला नहीं गए हैं तो अगली लद्दाख यात्रा में जरूर जाएं।

क्या आपने इन मोटरेबल पास की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना Telegram पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।