सिंगापुर के ये मार्केट्स देते हैं सरोजिनी नगर को टक्कर

Tripoto
Photo of सिंगापुर के ये मार्केट्स देते हैं सरोजिनी नगर को टक्कर by Kanj Saurav

पिछले कुछ सालों में सिंगापुर भारतीय सैलानियों की पसंदीदा जगह बन गई है। भारत से नज़दीक यह देश, विदेश घूमने का अनुभव लेने के लिए सबसे उम्दा जगह है। सिंगापुर जाना ज़्यादा महँगा नहीं है और इसे कम दिनों में आसानी से घूमा भी जा सकता है। यही कारण है कि देश भर से लोग लगातार सिंगापुर का सफ़र कर रहे हैं। भारतीय पर्यटक जितना घूमना पसंद करते हैं उतना ही खाना और शॉपिंग भी। और जब बात विदेश घूमने की हो तो वहाँ के बाज़ारों की सैर करे बिना वापिस आना तो बेमानी ही है। सिंगापुर में ऐसे कई बाज़ार हैं जहाँ पर भारतीय पर्यटक बिना जेब ढीली किए अच्छे से खरीदारी कर सकते हैं। तो अगर आप सिंगापुर जाने की सोच रहे हैं तो इन सस्ते बाज़ारों का भी रुख करें, हो सकता है आप दिल्ली की सरोजिनी मार्केट को भूल जाएँ।

शॉपिंग के दीवानों के लिए हमने तैयार की है सिंगापुर के सबसे बढ़िया और सस्ते बाज़ारों की यह सूची:

1. बुजीस स्ट्रीट मार्केट

Photo of सिंगापुर के ये मार्केट्स देते हैं सरोजिनी नगर को टक्कर 1/8 by Kanj Saurav
बुगिस स्ट्रीट मार्केट \ श्रेय

अगर आप सिंगापुर आए और बुजीस स्ट्रीट मार्केट घूमें बिना चले गए तो क्या ही सिंगापुर देखा! यह स्ट्रीट मार्किट आपको अपनी विशालता से हैरान कर देगी। और अगर आप यह पूरा बाज़ार घूमना चाहते हैं तो दो-तीन चक्कर तो लगाने ही पड़ेंगे क्योंकि एक बार में सब देख पाना मुमकिन ही नहीं है। यहाँ आपको अपने परिवारजनों और मित्रों के लिए सिंगापुर से ले जाने के लिए भेंट, सस्ती ज्वेलरी, कपड़े और जूते मिल जाएँगे। पैनी नज़र वाले टूरिस्ट यहाँ पर मोलभाव कर के सस्ते में बढ़िया चीज़ें ले जा सकते हैं। यहाँ खान-पान की सामग्री भी मिलती है जैसे पारम्परिक साटे, तले-भुने स्नैक्स आदि। अगर सिंगापुर के आम लोगों के स्टाइल और फैशन को समझना है तो इस जगह पर जाना तो बनता ही है।

क़ीमत: कपड़ों की क़ीमत 5 सिंगापुर डॉलर (करीब ₹250) से शुरू होती है। स्वादिष्ट व्यंजन आपको ₹50 से ₹100 में मिल जाएँगे।

2. मुस्तफ़ा सेंटर

Photo of सिंगापुर के ये मार्केट्स देते हैं सरोजिनी नगर को टक्कर 2/8 by Kanj Saurav
मुस्तफ़ा सेंटर \ श्रेय

शॉपिंग करने का बड़ा मन था पर देर रात हो गई? घबराईए नहीं, मुस्तफ़ा सेंटर साल के 365 दिन 24 घंटे खुला रहता है। यहाँ पर आपको इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर ज्वेलरी और जूते तक मिल जाएँगे, और कीमतें भी बिलकुल कम। मुस्तफ़ा सेंटर मॉल की तरह बना है और कई बार टूरिस्ट ये अंदाज़ा नहीं लगा पाते कि यहाँ इतनी सस्ती चीज़ें भी मिल पाएँगी।

क़ीमत: वैसे तो यहाँ पर मिलने वाले सामान की न्यूनतम क़ीमत ₹50 है, पर आप के जेब में ₹500 से ₹1000 हैं तो आप झोली भर कर वापस आएँगे।

3. लकी प्लाज़ा

Photo of सिंगापुर के ये मार्केट्स देते हैं सरोजिनी नगर को टक्कर 3/8 by Kanj Saurav
लकी प्लाज़ा \ श्रेय

ये बाज़ार आपको सिंगापुर के पुराने बाज़ारों से रुबरू कराएगा। देसी-विदेशी पर्यटकों में मशहूर इस बाज़ार में रोज़मर्रा का सामान, घड़ी, कलाकृति, सनग्लासेज़, इत्र और सुगन्धित तेल इत्यादि कम क़ीमत पर मिलते हैं। ये एक पुरानी ईमारत में बना है और शॉपिंग के अलावा आप यहाँ सिंगापुर की संस्कृति को समझने का काम भी कर सकते हैं।

कीमत: आपको यहाँ कई चीज़ें ₹250 से शुरू होती मिलेंगी। ₹1500 से ₹2000 में आप अपने सभी दोस्तों के लिए तोहफ़े ला सकते हैं।

4. चाइना टाउन

Photo of सिंगापुर के ये मार्केट्स देते हैं सरोजिनी नगर को टक्कर 4/8 by Kanj Saurav
चाइना टाउन \ श्रेय

चाइना टाउन सिंगापुर के सबसे बड़े स्ट्रीट मार्केट्स में से एक है। यहाँ पर आपको कई तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, एंटीक्स और तोहफ़े में देने वाला सामान मिल जाएगा। यहाँ कम दामों पर उम्दा खाना भी मिल जाता है जिसे आप उँगलियाँ चाटते हुए खाते चले जाएँगे। यहाँ जाएँ तो साटे, मोमोज़, चिकन चावल और लाक्सा खाना ना भूलें।

कीमत: अगर आपको 1 सिंगापुर डॉलर (₹50) से भी काम में चीज़ें मिल जाएँ तो हैरान ना हों। अच्छी तरह से शॉपिंग करने के लिए अपनी जेब में ₹1000 से ₹2000 ही काफी हैं।खें।

5. हाज़ी लेन

Photo of सिंगापुर के ये मार्केट्स देते हैं सरोजिनी नगर को टक्कर 5/8 by Kanj Saurav
हाज़ी लेन \ श्रेय

सिंगापुर के आम मिजाज़ से थोड़ा अलग, हाजी लेन आपको एक अलग ही दुनिया में ले जाता है। यह जगह मध्य-पूर्वी एशिया के खान-पान के लिए मशहूर है। साथ ही यहाँ कई बूटिक्स और फैशन हाउस हैं जहाँ पर आप स्टाइलिश कपड़े वाजिब दामों पर खरीद सकते हैं। कलाकृतियों और पेंटिंग्स से सजी ये गली फोटोज़ लेने के लिए भी बढ़िया जगह है।

कीमत: यहाँ के रेस्त्रां में दो लोग ₹500 से ₹600 में आराम से पेट भर सकते हैं। शॉपिंग का आनंद लेने के लिए जेब में ₹3000 से ₹5000 रखें।

6. लिटिल इंडिया आर्केड

Photo of सिंगापुर के ये मार्केट्स देते हैं सरोजिनी नगर को टक्कर 6/8 by Kanj Saurav
लिटिल इंडिया आर्केड \ श्रेय

अगर भारत के बाहर आपको भारतीय कपड़े खरीदने का अनुभव लेना है तो लिटिल इंडिया आर्केड जाएँ। इस बाज़ार के चारों तरफ आपको भारतीय रंग देखने को मिलेगा। यहाँ भारतीय मसाले और मिठाईयों की दुकानें भी मिल जाएँगी। हो सकता है किसी भारतीय प्रवासी से जान-पहचान भी निकल आए।

कीमत: यहाँ आपको कुछ चीज़ों की कीमतें भारत से थोड़ी ज़्यादा लगेंगी, पर देसी चीज़ों के शौक़ीन और मोल भाव के एक्सपर्ट ₹1000 से ₹2000 में यहाँ भी अच्छे से शॉपिंग कर सकते हैं।

7. सुंगई रोड चोर बाज़ार

Photo of सिंगापुर के ये मार्केट्स देते हैं सरोजिनी नगर को टक्कर 7/8 by Kanj Saurav
सुंगई रोड चोर बाज़ार \ श्रेय

जी नहीं, यहाँ चोरी का सामान नहीं मिलता बल्कि बहुत ही कम कीमतों पर अतरंगी वस्तुओं का खज़ाना मिल जाता है। यहाँ कभी क्या मिल जाए ये बता पाना मुश्किल है। तो बिना किसी अपेक्षा के जाएँ, हो सकता है आप कोई ऐसा सामान ले आएँ जिसके बारे में आप तब तक जानते भी नहीं थे।

कीमत: सुंगई बाज़ार में आपको ₹50 से ₹500 में ही काफी कुछ मिल जाएगा। पेट भरने के लिए इससे बेहतर कोई जगह नहीं मिल पाएगी।

8. हॉलैंड विलेज

Photo of सिंगापुर के ये मार्केट्स देते हैं सरोजिनी नगर को टक्कर 8/8 by Kanj Saurav
हॉलैंड विलेज \ श्रेय

आम तौर पर युवाओं को आकर्षित करने वाला हॉलैंड विलेज, कलाकृतियों, वाद्य-यंत्रों, कालीनों और क़िताबों के लिए जाना जाता है। यहाँ का शांत माहौल दूसरे बाज़ारों से अलग है और आप तसल्ली से यहाँ के वातावरण में घुल कर अपने परिवारजनों और दोस्तों के लिए खरीदारी कर सकते हैं।

कीमत: हॉलैंड बाज़ार ₹2000 से ₹4000 लेकर जाएँ और बढ़िया सामान खरीदने का लुत्फ़ उठाएँ।

मचल गया ना मन शॉपिंग करने के लिए ? तो फिर देर किस बात की जल्द ही बुक कराएँ सिंगापुर की टिकट और निकल पड़िए इन बाज़ारों की ओर।

सिंगापुर टूरिज़्म बोर्ड के सौजन्य से