वर्ल्ड टूरिज्म डे 2021: विश्व के 10 सबसे ज्यादा देखे जाने वाले शहर, हर साल लाखों लोग करते हैं यात्रा

Tripoto
Photo of वर्ल्ड टूरिज्म डे 2021: विश्व के 10 सबसे ज्यादा देखे जाने वाले शहर, हर साल लाखों लोग करते हैं यात्रा by Deeksha

घुम्मकड़ होना दुनिया का सबसे सुखद एहसास है। अलग-अलग जगहों पर जाना, नई चीजें देखने और समझना, नए लोगों से बातें करना हमेशा यादगार होता है। हर साल लगभग 1.5 बिलियन से भी ज्यादा लोग अपने घरों से घूमने निकलते हैं। इनमें से कुछ लोग अपने देश में घूमना पसंद करते हैं वहीं कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो विदेश यात्राओं पर जाने का प्लान बनाते हैं। जगह चाहे कोई भी हो इतना पक्का है कि विश्व में घुमक्कड़ों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। लेकिन क्या आप जानते हैं दुनिया में वो कौन से शहर हैं जिनको देखने सबसे ज्यादा लोग आते हैं? अगर आप ये नही जानते हैं तो आपकी कुछ मदद हम कर देते हैं।

1. बैंगकॉक, थाईलैंड

थाईलैंड की राजधानी बैंगकॉक विश्व का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला शहर है। बैंगकॉक में अकेले एक साल में 22 मिलियन से भी ज्यादा विदेशी पर्यटक आते हैं जिसकी वजह से ये शहर पर्यटन स्थलों की सूची में टॉप पर है। बैंगकॉक की रंग बिरंगी दुनिया सभी घुमक्कड़ों को पसंद आती है। फिर चाहे वो सड़कों पर दौड़ते हुए टुक टुक की सवारी हो या बैंगकॉक की सड़कों पर यूँ ही टहलने का मजा, बैंगकॉक में आपको सभी चीजों का मजा मिलेगा। बैंगकॉक में आप बाजारों में घूम सकते हैं, तमाम आकर्षक मंदिरों को देख सकते हैं और चाइनाटाउन की शानदार नाइटलाइफ को भी एन्जॉय कर सकते हैं।

2. पेरिस, फ्रांस

पेरिस विश्व का दूसरा सबसे ज्यादा देखा जाने वाला शहर है। अगर सिर्फ यूरोप की बात करें तो पेरिस में सबसे ज्यादा पर्यटक आते हैं। पेरिस में एक साल में कुल 19.11 मिलियन विदेशी पर्यटक आते हैं जो इस शहर की खूबसूरती में डूब जाते हैं। पेरिस में वो सभी चीजें और अनुभव हैं जो एक जगह को परफेक्ट हॉलीडे डेस्टिनेशन बनाती हैं। यहाँ लोग घूमने तो आते ही हैं लेकिन साथ ने हनीमून मनाने वालों की लिस्ट में भी पेरिस टॉप पर रहता है। एफिल टावर, नोट्रे-डैम, द लूव्र जैसी खुबसूरत जगहें एक शहर की शान को और भी बढ़ा देती हैं। पेरिस यकीनन उन शहरों में से है जिन्हें आपको ज़रूर घूमना चाहिए।

3. लंदन

इस बात में कोई शक नही है कि लंदन विश्व के सबसे लोकप्रिय शहरों में से है। लंदन की गिनती हमेशा से दुनिया के सबसे खूबसूरत और देखने लायक शहरों में होती आई है। लंदन में हर साल लगभग 19.09 मिलियन पर्यटक आते हैं जो इस शहर के गोथिक और ऐतिहासिक आर्किटेक्चर की चमक में खो जाते हैं। इतिहास से लगाव रखने वाले लोगों के लिए लंदन किसी स्वर्ग से कम नहीं है। लंदन के हरे-भरे बगीचे, सुंदर सिटी सेंटर, समकालीन आर्ट, थिएटर और बेहतरीन फिल्में सभी पर्यटकों को खूब पसंद आती हैं। यदि आप किसी विदेश यात्रा पर जाने का मन बना रहे हैं तो लंदन आपकी लिस्ट में जरूर शामिल होना चाहिए।

4. दुबई

दुबई में देखने के लिए इतना सबकुछ है कि आप हैरान रह जाएंगे। आधुनिक सुख सुविधाओं वाले इस शहर को देखने हर साल दुनिया के कोने कोने से तकरीबन 15.93 मिलियन पर्यटक आते हैं। दुबई ने हर फील्ड में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। दुबई में डेजर्ट सफारी का भी खूब क्रेज है। दुबई में बीच, गार्डन और नाइटलाइफ एन्जॉय करने के लिए तमाम पार्टी क्लब्स भी हैं। दुबई हर तरह से संपन्न शहर है। यहाँ का माहौल आपको जरूर अच्छा लगेगा। मॉडर्न आर्किटेक्चर और ऊँची इमारतों वाला ये शहर सभी घुमक्कड़ों को अपना बना लेता है। यदि आप कहीं घूमने जाना चाहते हैं तो दुबई आपकी लिस्ट में जरूर होना चाहिए।

5. सिंगापुर

हरियाली और अविष्कारों से भरपूर सिंगापुर वो शहर है जिसको भविष्य को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। सिंगापुर में हर चीज बेहद खास तरीके से बनाई गई है। फिर चाहे वो शहर की यातायात व्यवस्था की बात हो या सिंगापुर के बगीचों और बिल्डिंगों की, इस शहर में सभी चीजें एकदम सटीक पाई जाती हैं। हर साल 14.67 मिलियन लोग सिंगापुर घूमने आते हैं। सिंगापुर खानपान के मामले में भी समृद्ध शहर है। यहाँ आपको लाजवाब स्ट्रीट फूड से लेकर आलीशान रेस्तरां तक सभी चीजें मिलेंगी। सिंगापुर घूमने के लिए बढ़िया जगह है और यदि आप भी इस शहर की खूबसूरती को देखना चाहते हैं तो आपको अब और देर नही करनी चाहिए।

6. कुआला लम्पुर

मलय, चीनी और भारतीय मूल के लोगों का बेहतरीन मिश्रण वाला कुआला लम्पुर यकीनन खास है। कुआला लम्पुर में एक साल में लगभग 13.79 मिलियन विदेशी पर्यटक आते हैं जो इस शहर को विश्व के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले शहरों में से एक बनाता है। कुआला लम्पुर में आपको ऐतिहासिक विरासत और मॉडर्न लुक का बढ़िया तालमेल देखने के लिए मिलेगा। मंदिर, मस्जिदों से लेकर आकर्षक बाजारों तक कुआला लम्पुर की सभी चीजें इसको बाकी शहरों से अलग बनाती हैं। घुमक्कड़ों को कुआला लम्पुर की यात्रा जरूर करनी चाहिए।

7. न्यू यॉर्क

न्यू यॉर्क को सपनों का शहर भी कहा जाता है। यदि आप अमरीका गए और आपने न्यू यॉर्क की सड़कों को नहीं छाना तब आपका अमेरिका जाना बेकार है। न्यू यॉर्क में हर साल 13.60 मिलियन लोग घूमने के लिए आते हैं। कुछ लोग न्यू यॉर्क की चकाचौंध देखना चाहते हैं तो कुछ शहर के उन अनछुए इलाकों की सैर करना चाहते हैं जो दूसरों की नजर से बचे रह गए हैं। न्यू यॉर्क का आर्ट, कल्चर, डांस, खाना सभी चीजें बेहद खूबसूरत हैं। यहाँ साहित्य और थिएटर की अलग पहचान है। न्यू यॉर्क में आप लाजवाब रेस्तरां एक्सप्लोर कर सकते हैं और शहर की जानी मानी जगहों पर भी जा सकते हैं। यदि आपको घुमक्कड़ी से लगाव है तो आपको कभी न कभी न्यू यॉर्क ट्रिप जरूर प्लान करनी चाहिए।

8. इस्तांबुल

तुर्की का इस्तांबुल भी घुमक्कड़ों के सबसे पसंदीदा शहरों में से एक है। इस्तांबुल में हर साल 13.40 मिलियन लोग घूमने आते हैं। इस्तांबुल विश्व का वो ऐतिहासिक शहर है जिसकी पहचान सबसे अलग है। शायद ही कोई इतिहास प्रेमी होगा जिसने इस्तांबुल जाने के बारे में नहीं सोचा होगा। ग्रीक और रोमन साम्राज्य के दौर में गहरी छाप छोड़ने वाले इस्तांबुल में आप कुछ बेहद शानदार तरीके से बनाए गए मस्जिद और चर्च देख सकते हैं। इस्तांबुल में खानपान और साहित्य का भी काफी महत्व है। इसके अलावा इस शहर में ट्रेकिंग और ऑफ रोडिंग करने के लिए भी तमाम विकल्प मौजूद हैं।

9. टोक्यो

विश्व में अगर कोई शहर है जिसका भविष्य उसकी आज की प्लानिंग और व्यवस्थित मैनेजमेंट में दिखाई देता है तो वो है टोक्यो। साफ सुथरी सड़कें, मॉडर्न डिजाइन से तैयार की गईं ऊंची इमारतें और तेज रफ्तार से चलती जिंदगी टोक्यो को विश्व के सबसे अधिक देखे जाने वाले शहरों में शुमार करती हैं। टोक्यो में सालाना 12.93 मिलियन पर्यटक आते हैं। टोक्यो जापान का वो शहर है जहाँ सभी चीजें इंटरनेट और आधुनिक तकनीकों को इस्तेमाल करके बनाई गईं हैं। लेकिन यदि आप सोच रहे हैं कि टोक्यो में आलीशान महलों के अलावा और कुछ नहीं है तो आपको टोक्यो का स्ट्रीट फूड ट्राई करना चाहिए। यकीन मानिए टोक्यो जैसा स्ट्रीट फूड आपको पूरी दुनिया में और कहीं नहीं मिलेगा।

10. अंताल्या

अगर आप रोमांटिक वेकेशन प्लान करना चाहते हैं तुर्की के अंताल्या से बेहतर शहर आपको नही मिलेगा। इस शहर को रोमांस की नगरी कहा जा सकता है। अंताल्या में हर साल 12.41 मिलियन पर्यटक आते हैं जिसमें ज्यादातर लोग हनीमून मनाने के लिए आते हैं। अंताल्या में एन्जॉय करने के लिए काफी चीजें हैं। आप अपने पार्टनर के साथ रिलैक्सिंग मसाज और स्पा थेरेपी का आनंद ले सकते हैं या किसी रेस्तरां में कैंडल लाइट डिनर के लिए जा सकते हैं। इसके अलावा अंताल्या में तुर्की के इतिहास से जुड़ी तमाम चीजें हैं जो देखने लायक हैं। आपकी अगली विदेश यात्रा के लिए अंताल्या सबसे बढ़िया जगहों में से है।

क्या आपने इनमें से किसी जगह की यात्रा की है ? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें