सोलो ट्रिप को बेहतरीन बनाना चाहते हो तो भूलकर भी मत करना ये गलतियाँ!

Tripoto
Photo of सोलो ट्रिप को बेहतरीन बनाना चाहते हो तो भूलकर भी मत करना ये गलतियाँ! by Deeksha

कहते हैं यदि आप खुद को अच्छे से समझना चाहते हैं तो दिन में कुछ समय अपने लिए जरूर निकालना चाहिए। घर में परिवार के साथ रहते हुए ऐसा करना शायद मुश्किल हो सकता है। लेकिन यदि आप सोलो ट्रिप पर जाने का प्लान बनाते हैं तो ये काम आप आसानी से कर सकते हैं। अकेले घूमने के बहुत सारे फायदे हैं। इनमें सबसे बड़ा फायदा ये कि आप अपने मुताबिक सारी प्लानिंग करने की आजादी मिलती है। आपका जिस जगह जब मन करे घूमने जा सकते हैं। आपको किसी के लिए इंतजार नहीं करना होता है। लेकिन सोलो ट्रेवल करना जितना आसान लगता है इतना होता नहीं है। अकेले ट्रेवल करते समय आपको बहुत सारी चीजों का ध्यान रखना होता है। क्योंकि आप अकेले होते हैं तो इसमें गलतियों का होना भी जायज सी बात है। आपकी ट्रिप सफल रहे इसके लिए हमने सोलो ट्रिप पर जाने वाले घुमक्कड़ों द्वारा की जानी वाली कुछ आम गलतियों की सूची तैयार की है।

1. हॉस्टल जरूरी नहीं

सोलो ट्रेवल करते समय ज्यादातर लोग हॉस्टल में ठहरना पसंद करते हैं। हॉस्टल में रहने के कई फायदे हैं। आप नए लोगों से मिलते हैं, आपको बाकी घुमक्कड़ों की कहानियां सुनने को मिलती हैं और भी बहुत कुछ। लेकिन क्या हर सोलो ट्रिप पर हॉस्टल में रहना जरूरी है? अगर आपको इसका जवाब नहीं मालूम है तो जान लीजिए ऐसा करना बिल्कुल भी जरूरी नहीं है। यदि आप कम बजट वाली यात्रा कर रहे हैं तो ये ऑप्शन एकदम ठीक है। लेकिन यदि आप अपनी ट्रिप में सुरक्षा, आरामदायक मौहल और शांति ढूंढ रहे हैं तो आपको हॉस्टल की जगह होमस्टे में रहना चाहिए। क्योंकि होमस्टे स्थानीय लोगों द्वारा चलाए जाते हैं इसलिए आपको वहाँ लोकल कल्चर का भी बढ़िया स्वाद मिलेगा, जो शायद आपको किसी हॉस्टल में ना मिले। लेकिन यदि आप नए दोस्त बनाना चाहते हैं तो यकीनन हॉस्टल आपके लिए सही जगह होगी।

2. कैश की कमी

आज की आधुनिक और डिजिटल दुनिया में हम अपने फोन से ही पेमेंट करना सही समझते हैं। फिर चाहे वो किसी दुकान से खरीदे गए सामान के लिए पैसे देने हों या ऑनलाइन बुकिंग करते समय किसी चीज का पेमेंट करना हो। हम ज्यादातर समय ऑनलाइन बैंकिंग इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। कुछ हद तक ये सही भी है। लेकिन यदि आप अकेले ट्रेवल कर रहे हों तो आपको अपने साथ एक्स्ट्रा कैश जरूर रखना चाहिए। जिसे आपको अपने बाकी के खर्च से एकदम अलग जगह पर रखना चाहिए। इन पैसों को रखने के लिए आपको अपने सामान में जो जगह ठीक लगती हो, आप उसका इस्तेमाल कर सकते हैं। आमतौर पर लोग अपने जूतों में एक्स्ट्रा पैसे रखना पसंद करते हैं। यदि आप ग्रुप में ट्रेवल कर रहे हैं तो पैसे खत्म है जाने पर भी आपको परेशानी नहीं होगी। लेकिन यदि आप सोलो ट्रिप पर हैं तो आपके पास कैश होना बहुत जरूरी हो जाता है।

3. ड्रिंकिंग पर रखें कंट्रोल

अपने आप को ठीक और सुरक्षित रखना भी अपने पैसों और चीजों को संभालने जितना ही महत्वपूर्ण है। इसलिए यदि आप अकेले ट्रेवल कर रहे हैं तो आपको शराब पीने पर भी थोड़ा कंट्रोल रखना चाहिए। अक्सर ऐसा होता है कि आप ट्रिप पर नए लोगों से मिलते हैं। बातों-बातों में आप उन्हीं लोगों के साथ हैंगआउट करना शुरू कर देते हैं और आगे जाकर ड्रिंक करने का प्लान बनना जाहिर सी बात है। ऐसे में आपका अपने ऊपर नियंत्रण रखना बहुत जरूरी है जाता है। टूरिस्ट हमेशा चोरों के लिए सबसे आसान निशाना होते हैं। यदि आप नशे में रहेंगे तो उनका काम और भी आसान हो जाता है। इसके अलावा एक और वजह है जिसके कारण आपको ड्रिंक करने पर काबू रखना चाहिए। अक्सर लोग शराब के नशे में डूबे लोगों की मदद करने से कतराते हैं। ऐसे में यदि आप अपने होटल का रास्ता भूल जाते हैं तो आपको उसमें भी परेशानी उठानी पड़ सकती है।

4. बुकिंग जरूर करें

Photo of सोलो ट्रिप को बेहतरीन बनाना चाहते हो तो भूलकर भी मत करना ये गलतियाँ! 3/6 by Deeksha

हमे अक्सर ऐसा लगता है कि बिना प्लान और होटल बुकिंग करे सफर पर निकल जाना बहुत आसान होता है। लेकिन वास्तव में ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। आप एक बार बिना प्लानिंग के घूम तो सकते हैं लेकिन पहले से होटल या गेस्ट हाउस ना बुक करने पर आपको दिक्कतें हो सकती हैं। अगर आपका अपनी ट्रिप में किसी फेमस म्यूजियम या अन्य टूरिस्ट डेस्टिनेशन जाने का प्लान है, तो उसके लिए भी आपको पहले से ऑनलाइन बुकिंग कर लेनी चाहिए। ग्रुप में दोस्तों के साथ घूमने में टिकट लेने के लिए लाइन में लगना मजेदार होता है। लेकिन अकेले ऐसा करना बहुत बोरिंग और समय की बर्बादी करना होगा। किसी भी जगह जाने से पहले उसके टिकट के लिए ऑनलाइन जरूर चेक कर लेना चाहिए। ऐसा करने से ना केवल आपका समय बचेगा बल्कि आप लोगों की भीड़ से भी बच जाएंगे।

5. प्लान बी जरूर रखें

Photo of सोलो ट्रिप को बेहतरीन बनाना चाहते हो तो भूलकर भी मत करना ये गलतियाँ! 4/6 by Deeksha
श्रेय: फ्री पिक

प्लान बी का होना केवल सोलो ट्रेवल ही नहीं बल्कि ग्रुप में घूमते समय भी जरूरी होता है। प्लान बी यानी जब भी आप कहीं बाहर घूमने जाएँ, अपने परिवार या किसी जानने वाले को अपनी लोकेशन के बारे में जरूर बताते रहें। ऐसा करने के एक नहीं बल्कि कई फायदे हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण है कि अगर आप किसी मुश्किल में पड़ जाते हैं तो आपका परिवार और दोस्तों को आपकी मदद करने में आसानी होगी। वो तुरंत आपकी लोकेशन देखकर उस जगह पहुँच सकते हैं। इसके लिए आप स्मार्ट फोन, ईमेल या एक आसान से मेसेज कर सकते हैं। इसके अलावा ऐसा भी हो सकता है कि आप जिस जगह घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं, आपकी जान पहचान में कोई पहले ही उस जगह पर जा चुका हो। ऐसे में अगर आपके पास प्लान बी है, तो वो इंसान आपको घूम लायक और भी कई जगहों के बारे में बता सकता है।

6. ज्यादा प्लानिंग से बचें

घुमक्कड़ी में प्लानिंग करके शेड्यूल बनाना अच्छी बात है लेकिन जरूरत से ज्यादा प्लानिंग करना एकदम सही नहीं है। अक्सर ऐसा होता है कि जब हम घूमने जाते हैं तो उसके पहले हम जगह के बारे में थोड़ी रिसर्च जरूर करते हैं। इससे आपको किसी भी नए शहर की सबसे फेमस और लोकप्रिय जगहों के बारे में पता चलता है। रिसर्च करके प्लानिंग करना अच्छा होता है। लेकिन जब आप सोलो ट्रेवल कर रहे हों तो आपकी कोशिश कम प्लानिंग और टाइट शेड्यूल से बचने की होनी चाहिए। आप एक दिन में सब नहीं देख सकते ये बात आपको समझनी चाहिए। ऐसा करने से आप धीरे धीरे उस जगह को महसूस कर पाएंगे जो आपकी ट्रिप का सबसे अनोखा एहसास होगा। सोलो ट्रेवल करते समय हमेशा एक चीज का ध्यान रखना चाहिए। सारी जगहें देखने के चक्कर में कहीं अपने आप से जुड़ने को मौका कभी खोना नहीं चाहिए।

7. बातचीत

बहुत लोगों के लिए अकेले ट्रेवल करना मजेदार होता है। लेकिन कुछ घुमक्कड़ ऐसे भी होते हैं जिन्हें किसी के साथ या ग्रुप में घूमना पसंद होता है। मेरे हिसाब से अगर आप सचमुच में अपने आप को जानना चाहते हैं तो आपको एक बार जरूर अकेले ट्रेवल करना चाहिए। जरूरी नहीं है कि आपकी हर सोलो ट्रिप अच्छे अनुभवों से भरी हो। लेकिन यदि आप अपनी ट्रिप को यादगार बनाना चाहते हैं तो आपको स्थानीय लोगों से बातें करने से पीछे नहीं हटना चाहिए। अगर आप कुछ पूछना चाहते हैं तो आपको बिना डरे लोगों की मदद ले लेनी चाहिए। इसके अलावा यदि आप जगह के बारे में जानना चाहते हैं तो उसके लिए भी आपको बिना शर्म करे आराम से पूछ लेना चाहिए। ऐसा करने का सबसे आसान तरीका है किसी कैफे या दुकानवाले से बात करना। आप उनकी दुकान पर जाकर कुछ सामान खरीदते हुए उनसे बातें कर सकते हैं।

क्या आपने सोलो ट्रेवल किया है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।

More By This Author

Further Reads