मुसाफिर अंजाने रास्तों पर चलने और नई जगहों को खोजने में कभी नहीं घबराते | घूमना-फिरना कुछ ऐसे बेहतरीन पाठ पढ़ा देता है जिसके दम पर ये कहीं भी यूँ घुल जाते हैं जैसे चाय में चीनी! हर याद एक कहानी बन जाती है जो मुसाफिरों की ज़िंदगी की किताब में जुड़कर इसे और दिलचस्प कहानी बना देती है |
मगर इससे पहले कि आप अपने आप को एक मन्झा हुए मुसाफिर का अवार्ड खुद ही दे दें, ये बताएं कि क्या आपने इन जगहों का सफर किया है?
1. जम्मू कश्मीर में बंजारों सा जीवन
झरने, चरागाह, पहाड़ और पहाड़ों से निकलती नदियाँ | कश्मीर इतना खूबसूरत है कि बयान करने के लिए लफ्ज़ नहीं जुड़ते | भारत के उत्तर में स्थित इस राज्य में आप यहाँ की हरी-भरी वादियों में खो जाएँगे | सर्दियों के मौसम में राज्य की राजधानी जम्मू में आप वैष्णो देवी माँ के दरबार में जाते श्रद्धालुओं को देखेंगे तो लद्दाख में नज़र आएगा हज़ारों रंग बदलता आसामान| जम्मू कश्मीर जाकर ही आप जान सकेंगे कि आखिर क्यों इसे धरती पर स्वर्ग कहा जाता है।

2. उत्तराखंड की पहाड़ियों में बैकपैकिंग
कहते हैं जितना जानोगे, उतना लगेगा कि तुम कितना कम जानते हो | वैसे तो उत्तराखंड को हिमाचल का छोटा भाई माना जाता है , मगर इसका ये मतलब नहीं कि ये किसी भी रूप में हिमाचल से पीछे है | उत्तराखंड में मस्ती करने के लिए आपको खुलकर घूमना होगा| यहाँ आपको रोमांचक खेल भी मिलेंगे तो शांत हिल स्टेशन भी | ऋषिकेश में राफ्टिंग, जिम कॉर्बिट में बाघ दर्शन, औली में स्कीइंग, दुनिया के सबसे ऊँचे शिव मंदिर तुंगनाथ की चढ़ाई आदि आपको रोमांच का एक अलग एहसास करवाएँगे |

3. जब पर्वत पुकारे तो निकल जाइए- हिमाचल प्रदेश
ये राज्य इतना सुंदर है कि आपको पहली नज़र में ही प्यार हो जाएगा | वैसे तो बहुत से मुसाफिर हिमाचल जाते हैं, मगर आज भी हिमाचल के कई हिस्से ऐसे हैं जो लोगों की पहुँच से दूर हैं | यहाँ के पहाड़ी गाँव सभ्यता की एक नई तस्वीर पेश करते हैं और नीले आसमान में तैरते बादल रूई के टुकड़ों जैसे लगते हैं | बहुत से सैलानी और नवविवाहित जोड़े हिमाचल घूमने जाते हैं मगर यहाँ के अनछुए हिस्सों तक नहीं पहुँच पाते | ज़िंदगी में एक बार तो अकेले हिमाचल ज़रूर घूमिए |


4. लक्षद्वीप के साफ समंदर में गोताखोरी
ये उन लोगों के लिए है जिन्हें पानी के अंदर मज़ा आता है | लक्षद्वीप समूह भारत के दक्षिण-पश्चिम में बसा हुआ है | अगर आपको समुद्रतट और वाटर स्पोर्ट्स पसंद हैं तो लक्षद्वीप से बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती | एक द्वीप से दूसरे द्वीप घूमते हुए यहाँ जलीय जंतुओं की कई प्रजातियाँ देखी जा सकती है |
5. हिन्दुस्तान का दिल देखो - मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश में विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक इमारतों के अलावा भी बहुत कुछ है | यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता और वन्य जीवन आपको हैरान कर देंगे | यहाँ के रिज़र्व और अभयारण्य देखने ले लिए एक बढ़िया सा रिज़ोर्ट बुक करवाए, सुकून से रहते हुए जंगलों में सफारी के लिए जाएँ |
6. शांति का प्रतीक- अरुणाचल प्रदेश
भारत की विविध संस्कृतियों में उत्तर-पूर्वी राज्यों की बात ना की जाए तो जमेगा नहीं | और अगर बात करें अरुणाचल प्रदेश की, तो ये समझना ज़रूरी है कि इस राज्य की संस्कृति अनुभव करने दुनिया भर से लोग आते हैं |अरुणाचल में घूमते हुए आप समय का हिसाब रखना भूल जाएँगे क्योंकि इस जगह को ऊपरवाले ने कुदरती खूबसूरती से नवाज़ा है |

7. राजस्थान में राजसी शान-ओ-शौकत का एहसास
आज भी लोग इस राज्य में राजसी कहानियाँ बड़ी दिलचस्पी से सुनाते हैं | राजस्थान में वास्तुकला के नायाब नमूने हैं जिन्हे देख कर आपको राजाओं की शान-ओ-शौकत का अंदाज़ा लगेगा | रंगीन पगड़ियों और रेत के सुनहरे टीलों का संगम बड़ा ग़ज़ब लगता है | राजस्थान जैसे विशाल राज्य में हों और राजसी ठाठ-बाट से मौज ना करें, ऐसा नहीं हो सकता |

8. कुछ दिन तो गुज़ारिये गुजरात में, कच्छ के रण में
अगर भारत में ज़्यादा नहीं घूमें है तो ये जगह आपके होश उड़ा देगी | कच्छ के रेगिस्तान में दूर-दूर तक फैला सफेद नमक चाँदनी रात में जन्नत का एहसास दिलाता है | इसे दुनिया का सबसे बड़ा नमक का रेगिस्तान भी माना जाता है | मानने की बात करें तो भारत में बर्ड वाचिंग के लिए सबसे बढ़िया जगह भी इसे ही माना जाता है | नवंबर से फ़रवरी के महीनों में जाएँगे तो बहुत से अनोखे पक्षी देख पाएँगे |

भारत यूँ तो एक देश है मगर यहाँ बैकपैकिंग करते हुए किसी महाद्वीप में घूमने जैसा महसूस होता है | तो अच्छे से घूमिये और नई चीज़ें अनुभव कीजिए, क्योंकि ज़िंदगी ना मिलेगी दोबारा |
कैसा लगा आपको यह आर्टिकल, हमें कमेंट बॉक्स में बताएँ।
अपनी यात्राओं के अनुभव को Tripoto मुसाफिरों के साथ बाँटने के लिए यहाँ क्लिक करें।
बांग्ला और गुजराती के सफ़रनामे पढ़ने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।
रोज़ाना Telegram पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।
यह आर्टिकल अनुवादित है | ओरिजिनल आर्टिकल पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें |