कुर्ग की ये अनछुई और छिपी हुई जगहें आपके होश उड़ा देंगी

Tripoto
Photo of कुर्ग की ये अनछुई और छिपी हुई जगहें आपके होश उड़ा देंगी by Musafir Rishabh

अगर आपके सामने खूबसूरत पहाड़, चारों तरफ काॅफी के बागान, कलकल बहती नदी और आसमान में तैरते बादल हों तो शायद आपका उस जगह से जाने का मन नहीं करेगा। ऐसी ही खूबसूरती को लिए बैठा है कुर्ग। कुर्ग जहाँ की खूबसूरती हर किसी का मन मोह लेती है इसलिए तो यहाँ हर कोई आना चाहता है। कर्नाटक के कश्मीर कहे जाने वाले कुर्ग में आप वो जगह देखते हैं जो बहुत फेमस हैं। आपकी नजरें और कदम उस और नहीं जाते जो सबसे छिपी हुई हैं। आज हम आपको कुर्ग की ऐसी ही अनछुई जगहों पर ले चलते हैं जो कुर्ग की खूबसूरती में चार चांद लगा देती हैं।

Photo of कुर्ग की ये अनछुई और छिपी हुई जगहें आपके होश उड़ा देंगी 1/1 by Musafir Rishabh

कुर्ग, कर्नाटक के दक्षिण-पश्चिम भाग में पश्चिमी घाट के पास पहाड़ पर स्थित एक जिला है। जो समुद्र तल से लगभग 900 मीटर से 1715 मीटर की ऊँचाई पर बसा है, कुर्ग दक्षिण भारत के लोगों का फेमस वीकेंड गेटवे है। छोटे-से जिले कुर्ग में 3 इलाके हैं, मदीकेरी, सोमवारापेटे और वीराजापेटे। कुर्ग हर मौसम में आकर्षक लगता है लेकिन बारिश पसंद लोगों के लिए ये जगह जन्नत से कम नहीं है। सर्दियों में भी ये जगह खूबसूरत ही होती है। इसे ‘स्काॅटलैंड ऑफ इंडिया’ भी कहते हैं और ‘कर्नाटक का कश्मीर’ भी।

1- कोटेबेट्टा

अगर आपको ट्रेकिंग करना पसंद है तो कुर्ग में एक जगह है कोटेबेटा। कोटेबेटा ट्रेक आपको कुर्ग में रोमांच की ओर ले जाएगा। ये ट्रेक होटिहोल नाम की जगह से शुरू होता है। इस ट्रेक में आपको एक लटकता हुए पुल को पार करना होगा। जिसके बाद आप इस ट्रेक की सबसे ऊँची जगह पर पहुँच जाते हैं। इस ट्रेक में आपको एक नदी मिलेगी, हट्टी नदी। इस नदी में आप तैराकी भी कर सकते हैं। यहाँ चारों तरफ काॅफी के बागान हैं, जंगल और पहाड़ हैं। इस जगह पर पांडव काल के पत्थरों से बने घर भी हैं। कोटेबेटा पहाड़ की चोटी पर भगवान शिव का मंदिर है। यहाँ से आसपास का नजारा बेहद शानदार होता है। इस ट्रेक में आपको खूबसूरती भी मिलेगी और ऐडवेंचर भी।

दूरीः 50 किमी. कुर्ग से

समयः लगभग डेढ़ घंटे में।

2- सोमवारपेट

कुर्ग में एक बेहद खूबसूरत और आकर्षक कस्बा है, सोमवारपेट। सोमवारपेट अपनी हरियाली के लिए फेमस है। यहाँ कई प्रकार के वनस्पति हैं जो इस कस्बे को खूबसूरत बनाते हैं। यहाँ का मौसम पल-पल में बदलता रहता है, जो इस जगह को रंगीन बनाता है। कस्बे के आसपास बेहद सुंदर घाटी है जिसे आपको जरूर देखना चाहिए। अगर आप प्रकृति प्रेमी हैं तो आपको पुष्पगिरी वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी जाना चाहिए। पुष्पगिरी में आपको हरियाली तो दिखाई ही इसे अलावा पशु-पक्षी भी देखने अलावा है। अगर आपको बर्ड-बाचिंग पसंद है तो ये जगह आपके लिए बिल्कुल परफेक्ट है। इस कस्बे में ही कुर्ग की सबसे बड़ी झील होन्नामना केर है। ये झील गुफाओं से घिरी हुई है, यहाँ देवी हनमना का मंदिर भी है। इसके अलावा आप यहाँ मलल्ली वाटरफाॅल को भी देख सकते हैं।

दूरीः 38 किमी. कुर्ग से

समयः लगभग 1 घंटा।

3- कक्काबे

कक्काबे कुर्ग की वो खूबसूरत जगह है जंगलों से घिरी हुई है। इन जंगलों में दुर्लभ वनस्पति और जंगली जानवर हैं। इन जंगलों में आपको खूबसूरत वाटरफाॅल भी मिल जाएँगे। जो आपका मन मोह लेंगे। अगर आपको राॅक क्लाइम्बिंग करना आता है तो तादियामनडोल पहाड़ी पर कर सकते हैं। अगर आप कुर्ग के पारंपरिक भोजन का स्वाद लेना चाहते हैं तो आपको पाडी इगथुप्पा मंदिर जाना चाहिए। ये प्राचीन मंदिर बेहद खूबसूरत है और इसकी वास्तुकला केरल शैली की है। आपको यहाँ नल्कलड पैलेस भी जाना चाहिए जो इस शहर के इतिहास कर झलक देता है। यहाँ का स्थानीय कोडवा का शहद बहुत फेमस है। यहाँ आएँ तो इस शहद को लेना न भूलें।

दूरीः 32 किमी. कुर्ग से

समयः लगभग 1 घंटा।

4- मंडलपट्टी

खूबसूरत पहाड़, हरी-भरी वादियों और बादलों में तैरते नजारों को देखने का मन हो तो कुर्ग के मंडलपट्टी चले जाना चाहिए। मंडलपट्टी तक पहुँचने का सफर भी बेहद खूबसूरत है। घुमावादार रास्ता जितना रोमांचकारी है उतना ही सुंदर भी। पुष्पगिरी वाइल्डलाइफ के अंदर आती ये जगह आपकी कुर्ग की बकेट लिस्ट में होनी ही चाहिए। आप यहाँ पर बाइक से इस जगह को देख सकते हैं। अगर आपको ट्रेकिंग करना पसंद है तो आप यहां ट्रेक भी कर सकते हैं। काॅफी के बागानों और वाॅटरफाॅल को देखने के बाद ये जगह आपको अपना बना लेगी। अगर आप यहाँ रात में कैंपिंग करते हैं तब तो यकीनन इस जगह से आपको प्यार हो जाएगा।

दूरीः 39 किमी. कुर्ग से

समयः लगभग डेढ़ घंटे।

5- कुट्टा

कुट्टा कुर्ग में एक पड़ाव की तरह है। ये जगह कुर्ग की कई पर्यटन जगहों को जोड़ता है। ये कस्बा कर्नाटक और केरल के बाॅर्डर पर है इसलिए इसकी अहमियम और भी बढ़ जाती है। दोनों राज्य के लोग इस जगह पर आसानी से पहुँच सकते हैं। यहाँ आप नागरहोल नेशनल पार्क और थोलपट्टी वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी में सफारी का मजा ले सकते हैं। इसके अलावा आप जंगलों के बीच स्थित इरुप्पु वाटरफाॅल्स को भी देख सकते हैं। यहाँ रामश्वेर मंदिर और महाविष्णु मंदिर है जिसको आप देख सकते हैं। अगर आप कुट्टा जाते हैं तो आपको यहां कडुम पुत्तु और अक्की की रोटी का स्वाद जरूर लेना चाहिए।

दूरीः 67 किमी. कुर्ग से

समयः लगभग 2 घंटे।

6- चेलवारा वाटरफाॅल

कुर्ग में वैसे तो ट्रेकिंग के लिए बहुत सारी जगहें हैं लेकिन उन सबसे सबसे बेहतरीन जगह है चेलवारा फाॅल्स। ट्रेकिंग करने वालों के लिए ये जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है। जहां से आप ट्रेक शुरू करते हैं और वहाँ से चेलवारा फाॅल्स तक पूरा रास्ता काॅफी और इलायची के बागानों से भरा हुआ है। चेलवारा फाॅल्स को देखने के बाद आपके होश उड़ जाएँगे। ऐसी छिपी और खूबसूरत जगह किसी को भी पागल कर देगी। यहाँ से दूर-दूर तक सुंदरता की दिखाई देती है।

दूरीः 36 किमी. कुर्ग से

समयः लगभग 1 घंटा।

अगर आपने कभी कुर्ग की यात्रा की है तो उसका अनुभव हमारे साथ शेयर करें। शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

रोज़ाना वॉट्सऐप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें।