नेतरहाटः झारखंड घूमने का है मन तो इस छिपे हुए सुंदर हिल स्टेशन का बनाएं प्लान

Tripoto
Photo of नेतरहाटः झारखंड घूमने का है मन तो इस छिपे हुए सुंदर हिल स्टेशन का बनाएं प्लान by Musafir Rishabh

आपने हिमाचल और उत्तराखंड में पहाड़ों की खूबसूरती देखी होगी। जब भी पहाड़ देखने का मन करता है तो हमारे जेहन मे इन दो राज्यों का ही ख्याल आता है लेकिन ऐसा है नहीं। पहाड़ों की सुंदरता झारखंड में भी है। यकीन मानिए आप यहाँ आएंगे तो उत्तराखंड-हिमाचल को भूल जाएंगे। झारखंड बेहद खूबसूरत है लेकिन ये राज्य अभी भी लोग के लिए अनछुआ है। इसी झारखंड में एक खूबसूरत और छिपा हुआ हिला स्टेशन है, नेतरहाट।

नेतरहाट को झारखंड का दिल कहा जाता है जहाँ हर तरफ अपार खूबसूरती है। जहाँ आप प्रकृति के बीच चिड़ियों का चहचहाना सुन सकते हैं। ये हिल स्टेशन सनराइज और सनसेट के लिए भी फेमस है। अगर आप सुकून और शांति चाहते हैं तो नेतरहाच हिल स्टेशन उसके लिए परफेक्ट है। यकीन मानिए झारखंड का नेतरहाट आपको किसी भी तरह से निराश नहीं करेगा। हर घुमक्कड़ को एक बार झारखंड के इस हिल स्टेशन की यात्रा जरूर करनी चाहिए।

नेतरहाट

नेतरहाट को झारखंड का मसूरी भी कहा जाता है। नेतरहाट झारखंड के लातेहार जिले में स्थित है जो रांची से 144 किमी. की दूरी पर है। पहाड़ों और जंगलों से घिरी इस जगह पर आदिवासी बहुत रहते हैं। यहाँ बिरहोर, उरांव और बिरजिया जनजाति के लोग रहते हैं। इसे छोटा नागपुर रानी भी कहते हैं। पहले यहाँ बांस का बहुत बड़ा जंगल था जिसे नेतरहातु कहा जाता था। बांस को स्थानीय भाषा में नेतुर कहते हैं। उसी के नाम पर इस जगह का नाम नेतरहाट पड़ा। नेतर यानी कि बांस और हातु मतलब हाट। समुद्र तल से 3,622 फीट की ऊँचाई पर स्थित इस हिल स्टेशन पर वाटरफाॅल से लेकर कई खूबसूरत झीलें हैं जो आपके सफर को यादगार बना देंगी।

कैसे पहुँचे?

फ्लाइट सेः

अगर आप फ्लाइट से नेतरहाट जाना चाहते हैं तो सबसे नजदीकी एयरपोर्ट रांची है। आपको देश के बड़े-बड़े शहरों से रांची के लिए फ्लाइट मिल जाएगी। रांची एयरपोर्ट से नेतरहाट की दूरी लगभग 156 किमी. है। आप वहाँ से टैक्सी बुक करके नेतरहाट जा सकते हैं या फिर रांची से बस भी नेतरहाट के लिए चलती है।

ट्रेन सेः अगर आप ट्रेन से नेतरहाट जाने का मन बना रहे हैं तब भी आपको रांची आना पड़ेगा। नेतरहाट से सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन रांची है। रांची से आप टैक्सी से नेतरहाट पहुँच सकते हैं।

वाया रोड: अगर आप वाया रोड नेतरहाट जाना चाहते हैं तो इसके दो तरीके हैं। पहला तो आप खुद की गाड़ी से नेतरहाट जा सकते हैं। दूसरा, आप रांची से बस या टैक्सी से नेतरहाट जा सकते हैं। रांची से नेतरहाट के लिए रोजाना बस चलती है।

क्या देखें?

झारखंड के इस खूबसूरत हिल स्टेशन में देखने को बहुत कुछ है। यहाँ के लिए आप एक अच्छी रोड ट्रिप प्लान कर सकते हैं। वाटरफाॅल्स, पहाड़ और सनसेट प्वाइंट को देख सकते हैं। कुल मिलाकर इस जगह पर वो सब है जो इसे खूबसूरत हिल स्टेशन बनाता है।

1- मंगोलिया प्वाइंट

श्रेय: छोटा नागपुर टूरिज्म।

Photo of नेतरहाटः झारखंड घूमने का है मन तो इस छिपे हुए सुंदर हिल स्टेशन का बनाएं प्लान by Musafir Rishabh

नेतरहाट से लगभग 10 किमी. की दूरी पर एक खूबसूरत जगह है जो पहाड़ों को निहारने और डूबते सूरज के लिए लिए जाना जाता है। इस मंगोलिया प्वाइंट और मैगनोलिया प्वाइंट भी कहते हैं। इस जगह के बारे में एक किवदंती है। कहा जाता है कि अंग्रेजों के शासनकाल में एक ब्रिटिश लड़की आई थी, मैगनोलिया। उसे यहाँ एक स्थानीय लड़के स प्यार हो गया लेकिन समाज ने उसके प्यार को स्वीकार करने से मना कर दिया। तब उसने इसी पहाड़ी से कूदकर सुसाइड कर ली थी। उसके बाद से इस जगह का नाम मैगनोलिया प्वाइंट पड़ गया। नेतरहाट जाएं तो यहाँ का सनसेट आपको जरूर देखना चाहिए।

2- लोध वाटरफाॅल

नेतरहाट से 68 किमी. की दूर लोध वाटरफाॅल इस हिल स्टेशन की खूबसूरती में चार चाँद लगा देता है। लगभग 468 फीट ऊँचा ये झरना झारखंड का सबसे ऊँचा झरना है। जब आप यहाँ आएंगे तो इस जगह की खूबसूरत देखकर पागल हो जाएंगे। ये जगह आपको बेहद सुकून देगी। ऊँचाई से गिरते पानी का नजारा आपका मन मोह लेगा। ये जगह झारखंड की सबसे खूबसरत जगहों में से एक मानी जाती है। आदिवासियों की परंपरा को भी आप इस जगह पर देख पाएंगे। अगर आप लोध वाटरफाॅल जाएंगे तो इसकी खूबसूरती का अंदाजा लगा पाएंगे।

3- घाघरी वाटरफाॅल

नेतरहाट में लोध वाटरफाॅल के अलावा भी कई झरने हैं। जिनमें से घाघरी वाटरफाॅल्स भी है। घाघरी वाटरफाॅल असल में दो झरने हैं, निचला घाघरी वाटरफाॅल और ऊपरी घाघरी वाटरफाॅल। दोनों ही झरने बेहद खूबसूरते हैं। निचला घाघरी झरना नेतरहाट से 10 किमी. की दूरी पर है और ऊपरी घाघरा झरना 4 किमी. की दूरी पर है। निचला घाघरी वाटरफाॅल में 32 से फीट की ऊँचाई से जब पानी गिरता है तो इसकी खूबसूरती देखते ही बनती है।

वाटरफाॅल के आसपास इतने घने जंगल हैं कि सूरज की किरणें भी जमीन तक नहीं पहुँच पाती हैं। लोध वाटरफाॅल की तरह यहाँ ज्यादा भीड़ नहीं मिलेगी जो इस जगह को और भी शानदार बना देता है। निचले घाघरी वाटरफाॅल की तरह, ऊपरी घाघरी वाटरफाॅल भी बेहद खूबसूरत है। इसके आसपास घने जंगल नहीं है। ये जगह पिकनिक के लिए परफेक्ट है। अगर आप अपने फैमिली और दोस्तों के साथ नेतरहाट आते हैं तो आपको यहाँ जरूर आना चाहिए। घाघरी झरनों को देखे बिना नेतरहाट की सैर अधूरी रहेगी।

4- जंगल में ट्रेक करें

जहाँ पहाड़ हों और ट्रेक न हो सके, ऐसा हो ही नहीं सकता। नेतरहाट का पहाड़ चीड़ के जंगलों से घिरा हुआ है। अगर आप नेतरहाट में कुदरत की खूबसूरती और ऐडवेंचर करना चाहते हैं तो आपको यहाँ ट्रेक करना चाहिए। नेतरहाट, ट्रेक के लिए अच्छी जगह है। यहाँ के जंगल आपको बेहद खूबसूरत लगेंगे। वैसे भी प्रकृति की तो हर एक चीज खूबसूरत है। जब आप पहाड़ की ऊँचाई से नेतरहाट की खूबसूरती देखेंगे तो यकीन मानिए आपको झारखंड से प्यार हो जाएगा।

5- बदका बांध

नेतरहाट की एक और छिपी हुई जगह जिसके बारे में कम लोगों को ही पता है। इस जगह के बारे में सिर्फ स्थानीय लोगों ही पता है। जब आप सनसेट प्वाइंट पर जाते हैं तो रास्ते में खूबसूरत झील मिलती है। ये झील बेहद खूबसूरत है, जहाँ आपको कोई टूरिस्ट नहीं दिखाई देगा। कभी-कभी कोई नजारा देखकर थोड़ी देर ठहरने का मन करता है न? वैसी ही सुकून वाली खूबसूरत जगह है, बदका बांध। ये जगह जितनी खूबसूरत है, उतनी ही खतरनाक भी कह सकते हैं। यहाँ झील किनारे बहुत सारे जहरीले सांप भी दिखाई देते हैं। इसलिए यहाँ जाएं तो थोड़ा संभलकर चलें।

नाशपति गाॅर्डन

नेतरहाट में एक खूबसूरत गाॅर्डन है, नाशपति गाॅर्डन। यहाँ आप नेतरहाट की एक अलग खूबसूरती से रूबरू होंगे। इस गाॅर्डन में चारों तरफ फूल ही फूल दिखाई देंगे। जिनकी खूबसूरती को देखकर आप मन खुश हो उठेगा। यहाँ से जाने के बाद भी नाशपति का ये खूबसूरत गाॅर्डन आपके जेहन में बना रहेगा। अक्सर लोग नेतरहाट आते हैं लेकिन इस जगह पर जाना भूल जाते हैं। अगर आप नेतरहाट आते हैं तो इस जगह को अपनी बकेट लिस्ट में जरूर रखना चाहिए।

बेतला नेशनल पार्क

झारखंड के नेतरहाट में एक नेशनल पार्क भी है, बेतला नेशनल पार्क। अगर आप प्रकृति के करीब से देखना चाहते हैं तो आपको इस नेशनल पार्क को देखने जरूर आना चाहिए। इसके अलावा ये पार्क हाथियों के लिए भी जाना जाता है। आप यहाँ हाथियों को देखने भी आ सकते हैं। ये नेशनल पार्क अपनी खूबसूरती से आपका मन मोह लेगा। बेतला नेशनल पार्क 970 वर्ग किमी. में फैला हुआ है। आप यहाँ बाघ, हाथी, हिरण और बाइसन जैसे जानवरों को देख सकते हैं। इन नेशनल पार्क में कई वाटरफाॅल भी हैं। अगर आप नेतरहाट आते हैं तो यहाँ जरूर आएं।

क्या आपने कभी झारखंड के नेतरहाट की यात्रा की है? अपने सफर के अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

रोज़ाना वॉट्सऐप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें।

इसे भी अवश्य पढ़ें: बोकारो स्टील सिटी, शिखरजी, हुंडरू फॉल्स, दशम फॉल्स