क्या आप भारत के इन पाँच ताज महलों के बारे में जानते हैं? जो अपनेआप में बेहद खूबसूरत हैं

Tripoto
Photo of क्या आप भारत के इन पाँच ताज महलों के बारे में जानते हैं? जो अपनेआप में बेहद खूबसूरत हैं by Deeksha

ताजमहल भारत का वो नगीना है जिसकी खूबसूरती सालों साल कम होने की जगह और भी बढ़ती जा रही है। चाहे कितनी भी बार ताजमहल को देख लीजिए, आप इसकी खूबसूरती से कभी बोर नहीं होंगे। मेरे हिसाब हर घुमक्कड़ को एक बार ताजमहल जरूर देख लेना चाहिए। लेकिन अगर आप आगरा वाला ताजमहल नहीं भी देख पाते हैं तो देश में आपके लिए ऐसे पाँच और शानदार ताज हैं जो असली तो नहीं हैं पर बहुत हद तक ताजमहल से मिलते-जुलते हैं। ये सभी ताज भी इतने सुन्दर हैं कि स्थानीय लोग इन्हें अपने संस्करणों की तरह देखते हैं।

असल ताज की तरह ही ये सारे छोटे ताज भी बेहद खूबसूरत हैं जिन्हें शानदार तरीके से बनाया गया है। ये सारे स्मारक भी ताजमहल की तरह कब्र हैं जो इन्हें असल ताज के और भी नजदीक ले जाता है। अगर आप उन लोगों में से हैं जिसे ताजमहल की भव्यता बेहद पसंद है तब आपको भारत के इन पाँच ताज महलों की भी सैर कर लेनी चाहिए। क्या पता आपको ताजमहल से मिलता-जुलता प्यार का एक और खूबसूरत नगीना मिल जाए या शायद आपको ये पता चल जाए कि ताज के सौंदर्य के आगे बाकी सबकुछ फीका है। जवाब कुछ भी हो, एक बात पक्की है। इन सारे ताज महलों की भी अपनी खासियत है जो इन्हें बेहद खूबसूरत बनाती है।

1. बीबी का मकबरा

भारत में एक स्मारक जो ताजमहल से सबसे ज्यादा मिलता जुलता है वो औरंगाबाद स्थित बीबी का मकबरा है। जिसको डेकन का ताजमहल और गरीबों को ताजमहल भी कहा जाता है। बीबी का मकबरा और ताजमहल में काफी सारी समानताएं हैं। जैसे ताजमहल की ही तरह बीबी का मकबरा भी एक कब्र है जिसको औरंगजेब ने अपनी पहली पत्नी के लिए बनवाया था। इसके अलावा एक और चीज है जो इसको ताजमहल जैसा बनाती है। इस स्मारक का आर्किटेक्ट ताजमहल बनाने वाले लोगों में से एक का बेटा भी है। 1660 में बनाई गई ये इमारत ताजमहल का छोटा रूप है जो उसी की ही तरह मार्बल से बना हुआ है। इन दोनों इमारतों का ढांचा मुगल आर्किटेक्चर को देखते हुए बनाया गया है। यकीन मानिए ये इमारत इतनी खूबसूरत है कि आपका मन खुश हो जाएगा।

2. हुमायूँ का मकबरा

ताजमहल के बाद यदि कोई एक ऐसा स्मारक है जिसको उतने ही भव्य तरीके से बनाया गया है तो वो हुमायूँ का मकबरा है। ताजमहल की ही तरह ये भी कब्र है जिसको हुमायूँ ने अपनी बेगम बागा बेगम की याद में बनवाया था। मुगल आर्किटेक्चर के नक्शे पर बनाए गए इस शानदार स्मारक की जितनी तारीफ की जाए कम होगी। इसका निर्माण बलुआ पत्थर और मार्बल से किया गया है। मकबरे के आगे एक बड़ा बगीचा भी है जिसकी हरियाली देखने लायक है। गार्डन में और भी तमाम कब्र हैं जो अन्य मुगल राजाओं द्वारा बनवाई गई हैं। इमारत की दीवारों पर खूबसूरत नक्काशी भी की गई है जो इसकी खूबसूरती को और भी बढ़ा देता है। हालांकि इसमें काफी ऐसी चीजें भी हैं जो इसको ताजमहल से एकदम अलग बनाती हैं लेकिन दोनों का ढांचा एक जैसा ही है। वैसे देखा जाए तो इन मुगल आर्किटेक्चर के बारे में ऐसी बहुत सारी चीजें है जो हर घुमक्कड़ को जान लेनी चाहिए।

3. महाबत मकबरा

जूनागढ़ का महाबत एक और ऐसा मकबरा है जो बिल्कुल ताजमहल जैसा है। इसकी बनावट से लेकर मीनारों तक कई चीजें ताजमहल से मिलती हैं सिवाय इसके कि इसके ढांचे और शैली में आपको बहुत हद तक यूरोपीय प्रभाव भी देखने के लिए मिलेगा। ताजमहल की तरह ये भी कब्र है जिसको जूनागढ़ के नवाब ने 1850 के दशक में बनवाया था। हालांकि जूनागढ़ में ऐसे कई सारे मकबरे हैं जिन्हें यूरोपीय तरीके और उसी समय बनवाया गया है लेकिन महाबात मकबरा अकेली ऐसी कब्र है जो सबसे सुंदर होने के साथ-साथ ताजमहल जैसी दिखती है।

4. लाल ताज महल

इस बात में कोई शक नहीं है कि ताजमहल भारत की पहचान है। ये बात भी एकदम सही है कि इसके बनने के बाद ऐसे कई लोग हैं जिन्होंने ताजमहल के ढांचे से प्रेरणा लेकर अपना खुद का छोटा ताज बनवा डाला। उन्हीं लोगों में एक नाम आता है डच सैनिक जॉन विलियम हेसिंग की पत्नी एन हेसिंग का। जिन्होंने ताजमहल से प्रेरणा लेकर आगरा में ही अपने पति के लिए लाल ताज बनवाया। लाल ताज की बनावट बिल्कुल असल ताजमहल जैसी ही है। लेकिन ताजमहल की तुलना में ये काफी छोटा है। एक तरफ जहाँ ताजमहल सफेद रंग का है वहीं ये वाला ताज लाल रंग के पत्थर से बनाया गया है। छोटा होने के बावजूद इस स्मारक की रचना में बढ़िया शिल्प कौशल और सुंदरता का बढ़िया मिश्रण दिखाई देता है। हाल के कुछ सालों में लाल ताज को देखने के लिए काफी लोग आने लगे हैं। खास बात ये भी है कि लाल ताज को आगरा के प्रमुख पर्यटन स्थलों में भी शामिल कर लिया गया है।

5. केवी पैराडाइज

केवी पैराडाइज को पूर्वोत्तर का ताज कहा जा सकता है। इस मिजो ताज और असल ताजमहल में उतनी समताएं तो नहीं हैं लेकिन इसको बनाने की सोच के चलते इसका नाम ताजमहल के ऊपर रखा गया है। मिजो ताज एक विशाल मकबरा है जिसको चाएंथुअमा नाम के व्यक्ति ने अपनी पत्नी की याद में बनवाया था। लेकिन क्योंकि ये एक चर्च था इसलिए इसका मुगल आर्किटेक्चर की तरह होना मुमकिन नहीं था। इसलिए इसकी बनावट असल ताजमहल से काफी अलग है। इसके बावजूद ये स्मारक भी बेहद खूबसूरत है। सफेद मार्बल और ग्रेनाइट से बना हुआ ये मकबरा बहुत सुंदर है। पूर्वोत्तर के ताज में सुंदर खिड़कियों के साथ-साथ एक अलग तरह का जादुई एहसास है। स्थानीय लोग इसको ताजमहल के छोटे रूप में देखना पसंद करते हैं।

क्या आपने इनमें से किसी ताज महल की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।

ये आर्टिकल अनुवादित है। ओरिजिनल आर्टिकल पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें