अगस्त में है तीन दिन का लॉन्ग वीकेंड, कुछ ही घंटे की दूरी पर घूमने की बेस्ट जगहें

Tripoto
Photo of अगस्त में है तीन दिन का लॉन्ग वीकेंड, कुछ ही घंटे की दूरी पर घूमने की बेस्ट जगहें by Rishabh Dev

मानसून शुरू हो चुका है। चारों तरफ आपको ताजगी और हरियाली दिखाई देगी। ऐसे में हर कोई किसी नई जगह पर घूमने जाना चाहता है लेकिन वक्त की कमी के चलते कई लोग घूमने नहीं जा पाते हैं। ऐसे लोगों के लिए अगस्त में एक लंबा वीकेंड आ रहा है। 13 अगस्त को शनिवार है, 14 अगस्त को रविवार है और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी है। ऐसे में 3 पूरे दिन आपके पास घूमने के लिए हैं। अभी से लॉन्ग वीकेंड पर जाने के लिए प्लान बना लीजिए। इस लंबे वीकेंड पर घूमने कहाँ जाएँ इसकी टेंशन आप मत लीजिए। मैंने एक लिस्ट बनाई है जिसमें आप दिल्ली से 10 घंटे की यात्रा पर उन खूबसूरत जगहों पर पहुँच जाएँगे।

1- जयपुर

राजस्थान की राजधानी जयपुर वैभवता और गौरव का प्रतीक है। लंबे वीकेंड पर घूमने के लिए जयपुर एक परफेक्ट जगह है। जयपुर दिल्ली से बहुत दूर भी नहीं है। बस से आप 6 घंटे में जयपुर पहुँच सकते हैं। आप ट्रेन से भी जयपुर पहुँच सकते हैं। जयपुर में घूमने के लिए बहुत कुछ है। आप यहाँ सिटी पैलेस, हवा महल, जंतर मंतर, जयगढ़ किला, नाहरगढ़ किला, आमेर किला, गलता जी मंदिर और गैटोर की छतरियां देख सकते हैं। ये सारी जगहें इतनी पास भी नहीं हैं आप 1 दिन में घूम सकें। लंबे वीकेंड पर आप जयपुर की इन सारी जगहों को अच्छे स एक्सप्लोर कर पाएँगे।

दिल्ली से दूरी: 272 किमी.।

2- अमृतसर

पंजाब का शानदार शहर अमृतसर स्वर्ण मंदिर के लिए फेमस है। भारत से ही नहीं पूरी दुनिया से इस जगह को देखने के लिए लोग आते हैं। अमृतसर की गलियों में घूमना किसी मेले में घूमने के जैसा है। यहाँ घूमकर आपका मन तरोताजा हो जाएगा। स्वर्ण मंदिर के अलावा अटारी-बाघा बॉर्डर पर जा सकते हैं और दोनों देशों की परेड को देख सकते हैं। दिल्ली से अमृतसर पहुँचने में 9-10 घंटे का समय लगता है। आप बस और ट्रेन किसी भी अमृतसर पहुँच सकते हैं। लॉन्ग वीकेंड पर घूमने के लिए अमृतसर एकदम सही जगह है।

दिल्ली से दूरी: 450 किमी.।

3- खजुराहो

खजुराहो मध्य प्रदेश का एक ऐतिहासिक शहर है। खजुराहो अपने मंदिरों के लिए बहुत फेमस है। मानसून में ये जगह और भी सुंदर लगने लगती है। खजुराहो शहर में तो आपको मंदिर ही मंदिर मिलेंगे जिनको देखने के लिए आपको पूरा 1 दिन चाहिए। इसके अलावा आप अगले दिन रानेह वाइल्फलाइफ सैंक्चुरी और पांडव वाटफॉल देखने के लिए जा सकते हैं। पन्ना नेशनल पार्क भी पास में ही है। दिल्ली से खजुराहो पहुँचनें में आपको 10 घंटे का समय लगेगा। अगस्त में लॉन्ग वीकेंड पर आप यहाँ आ सकते हैं।

दिल्ली से दूरी: 690 किमी.।

4- ऋषिकेश

मानसून में पहाड़ों में जाना थोड़ा जोखिम भरा होता है लेकिन ऋषिकेश जाया जा सकता है। ऋषिकेश मैदानी इलाके में स्थित है। अगस्त में ऋषिकेश और भी खूबसूरत लगने लगता है। पहाड़ों और गंगा किनारे घूमने का मजा ही कुछ अलग है। आप यहाँ राम झूला, लक्ष्मण झूला, बीटल्स आश्रम, नीलकंठ महादेवी, कुंजापुरी और नीर वाटरफॉल को देख सकते हैं। यहाँ गंगा किनारे टहलने और बैठने का भी अलग सुकून है। दिल्ली से ऋषिकेश पहुँचने में आपको 7-8 घंटे का समय लगेगा। दिल्ली से आप ट्रेन या बस किसी से भी ऋषिकेश पहुँच सकते हैं।

दिल्ली से दूरी: 268 किमी.।

5- जोधपुर

जोधपुर राजस्थान का बेहद खूबसूरत शहर है। लॉन्ग वीकेंड पर अगस्त में घूमने के लिए एक बढ़िया विकल्प है। अगस्त में यहाँ का मौसम बेहद शानदार और खुशनुमा होता है। जोधपुर में रॉयल पैलेस, ऐतिहासिक किले, मंदिर और झील भी है। आप यहाँ उम्मेद भवन पैलेस, मेहरानगढ़ किला, म्यूजियम, जसवंत थाड़ा, बालसमुंद लेक और कैलाना झील को देख सकते हैं। दिल्ली से जोधपुर पहुँचने में 10 घंटे का समय लगेगा हालाकिं फ्लाइट से आप कुछ ही घंटे में जोधपुर की धरती पर होंगे।

दिल्ली से दूरी: 588 किमी.।

6- चकराता

बारिश के मौसम में उत्तराखंड का छोटा-सा कस्बा चकराता किसी जन्नत से कम नहीं लगता है। यहाँ आप उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिल स्टेशनों की तरह कोई भीड़भाड़ नहीं मिलेगी। इस जगह से ज्यादा सुंदर यहाँ तक पहुँचने का रास्ता है। आपको लगेगा कि ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों पर किसी ने मखमली घास बिछा दी हो। दिल्ली से चकराता पहुँचने में आपको 8-9 घंटे का समय लगेगा। आप ट्रेन या बस से देहरादून पहुँचिए और चकराता के लिए टैक्सी ले लीजिए। चकराता के लिए कोई बस नहीं चलती है।

दिल्ली से दूरी: 323 किमी.।

7- आगरा

मानसून के समय अक्सर लोग उत्तर प्रदेश घूमने के बारे में कम सोचते हैं। आप मानसून में ताज नगरी आगरा को एक्सप्लोर कर सकते हैं। लंबे वीकेंड पर जाने के लिए आगरा भी एक बढ़िया विकल्प है। आगरा के साथ-साथ आप फतेहपुर सीकरी को देख सकते हैं। इस ऐतहासिक शहर को घूमने का एक अलग ही आनंद है। दुनिया के 7 अजूबों में से एक अजब आगरा में है तो फिर क्यों इस जगह पर नहीं जाना? आगरा दिल्ली से बहुत दूर भी नहीं है। दिल्ली से आगरा पहुँचने में 4-5 घंटे का समय लगता है।

दिल्ली से दूरी: 242 किमी.।

8- ओरछा

ओरछा मध्य प्रदेश के सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में से एक है। इस ऐतिहासिक शहर में बेहद प्राचीन किले, महल और मंदिर है। इसके अलावा पास से बहती बेतवा नदी, जंगल और पहाड़ भी हैं। मानसून के मौसम में ओरछा और भी खूबसूरत लगने लगता है। अगस्त में घूमने के लिए ओरछा एक बढ़िया विकल्प है। आपको एक बार ओरछा जरूर जाना चाहिए। दिल्ली से ओरछा पहुँचने के लिए आप दिल्ली से झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पहुँच सकते हैं और वहाँ से टैक्सी से ओरछा पहुँच सकते हैं।

दिल्ली से दूरी: 482 किमी.।

9- धर्मशाला

मानसून के मौसम में पहाड़ और भी खूबसूरत हो जाते हैं। इस मौसम में घूमने के लिए धर्मशाला एक बढ़िया विकल्प है। धर्मशाला के पास में मैक्लॉडगंज भी है। दोनों जगहों को आप एक साथ एक्सप्लोर कर सकते हैं। धर्मशाला की खूबसूरत आपको हैरान कर देगी। पहाड़ों के ऊपर तैरते बादलों को देखकर आपका दिल खुश हो जाएगा। दिल्ली से धर्मशाला आप बस से आ सकते हैं। दिल्ली से धर्मशाला पहुँचने में 9-10 घंटे का समय लगेगा।

दिल्ली से दूरी: 470 किमी.।

क्या आपने भारत की इन जगहों की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।

More By This Author

Further Reads