ये हैं भारत के सबसे महंगे होटल, लाखों में है कमरों का किराया!

Tripoto

फ़र्ज़ करिए। राजस्थान के किसी रजवाड़े के शाही ख़ानदान के चिराग़ हैं आप। सुबह-सुबह उठे और वॉशरूम जाने के लिए आप बढ़े तो पाँव सीधा मखमली कालीन पर पड़ा। वॉशरूम में शाही फ़व्वारा और विलायती ख़ुशबूदार साबुन आपकी खिदमत में सजे थे। नाश्ते में बेशकीमती फलों से आपका स्वागत किया गया। दिन इससे शानदार हो सकता है क्या।

बस बस बस, सपना ख़त्म हो गया। अब घर आ जाइए। भाभी जी ने कद्दू की सब्ज़ी बनाई है। साथ में हैं टिण्डे। ख़ैर, ऐसे शाही सपने पूरे करने के लिए ही तो हम जम कर मेहनत करते हैं। भारत के सबसे शाही होटलों का लुत्फ़ आप भी लेना चाहेंगे।

Tripoto हिन्दी में हम आपको मिलाते हैं भारत के सबसे शाही ट्रैवलिंग अनुभवों से, जिनका लुत्फ़ लिए बिना ज़िन्दगी का सफ़र पूरा नहीं होगा।

5 सबसे शानदार शाही होटल

जिनके पास पैसा है, उनका घर हैं ये होटल। यहाँ के शाही रंग का आनंद उठाने के लिए एक बार ज़रूर आएँ।

1. ताज लेक पैलेस, उदयपुर

चारों ओर झील के बीच में बसा हुआ उदयपुर का ताज लेक पैलेस बहुत ही ख़ास है। बहुत से लोग हैं जो उदयपुर में ही इस शाही होटल में एक शाम बिताने के लिए आते हैं।

राजस्थान की सबसे ख़ूबसूरत जगहों में एक उदयपुर की शान ताज पैलेस आपका भी घर होना चाहिए।

किराया: इसकी क़ीमत ₹18,000 से शुरू होकर ₹3,90,000 तक जाती है।

2. रामबाग़ पैलेस, जयपुर

भारत के सबसे शाही राजघरानों में से एक जयपुर का रामबाग़ पैलेस आता है। राजा सवाई मान सिंह जी अपनी धर्मपत्नी गायत्री देवी के साथ यहीं रहते थे। 48 एकड़ में फैला हुआ पैलेस बहुत राजस्थान की शाही कला का अद्भुत उदाहरण है।

इन आलीशान कमरों का अपना ही सुखद एहसास है। किसी समय में यही राजस्थान के राजाओं का महल हुआ करता था।

अपने परिवार के साथ यहाँ एक शाम गुज़ारने के लिए ही सही, आपको जीवन में एक बार ज़रूर आना चाहिए।

किराया: 24,000 से इसके कमरों की शुरुआत होती है और ₹4,00,000 तक जाती है।

3. ताज फ़लकनुमा पैलेस, हैदराबाद

ताज का फ़लकनुमा पैलेस 2010 में पाँच सितारा होटल की श्रेणी में आया। किसी ज़माने में यह पैगाह घराने का निजी घर हुआ करता था।

बाहर से यह पैलेस गोवा के चर्च की याद दिलाता हो लेकिन अन्दर की शान ओ शौक़त आपको एक पल में आकर्षित करती है।

किराया: इसका किराया ₹24,000 से शुरू होकर 4 लाख रुपए तक जाती है।

4. द लीला पैलेस, उदयपुर

द लीला पैलेस हर शाम मानो दुल्हन की तरह सजाया जाता है। शाही राजे रजवाड़ों के घरानों की ख़ासियत है कि इनमें संस्कृति की एक महक पाते हैं आप, जो इस होटल से निकलते वक़्त भी आपके साथ चलती है।

शाम की हवाएँ पिचोला झील की ठंडक को समेटे हुए चलती हैं। इसलिए यह पैलेस का अंदाज़ और होटलों की तुलना में ज़रा हटके हो जाता है।

किराया: इस शाही होटल की क़ीमत ₹17,000 से शुरू होकर ₹1,00,000 तक जाती है।

5. द ताज महल पैलेस एंड टॉवर, मुंबई

Photo of ये हैं भारत के सबसे महंगे होटल, लाखों में है कमरों का किराया!   7/10 by Manglam Bhaarat
श्रेय: ए सेबर

वैसे तो मुंबई ही पूरी आलीशान है, लेकिन ताज महल पैलेस का नूर मुंबई को मुंबई बनाता है। सैकड़ों विदेशी सैलानी भारत को मुंबई और मुंबई को ताज पैलेस से जानते हैं।

अरब सागर के नज़दीक यह होटल 1902 में अस्तित्त्व में आया था। शाही स्टाइल और मुंबई में होने के कारण विदेशों तक में इसकी अच्छी पूछ है।

किराया: इसका किराया ₹10,000 से शुरू होकर ₹1,00,000 तक जाती है।

रहने की जगहें तो देख लीं, अब देखिए भारत के सबसे महँगे 5 लज़ीज़ पकवान।

भारत के सबसे महँगे 5 पकवान

1. सोने का डोसा, राजभोग, बंगलौर

Photo of ये हैं भारत के सबसे महंगे होटल, लाखों में है कमरों का किराया!   8/10 by Manglam Bhaarat
श्रेय: यूट्यूब

बंगलौर के लोगों के पास पैसा तो ख़ूब है और भारत में खाने के शौक़ीन लोगों की कहाँ कमी है। तो पेश है बंगलौर के राजभोग का लज़ीज़ सोने का डोसा। इसका आपकी नींद से नहीं, बल्कि सोने से लेना देना है। सोना मतलब स्वर्ण। 24 कैरेट सोने की प्लेटिंग में लिपटे हुए इस डोसे की क़ीमत मात्र 1100 रुपए है। और इस डोसे के ख़रीदार भी बहुत हैं।

2. अनारकली का बटर चिकन, हैदराबाद

बोरोसिल बर्तन में बना अनारकली का बटर चिकन पूरे हैदराबाद में प्रसिद्ध है। कहा जाता है कि इस चिकन को अपने इस स्वरूप तक पहुँचने में 8 साल का वक़्त लगा।

बटर चिकन की क़ीमत ₹6000 तक है।

3. ताज महल होटल की सूशी, मुंबई

जापान के जिस पकवान ने सबसे ज़्यादा जगह भारत के रेस्तराँ में बनाई, सूशी उनमें एक है।

मुंबई के ताज महल होटल में लज़ीज़ सूशी की एक प्लेट की क़ीमत ₹9000 तक है।

4. ओबरॉय का लैंब, मुंबई

लैंब को हिन्दी में मेमना कहते हैं, जिसका माँस बहुत लज़ीज़ बताया जाता है।

ओबरॉय होटल में लैंब की एक प्लेट की क़ीमत ₹4000 तक चुकानी पड़ सकती है। साथ ही आपको ओबरॉय होटल के स्वाद का पता चलता है। उसके शाही अंदाज़ से रूबरू होते हैं आप।

5. लीला होटल का पिज़्ज़ा, दिल्ली

झींगा मछली की टॉपिंग से भरा यह लज़ीज़ पिज़्ज़ा ग्रे गूज़ की वोदका के साथ परोसा जाता है। जितना सुनकर शाही होने का स्वाद आ रहा है, दाम भी उतना ही शाही है।

जी हाँ, इस पिज़्ज़ा को ख़रीदने के लिए जेब से ₹10,000 तक निकालने पड़ सकते हैं।

आपके पास ऐसा ही कोई लग्ज़री से भरा पकवान या पैलेस का पता है तो आप हमसे कमेंट बॉक्स में साझा करें।

अपनी यात्राओं के अनुभव को Tripoto मुसाफिरों के साथ बाँटने के लिए यहाँ क्लिक करें।

रोज़ाना वॉट्सऐप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें।