भारत में भी लिया जा सकता है रोमांस का मजा, इन 15 चीजों के साथ बनाएँ हनीमून को खास

Tripoto
Photo of भारत में भी लिया जा सकता है रोमांस का मजा, इन 15 चीजों के साथ बनाएँ हनीमून को खास by Deeksha

शादी के बाद हनीमून एक ऐसा टाइम होता है जिसका हर कपल को बेसब्री से इंतजार रहता है। शादी की भागदौड़ के बाद हनीमून पर अपने पार्टनर के साथ आपको रिलैक्स करने का पूरा मौका मिलता है। भारत में हनीमून डेस्टिनेशन की कमी नहीं है। हमारे देश के हर हिस्से में बेहतरीन जगहें हैं जो हनीमून एन्जॉय करने के लिए बेस्ट हैं। सोचने वाली बात ये है कि इन जगहों पर सभी कपल जाते हैं। तो फिर आप कैसे अपने हनीमून को दूसरों से अलग और अपने लिए खास बना सकते हैं?

1. सनराइज और सनसेट देखें

आपको ये तरीका पुराना लग सकता है लेकिन यकीन मनिए अपने पार्टनर के साथ सनराइज है सनसेट देखने से बेहतर और कुछ भी नहीं है। आसमान के बदलते रंगों को देखना बेहद खूबसूरत होता है। सनराइज और सनसेट के लम्हों में कुछ अलग ही रोमांस होता है। जो आपके हनीमून को बेहद खास बना देगा। नए दिन की शुरुआत यदि सूरज की चमकीली किरणों और अपने पार्टनर के साथ हो तो किसका दिन अच्छा नहीं गुजरेगा।

2. पैराग्लाइडिंग

पैराग्लाइडिंग एक ऐसी चीज़ है जो हर कपल को साथ ट्राई करना चाहिए। ऊँचाइयों पर रहते हुए अपने पार्टनर के आँखों में देखना कितना हसीन होता है ये आपको पैराग्लाइडिंग करके है समझ आएगा। भारत में ऐसी की जगहें हैं जहाँ आप पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठा सकते हैं। पहाड़ों के बीच स्थित बीर हो या समुंदर के पास गोकर्ण, यदि आप पैराग्लाइडिंग करना चाहते हैं तो आपकी देश में कई बढ़िया ऑप्शन्स मिल जाएंगे।

3. लग्ज़री क्रूज़

शादी की भागदौड़ के बाद आपको एक बढ़िया रोमांटिक हनीमून प्लान करना चाहिए जहाँ आपको रिलैक्स करने का पूरा मौका मिले। इसके लिए आप लग्ज़री क्रूज़ पर पैकेज बुक कर सकते हैं। आप क्रूज़ के शानदार रेस्तरां में रोमांटिक डिनर एन्जॉय कर सकते हैं और कपल मसाज भी करवा सकते हैं। हालांकि ये ऑप्शन आपकी जेब के लिए थोड़ा भारी पड़ सकता है लेकिन यदि आपको बजट की कोई दिक्कत नहीं है तो क्रूज़ पर हनीमून मनाने से बेहतर ऑप्शन आपको नहीं मिलेगा।

4. ट्रेकिंग

यदि आप दोनों को रोमांच पसंद है तो आपको अपना हनीमून भी कुछ वैसे ही प्लान करना चाहिए। इसके लिए आप ट्रेकिंग का प्लान बना सकते हैं। अगर आपको पास समय की कमी है तो आप किसी छोटी ट्रेल का चुनाव कर सकते हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ऐसे तमाम ट्रेकिंग रूट्स हैं जिनपर आप अपने पार्टनर के साथ एडवेंचर करने का प्लान बना सकते हैं।

5. ग्लैंपिंग

गलैंपिंग का कॉन्सेप्ट भारत में फिलहाल नया है। ग्लैंपिंग कैंपिंग और ग्लैमर का मिला-जुला स्वरूप है जिसमें आपको टेंट में रहना होता है। फर्क सिर्फ इतना सा है की ये टेंट कोई आम कैंप नहीं होते हैं। इनमें सभी आधुनिक सुविधाओं का पूरा इंतजाम किया जाता है। इन कैंप में एसी से लेकर बढ़िया बाथरूम तक सभी चीजें मिलेंगी। ग्लैंपिंग मॉडर्न लुक वाली कैंपिंग का नाम है। हनीमून मनाने वालों को पहाड़ों के बीच ग्लैंपिंग करना खूब पसंद आ रहा है।

6. डांस और पार्टी

यदि आप अपने हनीमून पर कहीं बाहर नहीं जाना चाहते हैं तो हमारे पास उसका भी जवाब है। आप अपने होटल के कमरे में एक रोमांटिक शाम प्लान कर सकते हैं। कमरे में रोमांटिक सजावट कर सकते हैं। अपने पार्टनर के साथ डांस कीजिए और कुछ ड्रिंक्स एन्जॉय कर सकते हैं। शाम को पार्टी लेने के बाद आप कमरे में ही रोमांटिक कैंडल लाइट डिनर कर सकते हैं और अपने प्यार भरे लम्हों को और खास बना सकते हैं।

7. रिवर राफ्टिंग

रिवर राफ्टिंग भी एडवेंचर प्रेमी लोगों को खूब पसंद आता है। यदि आप दोनों को कुछ रोमांचक ट्राई करने का मन है तो रिवर राफ्टिंग बढ़िया विकल्प है। ऋषिकेश और मनाली में रिवर राफ्टिंग बेहद लोकप्रिय गतिविधि है। रिवर राफ्टिंग में पानी का रुख समझकर काम करना बहुत जरूरी होता है। इसमें टीम वर्क की बड़ी भूमिका होती है। रिवर राफ्टिंग में आप और आपके पार्टनर के बीच कम्युनिकेशन स्किल्स का भी बढ़िया टेस्ट होगा।

8. केमल सफारी

रेगिस्तान में केमल सफारी एन्जॉय करना भी आजकल युवाओं के बीच काफी पसंद किया जा रहा है। यदि आप अपने हनीमून को खास बनाना चाहते हैं तो डेजर्ट केमल सफारी का प्लान बना सकते हैं। सफारी ग्रामीण भारत को देखने का भी अच्छा तरीका है। घुमक्कड़ कपल के लिए हनीमून मनाने के सबसे शानदार ऑप्शन्स में से केमल सफारी भी एक तरीका है।

9. हॉट एयर बैलून

क्या आप अपने पार्टनर के साथ कनेक्ट होने का तरीका सोच रहे हैं? तो बिना ज़्यादा सोचे हॉट एयर बैलून की राइड बुक कीजिए और निकल जाइए एक शानदार सफर की ओर। रंग-बिरंगे गुब्बारे में बैठकर नीचे की दुनिया देखना हर हनीमून कपल की लिस्ट में जरूर शामिल होना चाहिए। भारत के कई शहरों में हॉट एयर बैलून की सेवा उपलब्ध है। आप अपने बजट और मनपसंद जगह का चुनाव करके हॉट एयर बैलून की सवारी कर सकते हैं।

10. वाइन टेस्टिंग

पार्टनर के साथ वाइन टेस्टिंग एन्जॉय करना आपके हनीमून को बेहद खूबसूरत बना देगा। बगीचों में बैठकर हाथों में वाइन का ग्लास लेकर रोमांटिक बातें करना किस कपल को नहीं पसंद आएगा? भारत में ऐसी तमाम जगहें हैं जहाँ आप वाइन टेस्टिंग का मज़ा उठा सकते हैं। पुणे, कर्नाटक और नाशिक इनमें से एक हैं। वाइन टेस्टिंग के लिए आपको केवल वाइनयार्ड का टूर बुक करना होगा जिसके बाद आप अपनी मनपसंद वाइन का स्वाद ले सकते हैं और वाइन बनाने की विधि के बारे में कई रोचक बातें भी जान सकते हैं।

11. बंजी जंपिंग

भारत में बंजी जंपिंग की लोकप्रियता तेज़ी से बढ़ती का रही है। ऐसे में यदि आप अपने पार्टनर के साथ रोमांच का मजा लेना चाहते हैं तो बंजी जंपिंग बढ़िया ऑप्शन है। भारत में ऋषिकेश, बैंगलोर और लोनावला वो जगहें हैं जहाँ आप बंजी जंपिंग एन्जॉय कर सकते हैं। हनीमून में एडवेंचर का तड़का जोड़ने के लिए बंजी जंपिंग अच्छा तरीका है।

12. केबल कार राइड

किसी शानदार हिल स्टेशन के खूबसूरत नजारों को देखते हुए केबल कार की सवारी करना चाहते हैं? हनीमून को यादगार बनाने के लिए केबल कार बढ़िया ऑप्शन है। भारत में तमाम जगहों पर केबल कार की सुविधा उपलब्ध है। गुलमर्ग और गंगतोक जैसे शहरों में आपको आसानी से केबल कार मिल जाएगी। केबल कार राइड को यादगार बनाने के लिए आप अपने पार्टनर के साथ रोमांटिक बातें कर सकते हैं और बढ़िया लैंडस्केप देख सकते हैं।

13. फूड ट्रेल

खानपान के शौकीन लोगों के लिए हनीमून में फूड ट्रेल जोड़ना यकीनन अच्छा आइडिया होगा। यदि आप और आपके पार्टनर को अलग-अलग तरह के व्यंजन खाने का शौक है तो आप अपने मनपसंद डेस्टिनेशन पर रेस्तरां हॉपिंग का प्लान बना सकते हैं। आप फूड वॉक भी कर सकते हैं जिसमें आपको शहर के स्थानीय व्यंजनों को चखने का मौका मिलता है। फूड वॉक आमतौर पर ब्लॉगर्स के द्वारा आयोजित की जाती है। लेकिन आप अपनी रिसर्च करके भी ऐसी प्लानिंग कर सकते हैं।

14. स्कूबा डाइविंग

जमीन के ऊपर तो हनीमून सब मानते हैं लेकिन क्या आपने समुंदर के अंदर हनीमून मानने के बारे में सोचा है? स्कूबा डाइविंग एक ऐसी चीज है जो हर कपल को ट्राई करना चाहिए। लहरों के नीचे समुद्र के शांत पानी में रंग-बिरंगे समुद्री जीवों को देखना यकीनन आपको पसंद आएगा। गोवा, अंडमान, पांडिचेरी जैसी जगहों पर आपको स्कूबा डाइविंग करने के तमाम ऑप्शन्स मिल जाएंगे।

15. वर्कशॉप्स

एक कपल में आपसी तालमेल होना बहुत जरूरी होता है और हनीमून वो समय होता है जब एक दूसरे को अच्छे से समझने का मौका मिलता है। ऐसे में आप अपने पार्टनर को जानने और समझने के लिए अपने हनीमून में वर्कशॉप्स जैसी चीजें भी जोड़ सकते हैं। आप कुकिंग और आर्ट से जुड़ी वर्कशॉप्स का प्लान बनाकर अपने पार्टनर के साथ बढ़िया समय बिता सकते हैं।

क्या आपने हाल में कोई यात्रा की है ? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें