2021 में नहीं किया तो अब कर लो तैयारी, 2022 में लो इन धमाकेदार एक्टिविटीज़ का मजा

Tripoto
Photo of 2021 में नहीं किया तो अब कर लो तैयारी, 2022 में लो इन धमाकेदार एक्टिविटीज़ का मजा by Deeksha

भारत विश्व के उन देशों में से है जो अविश्वसनीय रूप से समृद्ध है। मौसम और जलवायु से लेकर लैंडस्केप और संस्कृति तक देश का हर कोना दूसरे से हर मायने में अलग है। क्षेत्रों की ये विविधता भारत को असंख्य गतिविधियों का केंद्र बनाती है। भारत में करने के लिए इतनी चीज़ें हैं कि यदि आप गिनने बैठेंगे तो महीनों लग जाएंगे। यदि आप भी कुछ अनुभवों का मजा लेना चाहते हैं और हर तरह के रोमांच के लिए तैयार हैं, तो हम आपको उन विभिन्न साहसिक गतिविधियों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं, जिन पर आप हाथ आजमा सकते हैं!

1. बाइक ट्रिप, लद्दाख

यदि आपको रोड ट्रिप का शौक है तो आपने एक न एक बार बाइक से लद्दाख जाने के बारे में जरूर सोचा होगा। लद्दाख क्षेत्र में तमाम दर्रे हैं जो रोमांच प्रेमियों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। अप्रैल-जुलाई के समय जब मैदानी इलाकों में चिलचिलाती गर्मी पड़ती है तब इन लद्दाखी रास्तों पर बाइक ट्रिप का मजा अपने आप में दोगुना हो जाता है।

2. व्हाइट वाटर राफ्टिंग, ऋषिकेश

अगर भारत में राफ्टिंग करने की सबसे शानदार जगहों की बात की जाए तो ऋषिकेश का नाम सबसे ऊपर आता है। गंगा नदी के झरझर बहते पानी में राफ्टिंग करने का सुख आपको केवल ऋषिकेश में मिलेगा। यदि आप 2022 में कुछ हटकर करना चाहते हैं तो राफ्टिंग को अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करें।

3. कैंपिंग, पैंगोंग झील

लद्दाख की लोकप्रियता केवल पहाड़ों तक सीमित नहीं है। लद्दाखी क्षेत्र की झीलों ने भी यहाँ आने वालों को खूब आकर्षित किया है। टिमटिमाते तारों के नीचे कैंपिंग करने का मजा आपको केवल पैंगोंग झील के किनारे मिलेगा। कैंपिंग अपने दोस्तों के साथ समय बिताना का अच्छा तरीका है।

4. शिकारा राइड, श्रीनगर

जितना फेमस श्रीनगर है उतनी ही फेमस है इस जगह की डल झील और उसपर तैरती शिकारा। कश्मीर आने वाला हर सैलानी श्रीनगर की इस झील में शिकारा की सवारी करने का लुत्फ उठाना चाहता है। शिकारा राइड करने का सबसे अच्छा समय सुबह का होता है जब पूरी झील धुंध से ढकी होती है।

5. छठ पूजा, बिहार

भारत त्योहारों का देश है। यहाँ के हर क्षेत्र में मनाए जाने वाले त्योहार से लेकर उनको मनाने का तरीका अलग है। छठ को बिहार में महापर्व के नाम से जाना जाता है। छठ के समय बिहार में धूम देखने लायक होती हैं। यदि आप भारत में विविधता देखना चाहते हैं तो आपकी छठ पूजा में जरूर शामिल होना चाहिए।

6. बैकवॉटर्स, केरल

केरल अपने मसालों और बैकवॉटर्स के लिए प्रसिद्ध है। शांत बैकवॉटर्स पर नाव की सवारी करने का सुख आपको केरल के अलावा और कहीं नहीं मिलेगा। खास बात ये भी है कि बैकवॉटर्स पर आपके पास हाउसबोट में ठहरने का भी ऑप्शन है। यदि आप 2022 में अपने परिवार या दोस्तों के साथ बढ़िया समय बिताना चाहते हैं तो केरल बढ़िया ऑप्शन है।

7. डाइविंग, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह

भारत तीन तरफ से समुद्र से घिरा हुआ है। जिसके कारण देश के कई इलाके ऐसे हैं जहाँ पर बीच का मजा लिया जा सकता है। लेकिन अधिक पर्यटन की वजह से अक्सर इन बीच पर आपको भीड़ मिल सकती है। शांत और रिलैक्स करते हुए बीच का मजा लेने के लिए आपको अंडमान आना चाहिए। द्वीप होने के कारण अंडमान में आप पानी से जुड़े खेल एन्जॉय कर सकते हैं जिसमें डाइविंग सबसे अनोखा अनुभव है।

8. गंगा आरती, बनारस और हरिद्वार

यदि आप घुमक्कड़ हैं तो आपके जहन में गंगा आरती देखने का ख्याल जरूर आया होगा। आपको बता दें बनारस और हरिद्वार गंगा आरती देखने के लिए सबसे बढ़िया जगह हैं। इन दोनों ही जगह खास घाट पर बैठकर आरती का मजा लिया जा सकता है जो आपको जरूर पसंद आएगा।

9. रोपवे, गंगटोक

Photo of 2021 में नहीं किया तो अब कर लो तैयारी, 2022 में लो इन धमाकेदार एक्टिविटीज़ का मजा 1/4 by Deeksha

वैसे तो भारत के कई शहरों में रोपवे का मजा लिया जा सकता है लेकिन यदि गंगटोक का रोपवे थोड़ा अलग है। शहर के बीच से गुजरते इस रोपवे से आपको पहाड़ों के साथ साथ आम जिंदगी के नजारे भी दिखाई देते हैं जो यकीनन अपने आप में खास एक्सपीरिएंस होता है।

10. ओशो आश्रम, पुणे

पुणे का ओशो आश्रम शांति तलाश करने वाले लोगों के लिए एकदम सटीक जगह है। इस आश्रम में ध्यान लगाने से लेकर योग तक कई चीजों पर काम किया जाता है। इस आश्रम में एक हफ्ता ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।

11. गोवा की नाईट लाइफ

यदि आप घुमक्कड़ हैं और आपने गोवा की नाईट लाइफ नहीं देखी तो यकीन मानिए आपने अबतक कुछ नहीं देखा है। गोवा अपनी शानदार नाइट लाइफ और पार्टी कल्चर के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। 2022 को धमाकेदार बनाने के लिए गोवा से बढ़िया पार्टी डेस्टिनेशन और कोई हो ही नहीं सकता।

12. राजा माउंटेन ट्रेक, मुन्नार

मुन्नार की राजा माउंटेन ट्रेक सभी के लिए एक अलग एक्सपीरियंस होगा। इस पहाड़ के ऊपर कुरूंजी के फूल पाए जाते हैं जो 12 सालों में एक बार खिलते हैं। इसके अलावा पहाड़ की चोटी से बेहद खूबसूरत सनराइज और सनसेट देखने का मजा भी लिया जा सकता है।

13. डेजर्ट सफारी, जैसलमेर

राजस्थानी कल्चर और खानपान से कौन अनजान है। राजस्थान के जैसलमेर में आप डेजर्ट सफारी एन्जॉय करने का मौका मिलता है। दूर तक फैले रेगिस्तान में ऊंट की सवारी करना, टेंट में रहना और रात के समय बोनफायर का मजा, आपको केवल जैसलमेर में मिलेगा। यदि आप अपने पार्टनर के साथ जाने का मन बना रहे हैं तो आप रेगिस्तान में एक रोमांटिक कैंडल लाइट डिनर का भी मजा उठा सकते हैं

14. जोर्बिंग, मनाली

Photo of 2021 में नहीं किया तो अब कर लो तैयारी, 2022 में लो इन धमाकेदार एक्टिविटीज़ का मजा 2/4 by Deeksha

हिमाचल प्रदेश और खासतौर से मनाली शुरू से पर्यटकों के लिए रोमांचक गतिविधियों के गढ़ के रूप में सामने आया है। पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून, स्कीइंग जैसी रोमांचक चीजों के बाद मनाली में जोर्बिंग का भी मजा लिया जा सकता है।

15. एवरेस्ट बेस कैंप ट्रेक

एवरेस्ट बेस कैंप ट्रेक कमजोर दिल वालों के लिए नहीं हैं। इस ट्रेक को करने के लिए शारीरिक के साथ साथ मानसिक तंदुरुस्ती की जरूरत होती है। एवरेस्ट बेस कैंप जाने के लिए ज्यादातर लोग भारत से काठमांडू की फ्लाइट के बाद लुक्ला जाना पसंद करते हैं जो ट्रेकिंग करने के लिए सबसे सुरक्षित और व्यवस्थित रास्ता है। एवरेस्ट बेस कैंप ट्रेक ठेठ घुमक्कड़ों के लिए किसी सपने देखने जैसी है जहाँ आपको हर तरह का अनुभव मिलता है।

16. बुल फाइट फेस्टिवल (जल्लीकट्टू), मदुरई

Photo of 2021 में नहीं किया तो अब कर लो तैयारी, 2022 में लो इन धमाकेदार एक्टिविटीज़ का मजा 3/4 by Deeksha

अगर आपसे कहा जाए भारत के दक्षिणी हिस्से में कॉफी के बागान और नारियल के पेड़ों के अलावा और भी बहुत कुछ है तो आप यकीनन सोच में पड़ जाएंगे। तमिलनाडु के मदुरई में पोंगल के समय खास बुल फाइट का आयोजन किया जाता है जिसको देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग इकठ्ठा होते हैं। यदि आप साउथ इंडिया में कुछ अलग देखना चाहते हैं तो आपको यहाँ जरूर आना चाहिए।

17. रणोत्सव, गुजरात

गुजरात और रणोत्सव का संबंध बिल्कुल वैसा ही है जैसे की दिल और धड़कन। यदि आप गुजरात गए और आपने रणोत्सव नही देखा तो आपकी गुजरात यात्रा अधूरी है। रणोत्सव के समय कच्छ के रेगिस्तान में दूर-दूर तक सिर्फ रंगों का त्योहार दिखाई देता है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर शिल्प के सामान तक सभी चीजें इस रणतोसव को देखने लायक बनाती हैं।

18. रेल यात्रा, पंबन ब्रिज

मंडपम से पंबन द्वीप को जोड़ने वाला ये रेल मार्ग भारत के लेने लायक सबसे खूबसूरत अनुभवों में से है। 1914 में बना ये रेल मार्ग, 2010 के बांद्रा-वर्ली सीलिंक, के पहले देश का, समुंदर पर बना सबसे लंबा पुल था। समुद्र के ऊपर से गुजरती ट्रेन से आप दूर तक फैले समुंदर का नजारा एन्जॉय कर सकते हैं।

19. काँच की नाव में सवारी, ऐडम्स ब्रिज गोवा

Photo of 2021 में नहीं किया तो अब कर लो तैयारी, 2022 में लो इन धमाकेदार एक्टिविटीज़ का मजा 4/4 by Deeksha

अक्सर लोग स्कूबा डाइविंग करके समुद्र के नीचे की दुनिया देखना पसंद करते हैं। लेकिन यदि आपको बिना समुंदर में डुबकी लगाए वही मजा मिले तो कैसे रहेगा? गोवा के ऐडम्स ब्रिज के नजदीक आप एक ऐसी नाव में सवारी कर सकते हैं जिसके निचले हिस्से में काँच की पट्टी लगी हुई है। इस पट्टी के जरिए, आपको बिना डुबकी लगाए, पानी के नीचे रहने वाले जीवों को देखने का मौका मिलेगा।

20. किला रायपुर स्पोर्ट्स फेस्टिवल, पंजाब

किला रायपुर स्पोर्ट्स फेस्टिवल को पंजाब का स्थानीय ओलंपिक खेलों के नाम से जाना जाता है। इस फेस्टिवल के दौरान तरह तरह के खेलों का आयोजन किया जाता है जिनमें भाग लेने देशभर से खिलाड़ी आते हैं। बता दें ये खेल केवल दौड़ तक नहीं सीमित है, बल्कि इसमें घुड़सवारी जैसे शानदार खेल भी आयोजित किए जाते हैं।

21. ज़ीरो म्यूज़िक फेस्टिवल, अरुणाचल प्रदेश

सनबर्न फेस्टिवल को छोड़िए और अरुणाचल प्रदेश में होने वाले ज़ीरो म्यूज़िक फेस्टिवल का मजा उठाइए। ये वाक्य आपने तमाम जगह सुन रखा होगा। यदि आप सोच रहे हैं कि ये सिर्फ कहने की बात है तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। ज़ीरो म्यूज़िक फेस्टिवल के आयोजन से लेकर यहाँ प्रस्तुति देने वाले कलाकारों तक हर चीज, संगीत के इस त्यौहार को बाकी सभी से अलग बनाती है। ज़ीरो म्यूज़िक फेस्टिवल में जाने का प्लान आपको अभी से बना लेना चाहिए।

22. हिमाचल प्रदेश की होली

मथुरा वृंदावन की होली के बारे में तो बहुत लोग जानते हैं। लेकिन यदि आप कुछ अलग एक्सपीरियंस करना चाहते हैं तो आपको हिमाचल प्रदेश की होली देखनी चाहिए। कुल्लू, लाहौल और बंजर घाटी जैसी जगहों पर होली के समय कुछ अलग ही धूम मची रहती है। पहाड़ों में होली का त्योहार पारंपरिक तरीके से मनाया जाता है। स्थानीय लोग क्षेत्र का पारंपरिक नृत्य करते हैं और एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की मुबारकबाद देते हैं। हिमाचल की होली को आपको 2022 की बकेट लिस्ट में आपको शामिल कर लेना चाहिए।

क्या आपने इन में से कोई एक्टिविटी की है?? अपने अनुभव को हमारे साथ शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें