विश्व के ऐसे प्राकृतिक आश्चर्य जो आप भारत में नहीं देख पाएंगे!

Tripoto
Photo of विश्व के ऐसे प्राकृतिक आश्चर्य जो आप भारत में नहीं देख पाएंगे! by Deeksha

एक चाहत ऐसी होती है जो हर घुमक्कड़ में होती है। वो ये कि हम हमेशा शांत और प्राकृतिक सुंदरता के बीच रहना पसंद करते हैं। चाहे आप दुनिया के बड़े से बड़े शहर में घूम लें लेकिन बाद में आप प्रकृति के नजदीक ही रहना चाहते हैं। वैसे देखा जाए तो घुमक्कड़ों की इस इच्छा को पूरा करने के लिए प्रकृति ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी है। दुनिया के हर कोने में ऐसा कोई ना कोई अजूबा जरूर मिल जाएगा जिसको देखकर आप हैरान रह जाएंगे। प्रकृति के ऐसे कुछ आश्चर्य भारत में भी हैं। लेकिन यदि आप विदेश घूमने जाने की प्लानिंग कर रहे हैं और आप चाहते हैं कि आपकी इंटरनेशनल ट्रिप भी कुछ ऐसे ही प्राकृतिक जादू से सजी हो तो आपकी मदद हम कर देते हैं। हमने विश्व के कुछ ऐसे प्राकृतिक नगीनों की सूची तैयार की है जिन्हें आप भारत में रहते हुए नहीं देख पाएंगे।

1. ब्लड फॉल्स, अंटार्कटिका

अंटार्कटिका जैसे बर्फीले इलाके में स्थित ये वॉटरफॉल सचमुच में कुदरत का अद्भुत करिश्मा है। वजह ये है कि इस झरने का पानी लाल रंग का है इसलिए इसको ब्लड फॉल्स भी कहा जाता है। इस हैरान कर देने वाले नजारे को पहली बार 1911 में अंटार्कटिका के ईस्टर्न हिस्से में देखा गया था जिसके बाद ये पूरी दुनिया में मशहूर हो गया। यकीन मानिए इस झरने को देखकर आपको किसी हॉरर फिल्म जैसा महसूस होगा। ये झरना सुनने में जितना डरावना है देखने में ये उतना ही मोहक है। सफेद बर्फ के बीच से बहता ये लाल रंग का झरना घुमक्कड़ों के जरूर देखना चाहिए। इस रहस्यमयी लेकिन आकर्षक झरने को रॉस सागर में एक हेलीकॉप्टर या क्रूज की सैर करके देखा जा सकता है।

2. रोलिंग स्टोन,अमेरिका

Photo of विश्व के ऐसे प्राकृतिक आश्चर्य जो आप भारत में नहीं देख पाएंगे! 1/2 by Deeksha
Photo of विश्व के ऐसे प्राकृतिक आश्चर्य जो आप भारत में नहीं देख पाएंगे! 2/2 by Deeksha

रोलिंग स्टोन या मूविंग स्टोन असल में पत्थरों के चलते समूह का नाम है जिसको केवल अमेरिका में ही देखा जा सकता है। इन पत्थरों का चलते रहना एक प्राकृतिक घटना है जिसमें किसी भी जानवर या इंसान की कोई भागीदारी नहीं होती है। ये पत्थर अपने आप ही घाटी के तल पर खिसकते रहते हैं। खास बात ये भी है कि ये पत्थर अपने पीछे एक लम्बी पगडंडी छोड़ते जाते हैं जिसको देखना बेहद हैरानी भरा होता है। लेकिन आखिर इसके पीछे वजह क्या है? गर्मियों और धूप के दिनों में बर्फ की मोटी परत पिघलकर तालाब में गिर जाती है। इस परत पर, जो कि ठंड के मौसम में ठोस रहती है, जब तेज हवा का प्रभाव पड़ता है तो ये अपने साथ-साथ नीचे तल के पत्थरों को भी बहा ले जाती है। जिसकी वजह से पगडंडी देखने के लिए मिलती है। खिसकते पत्थरों का ये अद्भुत नजारा आपको केवल अमेरिका के डेथ वैली नेशनल पार्क और नेवादा में देखने के लिए मिलता है।

3. हिडेन बीच, मैक्सिको

क्या आप जानते हैं दुनिया में एक जगह ऐसी भी है जो बॉम्ब ब्लास्ट जैसी तबाही देखने के बाद आज एक बेहद खूबसूरत टूरिस्ट डेस्टिनेशन है? जी हाँ। मेक्सिको में एक बीच ऐसी है जो बॉम्ब ब्लास्ट की वजह से बनी है। मेक्सिको के तट से कुछ मील दूर स्थित ये बीच मेक्सिको सरकार द्वारा किए गए एक विस्फोट के चलते बनी है। खास बात ये है कि अब ये बीच लगभग हर रोमांटिक कपल के लिए एक जादुई डेस्टिनेशन बन चुकी है। इस छुपी हुई बीच तक पहुँचने के लिए आपको एक घंटे की नाव की सवारी करनी होती है। एक बाद आइलैंड पर पहुँचने के बाद आप पानी में तैरकर इस बीच तक आ सकते हैं। कुल मिलाकर कहा जाए तो ये बीच इतनी छुपी हुई है कि अक्सर लोग इसको देख नहीं पाते हैं। लेकिन सोचिए, किसको मालूम था कि एक बॉम्ब ब्लास्ट इतनी मोहक जगह को जन्म दे सकता है!

4. फ्रोजन बबल, कनाडा

कनाडा के अल्बर्टा में बेहद आकर्षक लेकिन खतरनाक कुदरत का करिश्मा देखा जाता है। सर्दियों के मौसम में अल्बर्टा की अब्राहम झील में जमे हुए बुलबुले देखे जाते हैं। जो देखने में जितने सुंदर लगते हैं उतने ही खतरनाक भी होते हैं। पानी के नीचे मीथेन गैस के फंस जाने के बाद ये बुलबुलों जैसा नजारा बनता है। मीथेन गैस इतनी ज्यादा ज्वलनशील होती है कि एक माचिस जलने पर भी ये पूरा इलाका तहस-नहस हो सकता है। ध्यान देने वाली बात ये भी है कि मीथेन का पानी के नीचे फंस जाना कोई आम बात नहीं है। इससे ये मालूम पड़ता है कि हमारे इकोसिस्टम का तापमान कितनी तेजी से बढ़ रहा है। खास बात ये भी है कि यदि आप प्रकृति के इस नजारे को देखना चाहते हैं तो आपको ठंड के मौसम में कनाडा जाना चाहिए। क्योंकि पतझड़ आते ही ये बुलबुले अपनेआप ही फुट जाते हैं।

5. पिंक लेक, ऑस्ट्रेलिया

दुनिया में ऐसी तमाम झीलें हैं जिनमें नीला पानी है और देखने में ये सभी बेहद खूबसूरत लगती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं ऑस्ट्रेलिया में एक झील ऐसी भी है जिसका पानी नीला ना होकर गुलाबी यानी पिंक कलर का है। ऑस्ट्रेलिया की लेक हिलर अपने आप में किसी अजूबे से कम नहीं है। इस झील का पानी गुलाबी रंग है का जिसकी वजह से इस झील की लोकप्रियता अभी हाल के कुछ सालों में बहुत बढ़ गई है। 600 मीटर लंबी और 250 मीटर चौड़ी इस लेक में आपको दुनिया का सबसे हैरान कर देने वाला नजारा दिखाई देता है। 1802 में दुनिया के सामने आई इस झील का पानी गुलाबी क्यों है इसका पता आज तक नहीं चल पाया है। हालांकि वैज्ञानिकों का कहना है कि झील में कुछ अलग तरह के जीवों को वजह से ऐसा होता है। इस झील को देखने वाले ज्यादातर लोग हेलीकॉप्टर या प्लेन से इस नजारे का मजा उठाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप इस झील में तैर भी सकते हैं?

6. लाइट पिलर, अमेरिका, कनाडा और आर्कटिक

अबतक आप समझ गए होंगे कि कुदरती करिश्मों से सुंदर नजारा आपको कहीं और नहीं मिलेगा। लाइट पिलर भी एक ऐसा ही खूबसूरत नजारा है जिसको देखकर आपका मन खुश हो जाएगा। पहली बार देखने में ये पिलर आकाशीय पिलर जैसे लगते हैं लेकिन एक बार आपको इसके पीछे का गणित समझ आ गया फिर आप इस नजारे को और भी एन्जॉय करना चाहेंगे। बाकी सभी अजूबों की तरह इसके पीछे भी प्रकृति की बढ़िया प्लानिंग है। असल में दुनिया के उन हिस्सों में जहाँ बहुत ज्यादा ठंड पड़ती है, वहाँ एक तरह की रोशनी दिखाई देती है जो आसमान से निकलती है। असल में ठंडी हवा की वजह से वातावरण में मौजूद नामी छोटे-छोटे क्रिस्टल में बदल जाती है। बाद में ये क्रिस्टल भरी होने की वजह से धीरे-धीरे नीचे की तरफ जाने लगते हैं। जब आसपास की रोशनी इन क्रिस्टलों पर पड़ती है तब ये चमकदार पिलर जैसा दिखता है जिसको लाइट पिलर के नाम से जाना जाता है।

7. स्काई मिरर, मलेशिया

मलेशिया के कुआला लंपुर में महीने में दो दिन कुछ ऐसा नजारा देखने के लिए मिलता है जिसको देखकर आपके पैरों तले जमीन खिसक जाएगी। इन दो दिनों में कुआला लम्पुर की सासारन बीच के पानी में आप आसमान की तस्वीर साफ देख सकते हैं। महीने के इन दोनों दिनों में सबसे कम ज्वार होता है जिसकी वजह से ये करिश्मा होता है। झील के साफ पानी और रेत की वजह से ये नजारा और भी खूबसूरत हो जाता है। आसमान का आइना के नाम से मशहूर ये झील फोटोग्राफी करने के लिए भी बहुत अच्छी जगह है। जिसकी वजह से ये आइलैंड घुमक्कड़ों को खूब पसंद आता है। इस आइलैंड तक आने के लिए आपको तट से 30 मिनट की नाव की सवारी करनी होती है जिसके बाद आप एक अलग ही दुनिया में पहुँच जाते हैं।

8. फेयरी सर्कल्स, नामीबिया

नामीबिया का ये रेगिस्तान बाकी सभी रेगिस्तानों से एकदम अलग है। पूरे नामीब डेजर्ट में गोल निशान या पैच हैं जो इसको बाकी सबसे खास बनाते हैं। मिट्टी के इन निशानों को परी सर्कल या फेयरी सर्कल्स के नाम से जाना जाता है। कुछ समय तक किसी को भी डेजर्ट के इन गोलों के पीछे की वजह नहीं पता थी। लेकिन 2017 में कोरिना तारनीटा नाम की एक वैज्ञानिक ने इस रहस्य को सुलझाया। कोरिना के मुताबिक ये निशान दो चीजों के मिश्रण की वजह से हैं। कोरिना कहती हैं कि पानी ना होने पर भी इस रेगिस्तान में पेड़ों के होने की वजह से ऐसा हो रहा है। क्योंकि पेड़ों को जीवित रहने के लिए पानी के साथ-साथ और भी बहुत सारी चीजों की जरूरत होती है। रेगिस्तान में इन चीजों के ना होने पर पौधे जिंदा रहने के लिए आपस में लड़ते हैं। इन सबके बावजूद जब पौधों की उगने की क्षमता खत्म हो जाती है तब इन जगहों पर दीमक का असर दिखाई देने लगता है। इस इकोसिस्टम की वजह से ऐसा दृश्य दिखाई देता है।

9. टर्कोइज आइस, रूस

रूस की लेक बैकल को झीलों का सबसे शानदार हीरा कहा जा सकता है। वैसे जब आप इस झील को देखेंगे आपको भी कुछ ऐसा ही लगेगा। ये दुनिया की सबसे पुरानी, गहरी, साफ-सुथरी और बड़ी ताजेपानी वाली झील है। इस झील का पानी किस हद तक साफ है ये सर्दियों के मौसम में खूब पता चलता है। ठंड के मौसम में यहाँ का तापमान बहुत कम हो जाता है। जिसकी वजह से इस झील का पानी जम जाता है। ये जमा हुआ पानी बड़े-बड़े हीरों जैसा दिखता है जिसपर धूप पड़ने पर ये पूरा इलाका चमक उठता है।

10. ड्रैगन ब्लड ट्री, यमन

यमन के सोकोट्रा आइलैंड पर आपको कुछ ऐसा प्राकृतिक जादू देखने के लिए मिलेगा जिसको आपने पहले कभी नहीं देखा होगा। सोकोट्रा आइलैंड पर मिलने वाले इन पेड़ों का आकार छाते की तरह है। केवल यही नहीं कहा जाता है इस पेड़ को काटने पर इससे लाल रंग का रेजिन निकलता है जिसकी वजह से इसका ये नाम रखा गया है। कुछ लोग इसको ड्रैगन का खून भी मानते हैं। वैसे यहाँ के स्थानीय लोग इस रेजिन को औषधीय तरीकों से इस्तेमाल करते हैं। कुदरत का ये करिश्मा आपको भारत में कहीं नहीं देखने के लिए मिलेगा।

क्या आपने इसमें में किसी जगह की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।

More By This Author

Further Reads