मौज मस्ती के साथ पिकनिक मनाने के लिए ये हैं सबसे अच्छी जगहें! जल्दी बना लो प्लान

Tripoto
Photo of मौज मस्ती के साथ पिकनिक मनाने के लिए ये हैं सबसे अच्छी जगहें! जल्दी बना लो प्लान by Deeksha

अगर आपको अपने बचपन से जुड़ी चीजें याद हैं तो आपको पिकनिक वाले दिन तो जरूर याद होंगे। छुटपन वाली जिंदगी में हम सब पिकनिक का जिक्र आते ही कैसे खुश हो जाया करते थे। यकीनन पिकनिक वाले दिन हर बच्चे की पसंदीदा यादों में से होगा। दोस्तों या परिवार के साथ बिताया ये एक दिन हमें खुश करने के लिए काफी होता था। कभी मम्मी-पापा पिकनिक पर ले जाने का प्लान बनाया करते थे तो कभी स्कूल से ट्रिप जाती थी। फिर आता था पिकनिक वाले दिन का रोमांच। मुझे आज भी याद है मैं और मेरा भाई पिकनिक वाले दिन सुबह जल्दी उठकर खाने का सामान पैक किया करते थे। मम्मी पूड़ी सब्जी बनाती थीं और हम चुपके से चिप्स का पैकेट भी रख लेते थे। ठंड के मौसम में पिकनिक का खूब सिलसिला चलता है। किसी पार्क में रूहानी धूप के नीचे बैठकर दिन कब और कैसे बीत जाता है पता भी नहीं चलता है। हालांकि अब पिकनिक का मतलब काफी बदल गया है। लेकिन पिकनिक पर मिलने वाला मजा आज भी उतना ही है। अगर आप भी कम समय में खुलकर जी लेना चाहते हैं तो आपको पिकनिक पर जाने का प्लान बनाना चाहिए।

1. राजदरी वॉटरफॉल

वाराणसी के पास बसा ये वॉटरफॉल इस इलाके की सबसे मोहक जगहों में से है। ये वॉटरफॉल बनारस से लगभग 70 किमी. की दूरी पर स्थित है। ये जगह पिकनिक मनाने के लिए शानदार है। ये वॉटरफॉल इतना खूबसूरत है कि पहली नजर में आपका मन मोह लेगा। ऊँचाई से गिरता हुआ पानी जब नीचे पत्थरों पर पड़ता है तो वो नजारा बेहद खूबसूरत होता है। बनारस के ज्यादातर लोग इस खूबसूरत वॉटरफॉल के बारे में जानते हैं लेकिन ऐसे भी लोग हैं जिन्हें इसके राजसी सौंदर्य का बिल्कुल अंदाजा नहीं है। अगर आप हफ्ते के अंत में इस जगह पर आएंगे तो आपको भीड़ मिल सकती है। आपको यहाँ बारिश के मौसम में आना चाहिए। इस समय ये वॉटरफॉल पानी से लबालब भरा रहता है। लेकिन बारिश के समय वॉटरफॉल के नीचे की चट्टानें बेहद फिसलाऊ हो जाती हैं इसलिए सावधानी जरूर रखें। परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाना चाहते हैं तो आपको इस जगह पर आना चाहिए।

सबसे सही समय: जुलाई से अगस्त

2. कुकरैल रिजर्व फॉरेस्ट

श्रेय: नाउ लखनऊ।

Photo of मौज मस्ती के साथ पिकनिक मनाने के लिए ये हैं सबसे अच्छी जगहें! जल्दी बना लो प्लान by Deeksha

लखनऊ का फेमस कुकरैल पिकनिक स्पॉट कुकरैल रिजर्व फॉरेस्ट का हिस्सा है। अगर आपको वन्य जीव जंतुओं और पौधों के बारे में जानने में रुचि है तो आपको इस जगह पर आना चाहिए। इस फॉरेस्ट में जानवरों को पिंजरों में ना रखकर उनके प्राकृतिक घर में रखा जाता है। इस जगह की ये वजह इसे और भी खास बनाती है। इस पूरे इलाके की देख-रेख उत्तर प्रदेश सरकार करती है इसलिए ये फॉरेस्ट आपको खूब पसंद आएगा। फॉरेस्ट में अलग-अलग जानवरों को अच्छे तरीके से संजोया गया है जिनमें घड़ियाल सबसे खास है। ये जगह विलुप्त होने वाले कई जानवरों का घर भी है। फॉरेस्ट में घूमने के लिए आप साइकिल भी किराए पर ले सकते हैं। इसके अलावा यहाँ खाने-पीने की भी अच्छी व्यवस्था है। फॉरेस्ट की कैंटीन में आपको जरूरत की सभी चीजें मिल जाती हैं और बच्चों के खेलने के लिए यहाँ अलग से जगह भी बनाई गई है। आप इस जगह पर सुबह 9 बजे से शाम के 5 बजे के बीच आ सकते हैं।

सबसे सही समय: नवंबर

3. संजय गांधी जैविक उद्यान

पटना चिड़ियाघर के नाम से मशहूर ये जगह पटना वालों की सबसे पसंदीदा जगहों में से है। आप पटना के किसी भी इंसान से उसका फेवरेट पिकनिक स्पॉट पूछ लीजिए आपको इसी जगह के बारे में सुनने को मिलेगा। 153 एकड़ में फैली ये जगह प्रकृति और वाइल्डलाइफ प्रेमियों के लिए जन्नत जैसी है। ये चिड़ियाघर अलग-अलग जानवरों की लगभग 110 प्रजातियों का घर है। इसके अलावा यहाँ वनस्पतियों की भी करीब 300 प्रजातियाँ हैं। गार्डन में एक तालाब भी है जहाँ आप बोटिंग करने का आनंद उठा सकते हैं। गार्डन में घूमने के लिए आपके पास कई विकल्प हैं। आप चाहें तो टॉय ट्रेन की सवारी करते हुए गार्डन में घूम सकते हैं। आप बैटरी से चलने वाली छोटी गाड़ियों का मजा ले सकते हैं और हाथी पर बैठकर भी गार्डन में घूम सकते हैं। आप इस जगह पर सुबह 10 बजे से शाम के 5.30 बजे के बीच आ सकते हैं।

सबसे सही समय: अक्टूबर से फरवरी

4. वेणुवन विहार

श्रेय: इंडिया टूर्स पैकेजेस।

Photo of मौज मस्ती के साथ पिकनिक मनाने के लिए ये हैं सबसे अच्छी जगहें! जल्दी बना लो प्लान by Deeksha

अगर आप शहर के अंदर बसे पार्क या गार्डन में नहीं जाना चाहते हैं तो आपको वेणुवन विहार आना चाहिए। ये जगह वैसे तो अपने बौद्ध मठों और मंदिरों के लिए जानी जाती है। लेकिन यहाँ के नजारें इतने खूबसूरत हैं कि आप खुश हो जाएंगे। ये जगह देखने और घूमने में जितनी शानदार है, इसका इतिहास भी उतना ही बढ़िया है। कहते हैं ये जगह राजा बिम्बिसार ने भगवान बुद्ध को रहने के लिए दी थी। प्राकृतिक सुंदरता वाली इस जगह पर एक तालाब भी है जिसकी वजह से ये पिकनिक मनाने के लिए अच्छी जगह है। आप रत्नागिरी पहाड़ियों के ऊपर बना शांति स्तूप भी देख सकते हैं। इन पहाड़ियों के ऊपर पहुँचने के लिए आप रोपवे का इस्तेमाल कर सकते हैं या ट्रेक करके भी जा सकते हैं। कुछ घंटे मंदिरों और मठों में घूमने के बाद आप इस पहाड़ी के ऊपर बैठकर खूबसूरत नजारों को देख सकते हैं।

सबसे सही समय: अगस्त से नवंबर

5. पतरातू घाटी

झारखंड के जंगलों के बीच बसी ये घाटी पिकनिक मनाने के लिए शानदार जगह है। राजगढ़ जिले में स्थित ये घाटी अपने मोहक नजारों, पहाड़ी खूबसूरती और डैम के लिए जानी जाती है। ये घाटी 1300 फीट की ऊँचाई पर है। अगर आप वीकेंड पर घूमने जाना चाहते हैं तो आपको इस जगह पर आना चाहिए। पूरी घाटी हरे-भरे पेड़ों से भरी हुई है और बारिश के मौसम में ये इलाका झूम उठता है। घाटी के अंदरूनी इलाकों तक पहुँचने के लिए आपको घुमावदार सड़कों से होकर गुजरना होता है जिससे आपको रोमांच और खूबसूरती दोनों का अच्छा अनुभव मिलता है। अगर आप अपने दोस्तों या परिवार के साथ रोमांच का मजा लेना चाहते हैं तो आपको पतरातू घाटी आना चाहिए।

सबसे सही समय: अक्टूबर से फरवरी

6. दसम वॉटरफॉल

रांची से 40 किमी की दूरी पर बसा ये वॉटरफॉल शहरीय शोर से दूर शांति में पिकनिक मनाने के लिए बढ़िया जगह है। ये वॉटरफॉल रांची-टाटा मार्ग पर स्थित तैमारत गाँव की शान है। कांची नदी जब 144 फीट की ऊँचाई से गिरती है तब ये फॉल बनती है। प्राकृतिक नजारों से सजा हुआ ये झरना सुंदर होने के साथ-साथ खतरनाक भी है। पानी के तेज बहाव की वजह से यहाँ सावधानी रखना बहुत जरूरी हो जाता है। इसके अलावा झरने में 10 पानी की धाराएँ भी हैं। बड़ी-बड़ी चट्टानों के बीच बहते हुए पानी का ये नजारा यहाँ आने वाले हर इंसान का दिल जीत लेता है। इस वॉटरफॉल को देखने के लिए बारिश का मौसम सबसे सही समय है।

सबसे सही समय: जुलाई से अगस्त

7. लोधी गार्डन

श्रेय: इंडी टेल्स।

Photo of नई दिल्ली, Delhi, India by Deeksha

देश की राजधानी दिल्ली में बसा लोधी गार्डन पिकनिक मनाने के लिए बढ़िया जगह है। ये गार्डन खान मार्केट के नजदीक है इसलिए आप समय निकालकर खरीदारी भी कर सकते हैं। एक समय पर इस गार्डन को लेडी विलिंगडन पार्क के नाम से जाना जाता था। लेकिन आजादी के बाद इस जगह का नाम बदलकर लोधी गार्डन रख दिया गया। इस खूबसूरत गार्डन में सैय्यद शासक मोहम्मद शाह और राजा सिकंदर लोधी की कब्रें बनी हुई हैं। शांति और सुकून वाले इस गार्डन में आपको साफ वातावरण के साथ-साथ बेशकीमती हरियाली भी देखने के लिए मिलती है। कुल मिलाकर ये जगह इतिहास और प्राकृतिक सौंदर्य के सुंदर खाजने जैसी है। इसलिए अगर आप भी अपने खास लोगों के साथ पिकनिक मनाने की जगह तलाश रहे हैं तो आपको लोधी गार्डन में आना चाहिए।

सबसे सही समय: पूरा साल

8. असोला भट्टी वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी

श्रेय: व्हाटस हॉट।

Photo of मौज मस्ती के साथ पिकनिक मनाने के लिए ये हैं सबसे अच्छी जगहें! जल्दी बना लो प्लान by Deeksha

कहते हैं प्रकृति अपने आप को जीवित रखने का तरीका खुद निकाल लेती है और असोला भट्टी वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी इस बात का सबसे सटीक उदाहरण है। दूर तक बिखरी हरियाली वाली ये सैंक्चुरी दिल्ली के इतना पास होते हुए भी शहरीय शोर से बिल्कुल अलग है। अगर आप दिल्ली से बाहरी इलाकों की तरफ गए होंगे तो आप जानते होंगे कि दिल्ली से थोड़ी दूर चलते ही छोटी-छोटी पहाड़ियां दिखने लगती हैं। ये वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी उन्हीं पहाड़ियों के बीच में है। ये सैंक्चुरी अलग-अलग तरह के जानवरों का घर है। ये जगह शांति के साथ प्रकृति के बीच में घूमते हुए पिकनिक मनाने के लिए बढ़िया है।

सबसे सही समय: अक्टूबर से फरवरी

क्या आपने कभी इनमें से किसी जगह की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

रोज़ाना वॉट्सएप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें