मायो जापान: भारत की कहानी हिंदी में सुनाती जापानी लड़की

Tripoto
13th Oct 2023
Photo of मायो जापान: भारत की कहानी हिंदी में सुनाती जापानी लड़की by रोशन सास्तिक

किसी ने बड़ी खूब बात कही है कि जब हिंदी भाषा का अपना इतना बड़ा बाजार है तब हम बाजार की भाषा के भरोसे क्यों बैठे। कल तक जमाना हम हिंदी भाषियों से अच्छे पैसे कमाने की खातिर विदेशी भाषाओं को सीखने के लिए कहता था। लेकिन जमाने ने ऐसी करवट बदली कि अब विदेशी लोग खुद अपनी कमाई के लिए हिंदी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस बदलाव का सबसे बड़ा कारण हिंदी का बाजार की भाषा बनना है। हिंदी के बाजार की भाषा बनने के पीछे हिंदी लिखने, बोलने और सुनने वाला वह समाज है जो बीते समय में बहुत बड़े स्तर पर इंटरनेट से जुड़ा है। इंटरनेट पर अपने एंटरटेनमेंट के लिए हिंदी भाषा में कंटेंट पढ़ने, देखने, सुनने वाले लोगों की बड़ी संख्या को देखते हुए ही बड़े पैमाने पर हिंदी में कंटेंट तैयार होना शुरू हो गए।

हिंदी में तैयार हो रहे कंटेंट और इनको लोगों से मिलते अच्छे प्रतिसाद को देखते हुए गैर-हिंदी भाषी लोग भी हिंदी में अपनी बात लिखने और बोलने लग गए हैं। भारत की कहानी को भारत भर में घुम-घुमकर भारत की भाषा में सुनाने वाले इतने कामयाब हो रहे हैं कि इनकी देखा-देखी अब अनगिनत विदेशी यूट्यूबर हिंदी में ही सोशल मीडिया पर अपना सफरनामा सुना रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसात भारत में 75 करोड़ से ज्यादा एक्टिव इंटरनेट यूजर है। सोशल मीडिया पर अपनी दुकान चलाने वालों के लिए यह आंकड़ा किसी खजाने की तरह है। उन्हें करना बस इतना है कि लोगों की भाषा में लोगों की पसंद का कंटेंट उपलब्ध कराना है। देश-दुनिया को जानने की जिज्ञासा हर किसी में होती हैं। और यह सब कुछ तब और ज्यादा मनोरंजक हो जाता है, जब देशी कहानी सुनाने वाला विदेशी हो।

Photo of मायो जापान: भारत की कहानी हिंदी में सुनाती जापानी लड़की by रोशन सास्तिक

यूट्यूब पर ऐसा ही एक बेहद चर्चित और लोकप्रिय नाम है मायो जापान। 'हिंदी बोलने वाली जापानी लड़की' मायो ने 2 दिसंबर 2018 को अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था। और आज इनके यूट्यूब चैनल के करीब 30 लाख सब्सक्राइब हैं। वहीं इंस्टाग्राम पर भी इन्हें 3 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यानी यह आंकड़े बताने के लिए काफी है कि इनके कंटेंट को लोगों द्वारा कितना पसंद किया जा रहा है। मायो अपने बेहद ही प्यारे जापानी अंदाज और सीखी हुई हिंदी भाषा के जरिए संवाद करते हुए भारत में घूमने-फिरने की शानदार जगहों और लज़ीज़ खाने-पीने के लाजवाब ठिकानों की जानकारी देती हैं। उनके इन वीडियोज पर आने वाले लाखों व्यूज इस बात को प्रमाणित करते हैं कि हिंदी बोलने वाले लोगों द्वारा उनके काम को कितना ज्यादा पसंद किया जा रहा है।

अपने हिंदी भाषा सीखने के पीछे की कहानी के बारे में मायो का कहना है कि इसकी प्रेरणा उन्हें उनके पिता से मिली। मायो के पिता हिमालय में पर्वतारोहण करने के लिए अक्सर भारत की यात्रा करते थे और लौटकर उन्हें भारत की दिलचस्प कहानियां सुनाते थे। अपने पिता के कहने पर ही मायो ने ओसाका यूनिवर्सिटी में 4 साल हिंदी की पढ़ाई की। और फिर भारत आकर भी आगरा में अपना करीब एक साल हिंदी को और बेहतर ढंग से सीखने में खर्च किया। इसके बाद उन्होंने यहां रहकर भारत के लोगों को हिंदी भाषा में अपने भारत भ्रमण की कहानी सुनना शुरू किया। उनके चैनल मायो जापान पर जाकर आपको पता चलेगा कि मायो खाने-पीने का भी बहुत शौक रखती हैं। मायो का शौक उनके यूट्यूब वीडियोज में भी नजर आता है। मायो पानीपुरी और दही भल्ले को अपना फेवरेट स्ट्रीट फूड बताती हैं।

हाल ही में भारत में जापान के राजदूत के साथ मायो का सुपरस्टार रजनीकांत की तमिल फिल्म जेलर के कावला गाने पर डांस का वीडियो भी काफी वायरल हुआ था। जापानी राजदूत के साथ इस तरह का वीडियो उनकी लोकप्रियता का सबसे बड़ा सबूत है। वैसे करीब साल भर पहले आई ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फ़िल्म आरआरआर के दोनों हीरो और निदेशक राजामौली के साथ उनका इंटरव्यू भी काफी हिट रहा था। इस वीडियो को भी अब तक करीब 50 लाख लोग देख चुके हैं। भारतीय फिल्मों और गानों से भी मायो को बेहद ज्यादा लगाव है। यूट्यूब शॉर्ट्स वीडियो और इंस्टाग्राम रील्स पर मायो अक्सर हिंदी गानों पर अपने डांस के वीडियों अपलोड करती रहती हैं। उनके इन वीडियोज को देखने और पसंद करने वालों की संख्या भी लाखों में होती है।

यूट्यूब पर उनके 30 से भी ज्यादा ऐसे वीडियोज हैं जिन्हें 10 लाख से भी ज्यादा लोगों ने देख रखा है। उनके सबसे ज्यादा देखे गए वीडियो का शीर्षक है- 'जापानी लोग भारत के बारे में क्या सोचते हैं?' और इस वीडियो को अब तक करीब 76 लाख से भी ज्यादा लोग देख  और 3.5 लाख से भी अधिक लोग पसंद कर चुके हैं। इस वीडियो में मायो जापानी लोगों से भारत को लेकर उनकी जानकारी का जायजा लेती हैं। वीडियो के जरिए यह जानकर खुशी होती है कि ज्यादातर लोग हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को पहचानते हैं। साथ ही अधिकतर लोग ताजमहल से भी परिचित है। लेकिन दुख इस बात का कि भारत को लेकर उनकी जानकारी का दायरा बेहद सीमित है। ऐसी स्थित में मायो जैसे कंटेंट क्रिएटर्स  की अहमियत बढ़ जाती है- ताकि इनके जरिए दोनों देशों के लोग एक दूसरे के बारे में बेसिक से ज्यादा चीजें जान पाए।

मायो अपने ज्यादातर यूट्यूब वीडियोज में कभी भारत के किसी फेमस टूरिस्ट प्लेस से लेकर ऑफबीट इलाके को एक्सप्लोर करती नजर आती है; तो कभी किसी खास जगह के बेहद स्वादिष्ट खानों का स्वाद चखती दिख जाती हैं। अपने घूमने-फिरने और खाने-पीने से जुड़े अनुभवों को कैमरे में बड़े ही प्यारे अंदाज में कैद करने की उनकी कला के भारत में अब लाखों की संख्या में मुरीद बन गए हैं। मायो अपने यूट्यूब वीडियोज के जरिए लोगों को इस बात से भी अवगत कराने का काम करती हैं कि भारत और जापान इन दोनों देशों की सामाजिक और सांस्कृतिक सभ्यता में कितनी समानता और कितनी विषमता है। दूसरे शब्दों में कहें तो हिंदी बोलने वाली जापानी लड़की मायो आज भारत और जापान इन दो अहम देशों के लोगों को एक दूसरे से जुड़ी जरूरी जानकारी देकर उन्हें एक दूसरे और करीब लाने का सराहनीय काम कर रही है।

क्या आपने हाल में कोई की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

More By This Author

Further Reads