2023 की सर्दियों में करना चाहते हैं विदेश यात्रा? जानिये कौन से हैं सबसे सस्ते देश

Tripoto
Photo of 2023 की सर्दियों में करना चाहते हैं विदेश यात्रा? जानिये कौन से हैं सबसे सस्ते देश by We The Wanderfuls

किसी ने सच ही कहा है कि इंसान की समझ सिर्फ इससे पता नहीं लगती कि वह कितना अधिक शिक्षित है बल्कि उसने कितनी दुनिया देखी है उसी से उसकी दुनिया को लेकर समझदारी भी पता लगती है। अब कोई और इस बात को समझे या नहीं, घुमक्कड़ों को यह बात जरूर समझ आती है और इस वजह से भी हम घुम्मकड़ लोग इस खूबसूरत दुनिया में ज्यादा से ज्यादा जगहों को देखना और समझना चाहते हैं। अब घूमने के लिए भी ये बात सही है कि 'सारे जहाँ से अच्छा हिन्दुस्तान हमारा...' लेकिन फिर भी अगर दुनिया देखनी है तो सिर्फ भारत ही क्यों, इससे बाहर भी कई ऐसे अद्भुत देश हैं जिनकी कुछ दिनों की यात्रा ही आपकी यादों में हमेशा के लिए बस जाएगी।

अब आप सोच रहे होंगे की विदेशों में घूमने के लिए बजट भी तो कई गुना बढ़ जायेगा ! लेकिन नहीं आप बिलकुल परेशान न हो इसके लिए आज हमारे इस लेख में हम आपको बताने वाले हैं भारत से यात्रा करने के लिए सबसे सस्ते देशों के बारे में जिनकी आप 2023 की सर्दियों में यात्रा कर सकते हैं। तो चलिए शुरू करते हैं...

मलेशिया

दक्षिण-पूर्वी एशिया की अगर बात करें तो मलेशिया का नाम पर्यटन की दुनिया में एक बेहद लोकप्रिय देश के तौर पर लिया जाता है। मलेशिया एक बेहद खूबसुरत और सुरम्य देश है जहाँ आप फिरोजी रंग के पानी और बेहद शानदार वातावरण के साथ यहाँ के सुन्दर बीचों पर कुछ यादगार दिन अपनी फैमिली या फ्रेंड्स के साथ या फिर सोलो भी बिता सकते हैं। इसके साथ ही आपको बता दें कि अगर आप भारत से किसी बजट में होने वाली विदेश यात्रा के बारे में सर्च कर रहे हैं तो उसमें मलेशिया का नाम जरूर आता है।

ठहरने का खर्च : मलेशिया में आपको कुछ गेस्ट हाउस और हॉस्टल वगैरह 300 रुपये तक भी मिल सकते हैं

हवाई टिकट: करीब 20000 रुपये में दोनों तरफ के टिकट

कितने दिन चाहिए : 4 दिन और 3 रातें

औसत खर्चा : करीब 40000 रुपये प्रति व्यक्ति

श्रीलंका

क्या आप जानते हैं कि अच्छे से की गयी प्लानिंग के साथ आप श्रीलंका की ट्रिप केरल घूमने से भी कम बजट में कर सकते हैं। इस समय तो श्रीलंका में पर्यटन को फिर से बढ़ावा देने के लिए भारतीयों के लिए कुछ खास ऑफर भी दिए जा रहे हैं। साथ ही आपको बता दें कि 1 भारतीय रूपया श्रीलंका के करीब 4 रुपयों के बराबर है।

हमारा पडोसी देश श्रीलंका प्राकृतिक खूबसूरती से भरपूर है। यहाँ देखने को अनेक खूबसूरत बीच, चाय के बागान और उनकी खुशबु के बीच बेहद लाजवाब व्यंजनों की लम्बी लिस्ट आपकी श्रीलंका की ट्रिप को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

ठहरने का खर्च : यहाँ भी आपको रुकने के लिए काफी सरे हॉस्टल वगैरह मिल जाते हैं जिनका खर्च सिर्फ 600 रुपये प्रति दिन से शुरू होता है इसके अलावा होटल्स भी यहाँ ज्यादा महंगे नहीं है

हवाई टिकट: हालाँकि दिल्ली से दोनों तरफ की टिकट का खर्चा 15 से 20 हज़ार हो सकता है लेकिन अगर आप चेन्नई के पास हैं तो यहाँ से दोनों तरफ की टिकट का खर्च केवल 8000 रुपये रहता है।

कितने दिन चाहिए : 6 दिन और 5 रातें

औसत खर्चा : करीब 35 से 40 हज़ार रुपये

वियतनाम

हाल ही में आपने बहुत से ट्रेवलर्स को इंटरनेट पर वियतनाम को यात्रा करते देखा होगा और हो भी क्यों नहीं आखिर दक्षिण-पूर्वी एशिया का यह खूबसूरत देश पर्यटन की दृष्टि से एक बेहद अद्भुत स्थान जो है। हनोई, सापा, हा लॉन्ग बे, हो ची मिन्ह सिटी, न्हा ट्रांग, मेकांग डेल्टा वियतनाम यहां के कुछ प्रमुख पर्यटन स्थल हैं। सार्थ ही यहाँ भारत के रुपये की कीमत देखकर आप जरूर चौंक जायेंगे क्योंकि यहाँ 1 भारतीय रूपया करीब 300 वियतनामी दोंग के बराबर होता है। कई तरह के सुन्दर समुद्र तटों के साथ आप यहाँ बोटिंग और क्रूज़ का भी आनंद ले सकते हैं और इसके अलावा सांस्कृतिक विरासतें और कई तरह की प्राकृतिक गुफाएं भी देखने को मिलेगी। यह देश भी भारत से सबसे सस्ते में घूमने वाले देशों में हमेशा टॉप लिस्ट में बना रहता है।

ठहरने का खर्च : यहाँ अगर हॉस्टल की बात करें तो 500 से 800 रुपयों में आपको हॉस्टल मिल जायेगा और इसके अलावा बजट होटल्स भी आसानी से करीब 1000 से 1200 रुपये प्रति दिन में मिल जायेंगे।

हवाई टिकट : सही समय और जगह से पर बुक करवाने से आपको वियतनाम की फ्लाइट दोनों तरफ की करीब 16000 रुपयों में मिल जाएगी

कितने दिन चाहिए : 5 दिन और 4 रातें

औसत खर्चा : करीब 40000 रूपये प्रति व्यक्ति

मिस्र

दुनिया के सात अजूबों में से एक 'द ग्रेट पिरामिड्स ऑफ़ गिज़ा' के बारे में तो आपने सुना ही होगा और उसे देखने की इच्छा भी जरूर होगी। तो अपनी ये इच्छा आप बेहद कम बजट में पूरी कर सकते हैं। जी हाँ आपको बता दें कि भारत से सबसे सस्ती विदेशी यात्रा में मिस्र की यात्रा भी शामिल है। इस अद्भुत देश में इतने प्राचीन समय के बने इतने अद्भुत अजूबों को देखना किसी भी इतिहास प्रेमी को तो बेहद अच्छा लगने वाला है ही लेकिन इसके अलावा अगर आप नयी-नयी जगहों को एक्स्प्लोर करने के शौक़ीन है तो भी यह अद्भुत देश आपको बिलकुल निराश नहीं करेगा। हालाँकि यहाँ 1 भारतीय रुपये की कीमत करीब 0.37 मिस्र पाउंड ही है लेकिन फिर भी आप बेहद कम बजट में इसकी यात्रा कर सकते हैं।

ठहरने का खर्च : यहाँ ठहरने का खर्च काफी कम रहता है और आपको आसानी से करीब 500 से 700 रुपये में हॉस्टल वगैरह मिल जायेगा

हवाई टिकट: सही समय पर बुक करवाते हैं तो मुंबई से मिस्र की दोनों तरफ की फ्लाइट का खर्च करीब 25000 रुपये तक आ सकता है

कितने दिन चाहिए : 6 दिन और 5 रातें

औसत खर्चा : करीब 45000 रुपये प्रति व्यक्ति

ओमान

ऊपर बताये गए सभी देशों से अलग अगर आप पर्शियन गल्‍फ की यात्रा करना चाहते हैं तो आप बेहद कम बजट में ओमान की यात्रा भी कर सकते हैं। यहाँ आप अरब की अद्भुत संस्कृति के साथ यहाँ के सुन्दर समुद्र तटों पर लहरों का आनंद ले सकते हैं। यहाँ समुद्री तटों के अलावा भी आप कई ऐतिहासिक धरोहरों और अनेक वन्यजीवों को भी देख सकते हैं। आपको बता दें कि ओमान को फारस की खाड़ी का गहना बोला जाता है और इसी से आप समझ सकते हैं कि यह देश प्राकृतिक रूप से भी आखिर कितना खूबसूरत होगा।

ठहरने का खर्च : यहाँ रुकने के लिए आपको थोड़ा ज्यादा पैसा खर्च करना होगा जिसमें करीब 2000 रुपयों में आपको होटल वगैरह मिल जायेगा। लेकिन यहाँ ट्रिप को बजट में रखने के लिए आप शेयर्ड टैक्सी वगैरह से सभी पर्यटन स्थलों पर जा सकते हैं साथ ही यहाँ खाने का भी खर्च बेहद कम रहने वाला है।

हवाई टिकट: दिल्ली से ओमान की दोनों तरफ की टिकट का खर्चा करीब 20000 रुपये का होगा

कितने दिन चाहिए : 5 दिन और 4 रातें

औसत खर्चा : करीब 35 से 40 हज़ार रुपये प्रति व्यक्ति

भूटान

भारत के एक और पडोसी देश भूटान की यात्रा भी बेहद ही कम बजट में की जा सकती है और प्राकृतिक खूबसूरती के हिसाब से यह देश किसी से भी कम बिलकुल नहीं आँका जा सकता है। इस सुंदर देश को 'थंडर ड्रेगन की भूमि' या 'ड्रुक यूल' भी कहा जाता है। यहाँ आपको कई तरह के प्राचीन और अनछुहे प्राकृतिक पर्यटन स्थल देखने को मिल जायेंगे। हिमालय के दक्षिण पर्वत के दक्षिण तलहटी में स्थित प्राकृतिक सुंदरता के साथ ही बेहद अद्भुत वास्तुकला वाली चीजों से भी भरपूर है और आपको जानकार हैरानी होगी कि यह दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है जो कि करीब 72 प्रतिशत जंगलों से घिरा हुआ है। यहाँ घूमने के लिए भूटान की राजधानी थिम्फू और इसके अलावा पारो,ट्रोंगसा,फुंटशोलिंग जैसे कई स्थान है।

ठहरने का खर्च : भूटान में ठहरने के लिए आपको काफी सस्ते विकल्प आसानी से मिल जाते हैं जिनका खर्चा करीब 500 रुपयों से शुरू होता है।

हवाई टिकट: चाहें तो भूटान के पारो शहर के लिए फ्लाइट भी ले सकते हैं या फिर कम खर्च करने के हिसाब से आप भारत के किसी भी शहर से पहले बागडोगरा एयरपोर्ट जो की सिलीगुड़ी,पश्चिम बंगाल में है वहां पहुंचकर फिर वहां से करीब 300 किलोमीटर दूर थिम्फू तक बस से पहुँच सकते हैं।

कितने दिन चाहिए : 5 दिन और 4 रातें

औसत खर्चा : करीब 30000 से 35000 रुपये प्रति व्यक्ति

इंडोनेशिया

इस खूबसूरत देश के एक सुन्दर आइलैंड 'बाली' के बारे में तो आपने जरूर सुना ही होगा साथ ही कई सेलिब्रिटीज की यहाँ की कुछ फोटोज वगैरह भी आपने जरूर देखी होगी। लेकिन आपको ये जानकार हैरानी होगी कि इतने खूबसूरत आइलैंड और समुद्र तटों वाला यह देश वास्तव में भारत से सबसे सस्ती विदेश यात्रा करने के लिए एक बेहतरीन विकल्प है। अनेकों खूबसूरत और अनोखे समद्र तटों के अलावा भी यहाँ कई सुन्दर और ऐतिहासिक प्राचीन मंदिर भी मौजूद हैं। साथ ही फोटोग्राफी के लिए तो यह किसी स्वर्ग से कम नहीं और इनके साथ यहाँ का खास नृत्य और और संगीत दुनिया में काफी प्रसिद्द है। यहाँ कि अनोखी संस्कृति के साथ यहाँ कई ज्वालामुखी को देखकर आपकी इंडोनेशिया की यात्रा सच में बेहद शानदार होगी।

ठहरने का खर्च : इंडोनेशिया में अगर आप हॉस्टल वगैरह में रुकते हैं तो वे सिर्फ 600 से 800 रुपये में मिल जायेंगे वहीं होटल भी 1000-1200 में आसानी से मिल जायेंगे।

हवाई टिकट: दिल्ली से दोनों तरफ की फ्लाइट का खर्चा करीब 25000 और वहीं चेन्नई से यह करीब 20000 रुपये का हो सकता है।

कितने दिन चाहिए : 6 दिन और 5 रातें

औसत खर्चा : करीब 45000 रुपये प्रति व्यक्ति

तो अगर आप 2023 की सर्दियों में किसी विदेश यात्रा पर जाने का प्लान कर रहे हैं लेकिन बजट के बारे में सोचना पड़ रहा है तो आप ऊपर बताये गए देशों में से किसी को भी चुन सकते हैं जो कि भारत से सबसे सस्ती विदेश यात्रा करने के लिए सबसे लोकप्रिय देश हैं। इनसे जुड़ी जितनी भी जानकारियां हमारे पास थीं हमने इस लेख के माध्यम से आपसे साझा करने की कोशिश की है। अगर आप को यह आर्टिकल अच्छा लगा तो कृपया इसे लाइक जरूर करें और साथ ही ऐसी अन्य जानकारियों के लिए आप हमें फॉलो भी कर सकते हैं।

साथ ही ऐसी बहुत सी अन्य जगहों के वीडियो देखने के लिए आप हमें यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर भी फॉलो कर सकते हैं। जिसके लिए आप हमारे यूट्यूब चैनल WE and IHANA पर या फिर हमारे इंस्टाग्राम अकाउंट @weandihana पर जा सकते हैं।

क्या आपने हाल में कोई की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।