ग्वालियर को बहुत घूम लिया, अब आसपास की इन जगहों को देखने का प्लान बनाएं

Tripoto
Photo of ग्वालियर को बहुत घूम लिया, अब आसपास की इन जगहों को देखने का प्लान बनाएं by Rishabh Dev

मध्य प्रदेश घुमक्कड़ों के लिए एक अलग ही दुनिया है। घूमने वालों के लिए यहाँ सब कुछ है। एक तरफ सैकड़ों साल पुरानी ऐतहासिक जगहें तो दूसरी तरफ हरियाली से भरे हिल स्टेशन हैं। इसी मध्य प्रदेश में एक खूबसूरत शहर है, ग्वालियर। इस ऐतिहासिक शहर पर तोमर, मुगल, मराठा और सिंधिया जैसे राजाओं का शासन रहा। ग्वालियर में कई किले, महल, म्यूजियम और भी बहुत कुछ देखने लायक है। दुनिया भर से लोग ग्वालियर को देखने के लिए आते हैं। ग्वालियर के आसपास भी कई सारी शानदार जगहें जिनको आपको देखना चाहिए। ये जगहें आपकी घुमक्कड़ी में चार चांद लगा देंगी।

ग्वालियर के आसापास घूमने वाली जगहें:

1- बटेश्वर मंदिर

ग्वालियर से लगभग 35 किमी. की दूरी पर स्थित बटेश्वर मंदिर खूब सारे मंदिरों का एक समूह है। बलुआ पत्थर से बने बटेश्वर मंदिर मध्य प्रदेश की सबसे शानदार हेरीटेज साइट में से एक है। 25 एकड़ में फैले इन मंदिरों का निर्माण 8वीं से 11वीं शताब्दी के बीच में हुआ था। इनमें ज्यादातर मंदिर भगवान शिव को समर्पित हैं और कुछ भगवान विष्णु को समर्पित हैं।

2- चौसठ योगिनी मंदिर

ग्वालियर से लगभग 40 किमी. की दूरी पर एक गाँव है, मितावली। इस गाँव में प्रसिद्ध चौसठ योगिनी मंदिर है। कहा जाता है कि ये भारत का एकमात्र ऐसा मंदिर है जिसमें भगवान शिव और पार्वती के विवाह की मूर्ति स्थापित है। चौसठ योगिनी मंदिर को 10वीं शताब्दी में कल्चुरी राजवंश के राजा युवराज देव प्रथम ने बनवाया था। इस मंदिर में 81 योगिनियों की मूर्ति भी हैं। ग्वालियर जाएं तो इस जगह को देखना न भूलें।

3- बीर सिंह पैलेस

ग्वालियर से 67 किमी. दूर दतिया में पहाड़ी पर स्थित एक किला है, बीर सिंह पैलेस। इंडो-इस्लामिक शैली में बने इस पैलेस का नाम महाराजा बीर सिंह देव के नाम पर रखा गया है। 1614 में उन्होंने ही इस किले को बनवाया था। कहा जाता है कि इस महल को पूरा होने में 9 साल का समय लग गया था। स्थानीय लोग इस किले को गोविंद मंदिर के नाम से भी जानते हैं। आर्किटेक्चर के शानदार नमूने को देखने के लिए आपको यहाँ जाने का प्लान बनाना चाहिए।

4- पडावली किला

पडावली किला बुंदेलखंड की सबसे शानदार जगहों में से एक है। इस जगह के बारे में कम लोगों को ही पता है। बटेश्वर मंदिर से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, पडावली किला। इस जगह पर भगवान शिव का बेहद पुराना मंदिर है। इस जगह की नक्काशी वाकई में देखने लायक है। इस ऐतिहासिक जगह पर गर घुमक्कड़ को एक बार जरूर जाना चाहिए।

5- चंबल वाइल्ड लाइफ सैंक्चुरी

ग्वालियर के आसपास कई सारी ऐतहासिक जगहें तो हैं ही इसके अलावा कुछ प्राकृतिक सौंदर्य वाली जगहें भी हैं। अगर आपको प्रकृति और इसकी सुंदरता से प्यार है तो चंबल वाइल्ड लाइस सैंक्चुरी की सैर करनी चाहिए। ग्वालियर से लगभग 100 किमी. दूर स्थित ये वाइल्ड लाइस सैंक्चुरी 5400 वर्ग किमी. में फैला हुआ है। आप इस सैंक्चुरी में जंगल सफारी भी कर सकते हैं।

6- अटेर किला

ग्वालियर से लगभग 97 और भिंड से 35 किमी. की दूरी पर अटेर किला है। भदौरिया राजा बादान सिंह, महा सिंह और बख्त सिंह ने इस किले को बनवाया था। अटेर के किले में आप खूनी दरवाजा, बादान सिंह का महल, राजा का महल और बारह खंबा महल देख सकते हैं। इस किला का आर्किटेक्चर देखने लायक है और आपको इस अनछुई जगह पर आने के बारे में विचार करना चाहिए।

7- गोहद किला

ग्वालियर के पास इतनी सारी ऐतिहासिक जगहें हैं कि कुछेक के बारे में तो लोगों को पता ही नहीं है। ग्वालियर शहर से 45 किमी. दूर गोहद में ये किला स्थित है। 1505 में गोहद किला पूरी तरह से तैयार हो गया था। वैसली नदी के किनारे स्थित इस किले वास्तुकला शानदार है। किले के 11 विशाल गेट हैं। इन सभी गेटों के नाम यहाँ के गाँव के नाम पर रखे गये हैं। किले में कुछ मंदिर भी हैं जिनको आप देख सकते हैं। ग्वालियर के आसपास की इन जगहों को देखने के बाद आप पक्के घुमक्कड़ बन जाएंगे।

क्या आपने मध्य प्रदेश की इन जगहों की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।

Further Reads