सैलानियों की भीड़ से आज तक बची हुई है महाराष्ट्र की ये बेहद खूबसूरत जगह

Tripoto
29th Mar 2024
Photo of सैलानियों की भीड़ से आज तक बची हुई है महाराष्ट्र की ये बेहद खूबसूरत जगह by We The Wanderfuls

हमारे देश का महाराष्ट्र राज्य पर्यटन की दुनिया में एक खास पहचान रखता है। खास तौर पर बारिश के मौसम और इसके बाद महाराष्ट्र में स्थित खूबसूरत पश्चिमी घाटों के अद्भुत नज़ारे तो हर किसी को अपना दीवाना बना लेते हैं। इन्ही वेस्टर्न घाट्स पर अनेकों सुन्दर ट्रेक भी हैं जिनके लिए देश के साथ विदेशों से भी बहुत से पर्यटक महाराष्ट्र आते रहते हैं। लेकिन महाराष्ट्र में इन शानदार पहाड़ी नज़ारों के अलावा बेहद सुन्दर समुद्री दृश्य वाली जगहें भी हैं जो अभी तक पर्यटकों के बीच इतनी प्रसिद्द नहीं हुई हैं। ऐसी ही एक सुन्दर जगह रत्नागिरी के बारे में आज हम इस लेख में आपको बताने वाले हैं। कम लोकप्रिय होना भी एक वजह है कि यहाँ की खूबसूरती अभी तक अपने मूल स्वरुप में यहाँ मौजूद है और इसी के साथ यहाँ का शांत और प्रदूषण मुक्त वातावरण वास्तव में आपके लिए आपकी सारी थकान मिटा देने वाला साबित होगा।

रत्नागिरी महाराष्ट्र के कोंकण इलाके में पड़ता है जो कि करीब 720 किलोमीटर लम्बा समुद्रतटीय इलाका है। आपको बता दें कि कोंकण में महाराष्ट्र और गोवा के तटीय जिले आते हैं। रत्नागिरी में घूमने के लिए अनेक हसीं और मनमोहक जगहें हैं जिनके बारे में हम आपको आगे इस लेख में बताने वाले हैं। चलिए शुरू करते हैं...

आरे-वारे बीच

ये समुद्र तट रत्नागिरी से गणपतिपुले के रास्ते में हैं जो कि रत्नागिरी से करीब 15 किलोमीटर और गणपतिपुले से लगभग 8 किलोमीटर की दूरी पर हैं। ये आरे और वारे गांवों के पास दो बेहद कम भीड़-भाड़ वाले सुन्दर और जुड़वां समुद्र तट हैं और इसीलिए इन्हें संयुक्त नाम 'आरे-वारे बीच' दिया गया है। ये समुद्र तट एक ही पहाड़ के दो किनारों पर स्थित हैं और इस पर्वत के शिखर पर जाकर आप दोनों तरफ के समुद्र तटों का अद्भुत नज़ारा देख सकते हैं।

थिबॉ पॉइंट

करीब 27 एकड़ में फैला एक खूबसूरत बगीचे के साथ ब्राह्मी शैली में बना यह एक सुन्दर तीन मंजिला महल है। महल में जहाँ लकड़ी का फर्श और गुम्बद के आकार की शीशों वाली खिड़कियां इसे शानदार बनाती है वहीं इस महल में बना एक विशाल डांसिंग हॉल भी इसे अपने आप में खास बनाता है। महल में कई प्राचीन मूर्तियां भी मौजूद हैं और आपको बता दें कि अब इसे एक म्यूजियम में बदल दिया गया है जिसकी शीर्ष फ्लोर पर काफी सुन्दर कला प्रदर्शनी है जिसे आपको जरूर देखना चाहिए। साथ ही थिबा पॉइंट एक व्यू पॉइंट भी है जहां से शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है।

गणेशघुले बीच

रत्नागिरी में प्रकृति प्रेमियों के लिए सबसे खूबसूरत जगहों में से एक गणेशघुले बीच एक शानदार जगह है। अगर आप अपने पार्टनर के साथ जा रहे हैं तो यह अद्भुत बीच एक बेहतरीन रोमांटिक जगह के तौर पर आपको जरूर चुनना चाहिए। रत्नागिरी के दक्षिणी भाग में स्थित यह बीच यहाँ की कुछ चुनिंदा सुकून भरी जगहों में से एक है एक छोटी और शानदार नज़ारों से भरी ड्राइव आपको इस शांति से भरे सुन्दर बीच पर ले जाएगी जहाँ छोटी-छोटी पहाड़ियों के साथ सफ़ेद रेत वाला यह बीच पहली झलक में ही आपके होश उड़ा देगा।

जयगढ़ किला

रत्नागिरी शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित जयगढ़ किला जयगढ़ नाम के गाँव में स्थित है। अरब सागर और शास्त्री नदी के सुन्दर संगम स्थल पर ये अद्भुत किला मौजूद है। बताया जाता है कि इस किले का निर्माण बाजीपुर के सुल्तान द्वारा 16वीं सदी में बनाया गया था जो करीब 13 एकड़ के क्षेत्र में फैला है। हालाँकि किले की काफी सारी इमारतें खंडहर बन चुकी है लेकिन फिर भी किले से चारों ओर का काफी सुन्दर नज़ारा दिखाई देता है। साथ ही किले के पास पोर्ट एंग्रे और एक लाइटहाउस भी है जहाँ आप जा सकते हैं।

स्वयंभू गणपति मंदिर

रत्नागिरी से करीब 25 किलोमीटर दुरी पर गणपतिपुले नाम का छोटा शहर है। महाराष्ट्र के सफ़ेद रेतीले तटों के बीच बसा यह शहर नदी और समुद्र के अद्भुत संगम का भी शानदार दृश्य दिखाता है। यहाँ भगवान गणपति जी का एक प्राचीन मंदिर भी है जिसे करीब 400 वर्ष पुराना बताया जाता है और यह भी कहा जाता है कि यहाँ स्थापित गणपति जी की प्रतिमा स्वयंभू है। हिन्दू पौराणिक कथाओं के अनुसार भी यह एक महत्वपूर्ण स्थान बताया जाता है। मंदिर के पास ही गणपतिपुले नाम का समुद्रतट भी है जहाँ आप कई तरह की पानी के खेलों का भी आनंद ले सकते हैं।

गुहागर बीच

रत्नागिरी में अगर आप सबसे लोकप्रिय और हैप्पनिंग समुद्रीतट की तलाश में है तो आपको गुहागर तट पर जरूर जाना चाहिए। रत्नागिरी शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर स्थित यह बीच अपने शांत वातावरण व सुहावने मौसम के साथ यहाँ उठने वाली शानदार समुद्री लहरों के लिए भी पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। यहां सफेद रेत, हरे-भरे पेड़ों के साथ यह समुद्रतट न सिर्फ रत्नागिरी बल्कि पूरे कोंकण इलाके के सबसे खूबसूरत समुद्रतटों में से एक है। इसके अलावा यह बीच यहाँ की जाने वाली अनेक तरह के वाटर स्पोर्ट्स के लिए भी काफी प्रसिद्द है जहाँ आप स्पीड बोट, बम्पर ड्राइव जैसी शानदार गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं।

रतनदुर्ग किला

रत्नागिरी में स्थित रत्नादुर्ग रत्नागिरी किला या फिर भगवती किले के नाम से भी जाना जाता है। किले के अंदर बेहद प्रसिद्द भगवती मंदिर होने से भी यह किला यहाँ के सबसे प्रसिद्द पर्यटन स्थलों में से एक है। इस सुन्दर किले की सरंचना किसी घोड़े की नाल के समान प्रतीत होती है। बताया जाता है कि इस किले का निर्माण 12वीं शताब्दी में किया गया था और यह किला तीन तरफ से समुद्र से घिरा है और एक तरफ एक लाइट हाउस बना हुआ है। हालाँकि पर्यटकों का लाइट हाउस में जाना मना है लेकिन दूर से भी यह देखने में एक अलग ही नज़ारा पेश करता है। इसके अलावा इस किले में 4 तोपें राखी हुई हैं जिनमें से 2 काफी बड़ी हैं। कुल मिलाकर यह किला रत्नागिरी का एक बेहद महत्वपूर्ण और अद्भुत पर्यटन स्थल है जहाँ आपको जरूर जाना चाहिए।

तो इस तरह से अगर आप सुकून से किसी प्राकृतिक खूबसूरती से भरे शानदार पर्यटन स्थल पर जाना चाहते हैं तो एक तरफ से समुद्र और एक तरफ से पर्वतों से घिरे इस खूबसूरत रत्नागिरी शहर की यात्रा आपको जरूर करनी चाहिए।

इससे जुड़ी जितनी भी जानकारी हमारे पास थी हमने आपसे इस लेख के माध्यम से साझा करने की कोशिश की है। अगर आपको ये जानकारी अच्छी लगी तो कृपया इस आर्टिकल को लाइक जरूर करें और साथ ही ऐसी ही अन्य जानकारियों के लिए आप हमें फॉलो भी कर सकते हैं।

अगर आप ऐसी ही कुछ और जानकारियों के बारे में जानना चाहते हैं तो आप हमारे यूट्यूब चैनल WE and IHANA पर या फिर हमारे इंस्टाग्राम अकाउंट @weandihana पर भी जा सकते हैं।

क्या आपने हाल में कोई की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।