बारिश में भीगने के लिए भारत के 10 मनभावन स्थान जहाँ मिलेगा मानसून का फुल मजा

Tripoto
Photo of बारिश में भीगने के लिए भारत के 10 मनभावन स्थान जहाँ मिलेगा मानसून का फुल मजा by Deeksha

कुछ जगहें ऐसी होती हैं जहाँ हम अपनी बकेट लिस्ट को पूरा करने के लिए जाते हैं। लेकिन कुछ जगहें ऐसी भी होती हैं जिनसे हमें इतना लगाव हो जाता है कि हम वहाँ बार बार जाना चाहते हैं। घुमक्कड़ों में ये बहुत आम बात है। घूमने के मामले में गर्मियों में हम हमेशा पहाड़ों पर जाते हैं तो सर्दियों में हम समुंदर किनारे पहुँच जाते हैं। लेकिन बारिश के मौसम में हम अक्सर अपने अपने घरों में दुबके रहना चाहते हैं। हमें लगता है मानसून की बारिश के साथ हमारे घूमने के सारे प्लान पर भी पानी फिर जाएगा। लेकिन असल में ऐसा बिल्कुल नहीं होता है। मानसून साल का वो समय होता है जब हर जगह आपको सस्ती चीजें मिलती हैं। केवल यही नहीं मानसून में कुछ जगहें पहले से ज्यादा बेहतर भी लगने लगती हैं। अगर आप ये पढ़कर सोच में पड़ गए हैं तो हमने आपके लिए भारत की 10 खास जगहों की सूची तैयार की है जहाँ आप बारिश का पूरा मजा ले सकते हैं।

1. लोनावला, महाराष्ट्र

अगर आपको पानी से लदे बादलों और झमाझम बारिश के बीच रहना पसंद है तक मुंबई के पास स्थित लोनावला आपके लिए परफेक्ट जगह है। वेस्टर्न घाट के ऊपरी छोर में बसा लोनावला इस मानसून सीजन आपको दिल को खुश कर देगा। लोनावला को अपने खुशनुमा मौसम के लिए जाना जाता है। यहाँ आपको पुराने समय की बिल्डिंगें भी दिखाई देंगी जो आपको सीधे अंग्रेजों के समय की याद दिलाएंगी। मुंबईकरों के लिए लोनावला वीकेंड एन्जॉय करने के लिए सबसे पसंदीदा जगहों में से है। ढेर सारी हरियाली देखकर आपका मन खुश हो जाएगा। बारिश के समय ये पूरा इलाका और भी हरा-भरा दिखाई देने लगता है। जो बहुत खूबसूरत होता है। अगर आप बारिश के मौसम का पूरा मजा लेना चाहते हैं तो आपको लोनावला की अंबी घाटी जरूर जाना चाहिए। यकीन मानिए ये जगह बारिश के समय किसी जन्नत से कम नहीं लगती है।

2. कोडईकनाल, तमिलनाडु

क्या आपको बारिश के मौसम में भीगना पसंद है? क्या मानसून के साथ साथ आपको हरियाली के बीच रहना अच्छा लगता है? अगर इन दोनों सवालों के लिए आपका जवाब हां है तो आपको जुलाई और अगस्त के महीनों में तमिलनाडु के कोडईकनाल की यात्रा जरूर करनी चाहिए। ये हिल स्टेशन पहले से ही बेहद खूबसूरत है और बारिश के मौसम में ये जगह जैसे झूम उठती है। बारिश में भीगे पेड़ और गीली मिट्टी की खुशबू से पूरा माहौल महक उठता है। मानसून के समय कोडईकनाल प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफरों के लिए जन्नत सा हो जाता है। साल के इस समय आप यहाँ धुंध में लिपटे पहाड़ों और आसपास के लैंडस्केप को एन्जॉय कर सकते हैं। इसके अलावा मानसून में कोडईकनाल के दो सबसे मोहक झरने- बियर शोला और सिल्वर कैस्केड पानी से भर जाते हैं। बारिश में भीगने के अलावा आप इन दोनों झरनों को भी देखने जा सकते हैं।

3. कूर्ग, कर्नाटक

भारत के स्कॉटलैंड नाम से मशहूर कर्नाटक के कूर्ग में आपको बरसात का मौसम एन्जॉय करने का पूरा मजा मिलेगा। कुर्ग के हरे भरे पहाड़ और घाटियाँ मानसून में और भी रंगीन हो जाती हैं। जो आपको बहुत अच्छी लगेंगी। कूर्ग में बारिश का मजा लेने के लिए आप कुशलनगर के पास वाले पहाड़ों पर भी जा सकते हैं। धुंध में लुक्का-छुप्पी खेलते हुए इन पहाड़ों पर आपको मानसून का बढ़िया मिजाज़ देखने के लिए मिलेगा। अच्छी बात ये भी है कि बारिश के समय इन पहाड़ों पर बहुत कम लोग जाते हैं। इसलिए आप बिना भीड़ की चिंता करे आराम से बारिश में भीगने का मजा ले सकते हैं। कूर्ग में आपका मानसून बेशकीमती नजारों से भरा होगा। पहाड़, पेड़ और झरनों का साथ आखिर किसको अच्छा नहीं लगता है। अगर आपकी किस्मत अच्छी रही और घने बादलों ने रास्ता नहीं रोका तो आपको हसीन नजारे एन्जॉय करने से कोई नहीं रोक सकता है।

4. शिलांग, मेघालय

अगर आप पानी से लबालब भरे बादलों के साथ अठखेलियाँ करना चाहते हैं तो शिलांग का मानसून आपकी बकेट लिस्ट में जरूर होना चाहिए। जिस राज्य को पहले ही बादलों की नगरी कहा जाता है, आप सोच ही सकते होंगे बरसात के समय वहाँ कितना बेहतरीन नजारा होता होगा। शिलांग की बारिश इतनी जोरदार होती है कि वो अपने आगे सभी को रोक देती है। फिर चाहे वो गाड़ियाँ हों या जानवर। शिलांग की बारिश को आप भूलकर भी बारिश को कम नहीं आंक सकते हैं। लेकिन यकीनन आप इस बारिश में भीगने का मजा जरूर ले सकते हैं। झमाझम बरसते बादलों के नीचे भीगने का सुख आपको शिलांग से बेहतर और कहीं नहीं मिलेगा। अगर आप मानसून का और मजा लेना चाहते हैं तो आपको इस मौसम में एलिफेंट वॉटरफॉल देखने जाना चाहिए। बारिश के समय ये झरना पानी से भर जाता है। जो देखने में बहुत सुंदर लगता है।

5. पांडिचेरी

पांडिचेरी की पहचान वहाँ की फ्रेंच कॉलोनी, आकर्षक समुद्री किनारे और लाजवाब माहौल से की जाती है। ऐसे में बारिश के मौसम में पांडिचेरी जाना आपके घुमक्कड़ीय जीवन का सबसे बेहतरीन निर्णय हो सकता है। पांडिचेरी जरूर आधुनिक सुविधाओं से लैस है। लेकिन इसके आसपास का इलाकों में आपको ढेर सारी हरियाली देखने के लिए मिलेगी। जो बारिश के मौसम में झूम उठती है। बरसते पानी में पांडिचेरी की मशहूर प्रोमेनाड बीच पर टेहलने का सुख आपको जिंदगी भर याद रहेगा। बीच पर घूमने समय आपकी भेंट समुद्री लहरों से भी होती रहती है। बारिश के मौसम में पांडिचेरी जाने का एक और बहुत बड़ा फायदा है। आमतौर पर इस समय पांडिचेरी में कम टूरिस्ट होते हैं। इसलिए आपको ज्यादातर जगहों पर कम भीड़ मिलेगी। पांडिचेरी में मानसून सीजन एन्जॉय करना आपकी लिस्ट में जरूर होना चाहिए।

6. रानीखेत, उत्तराखंड

उत्तराखंड की वादियों में स्थित रानीखेत अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है। ये जगह कितनी खास है ये इसके नाम से ही मालूम पड़ता है। देवदार के घने जंगल और हैरतअंगेज नजारों से भरी ये जगह मानसून के समय और भी मोहक हो जाती है। बारिश के समय बदल इतने नीचे आ जाते हैं कि को आपको जंगलों से होते हुए गुजरते दिखाई देंगे। अगर आपको बारिश में भीगना पसंद है तो उसके लिए रानीखेत बढ़िया ऑप्शन है। पहाड़ों के बीच बारिश का मजा लेने के लिए आप टहलने निकल सकते हैं। बारिश के मौसम में अक्सर पहाड़ों में लैंडस्लाइड होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए यदि आप रानीखेत में मानसून एन्जॉय करना चाहते हैं तो आपको बारिश का सीजन शुरू होने के कुछ दिनों पहले ही यहाँ आ जाना चाहिए। रानीखेत में आप भालू डैम और झूला देवी मंदिर भी घूम सकते हैं।

7. वायनाड, केरल

कोझिकोड से लगभग 70 किमी. की दूरी पर स्थित वायनाड मानसून एन्जॉय करने के लिए भारत की बेस्ट जगहों में से है। खास बात ये भी है कि केरल घूमने जाने वाले हर घुमक्कड़ की लिस्ट में वायनाड जरूर शामिल होता है। अगस्त के मौसम में यहाँ घुमक्कड़ों और टूरिस्टों का मेला लगा रहता है। बारिश एन्जॉय करने के लिए देश के कोने-कोने से लोग वायनाड की ओर खींचें चले आते हैं। ये भारत की उन जगहों में से है जहाँ सबसे ज्यादा बारिश होती है। चाय और कॉफी के बागानों से आती ठंडी मदमस्त हवा आपको मदहोश कर देने के लिए काफी होती है। वायनाड में बारिश का मजा लेने के लिए आप ट्रेकिंग करने भी जा सकते हैं। बनसुरा हिल ट्रेक, एडक्कल केव और कुरुवा द्वीप बारिश के समय वाकई बेहतरीन नजारों से भर जाते हैं।

8. मुन्नार, केरल

मुन्नार केरल की सबसे लोकप्रिय जगहों में शुमार है। ये जगह इतनी खूबसूरत है कि यहाँ हर समय लोगों का आना-जाना लगा रहता है। बारिश का मौसम मुन्नार घूमने के लिए सबसे अच्छा समय होता है। मानसून में मुन्नार की सभी पहाड़ियाँ हरियाली से भरी होती हैं। जो देखने में बहुत सुंदर लगता है। अक्सर लोग बारिश में भीगने के लिए भी मुन्नार के पहाड़ी इलाकों में ड्राइव के लिए जाते हैं। मानसून में आपकी हर सुबह ओस की बूंदों के साथ होगी। अगस्त के महीने के दौरान मुन्नार में किसी स्वर्ग जैसा माहौल हो जाता है। ऊँचे पहाड़ों को चूमकर निकलते बादलों को देखकर आपका दिल नाच उठेगा। खास बात ये भी है कि इस समय मुन्नार में ज्यादातर चीजें आपको सस्ते दाम में मिल जाएंगी। इसलिए मानसून सीजन में आपको मुन्नार का प्लान जरूर बनाना चाहिए।

9. गोवा

ज्यादातर लोगों का मानना है कि बारिश के मौसम में आपको गोवा नहीं जाना चाहिए। लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। एक तरफ जहाँ गोवा घूमने के लिए गर्मियों की शुरुआत और ठंड का मौसम सबसे सही होता है। वहीं मानसून के सीजन में भी गोवा कुछ कम मजेदार नहीं होता है। बारिश के समय गोवा की ज्यादातर बीच खाली रहती हैं। इसलिए आप वहाँ आराम से एंजॉय कर सकते हैं। बारिश के मौसम में आप गोवा के आसपास के इलाकों में ट्रेक करने भी जा सकते हैं। गोवा वेस्टर्न घाट में आता है। इसलिए आपको ट्रेकिंग करने के तमाम विकल्प मिल जाएंगे। इस समय आप गोवा की वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी भी देखने जा सकते हैं। आप मसालों के बागान से लेकर दूधासागर वॉटरफॉल तक ट्रेक करने भी जा सकते हैं। यकीन मानिए मानसून में गोवा जाना आपकी बकेट लिस्ट का हिस्सा जरूर होना चाहिए।

10. चेरापूंजी, मेघालय

अगर आप बारिश के दीवाने हैं और आप चेरापूंजी के बारे में नहीं जानते हैं तो आपको वापस से भूगोल पढ़ने की जरूरत है। चेरापूंजी की बारिश का नाम केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में मशहूर है। एक समय पर चेरापूंजी को सबसे ज्यादा मात्रा में बारिश का खिताब मिला हुआ था। फिलहाल ये जगह दूसरे नंबर पर आ गई है। मेघालय के हरे भरे लैंडस्केप में बारिश का मजा लेना आपको तरोताजा कर देगा। चेरापूंजी में बारिश एन्जॉय करते समय आपको मेघालय की चाय पीने का अनुभव जरूर लेना चाहिए। मानसून में बाकी जगहों पर जाना यकीनन सुखद होता है लेकिन चेरापूंजी की बारिश में भीगना अपने आप में एक अलग अनुभव होता है।

क्या आपने इनमें से किसी जगह की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।