प्रकृति की गोद में बसी अरुणाचल प्रदेश की ये जगह इतनी खूबसूरत कि आत्मा खुश हो जाए

Tripoto
Photo of प्रकृति की गोद में बसी अरुणाचल प्रदेश की ये जगह इतनी खूबसूरत कि आत्मा खुश हो जाए by Musafir Rishabh

कुछ जगहें ऐसी होती हैं जिनको पहली नजर में ही देखकर खूबसूरती का एहसास होने लगता है। अक्सर ऐसी जगहें बहुत शांत होती हैं और इनके बारे में कम लोगों को ही पता होता है। सोचिए आप किसी जगह का प्लान महीनों से बना रहे हैं। जब वहाँ पहुँचो तो भीड़ और शोर मिलता है तो आपका मूड खराब हो जाएगा। इसलिए आपको जरूरत है ऐसी जगह जाने की जो खूबसूरत भी बहुत हो और भीड़ भी कम हो। ऐसा ही खूबसूरत और शांत कस्बा है अरुणाचल प्रदेश का चांगलांग। अगर आप ऐसी जगह पर वाकई जाना चाहते हैं तो चांगलांग के बारे में अच्छे-से जान लें।

Photo of प्रकृति की गोद में बसी अरुणाचल प्रदेश की ये जगह इतनी खूबसूरत कि आत्मा खुश हो जाए 1/1 by Musafir Rishabh

अरुणाचल के चांगलांग की खूबसूरती का कोई जोड़ नहीं है। इसके बावजूद इस जगह के बारे में कम लोगों को ही पता है। अरुणाचल की कई जगहों पर अब लोगों का आना-जाना होने लगा है लेकिन कुछ जगहें अभी भी गुमनाम है। ऐसी ही सुंदरता का छिपा हुआ खजाना है, चांगलांग। जहाँ आसमान को छूते पहाड़ हैं, मन खुश करने वाली हरियाली है और यहाँ पैदल चलने का अपना मजा है। कहते हैं कि हर कोई पूरी जिंदगी में सफर पर ही रहता है। अगर आप अपने सफर में इस खूबसूरत कस्बे को जोड़ लेंगे तो आपका सफर शानदार हो जाएगा।

चांगलांग

अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग को अनूठी खूबसूरती का खिलंदहड़ कहा जा सकता है। यहाँ आपको पहाड़ों और हरियाली की खूबसूरती तो देखने को मिलेगी ही, इसके अलावा आप इस जगह की संस्कृति और परंपराओं से भी रूबरू हो सकते हैं। मनमोहक नजारों से भरी घाटियों और पहाड़ों से घिरा ये कस्बा समुद्र तल से 200 मीटर से 4,500 मीटर की ऊँचाई तक स्थित है। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर से चांगलांग की दूरी 307 किमी. है। वहीं असम के डिब्रूगढ़ से चांगलांग 140 किमी. की दूरी पर है। अगर आपको पहाड़ों में ताजगी और सुकून चाहिए तो चांगलांग परफेक्ट जगह है।

क्या देखें?

चांगलांग खूबसूरत जगहें तो आप देख ही सकते हैं, इसके अलावा कुछ ऐतहासिक जगहें हैं, जिनको आप देख सकते हैं।

1- लेक ऑफ नो रिटर्न

कुछ जगहों का नाम ऐसा होता है जिनको सुनकर ही उस जगह के बारे में जानने को मन करता है। चांगलांग में एक ऐसी ही जगह है, लेक ऑफ नो रिटर्न। इस जगह के बारे में कहा जाता है द्वितीय विश्व युद्ध में दुश्मन इस जगह पर लैंडिंग करते थे। लैंडिंग करते वक्त इस जगह पर कई लोग मारे गए थे, तब से इस जगह का नाम लेक ऑफ नो रिटर्न पड़ गया। खूबसूरत घाटी से घिरी ये झील बेहद खूबसूरत है। यहाँ पहुँचने का रास्ता भर सुंदर नजारों से भरा हुआ है। ये झील नोमपोंग से 12 किमी. की दूरी पर है। अगर आप चांगलांग आते हैं तो खूबसूरत और अनोखी जगह को देखने जरूर जाएं।

2- मियाओ

चांगलांग के पास ही एक खूबसूरत कस्बा है, मियाओ। ताजी हवा में साँस लेना है तो आपको में पैदल घूमना चाहिए। मियाओ, नोआ-देहिंग नदी किनारे बसा हुआ है। ये चांगलांग की सबसे खूबसूरत बस्ती है। मियाओ में कुछ तिब्बती रिफ्यूजी के घर हैं जिनका डिजाइन देखने लायक है। यहाँ पटाकी बम पहाड़ी भी है जहाँ से आसपास का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। यहाँ खूबसूरती तो है ही, शांति और सुकून भी है। मियाओ में म्यूजियम और जू भी है जिसे आप देख सकते हैं। इसके अलावा ये कस्बा चाय के बागानों के लिए भी जाना जाता है। आपका चांगलांग आएं तो इस कस्बे की सैर की जा सकती है।

3- द्वितीय विश्व युद्ध का कब्रिस्तान

Photo of प्रकृति की गोद में बसी अरुणाचल प्रदेश की ये जगह इतनी खूबसूरत कि आत्मा खुश हो जाए by Musafir Rishabh

वैसे तो कब्रिस्तान कोई देखने जाने वाली नहीं होती है लेकिन जब उसका वास्ता इतिहास से जुड़ा हो तो फिर उस कब्रिस्तान को देखा जा सकता है। चांगलांग में द्वितीय विश्व युद्ध का एक कब्रिस्तान है जिसे जयरामपुर कब्रिस्तान भी कहते हैं। चांगलांग के इस मैदान में द्वितीय विश्व युद्ध के मारे गए सैनिकों की कब्रें हैं। यहाँ दफन सैनिक सिर्फ भारत और ब्रिटेन के नही हैं, चीन और अमेरिका के सैनिक भी इस कब्र में दफन में किए गये थे। खूबसूरत पहाड़ों और हरियाली के बीच ये कब्रिस्तान बना है, इस वजह से भी लोग यहाँ आना पसंद करते हैं। घुमक्कड़ को इतिहास की जगहों से रूबरू होना चाहिए, खासकर जब वो इतिहास अपने देश से जुड़ा हो।

4- नामदफा नेशनल पार्क

चांगलांग में नामदफा नेशनल पार्क है जिसे 1983 में टाइगर रिजर्व बना दिया गया था। 1985.25 वर्ग किमी. में फैला नामदफा नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व समुद्र तल से 200 मीटर से 4,500 मीटर की ऊँचाई तक स्थित है। अगर आपको प्रकृति से प्यार है तो आपको इस नेशनल पार्क की सैर जरूर करनी चाहिए। नामदफा नेशनल पार्क का घना जंगल इतना शांत है कि यहाँ आपको पत्तों की आवाज भी सुनाई देगी। इस पार्क में बाघ, तेंदुआ, हाथी, हिरण और भालू जैसे कई जंगली जानवर हैं।

5- स्टिलवेल रोड

श्रेय: ग्राम्हो।

Photo of प्रकृति की गोद में बसी अरुणाचल प्रदेश की ये जगह इतनी खूबसूरत कि आत्मा खुश हो जाए by Musafir Rishabh

चांगलांग में एक स्टिलवेल रोड है जिसे द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिका के लोगों ने बनवाया था। इस रोड का नाम चीफ ऑफ स्टाफ जनरल जोसेफ वाॅरेन स्टिलवेल के नाम पर पड़ा है। ये सड़क ब्रम्हपुत्र नदी को पार करते हुए बर्मा को कुनमिंग से जोड़ती है। यहाँ से आपको खूबसूरत वादी देखने को मिलेगी। ये भारत की सबसे खतरनाक सड़क में से एक है। आप यहाँ पास में ही नामपोंग जगह पर जा सकते हैं जो भारत-म्यांमार के बाॅर्डर पर स्थित है।

6- केंग्खो गाँव

ऐसी जगह कमाल होती है जहाँ कुछ न होते हुए भी बहुत कुछ होता है। चांगलांग में ऐसा ही एक गांव है, केंग्खो। केंग्खो गांव तिरप नदी के किनारे बसा हुआ है। खूबसूरती यहाँ की रग-रग में है। नदी किनारे बसा ये गाँव बेहद खूबसूरत है। आप इस गाँव को पैदल देखेंगे तो आपको ये जगह पसंद आने लगेगी। आपको इस गाँव में अरुणाचल की संस्कृति और परंपरा को समझने का मौका मिलेगा। चांगलांग आएं तो इस गाँव को देखने जरू जाएं।

कब जाएं?

सर्दियों में यहाँ का तापमान माइनस में चला जाता है और चारों तरफ सिर्फ बर्फ ही बर्फ दिखाई देती है। वहीं गर्मियों में हरियाली ही हरियाली दिखाई देती है। अगर आपको बर्फ के नजारे देखने का मन है तो आपको दिसंबर से फरवरी के बीच में जाना चाहिए। यदि आप हरे-भरी वादियां देखना चाहते हैं तब सितंबर-अक्टूबर में आना चाहिए।

कैसे पहुँचे?

फ्लाइट सेः अगर आप फ्लाइट से चांगलांग जाना चाहते हैं तो सबसे नजदीकी एयरपोर्ट असम के डिब्रूगढ़ का मोहनबाड़ी एयरपोर्ट है। एयरपोर्ट से चांगलांग की दूरी 136 किमी. है। आप यहां से चांगलांग कैब या टैक्सी बुक करके जा सकते हैं।

ट्रेन सेः चांगलांग ट्रेन जाने का प्लान हो तो निकटतम रेलवे स्टेशन तिनसुकिया है। तिनसुकिया रेलवे स्टेशन देश के बड़े शहरों से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। तिनसुकिया से चांगलांग की दूरी 96 किमी. है। यहां से आपका चांगलांग जाने के लिए कैब मिल जाएगी।

वाया रोडः चांगलांग अरुणाचल की बाकी जगहों से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। आप खुद की गाड़ी से चांगलांग आराम से आ सकते हैं।

क्या आपने अरुणाचल के चांगलांग की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

रोज़ाना वॉट्सऐप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें।