पुष्कर मेले को छोड़िए और असली पुष्कर को कुछ इस तरह से जानिए!

Tripoto
Photo of पुष्कर मेले को छोड़िए और असली पुष्कर को कुछ इस तरह से जानिए! by Musafir Rishabh

पुष्कर राजस्थान के सबसे शानदार शहरों में से एक है। इस छोटे-से शहर को दो चीजों के लिए जाना जाता है। पहला तो दुनिया का एकमात्र ब्रह्मा मंदिर और दूसरा साल में एक बार लगने वाला पुष्कर मेला। पुष्कर मेले के समय पुष्कर का रंग ही अलग होता है। पुष्कर सैलानियों और लोगों से गुलजार बना रहता है। आपको यहाँ बड़ी संख्या में ऊंट देखने को मिलते हैं। अगर आपको सही पुष्कर देखना है तो पुष्कर मेले के समय छोड़कर किसी और समय आना चाहिए। तब आपको सही पुष्कर जान पाएँगे।

1- भीड़

पुष्कर मेले के समय पुष्कर की गलियां भरी रहती हैं। मेले में तो हद से ज्यादा भीड़ दिखाई देती है। देखकर ऐसा लगता है कि पूरे जहाँ की भीड़ यहीं पर आ गई हो। बाकी समय में अगर आप पुष्कर आएँगे तो गलियों में भीड़ नहीं मिलेगी। आप पैदल चलते हुए लोगों से टकराएँगे नहीं और ब्रह्मा मंदिर को भी कम भीड़ में ही देख लेंगे। इस दौरान आप पुष्कर को बिना मशक्कत के घूम पाएँगे।

2- पुष्कर सरोवर

पुष्कर सरोवर पुष्कर की सबसे शानदार जगहों में से एक है। इसको देखे बिना पुष्कर की यात्रा अधूरी मानी जाती है। मेले के दौरान सरोवर पर फोटोग्राफी करना मना होता है खासकर पुष्कर कुंड के पास क्योंकि मेले के दौरान कुंड में कई महिलाएँ स्नान करती हैं। मैं हाल फिलहाल में दोबारा पुष्कर गया। इस दौरान ना ही सरोवर में कोई स्नान कर रहा था और ना ही फोटोग्राफी करना मना था।

3- होटल

Photo of पुष्कर मेले को छोड़िए और असली पुष्कर को कुछ इस तरह से जानिए! by Musafir Rishabh

आप यकीन मानें या ना मानें पुष्कर मेले के समय पुष्कर में होटल मिलना बहुत बड़ी बात है। अगर मिले भी तो बहुत महँगा मिलेगा। मुझे याद है पुष्कर मेले के समय हमें कोई होटल नहीं मिल रहा था। तब एक आश्रम में एक बड़ा-सा कमरा मिल पाया था। अभी हाल फिलहाल में पुष्कर गया तो जिस होटल में पहले घुसा उसीमें जगह मिल गई और हमारे बजट के भीतर भी था।

4- घुमक्कड़ी

पुष्कर मेले के समय हमारी घुमक्कड़ी सीमित सी हो जाती है। हम और आप इस मेले के समय में पुष्कर को नहीं पुष्कर मेले को ज्यादा तवज्जो देते हैं। मैं जब पुष्कर मेले में गया तो पुष्कर मेले को देखकर आ गया था लेकिन पुष्कर को तो जान ही नहीं पाया था। इस बार पुष्कर गया तो पुष्कर को देख पाया। पुष्कर लेक, सरोवर के अलावा पहाड़ी पर स्थित सावित्री मंदिर और रंगजी मंदिर जैसी कई जगहें हैं जो देखने लायक हैं।

5- महंगाई

पुष्कर मेले के समय जब आप पुष्कर को घूम रहे होते हैं तो हर चीज बहुत महंगी मिलती है। पुष्कर की गलियों में कपड़ों की बहुत सारी दुकानें हैं। मेले के दौरान ये कपड़े आपको काफी महंगे लगेंगे। बाकी समय में जब आप जाएँगे तो रेट कम पाओगे। अगर आप पुष्कर से कुछ खरीदना चाहते हैं तो उस समय यहाँ आइए जब पुष्कर मेला ना चल रहा हो।

आप पुष्कर मेले के समय आएं आपको पुष्कर रंगों से सरोबार लगेगा। उस दौरान पुष्कर महंगा तो लगेगा लेकिन कुछ अलग देख पाएंगे। बहुत सारे लोग तो पुष्कर सिर्फ पुष्कर मेले को देखने के लिए आते हैं। अगर आपको सही मायने में पुष्कर देखना है तो पुष्कर मेले को छोड़कर किसी और समय आइए तो अलग और सही पुष्कर देखने को मिलेगा।

क्या आपने राजस्थान के पुष्कर की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।