दिल्ली के पास वो जगहें जहाँ एक दिन में घूमकर फटाफट वापस आया जा सकता है

Tripoto
Photo of दिल्ली के पास वो जगहें जहाँ एक दिन में घूमकर फटाफट वापस आया जा सकता है by Deeksha

दिल्ली में रहने की सबसे अच्छी बात ये है कि आपके पास घूमने के तमाम विकल्प होते हैं। आपका जब मन करे आप पहाड़ों की ओर जा सकते हैं या वीकेंड पर राजस्थान के रेगिस्तानों में सफारी का मजा उठा सकते हैं। ज्यादातर लोग काम के चलते लंबे समय के लिए घूमने नहीं जा पाते हैं इसलिए उन्हें हमेशा कुछ ऐसी जगहों की तलाश रहती है जहाँ पहुँचने में भी कम समय लगे और घूमने का पूरा मजा भी मिल सके। आपकी इन्हीं जरूरतों को ध्यान में रखकर हमने खास आपके लिए कुछ ऐसी जगहों की सूची तैयार की है जो दिल्ली से बेहद नजदीक हैं और आप तुरंत बैग पैक करके घूमने निकल सकते हैं। सबसे बढ़िया बात ये है कि इन सभी जगहों को एक्सप्लोर करने के लिए आपको केवल एक दिन चाहिए होगा तो आप सुबह निकलकर, शाम तक आराम से घर वापस आ सकते हैं।

1. असोला भट्टी वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी

अरावली पर्वतमाला के उत्तरी छोर पर स्थित असोला भट्टी वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी, दिल्ली के पास एक दिन की यात्रा के लिए एक बढ़िया जगह है। ये वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी उन लोगों के बीच लोकप्रिय है जो प्रकृति की गोद में आरामदायक समय बिताना चाहते हैं। इस वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी में फेमस भारद्वाज झील सहित 5 छिपी हुई झीलों का जगमगाता नीला पानी है, जो दिल्लीवालों के लिए आदर्श पिकनिक स्पॉट के रूप में काम करता है। यदि आपने परिवार और खासतौर से बच्चों के साथ एक दिन की ट्रिप प्लान करना चाहते हैं तो आप असोला आ सकते हैं। इस वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी में करने के लिए फोटोग्राफी, झील, नेचर वॉक और ट्रेकिंग जैसी तमाम चीजें हैं। असोला घूमने के लिए एक दिन काफी है।

दिल्ली से दूरी: 38 किमी.

2. सूरजकुंड

अर्धवृत्ताकार एम्फीथिएटर के आकार का सूरजकुंड दिल्ली की शहर की सीमा के ठीक बाहर स्थित है। सूरजकुंड फरीदाबाद का सबसे मुख्य आकर्षण भी है जो अपने वार्षिक शिल्प उत्सव के लिए जाना जाता है। यदि आप सर्दियों के दौरान एक दिन के दौरे के लिए दिल्ली के पास किसी जगह की सैर करने जाना चाहते हैं तो सूरजकुंड अच्छा विकल्प है। सूरजकुंड घूमने के लिए 1 दिन काफी है। सूरजकुंड के प्रमुख आकर्षणों में एक एम्फीथिएटर, अनंगपुर बांध और सूरजकुंड वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला शामिल है, जो 1 से 15 फरवरी तक होता है।

दिल्ली से दूरी: 43 किमी.

3. अलवर और भानगढ़

अलवर दिल्ली के नजदीक छुट्टी मनाने के लिए बढ़िया जगह है जो अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। जिले में घूमने के लिए अलवर शहर, सरिस्का, भानगढ़ और सिलीसेर है। ये जिला सर्दियों में दिल्ली के पास घूमने के लिए सबसे अच्छी जगहों में से एक है क्योंकि ये प्रकृति, रोमांच और लग्जरी का बढ़िया मिश्रण है। अलवर के आसपास आप सरिस्का टाइगर रिजर्व में वन्यजीव सफारी, अलवर संग्रहालय ने प्राचीन कलाकृतियाँ, भानगढ़ किला, सिलिसर लेक पैलेस में हेरिटेज वॉक, सिलिसर झील, बाला किला (अलवर किला) में नौका विहार करने का मजा उठा सकते हैं।

दिल्ली से दूरी: 165 किमी.

यह भी पढ़ेंः दिल्ली की इन जगहों पर लीजिए पार्टनर संग नाइट लाइफ का मजा

4. नीमराना फोर्ट पैलेस

यदि आप अपने पार्टनर के साथ कुछ क्वालिटी समय बिताने के लिए किसी लग्जरी होटल की तलाश में हैं तो नीमराना फोर्ट पैलेस परफेक्ट जगह है। नीमराना पैलेस असल में 600 साल पुराना किला है जिसको अब हेरिटेज रिजॉर्ट में तब्दील कर दिया गया है। इस किले में आकर आपको राजस्थानी ठाठ-बाठ के साथ यूरोपीय देशों में होने का एहसास होगा। इस पैलेस रिजॉर्ट की खुबसूरती देखकर आपकी आँखें खुली की खुली रह जाएंगी। केवल यही नहीं इस शानदार पैलेस में मेहमानों के करने के लिए तमाम रोमांचक चीजों का इंतजाम भी किया गया है जो यहाँ बिताए गए समय को यादगार बना देंगी।

दिल्ली से दूरी: 120 किमी.

5. ताजमहल, आगरा

दिल्ली से आगरा रोडट्रिप एक ऐसी यात्रा है जिसको आसानी से वीकेंड पर किया जा सकता है। आगरा जिसको ताज की नगरी भी कहा जाता है वाकई देखने लायक है। आगरा में भीषण गर्मी पड़ती है लेकिन गर्मी के दिनों में भी ताजमहल की भव्यता में कोई कमी नहीं आती है। यदि आप सुबह जल्दी ड्राइव शुरू करते हैं, तो आप नाश्ते के समय तक आगरा पहुँच सकते हैं। आगरा के मशहूर पर्यटन स्थलों को देखने के बाद, दिल्ली वापस जाते समय आप आगरा का पेठा भी खरीद सकते हैं।

दिल्ली से दूरी: 202 किमी.

6. मथुरा-वृंदावन

यदि आपने दिल्ली में रहते हुए मथुरा-वृंदावन के प्राचीन शहरों की सैर नहीं की, तो आपने दिल्ली में क्या ही किया। दिल्ली से मथुरा-वृंदावन आने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है। अच्छी सड़कें आपकी पूरी यात्रा को सफल बना देंगी। मथुरा और वृंदावन की यात्रा आध्यात्मिक पक्ष का अनुभव करने का बढ़िया है। यदि आप जन्माष्टमी के दौरान यहाँ आने का प्लान बनाते हैं तो आपको कृष्ण जन्मोत्सव भी देखने के लिए मिल जाएगा।

दिल्ली से दूरी: 144 किमी.

यह भी पढ़ेंः पार्टनर के साथ एक परफेक्ट रोमांटिक डेट के लिए बेस्ट है दिल्ली का यह गुफा थीम्ड होटल

7. नूर महल, करनाल पंजाब

महलों का जिक्र आते ही अक्सर हमारे मन में शाही दरबार और चमचमाती रोशनी की झलकियां तैरने लगती हैं। लेकिन करनाल का नूर महल इन सबसे थोड़ा अलग है। नूर महल में राजसी माहौल तो है ही लेकिन साथ में ये जगह ऐतिहासिक नजरिए से भी बेहद महत्वपूर्ण है। इस बात में कोई शक नहीं है कि इतिहास प्रेमियों को ये जगह बहुत पसंद आएगी। कुशल शिल्प कौशल के साथ रॉयल्टी का बेहतरीन मिश्रण लिए, पंजाब का नूर महल वाकई देखने लायक जगह है। इस महल को अब पांच सितारा होटल में परिवर्तित कर दिया गया है।

दिल्ली से दूरी: 122 किमी.

8. बरसाना, उत्तर प्रदेश

बरसाना को राधा का जन्म स्थान माना जाता है। वैसे तो ये जगह होली मनाने के अपने अनोखे तरीके के लिए मशहूर है, लेकिन आप यहाँ आप वीकेंड एन्जॉय करने के लिए एक दिवसीय सैर सपाटे का प्रोग्राम भी बना सकते हैं। यहाँ के आकर्षणों में श्रीजी मंदिर, राधा कुशल बिहारी मंदिर, मान मंदिर और शंकरी खोर शामिल हैं। बरसाना फोटोग्राफी करने के लिए भी आदर्श स्थान है। यदि आप दिल्ली के नजदीक कहीं घूमने जाना चाहते हैं तो बरसाना आ सकते हैं।

दिल्ली से दूरी: 170.9 किमी.

9. मोरनी हिल्स, हरियाणा

मोरनी हिल्स दिल्ली के निकटतम हिल स्टेशनों में से एक है जहाँ आप एक दिन का प्लान बना सकते हैं। दिल्लीवालों के लिए मोरनी हिल्स खास जगहों में से है। घने जंगल, प्राचीन झील और दूर तक फैली हरियाली में निश्चित रूप से आपको शांतिपूर्ण वातावरण में एन्जॉय करने का मौका मिलेगा। मोरनी हिल्स के आकर्षक नजारों के अलावा यहाँ पर साइकिलिंग, ट्रेकिंग और बोटिंग जैसी चीजें भी आजमा सकते हैं।

दिल्ली से दूरी: 260 किमी

क्या आपने इनमें से किसी जगह की यात्रा की है? अपने अनुभव को हमारे साथ शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें