पुणे से कुछ ही घंटे दूर, ये खूबसूरत जगह वीकेंड पर घूमने के लिए एकदम परफेक्ट

Tripoto
Photo of पुणे से कुछ ही घंटे दूर, ये खूबसूरत जगह वीकेंड पर घूमने के लिए एकदम परफेक्ट by Musafir Rishabh

पुणे भारत के सबसे समृद्ध शहरों में से एक है। पुणे घूमने के शौकीनों को बहुत कुछ एक्सप्लोर करने का मौका देता है। पुणे के आसपास देखने को बहुत कुछ है। कई खूबसूरत जगहें हैं जिन्हें आपको एक्सप्लोर करना चाहिए। उन्हीं में से एक है, ताम्हिणी घाट। ताम्हिणी घाट पुणे से लगभग 40 किमी. की दूरी पर है।

Photo of पुणे से कुछ ही घंटे दूर, ये खूबसूरत जगह वीकेंड पर घूमने के लिए एकदम परफेक्ट 1/1 by Musafir Rishabh

ताम्हिणी के खूबसूरत पहाड़ आपको दीवाना बना देगे। जब दूर-दूर तक हरियाली देखेंगे तो आपको उस समय इससे खूबसूरत कुछ नहीं लगेगा। खूबसूरत ताम्हिणी घाट में हरियाली, लेक और वाटरफॉल हैं। जिनको देखकर आप मंत्रमुग्ध हो जाएंगे। वीकेंड पर एक्सप्लोर करने के लिए ताम्हिणी घाट परफेक्ट डेस्टिनेशन है।

कैसे पहुँचे?

ताम्हिणी घाट रोड टिप करने के लिए बेस्ट जगह है। आप पुणे या मुंबई से खुद की गाड़ी से ताम्हिणी आ सकते हैं। पुणे से आप मुल्शी लेक के रास्ते ताम्हिणी पहुँच जाओगे। अगर आप मुंबई से आ रहे हैं तो रसायनी, इमेजिका थीम पार्क और पाली होते हुए ताम्हिणी घाट पहुँच सकते हैं। अगर आपके पास खुद की गाड़ी नहीं है तो कैब या टैक्सी बुक करके ताम्हिणी पहुँच जाओगे।

क्या देखें?

ताम्हिणी घाट पुणे की ऑफबीट डेस्टिनेशन है जिसके बारे में कम लोगों को पता है। प्रकृति प्रेमियों के लिए यहाँ बहुत कुछ है।

1. ताम्हिणी वाटरफॉल

झरने किसी भी जगह को खूबसूरत बना देते हैं। ताम्हिणी घाट की सबसे फेमस जगह है, ताम्हिणी वाटरफॉल। ये वाटरफॉल पहाड़ की ऊँचाई से गिरता है और नीचे कुंड बनाता है। पानी गिरते हुए देखना कितना खूबसूरत हो सकता है ये आपको यहाँ आकर समझ आएगा। आप इस वाटरफॉल में नहा भी सकते हैं। अपने दोस्तों और फैमिली के साथ मस्ती करने के लिए ताम्हिणी झरना बढ़िया जगह है। ताम्हिणी जाएं तो इस वाटरफॉल को जरूर देखें।

2. अंध्रबन ट्रेल

प्रकृति प्रेमी के साथ अगर आपको एडवेंचर पसंद है तो आप यहाँ हाइकिंग भी कर सकते हैं। आपको ये मौका देता है अंध्रबन ट्रेल। ये ट्रेक ताम्हिणी के घने जंगलों से होकर गुजरता है। रास्ते में आपको कई धाराएं और छोटे-छोटे झरने मिलेंगे। जब आप अंध्रबन ट्रेल प्वाइंट पहुँचेंगे तो आसपास के लुभावने दृश्य को देखकर सब कुछ भूल जाएंगे। आप यहाँ पर घंटे पर बैठ सकते हैं और प्रकृति के नजारों का आनंद ले सकते हैं।

3. कैलाशगड फोर्ट

ताम्हिणी घाट जाएं तो आप कैलाशगड किले को भी एक्सप्लोर कर सकते हैं। ये किला पहाड़ी फोर्ट है। मौला नदी के उद्गम में स्थित कैलाशगड फोर्ट मुल्शी डैम के पास में है। पाँच पहाड़ियों से ये किला बना हुआ है। इस किले तक पहुँचने के लिए ट्रेक करना पड़ेगा। घने जंगलों से गुजरते हुए आप इस पहाड़ी किले में पहुँच पाएंगे। किले के चारों तरफ फैली खूबसूरत आपको चकाचौंध कर देगी।

4. मुल्शी

तामिणी घाट के पास में एक खूबसूरत जगह है, मुल्शी। मुल्शी में आप डैम और सुंदर झील को देख सकते हैं। मुल्शी लेक को देखने के लिए आप अपने दोस्तों और फैमिली के साथ आ सकते हैं। चारों तरफ फैली हरियाली के बीच पिकनिक मना सकते हैं। आप इस लेक में बोटिंग भी कर सकते हैं। अगर आप रिवर राफ्टिंग करना चाहते हैं तो मुल्शी डैम इसके लिए बढ़िया जगह है। कुल मिलाकर यहाँ पर करने के लिए बहुत कुछ है, बस आपके आने की देर है।

5. कोलाड

अगर आप रोमांच के शौकीन हैं तो ताम्हिणी घाट के पास एक शानदार जगह है, कोलाड। कोलाड महाराष्ट्र के शानदार एडवेंचर हब में से एक है। कोलाड कुंडालिका नदी के किनारे पर स्थित है। आप यहाँ पर रिवर राफ्टिंग कर सकते हैं। कोलाड में आप कोलाड डैम, सुतारवादी लेक, ताला फोर्ट और धोलवाल बांध को देख सकते हैं।

इसके अलावा भी ताम्हिणी घाट में एक्सप्लोर करने के लिए बहुत कुछ है। अच्छी बात ये है कि इस जगह के बारे में कम लोगों को पता है जिससे आपको यहाँ भीड़ जैसी कोई चीज नहीं मिलेगी।

कब जाएं?

ताम्हिणी घाट एक मानसून डेस्टिनेशन है। बारिश होने के बाद ये जगह और भी खूबसूरत हो जाती है। चारों तरफ की हरियाली और पहाड़ों में कुछ अलग निखार-सा आ जाता है। आप मानसून में इस जगह पर आ सकते हैं। इसके अलावा ताम्हिणी घाट एक्सप्लोर करने के लिए अक्टूबर से फरवरी बेस्ट टाइम है। सर्दियों में भी ये जगह सुंदर लगती है। आपको एक बार ताम्हिणी घाट जरूर जाना चाहिए।

कहाँ ठहरें?

ताम्हिणी घाट पुणे से सिर्फ 40 किमी. की दूरी पर है इसलिए आपको ठहरने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। आप एक दिन में एक्सप्लोर करके शाम तक पुणे पहुँच सकते हैं। अगर आप रात यहीं गुजारना चाहते हैं तो ताम्हिणी घाट के पास रास्ते में कई रिसॉर्ट, होमस्टे और होटल हैं। आप अपने बजट और सुविधा के हिसाब से इनमें ठहर सकते हैं।

क्या आपने ताम्हिणी की यात्रा की है ? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना Telegram पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।