नॉर्थ या साउथ? आपको भारत का कौन सा रूप पसंद है?

Tripoto
Photo of नॉर्थ या साउथ? आपको भारत का कौन सा रूप पसंद है? by Deeksha

भारत विविधताओं से भरा देश है। यहाँ का रिच कल्चर और संस्कृति के चर्चे केवल यही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में होते आए हैं। भारत का हर हिस्सा अपने आप में कुछ ना कुछ नायाब तोहफा लेकर बैठा है। ऐसे में यदि आपसे पूछा जाए कि आपको भारत का कौन सा भाग पसन्द है तो आपकी क्या राय होगी? नॉर्थ या साउथ में से किसी एक हिस्से का चुनाव करना बेहद मुश्किल काम है। लेकिन ज्यादातर मामलों में घुमक्कड़ों को एक हिस्सा दूसरे की तुलने में थोड़ा कम या ज्यादा पसंद होता है। एक तरफ नॉर्थ में जहाँ आपका स्वागत घी और सोंधे लड्डुओं से होगा। वहीं दूसरी ओर साउथ में आपको ढेर सारा नारियल पानी पीने के लिए मिलेगा। ऐसे में आपकी सहूलियत के लिए हमने नॉर्थ और साउथ इंडिया को कुछ फेमस जगहों और चीजों की सूची तैयार की है जिससे आपका ये काम और भी आसान हो जाएगा।

नॉर्थ या साउथ?

भारत वो जगह है जहाँ करने के लिए चीजें और देखने के लिए जगहें खत्म नहीं होंगी। आप घूमते-घूमते थक जाएंगे लेकिन भारत के हर कोने में आपको कुछ ना कुछ ऐसा मिल जाएगा जो आपको हैरान होने पर मजबूर कर देगा। अगर आप घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं तो आप नॉर्थ और साउथ इंडिया में से किसका चुनाव करेंगे? सवाल थोड़ा मुश्किल है लेकिन एक चीज पक्की है। आप चाहे भारत के जिस भी हिस्से में जाइए आपको बहुत कुछ देखने और सीखने के लिए मिलेगा। अब अगर आप सोच रहे हैं कि आपको कहाँ जाना है तो आपको कुछ मदद हम कर देते हैं।

1. पर्यटन स्थल

नॉर्थ इंडिया

अगर आपको लगता है कि नॉर्थ इंडिया में घूमने के लिए फेमस गोल्डन ट्राइएंगल के अलावा और कुछ नहीं है तो आपने अबतक भारत के इस हिस्से को अच्छे से जानने की कोशिश नहीं की है। नॉर्थ इंडिया की खूबसूरती महज दिल्ली, आगरा और जयपुर से बढ़कर है। देश का ये हिस्सा हिन्दू और मुगल दोनों संस्कृतियों के खूबसूरत मिश्रण से बना है। पुराने जमाने में जिसको सपनों का भारत कहा जाता है ये वहीं भाग है। नॉर्थ इंडिया में आपका स्वागत रहस्यमई किले, लंबी मूछों वाले ताऊ, बढ़िया वाइल्डलाइफ और लस्सी के बड़े-बड़े गिलासों से होगा जिसको एक बार में खत्म कर पाना शायद नामुमकिन जैसा लगता है।

नॉर्थ इंडिया में आपको अपनी ट्रिप की शुरुआत दिल वालों के शहर दिल्ली से करनी चाहिए। यकीन मानिए इस शहर का नाम ही केवल दिल्ली नहीं है। यहाँ के लोगों का दिल भी उतना ही बड़ा है जितना कि ये शहर। सीधे शब्दों में कहा जाए तो दिल्ली वो जगह है जहाँ आपको आर्किटेक्चर, इतिहास और लाजवाब खाना सब एक जगह पर मिल जाएगा। दिल्ली में आप शहर की फेमस जगहें जैसे लाल किला, क़ुतुब मीनार, चांदनी चौक, इंडिया गेट देख सकते हैं। अगर आपके पास ज्यादा समय है तो आप दिल्ली की अन्य कम भीड़ वाली जगहों पर भी घूमने का आनंद ले सकते हैं। अगर आप दिल्ली में खानपान की मशहूर जगहों पर जाना चाहते हैं तो आप पराठे वाली गली, जामा मस्जिद और मजनू का टीला जा सकते हैं।

दिल्ली घूमने के बाद यमुना एक्सप्रेस वे लीजिए और आगरा आइए। आगरा में आप सबसे पहले ताजमहल देख सकते हैं। संगमरमर से बनी ये इमारत केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में प्यार की सबसे खूबसूरत निशानी है। अगर आप ताजमहल के सौंदर्य को बहुत अच्छे से देखना चाहते हैं तो आपको सुबह के समय यहाँ आना चाहिए। ताजमहल देखने के बाद आप उसके ठीक नजदीक स्थित आगरा फोर्ट देख सकते हैं। अगर आपने दिल्ली का लाल किला देखा है तो बता दें अगर फोर्ट ठीक उसी की तरह है। आगरा में अगली चीज जो आपको एकदम मिस नहीं करनी चाहिए वो है फतेहपुर सीकरी। फतेहपुर सीकरी घूमने के लिए आपको मुख्य शहर से लगभग 50 किमी. लंबा सफर तय करना होता है। ये जगह भी ताजमहल की ही तरह बेहद खूबसूरत है। 

आगरा से चलकर आपका अगला ठिकाना होना चाहिए राजस्थान। राजस्थान को महाराजाओं का राज्य भी कहा जाता है। यहाँ के भव्य किले राज्य के वीरों की गाथाएँ सुनाते हैं। राजस्थान का रंग-बिरंगे कल्चर ही इस राज्य की पहचान है। राजस्थान में आप उदयपुर, जोधपुर, जैसलमेर और जयपुर घूम सकते हैं। जयपुर का हवा महल और नाहरगढ़ किला, उदयपुर का सिटी पैलेस, ब्लू सिटी जोधपुर और जैसलमेर के किले आपको बोर होने का एक मौका नहीं देंगे। राजस्थान घूमने के बाद आपको थोड़ा और उत्तर भारत की तरफ बढ़ना चाहिए। इसके लिए आपको सबसे पहले पंजाब जाना चाहिए। पंजाब में आपकी ट्रिप की शुरुआत अमृतसर का स्वर्ण मंदिर देखने से होनी चाहिए। पंजाब में इसके अलावा आप जालंधर, पटियाला और कपूरथला भी घूमने जा सकते हैं। पंजाब में आलू पराठे और लस्सी का मजा लेने के बाद आपको अध्यात्म की नगरी वाराणसी आना चाहिए। बनारस के घाटों पर घूमने में आपको आपको बहुत अच्छा लगेगा। अगर आप होली या किसी अन्य त्योहार के समय घूमने जाना चाहते हैं तो आपको ब्रज और वृंदावन को भी अपनी लिस्ट में जोड़ लेना चाहिए।

साउथ इंडिया

भारत का दक्षिणी हिस्सा घुमक्कड़ी के मामले में कहीं से कम नहीं है। अगर आपको ऐतिहासिक चीजें देखने में रुचि है तो भारत का ये हिस्सा आपको किसी जन्नत से कम नहीं लगेगा। रंग-बिरंगे मंदिर और समृद्ध कल्चर से भरा ये हिस्सा घूमने के लिए बहुत अच्छा है। साउथ इंडिया की एक चीज है जो इसको सबसे अलग और खास बनाती है। वो ये कि साउथ के कुछ शहरों में आपको बढ़िया क्वालिटी का आयुर्वेदिक उपचार मिलता है जो बेहद फायदेमंद होता है। साउथ इंडिया के लोगों की बोली, रहन-सहन का तरीका और स्थानीय संस्कृति भारत के इस भाग को नॉर्थ से एकदम अलग बनाती हैं। साउथ इंडिया में आपको ज्यादातर आदमी यहाँ के पारंपरिक सरोंग में दिखेंगे जबकि महिलाओं के बीच सिल्क साड़ी और बालों में फूलों लगाना खास पसंद किया जाता है।

साउथ इंडिया में कुछ शहर ऐसे हैं जहाँ बहुत लोग आते हैं लेकिन कुछ जगहें ऐसी भी हैं जो फेमस पर्यटन नक्शे से एकदम दूर हैं। आप चाहे किसी भी जगह पर जाएँ आपको कुछ ना कुछ नया जरूर मिलेगा। चेन्नई में आपको फूलों से भरे बाजार, मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़ और भव्य आर्किटेक्चर मिलेगा। तो वहीं मदुरई में आपको शांत माहौल मिलेगा। हम्पी के रॉक टेम्पल्स, बेलूर के स्मारक और आर्ट साउथ इंडिया के गौरवशाली इतिहास का जीता जागता उदाहरण हैं। वहीं कोचीन में आपको शानदार चर्च देखने के लिए मिलेंगे जो कोलोनियल आर्किटेक्चर को ध्यान में रखकर बनाई गई इमारतों का बखूबी साथ निभाते हैं। साउथ इंडिया की अगली और सभी पसंदीदा जगह गोवा में आपको पुर्तगाली कल्चर के जुड़ी चीजें देखने के लिए मिलेंगी। अगर आपको पार्टी करना पसन्द है तो यकीन मानिए पूरे देश में आपको गोवा से अच्छी जगह नहीं मिलेगी। गोवा का हिप्पी कल्चर आपके पार्टी मूड के लिए एकदम सही है। इसके अलावा आप केरल, पांडिचेरी और औरोविल की सैर करने भी जा सकते हैं।

Photo of नॉर्थ या साउथ? आपको भारत का कौन सा रूप पसंद है? 3/3 by Deeksha
श्रेय: रीति रिवाज

अगर आप भारत के दक्षिणी भाग में हैं तो आपको यहाँ का फेमस कथकली नृत्य भी जरूर देखना चाहिए। इस डांस की भव्य कॉस्ट्यूम और रंग-बिरंगे मेकअप से पूरे माहौल में जोश भर जाता है। आपकी साउथ इंडिया टूर कन्याकुमारी देखे बिना अधूरी है। ये भारत का दक्षिणी छोर है जहाँ सनसेट और मूनराइज एक समय पर देखा जा सकता है।

2. प्रकृति और वाइल्डलाइफ

नॉर्थ इंडिया

नॉर्थ इंडिया का मौसम पहाड़ी क्षेत्रों को एन्जॉय करने के लिए बिल्कुल परफेक्ट है। भारत के इस हिस्से में कड़ाके की ठंड पड़ती है जिसकी वजह से यहाँ एडवेंचर करने के काफी विकल्प हैं। वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत की तेज तर्रार गर्मी और जोरदार बरसात के मौसम की वजह से यहाँ पहाड़ों से लगाव रखने वाले लोगों के लिए बहुत कुछ है। नॉर्थ इंडिया में हिमालय की गोद में बसे शांत गाँवों से लेकर नेशनल पार्क में सफारी तक आपको हर चीज का मजा लेने का मौका मिलता है। नॉर्थ की वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी में आपको तरह-तरह के जानवर देखने मिल जाएंगे जो बहुत अच्छा अनुभव होता है। लद्दाख के विहंगम पहाड़ों में कैंपिंग और ट्रेकिंग करने से लेकर ऋषिकेश में राफ्टिंग करने तक हर चीज का मजा नॉर्थ इंडिया में लिया जा सकता है। यकीन मानिए रणथंबोर में रॉयल बंगाल टाइगर देखने से लेकर उत्तराखंड में फूलों की घाटी देखने तक का सफर किसी सुन्दर सपने से कम नहीं है।

साउथ इंडिया

साउथ में आपका स्वागत खुशनुमा मौसम और ढेर सारी हरियाली के साथ होगा। साउथ इंडिया वो भाग है जहाँ सालभर मौसम सुखद बना रहता है। साल के कुछ महीनों में उमस हो सकती है लेकिन उसके अलावा आपको जोरदार ठंड का सामना नहीं करना पड़ेगा। साउथ इंडिया में आपको ज्यादातर समय ट्रॉपिकल मौसम मिलेगा। साउथ इंडिया समृद्ध वन्य जीवन, शानदार समुद्री तट और शांत बैकवॉटर्स वाली खूबसूरत जगह है। केरल के बैकवॉटर्स में बोटिंग करते हुए आसपास के गाँवो की सरल और धीमी जिंदगी को देखना भी अपनेआप में बेहद रोचक होता है। अल्लेपी में हाउसबोट की सैर केरल के सबसे शानदार अनुभवों में से एक है। बोटिंग का मजा लेने के बाद आप केरल के तमाम मेडिटेशन और योगा सेंटर में आयुर्वेदिक मसाज का अनुभव ले सकते हैं। आप नागरहोल नेशनल पार्क में हथियों और बाघ के झुंड देख सकते हैं। इसके अलावा आप अंडमान में स्कूबा डाइविंग और पेरियार में बैंबू राफ्टिंग करने का भी मजा ले सकते हैं।

3. बटर चिकन या डोसा?

नॉर्थ इंडियन खाना अपनी गाढ़ी, मसालेदार और रिच ग्रेवी के लिए जाना जाता है। अगर आपके लिए जायकेदार खाने का मतलब आलू पराठा, बटर चिकन, चिकन लबाबदर जैसी ग्रेवी वाली सब्जियों के साथ नान या कुलचा है तो आपको बिना ज्यादा सोचे तुरंत नॉर्थ इंडिया घूमने का प्लान बना लेना चाहिए। नॉर्थ इंडियन खाने में ड्राई फ्रूट्स, क्रीम और बटर का खूब इस्तेमाल किया जाता है। फिर चाहे वो किसी सब्जी की ग्रेवी तैयार की जा रही है या कोई मिठाई बनाई जाने वाली हो, आपको सारी चीजों में बढ़िया स्वाद मिलेगा। नॉर्थ इंडिया में लोगों को तंदूरी रोटी और लच्छा पराठे से जितना प्यार है, पुलाव और बिरयानी का भी यहाँ उतना ही महत्व है। कुल मिलकर देखा जाए तो नॉर्थ इंडिया में आपको सभी चीजों का बढ़िया संतुलन देखने और खाने के लिए मिलेगा।

साउथ इंडिया में लोगों का ज्यादातर खाना चावल और उससे बनी चीजों के इर्द गिर्द घूमता है क्योंकि इस हिस्से में चावल बहुत मात्रा में पाया जाता है। यहाँ चावल को एक नहीं बल्कि कई तरह से बनाकर खाया जाता है। चाहे वो उबालकर बनाया गया उबला चावल हो या फिर उससे बनी इडली या डोसा। साउथ इंडियन खाने में ज्यादातर नारियल का तेल इस्तेमाल किया जाता है। यहाँ की करी में इमली, कड़ी पत्ता और खड़े मसालों का खूब इस्तेमाल किया जाता है। जिसकी वजह से पारंपरिक साउथ इंडियन खाने का स्वाद एकदम अलग होता है। साउथ इंडिया में नारियल का भी खूब इस्तेमाल किया जाता है जिसमें नारियल के तेल से लेकर गरी सब शामिल है। पारंपरिक साउथ इंडियन खाना आमतौर पर केले के पत्ते पर खाया जाता है। यहाँ सीफूड जैसे प्रॉन और क्रैब भी खूब पसंद किया जाता है।

तो आपको क्या पसंद है? नॉर्थ इंडिया का खाना या साउथ इंडिया का रिच कल्चर? वैसे देखा जाए तो चाहे नॉर्थ हो या साउथ ये सब आपके एक्सपीरियंस और घूमने के तरीके पर निर्भर करता है। आपने एक बार भारत की सैर करनी शुरू कर दी तो यकीन मानिए आपका दिल खुश हो जाएगा।

क्या आपने हाल में कोई यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।