गया विष्णुपद मंदिर: जानिए इस मंदिर में क्या है खास मान्यता और इसका पितरों से क्या है संबंध

Tripoto
Photo of गया विष्णुपद मंदिर: जानिए इस मंदिर में क्या है खास मान्यता और इसका पितरों से क्या है संबंध by Hitendra Gupta
Day 1

करीब 30 साल पहले जब गया गया था, तो इस शहर के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। उस समय घूम-फिर कर घर आ गया। गया से ज्यादा समय यहां के करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बोधगया घूमने में गुजरा था। तीन दिन यहां रहने के दौरान जब गया के बारे में और जानकारी मिली, तब पता चला कि क्यों हिंदू धर्म में इस शहर की इतनी मान्यता है।

Photo of Gaya, Bihar, India by Hitendra Gupta

मान्यता है कि भगवान विष्णु ने इसी स्थान पर दैत्य गयासुर की छाती पर पांव रख कर उसका वध किया था। जब भगवान विष्ण ने गयासुर को अपने पांव से धरती के अंदर धकेला तो इस चट्टान पर उनके पांव के चिन्ह बन गए। विष्णुपद मंदिर में भगवा के पदचिह्नों का श्रृंगार रक्त चंदन से किया जाता है। इस पर गदा, चक्र, शंख अंकित किए जाते हैं। विष्णुपद मंदिर के बारे में कहा जाता है कि इंदौर की रानी देवी अहिल्या बाई होल्कर ने 1787 में इस मंदिर का निर्माण करवाया था।

Photo of विष्णुपद मंदिर, फल्गु नदी, गया, Chand Chaura, Gaya, Bihar, India by Hitendra Gupta

विष्णुपद मंदिर को सोने को कसने वाले पत्थर कसौटी से बनाया गया है। मंदिर के शीर्ष पर 50 किलो सोने का कलश और 50 किलो सोने की ध्वजा लगी है। गर्भगृह में 50 किलो चांदी का छत्र और 50 किलो चांदी का अष्टपहल है। मंदिर के गर्भगृह के द्वार को चांदी से बनाया गया है। इस मंदिर की ऊंचाई करीब सौ फीट है। सभा मंडप में 44 स्तंभ हैं। 54 वेदियों में से 19 वेदी विष्णपुद में ही हैं, जहां पर पितरों के मुक्ति के लिए पिंडदान होता है।

Photo of गया विष्णुपद मंदिर: जानिए इस मंदिर में क्या है खास मान्यता और इसका पितरों से क्या है संबंध by Hitendra Gupta

पितृपक्ष के अवसर पर यहां तर्पण के लिए देशभर से श्रद्धालु आते हैं। इस दौरान यहां काफी भीड़ रहती है। बताया जाता है कि यहां तर्पण करने के बाद भगवान विष्णु के चरणों के दर्शन करने से सभी दुखों का नाश होता है और पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होती है। मंदिर परिसर में कई और छोटे-छोटे मंदिर हैं। यहां कई जैन-मंदिर भी हैं। यहां विदेशी पर्यटक भी काफी संख्या में आते हैं।

Photo of गया विष्णुपद मंदिर: जानिए इस मंदिर में क्या है खास मान्यता और इसका पितरों से क्या है संबंध by Hitendra Gupta

पवित्र फल्गू नदी के किनारे पर स्थित इस शहर के बारे में कहा जाता है कि भगवान राम ने यहां अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान किया था। इसीलिए यहां हिंदू धर्म के श्रद्धालु पिंडदान के लिए आते हैं। फल्गू नदी के बारे में प्रचलित एक कथा के अनुसार वनवास के क्रम में भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण ने यहां विश्राम किया था। उस दौरान पिंडदान का समय होने के कारण प्रभु राम जरूरी सामान का इंतजाम करने चले गये।

Photo of गया विष्णुपद मंदिर: जानिए इस मंदिर में क्या है खास मान्यता और इसका पितरों से क्या है संबंध by Hitendra Gupta

माता सीता उनकी प्रतीक्षा में बैठी हुई थी कि महाराज दशरथ सहित उनके पूर्वज प्रकट हुए और पिंडदान करने को कहा। उस समय माता सीता के पास पिंडदान के लिए कुछ नहीं था, तो उन्होंने नदी किनारे से रेत उठाकर पिंडदान कर दिया। वहां पर मौजूद एक गाय, यज्ञ की अग्नि, एक पेड़, फल्गू नदी और एक ब्राह्मण इस कर्म के साक्षी बने। लेकिन जब भगवान राम आए तो पिंडदान की वस्तु के लोभ में वृक्ष को छोड़कर सभी पिंडदान किए जाने की बात से मुकर गए।

Photo of गया विष्णुपद मंदिर: जानिए इस मंदिर में क्या है खास मान्यता और इसका पितरों से क्या है संबंध by Hitendra Gupta

इस पर माता सीता को क्रोध आ गया और उन्होंने वृक्ष को छोड़ सभी को श्राप दे दिया। माता सीता के श्राप के बाद से ही फल्गु नदी की धारा भीतर ही भीतर बहती है। फल्गू का जल केवल वर्षा-ऋतु में ही बहता हुआ दिखाई देता है। माता सीता ने यहां महाराज दशरथ को फल्गु नदी के बालू से पिंड अर्पित किया था, जिसके बाद से यहां बालू से बने पिंड देने का महत्व है। यहां पिंडदान के लिए आने वाले लोग जब नदी की बालू को हाथ से हटाते हैं तो पानी निकलता है। यहां सालों भर पिंडदान होता है।

Photo of गया विष्णुपद मंदिर: जानिए इस मंदिर में क्या है खास मान्यता और इसका पितरों से क्या है संबंध by Hitendra Gupta

सीता माता ने जहां पिंडदान किया वहां सीता कुंड स्थित है। बताया जाता है कि सीता माता ने यहां स्नान किया था। यहां पर एक छोटा-सा मंदिर भी है। यहां आने वाले श्रद्धालु इस कुंड में स्नान करते हैं। सीता माता ने जिस पेड़ को श्राप नहीं दिया वह आज भी अक्षय वट के रूप में यहां मौजूद है। कहा जाता है कि माता सीता ने इस अक्षय वट को अमर होने का वरदान दिया और कहा कि किसी भी मौसम में उसका एक पत्ता तक नहीं झड़ेगा। विष्णुपद मंदिर के निकट स्थित इस अक्षय-वट के बारे में स्थानीय लोगों का कहना है कि यह धरती का सबसे पुराना जीवित वृक्ष है। मान्यता है कि यहां पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी हो जाती है।

Photo of गया विष्णुपद मंदिर: जानिए इस मंदिर में क्या है खास मान्यता और इसका पितरों से क्या है संबंध by Hitendra Gupta

गया के आसपास कई दर्शनीय स्थल हैं-

रामशिला पहाड़ी- भगवान राम ने यहां अपने पूर्वजों का पिंड-दान किया था, इसीलिए इसका नाम रामशिला पड़ा। यहां स्थित मंदिर को ‘पातालेश्वर’ या ‘रामेश्वर’ नाम से जानते हैं। इस मंदिर में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण जी की प्रतिमाएं हैं। यहां बने एक शिव-मंदिर में स्फटिक का बना एक फुट ऊंचा शिवलिंग और मूंगे की पत्थर से बनी गणेशजी एक प्रतिमा है।

प्रेतशिला पहाड़ी

रामशिला पहाड़ी से करीब 10 किलोमीटर दूर प्रेतशिला पहाड़ी है। यहां स्थित ब्रह्म कुंड में स्नान करने के बाद श्रद्धालु पिंड-दान करते हैं। यहां मृत्यु के देवता यम का मंदिर है। मंदिर के पास ही राम कुंड है। बताया जाता है कि भगवान राम ने यहां स्नान किया था

मंगला गौरी मंदिर

यह मंदिर देवी सती यानी शक्ति को समर्पित है। यह मंदिर देश के 18 महाशक्तिपीठों में से एक है। वर्षा-ऋतु में हर मंगलवार को यहां एक विशेष पूजा होती है।

डुंगेश्वरी मंदिर

यह स्थान करीब 12 किलोमीटर दूर है। यहां देवी डुंगेश्वरी को समर्पित मंदिर है। मान्यता है कि बोध गया में ज्ञान की प्राप्ति से पहले महात्मा बुद्ध ने इसी स्थान पर छह साल तक तपस्या की थी।

Photo of गया विष्णुपद मंदिर: जानिए इस मंदिर में क्या है खास मान्यता और इसका पितरों से क्या है संबंध by Hitendra Gupta

बोधगया

यह स्थान गया से करीब 15 किलोमीटर दूरी पर है। भगवान बुद्ध को यहीं ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। यहां कई प्रसिद्ध मंदिर है।

कैसे पहुंचे-

गया बिहार की राजधानी पटना से करीब 100 किलोमीटर की दूरी पर है। यह पटना के साथ देश के सभी प्रमुख शहरों से रेल और सड़क मार्ग से बेहतर तरीके से जुड़ा हुआ है। गया में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा भी है। आप यहां आसानी से हवाई जहाज से भी आ सकते हैं।

कब पहुंचे-

वैसे तो यहां सालों भर लोग आते रहते हैं लेकिन हो सके तो बारिश और गर्मी में यहां आने से बचना चाहिए। बिहार में सबसे ज्यादा गर्मी गया में ही पड़ती है।

-हितेन्द्र गुप्ता

Also read: gandhi maidan patna, sonepur mela