विश्व की वो जगहें जहाँ 2021 से पहले पर्यटकों को आने की अनुमति नहीं है

Tripoto
Photo of विश्व की वो जगहें जहाँ 2021 से पहले पर्यटकों को आने की अनुमति नहीं है by Deeksha

अगर ध्यान से देखा जाए तो थियेटर के नाटक और जिंदगी में बहुत कुछ एक जैसा होता है। थिएटर में होने वाला हर नाटक केवल उतने समय के लिए होता है जब वो असल में हो रहा होता है। नाटक खत्म होते ही सारा बना बनाया खेल एक झटके में खत्म हो जाता है। जिंदगी भी कुछ वैसे ही होती है। जब तक वो खेली जा रही होती है बस तब तक ही उसका मजा बना रहता है। इसलिए हमेशा एक बार में सिर्फ एक दिन के बारे में सोचना चाहिए। अगर आप बहुत दूर की प्लानिंग कर बैठे हैं जो आपके साथ खेल होना निश्चित है। जैसा इस साल सभी घुमक्कड़ों के साथ हुआ।

Photo of विश्व की वो जगहें जहाँ 2021 से पहले पर्यटकों को आने की अनुमति नहीं है 1/2 by Deeksha

घुमक्कड़ भी कई प्रकार के होते हैं। कुछ होते हैं जो एकदम आखिरी समय पर घूमने जाने का प्लान बनाते हैं और कुछ ऐसे होते हैं जो महीनों पहले से प्लानिंग करके रखते हैं। वैसे अगर आप विदेश घूमने जाने के बारे में सोच रहे हैं तो पहले से प्लानिंग कर लेना सही भी है। लेकिन इस साल कोरोना ने बहुत सारे लोगों का प्लान खराब कर दिया है। अब पर्यटन धीरे-धीरे वापस पटरी पर आ रहा है। बहुत सारे देशों ने विदेशी पर्यटकों को आने-जाने की छूट भी दे दी है। लेकिन अब भी कुछ देश ऐसे हैं जहाँ बाहरी लोगों को आने की अनुमति नहीं है। आप अपनी आगे की प्लानिंग ठीक से कर पाएँ इसके लिए हमने उन देशों की सूची तैयार की है जहाँ जाने के लिए फिलहाल आपको कुछ समय और रुकना पड़ेगा।

1. बाली

इंडोनेशिया के सबसे लोकप्रिय द्वीप को अब 2021 तक बाहरी पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। कोरोना महामारी के चलते पूरी दुनिया के अलग-अलग देशों में बाहरी पर्यटकों के आने पर रोक लगाई गई है। बाली ने पहले 11 सितंबर को विदेशी टूरिस्टों के लिए खोलने की योजना बनाई गई थी। लेकिन अब इसमें बदलाव कर दिया गया है। हाल ही में बाली के गवर्नर ने कहा है कि फिलहाल इंडोनेशियाई सरकार अंतरराष्ट्रीय टूरिस्टों के लिए देश के दरवाजे खोलने के बारे में नहीं सोच रही है। उन्होंने ये भी कहा है कि अभी के हालात को देखते हुए विदेशी पर्यटकों को इंडोनेशिया आने की अनुमति देने का विचार नहीं है और इसमें बाली भी शामिल है।

2. ऑस्ट्रेलिया

इंडोनेशिया की तरह ऑस्ट्रेलिया में भी पर्यटकों के लिए फिलहाल नो एंट्री जैसे हालात हैं। रिपोर्टों की माने तो 2020 के अंत तक बाहरी यात्रियों को ऑस्ट्रेलिया आने की अनुमति नहीं है। केवल 2020 ही नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए आपको 2021 में भी इंतजार करना पड़ सकता है। ऑस्ट्रेलिया के लोग अगर देश से बाहर निकलना चाहते हैं तो उन्हें भी बाहर जाने की अनुमति ना के बराबर ही है। अगर आप ऑस्ट्रेलिया के बाहर जाना चाहते हैं तो उसके लिए आपको गृह मंत्रालय से लिखित परमिशन की जरूरत होगी जिसको लेने का रास्ता थोड़ा लंबा है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया की कांतास, जो ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय एयरलाइन भी है, ने मार्च 2021 तक सभी फ्लाइटों को कैंसल कर दिया गया है। तो अगर आप ऑस्ट्रेलिया जाने का प्लान बना रहे हैं तो आपको थोड़ा इंतजार और करना पड़ सकता है।

3. वियतनाम

वियतनामी अर्थव्यवस्था का एक बड़ा हिस्सा पर्यटन पर निर्भर करता है। लेकिन महामारी की वजह से फिलहाल वियतनाम में बाहरी पर्यटकों को आने की अनुमति नहीं है। हालांकि वियतनाम में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक नहीं लगाई है लेकिन ये सभी फ्लाइटें सिर्फ वियतनाम के लोगों के लिए ही हैं। इन फ्लाइटों में स्टूडेंट्स, व्यापारियों और कुछ खास लोगों को सफर करने की अनुमति है। खास बात है कि ये फ्लाइट्स भी केवल कुछ देशों के लिए हैं। जैसे साउथ कोरिया, जापान, चीन और ताइवान। वियतनाम के लोगों का कहना है कि दिसंबर 2020 तक ट्रैवल करने की छूट मिलना मुश्किल है लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक अभी आपको और इंतजार करना पड़ सकता है।

4. न्यूजीलैंड

बाकी देशों की तरह न्यूजीलैंड में भी बाहरी पर्यटकों को आने की इजाजत नहीं है। हालांकि कुछ लोगों को देश से बाहर जाने और अंदर आने की छूट दी गई है लेकिन इसके लिए आपको सरकार से लिखित परमिशन लेनी होगी। न्यूजीलैंड सरकार के मुताबिक इन खास लोगों में इमिग्रेशन स्टाफ, डॉक्टर्स, स्टूडेंट्स और वर्क वीजा रखने वाले लोग शामिल हैं। अगर आप केवल घुमक्कड़ी के लिए न्यूजीलैंड आना चाहते हैं तो अभी आपको कुछ समय और रुकना पड़ेगा।

5. मलेशिया

मलेशिया की बात करें तो मलेशिया और सिंगापुर के बीच जरूरी आना-जाना 17 अगस्त से ही शुरू हो गया था। लेकिन मलेशियाई पर्यटन मंत्री की माने तो विदेशी टूरिस्टों को मलेशिया घूमने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। उनका कहना है कि 2021 में भी अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए देश की सीमाएँ खोलने पर फिलहाल कोई विचार नहीं किया गया है। अगर सबकुछ ठीक रहा तो देश को पर्यटन के लिए खोलने से पहले विस्तार से प्लान बनाने पर विचार किया जाएगा जिसमें सबसे पहले केवल कुछ देशों के यात्रियों को मलेशिया आने की अनुमति दी जाएगी। पहले चरण में ग्रीन लिस्ट तैयार की जाएगी जिनमें कोरोना मुक्त देशों से आने वाले लोग मलेशिया में आ सकेंगे।

6. जापान

Photo of विश्व की वो जगहें जहाँ 2021 से पहले पर्यटकों को आने की अनुमति नहीं है 2/2 by Deeksha
श्रेय: शटरस्टॉक

जापान में फिलहाल पर्यटकों को आने की अनुमति नहीं है। हालांकि हाल में कुछ चुनिंदा देशों के लोगों को जापान में दाखिल होने की छूट दी गई है लेकिन इसके लिए उन्हें कुछ कानूनों का पालन करना होगा। इसके अलावा अगर आपके पास वर्क वीजा है और आप ओशनिया या चुनिंदा एशियाई देशों से हैं तो आप जापान आराम से आ सकते हैं। जापानी न्यूज चैनलों की माने तो 2021 के शुरुआती महीनों में जापानी सरकार पर्यटकों के लिए नए नियम लाने पर विचार कर रही है। लेकिन किसी भी सरकारी ऑफिशियल ने इस बात की जानकारी नहीं दी है। वैसे जापान में देश के अंदर घूमने के लिए आपको पूरी छूट है।

क्या आपने इनमें किसी जगह की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

रोज़ाना वॉट्सएप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें