कोलकाता में हैं तो इन 5 जगहों पर मनाएँ बेहतरीन छुट्टियाँ! 

Tripoto

एक समय कोलकाता देश की राजधानी हुआ करती थी। आज भी इसे भारत की सांस्कृतिक राजधानी कहलाने का गौरव मिला हुआ है। ये महानगर अपनी विशालता, संस्कृति, इतिहास आदि के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। यहाँ विविध क्षेत्रों के महापुरुषों ने जन्म लेकर अपने कार्यों के ज़रिए देश को नई दिशा दी। रबीन्द्रनाथ टैगोर, विवेकानन्द, सुभाष चन्द्र बोस, सत्यजीत रे आदि लोगों को कौन नहीं जानता! इतिहास के धनी इस शहर में पर्यटकों के लिए दर्जनों जगहें हैं जहाँ घूमने-देखने लोग दूर-दूर से आते हैं।

Photo of कोलकाता में हैं तो इन 5 जगहों पर मनाएँ बेहतरीन छुट्टियाँ!  1/1 by Rupesh Kumar Jha
श्रेय: फ्लिकर

हम यहाँ उन 5 प्रमुख जगहों के बारे में आपको बताने जा रहे हैं जो कोलकाता के फेमस वीकेंड डेस्टिनेशंस हैं। अगर आप बाहर से यहाँ आते हैं तो भी इन जगहों पर आसानी से जा सकते हैं और प्रकृति को निकट से महसूस कर सकते हैंः

1. सुंदरबन

सुंदरबन सैलानियों को हमेशा आकर्षित करता आ रहा है, खासकर जो लोग रिस्क लेकर ट्रैवेल करना पसंद करते हैं उनके लिए तो ये खासमख़ास जगह है। यहाँ दलदल वाले वन मौजूद हैं जिनमें कई दुर्लभ जीव बसते करते हैं। सबसे आकर्षक बात ये है कि यहाँ रॉयल बंगाल टाइगर रहते हैं जिसे देखने देश- विदेश से सैलानी यहाँ आते हैं। बता दें कि यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर घोषित कर रखा है और ये राष्ट्रीय उद्यान छोटे-बड़े 54 से ज्यादा द्वीपों से भरा है। सुन्दरबन के पास ही हेनरी आइलैंड मौजूद है जहाँ समुद्र तट का लुत्फ़ उठा सकते हैं। आपको यहाँ ट्रेकिंग, बॉनफायर आदि का आनंद भी मिल सकता है। प्रकृति को पसंद करने वाले लोगों के लिए ये एक रोमांचकारी अनुभव हो सकता है। कोलकाता से सुंदरवन महज 109 कि.मी. की दूरी पर है लिहाज़ा वीकेंड ट्रैवेलर्स के लिए परफेक्ट जगह मानी जाती है। अक्सर लोग कोलकाता से पिकनिक मनाने सुंदरबन जाते हैं। जाहिर है, इससे बेहतर पिकनिक स्पॉट भला और कहाँ हो सकता है!

2. मायापुर

महानगर की आपाधापी से आपका मन अगर ऊब चुका हो और ज़रा शांत वातावरण चाहते हों तो मायापुर की यात्रा कर सकते हैं। यहाँ के आध्यात्मिक माहौल में मन शांत हो जाता है और आप पूरी तरह तरोताज़ा महसूस करने लगते हैं। बता दें कि हुगली और जलंगी नदी के तट पर बसा मायापुर श्री चैतन्य महाप्रभु के जन्मस्थान के रूप में प्रसिद्ध है। यहाँ इस्कॉन की ओर से भव्य मंदिर बनवाया गया है जो कि मुख्य आकर्षण माना जाता है। इसे देखने दूर-दूर से लोग आते हैं जिनमें भक्त और सैलानी दोनों शामिल हैं। मायापुर कोलकाता से 132 कि.मी. की दूरी पर है लिहाजा वीकेंड पर जाने का प्लान तो बना ही सकते हैं!

3. शांतिनिकेतन

शांतिनिकेतन जैसे गुरुदेव रबीन्द्रनाथ टैगोर का पर्याय बन चुका है। कोलकाता से महज 163 कि.मी. की दूरी पर स्थित ये सुरम्य स्थान बीरभूम जिले के बोलपुर में पड़ता है। यहाँ का बाउल गान और वातावरण किसी का भी मन मोह लेता है। यहाँ विश्वभारती विश्वविद्यालय की स्थापना टैगोर ने की थी। ग्रामीण बंगाल खुशबू लेनी हो और संस्कृति से प्यार हो तो बोलपुर ज़रूर जाएँ। कोलकाता से कुछ ही घंटे में आप यहाँ पहुँच सकते हैं और एक शांतिदायक सप्ताहांत बिताकर लौट सकते हैं। ज्यादातर लोग होली में दोल उत्सव देखने यहाँ आते हैं। यहाँ का पौष मेला भी ख़ासा लोकप्रिय हुआ है, जब अधिकतर लोग यहाँ की यात्रा करते हैं।

4. दीघा

कोलकाता के निकट समुद्रतट का आनंद लेना हो तो दीघा का रुख कर सकते हैं। जानकर हैरानी होगी कि इसे बंगाल का गोवा भी कहा जाता है। दरअसल बंगाल की खाड़ी के होने से बंगाल के लोग समुद्र का बखूबी आनंद उठाते हैं। यहाँ समुद्र शांत रहता है और पर्यटक प्राकृतिक छटा को निहारने के साथ ही तैराकी करते हैं। न्यू दीघा और ओल्ड दीघा दो भागों ये बटा हुआ है। कोलकाता से महज 185 कि.मी. की दूरी पर स्थिति दीघा यूँ तो एक दिन के दौरे में भी निपटा जा सकता है लेकिन वीकेंड बिताएँ तो बेहतर हो सकता है। वहीं कोलकाता से लगभग 160 कि.मी. दूर एक और समुद्र तट मंदारमनी है जो कि हाल के वर्षों में खासा लोकप्रिय हुआ है। खासकर प्रेमी जोड़ों के लिए ये समुद्रतट फेवरिट जगहों में शुमार हैं।

5. हज़ारद्वारी

कोलकाता से लगभग 230 कि.मी. दूर मुर्शिदाबाद जिले में हजारद्वारी महल मौजूद है। बंगाल के नवाब ने इसे 19वीं शताब्दी में बनवाया था। इसके नाम से ही पता चलता है कि इसमें हज़ार गेट होंगे। बता दें कि इस महल में वाकई हज़ार गेट हैं लेकिन 100 ही असली गेट हैं बाकी 900 गेट नकली हैं। इतिहास को पलटें तो मालूम होता है कि इसे नवाब की सुरक्षा के लिए ख़ास तौर पर डिज़ाइन किया गया था ताकि महल में अगर कोई अनजान दुश्मन प्रवेश करता भी है तो वो इतने दरवाजों को देखकर कन्फ्यूज़ हो जाएगा। आजकल इसे भारतीय पुरातत्व विभाग की देखरेख में रखा गया है। आप हज़ारद्वारी जाकर नवाबी इतिहास में गोते लगा सकते हैं। जरा भी इतिहास में इंटरेस्ट हो या फिर इतिहास में झाँकने को जी करे, वीकेंड पर यहाँ के लिए निकल सकते हैं।

ये रहे कुछ ख़ास वीकेंड डेस्टिनेशंस जो कि कोलकाता के पास स्थित हैं। इसके अलावा भी दर्जनों जगहें हैं जहाँ आप जाकर कुछ ना कुछ एक्सप्लोर कर सकते हैं। बंगाल की शस्य-श्यामला धरती प्रकृति के सभी उपहारों से सजी हुई है। महानगर की व्यस्तता से समय चुराकर वीकेंड में आसपास के जगहों पर जाने से आप फ्रेश महसूस करते ही हैं, आप अपने काम पर भी अधिक फोकस कर पाते हैं।

अगर इस लिस्ट में किसी ख़ास जगह का उल्लेख नहीं हुआ है तो हमें कमेंट कर बताएँ।

You may also like to read: alappuzha beach

आप यात्रा से जुड़े अनुभव और किस्से Tripoto पर ज़रूर शेयर करें! अपने सफरनामें लिखने के लिए यहाँ क्लिक करें।

मज़ेदार ट्रैवल वीडियो को देखने के लिए Tripoto के यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें।